अधिकारियो ने निकाला अटल ज्योति योजना का दम

अधिकारियो ने निकाला अटल ज्योति योजना का दम 

विशाल वाणी 

चंद्रशेखर आज़ादनगर

आलीराजपुर न्यूज़।।

जिस अटल ज्योति योजना को शुरू कर शिवराज सरकार ने जनता को ना सिर्फ 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाई थी, बल्कि जनता का भरोसा जीत कर सत्ता में भी बहुमत से वापसी की थी! उस अटल ज्योति योजना का मोहन सरकार के अधिकारियो ने दम निकाल रखा हैं!  आज़ाद नगर  क्षेत्र  में विद्युत मंडल के अधिकारियो की मनमानी के चलते विगत एक वर्ष से यहां बिजली सप्लाई की स्थिति बद से बदतर हों गई हैं!

बिना किसी सुचना के आये दिन मनमाने तरिके से बिजली की सप्लाई रोक  दि जाती हैं!

 बार बार विद्युत सप्लाई बाधित होने पर नगर वासियो में खासा रोश हैं!

 नगर के व्यापारी नितिन शाह एवं सुमित जेन ने बताया की बीते एक वर्ष में विद्युत विभाग पूरी तरह मनमानी पर उतर आया हैं! फोन करने पर कभी भी अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं! शिवराज सरकार के समय विद्युत सप्लाई को लेकर जो कसावट थी वह कमजोर नजर आने लगी हैं! सोमवार को दीपावली के दिन  भी, दिन भर बिजली की आँख मिचोनी चलती रही!

 *वोल्टेज बना समस्या*

बिजली के आने - जाने का  क्रम तो दिन- रात बना ही  रहता हैं, इसके अलावा ज़ब लाइट रहती तब वोल्टेज की कमी भी भारी समस्या का कारण बनी हुई हैं.! बीते वर्ष ज़ब से विद्युत विभाग में दिनेश अजनारिया अधिकारी बन कर आये हैं, तब से यह समस्या सुरसा के  मुँह की भाती बढ़ती  ही जा रही हैं, पर वे इसका कोई स्थाई हल अभी तक नहीं निकाल पाए! वोल्टेज  की समस्या को लेकर नगर में  हर कोई परेशान हैं, अधिकारियो की सुस्ती के चलते एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इसका कोई स्थाई हल अभी तक नहीं निकल सका हैं! नगर के वाट्सप ग्रुपो में विद्युत सप्लाई को लेकर ना सिर्फ अधिकारयो की बल्कि मोहन सरकार की काफ़ी किरकिरी हों रही हैं!

नगर के कालिका ग्रुप के अध्यक्ष गणेश अरोड़ा ने बताया की विद्युत सप्लाई और वोल्टेज की कमी को लेकर अगर अधिकारी गंभीर नहीं हुए तो इसके खिलाफ चरण बद्ध आंदोलन किया जायेगा! विद्युत सप्लाई और वोल्टेज की कमी को लेकर अधिकारी दिनेश अजनारिया को फोन किया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया!  सूत्रों से मिली जानकारी  के अनुसार विद्युत की सप्लाई से परेशान होकर नगर की जनता बार - बार उन्हें फोन लगाती हैं तो उन्होंने आम लोगो का फोन उठाना ही बंद कर दिया हैं.!

इंदौर आरटीओ पूर्व संचालित अस्थाई परमिट नहीं करे रहे है जारी

 

परमीट नहीं मिलने से 400 से अधिक बसों का संचालन बंद, प्राईम रुट बस एसोसिएशन ने उठाया मामला

आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।

माननीय  हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में प्रस्तुत याचिका क्रमांक 2347/2024 की सुनवाई के बाद माननीय उच्च न्यायालय के द्वारा गत 31 जनवरी 2024 को दिए गए एक आदेश को आधार बनाकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी इंदौर ने इंदौर संभागीय कार्यालय से जारी होने वाली करीब 400 अस्थाई परमीट गत एक मार्च से जारी करना बंद कर दिए है। इससे इंदौर संभाग के आठ जिलों में सैकड़ों की संख्या में यात्री बसों का संचालन प्रभावित हो गया है। प्राइम रुट बस आनर्स एसोसिएशन मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंडित गोविंद शर्मा एवं प्रदेश महामंत्री सुशील अरोरा ने बताया कि खरगोन के एक वरिष्ठ मोटर मालिक कमला देवी गौर ने माननीय इंदौर उच्च न्यायालय द्वारा प्रस्तुत याचिका क्रमांक 2347/2024  दायर की गई थी। माननीय उच्च न्यायालय ने याचिका कि गंभीरता को समझते हुए नवीन अस्थाई परमिट आवेदन देने पर इस शर्त के साथ रोक लगाई कि मार्ग पर बगैर फ्रिक्वेंसी निर्धारित किए और बगैर रुट फार्मूलेशन के परमीट नहीं दिए जा सकते है। 



एसोसिएशन के शर्मा व अरोरा ने बताया कि माननीय हाई कोर्ट के आदेश का अवलोकन कर  क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी इंदौर संभाग इंदौर द्वारा पुराने लंबे समय से संचालित हो रहे कई अस्थाई परमिट (जिनकी सुनवाई पूर्व में हो चुकी थी) तथा जिसको नवीन आवेदन परमिट का आदेश मानकर अस्थाई परमिट जारी नहीं किये जा रहे हैं इस कारण इंदौर संभाग के आठ जिलों में संचालित लगभग 400 से अधिक बसों का संचालन बंद होने से खंडवा ,खरगोन , सेंधवा, बड़वानी ,बुरहानपुर ,मंडलेश्वर,  ,सनावद ,मनावर, भीकन गांव , अलीराजपुर, झाबुआ, कुक्षी,ओंकारेश्वर, उज्जैन सहित छोटे मार्गों की बसें पूर्णता शून्य हो गई है। शर्मा ने बताया कि इसमें गौरतलब बात यह है कि न्यायालय की दुहाई देकर नए परमिट नहीं देने वाले आरटीओ साहब द्वारा इंदौर शहर के मध्य एवं 25 किलोमीटर के दायरे में चलने वाले वाहनों को नये  अस्थाई परमिट दिये जा रहें है। शर्मा का कहना था कि यदि जब माननीय उच्च न्यायालय इंदौर ने अस्थाई परमिट पर रोक लगाई है तो अंर्तशहरीय मार्ग पर संचालित यात्री वाहनों को नये परमिट कौन से नियम से दिए जा रहे हैं ।इस संबंध में हमारा कथन हैं कि  मोटरयान अधिनियम के तहत सभी प्रकार अस्थाई  परमिट जारी होने का एक ही नियम है फिर माननीय उच्च न्यायालय इंदौर के आदेश के विपरित परमिट जारी करना न्यायालय कि अवमानना कि श्रेणी में आता है। गत 2 अप्रेल को ऐसोसिएशन के अध्यक्ष पंडित गोविंद शर्मा ने हाई कोर्ट में इंटरविनर बन कर अपनी बातों को न्यायालय  के समक्ष प्रस्तुत किया  कि अस्थाई परमिट कि सुनवाई कि प्रक्रिया एक बार हो चुकी है फिर अस्थाई परमिटो के आवेदनों  पर परमिट जारी नहीं करने से आम यात्रीयों को परेशानी  हो रही है।

पूर्व में  दे चुके है ज्ञापन

अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि इंदौर संभाग में रोके गए नियमित संचालित अस्थाई परमीट अविलंब जारी करने हेतु मुख्य सचिव परिवहन विभाग भोपाल, परिवहन आयुक्त ग्वालियर को गत 28 फरवरी को 24 को ज्ञापन दिया गया था। जिसमें हमारे द्वारा स्पष्ट तौर पर बताया गया था कि माननीय उच्च न्यायालय अपने आदेश में सिर्फ यह कहा गया है कि नवीन अस्थाई परमीट  सुनवाई करने के पूर्व जारी परमीटों के मध्य समान समय का अंतराल तय होना चाहिए व मार्ग का सूत्रीकरण होना चाहिए। तब तक नए परमीटों की सुनवाई करने पर रोक लगाई गई है। जबकि इंदौर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी महोदय ने पूर्व से जारी हो रहे पुराने नियमित अस्थाई परमीटों को देने पर भी रोक लगा दी है। जिसका इस केस तथा आदेश से कोई संबंध नहीं है। बसों के परमीट रुक जाने से  इंदौर संभाग के लाखों यात्रीगण प्रभावित हो रहे है। साथ ही शासन को भी मोटरयान कर के रुप में मिलने वाले राजस्व का घाटा हो रहा है।

इंदौर संभाग बस एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजमोहन राठी ने  संवाददाता को बताया कि इस मामले को लेकर एसोसिएशन के ओर से परिवहन मंत्री व स्वयं आरटीओ इंदौर से अवगत करा चुके है। माननीय उच्च न्यायालय में 5 अप्रेल को इस मामले में आगामी सुनवाई होना है। जिसमें क्या आदेश पारित होते है उसके बाद इंदौर संभाग आगामी रणनीति तय करेगा साथ ही इंदौर संभाग के सभी बस मालिकों की बैठक भी इस संबंध में शीघ्र ही बुलवाई जाएगी।राठी ने कहा कि हाईकोर्ट का आदेश नए अस्थाई  परमीटों पर रोक के संबंध में जबकि इंदौर आरटीओ ने पुराने समय से स्वीकृत टीपी परमीट के आवेदन स्वीकृत करना ही बंद कर दिए है। यह न्यायोचित नहीं है। इंदौर हाईकोर्ट के वरिष्ठ अभिभाषक अभयकुमार जैन ने बताया कि माननीय न्यायालय का आदेश स्पष्ट तौर पर नए टीपी परमीटों की सुनवाई व उन्हें जारी करने के संबंध मंें है न कि पहले से संचालित टीपी परमीटों को रोकने के संबंध में है। 

इस मामले में इंदौर आरटीओ से उनकी प्रतिक्रिया के लिए संपर्क किया तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

अलीराजपुर जिले में सोमवार को भी सभी शासकीय अशासकीय स्कूल रहेंगे बंद

 कलेक्टर महोदय ने सोमवार 18 सितंबर को भी सभी स्कूलों में अवकाश किया घोषित

भारी वर्षा के चलते लिया निर्णय

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ

कलेक्टर डॉक्टर अभय अरविंद बेडेकर ने जिले में अतिवृष्टि को देखते हुए सोमवार 18 सितंबर को भी कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के सभी शासकीय व अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसके पूर्व शनिवार 16 सितंबर को भी जिले में सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया था। जिले में दो दिनों से झमाझम बारिश का क्रम जारी रहा है हालांकि रविवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश की वजह हल्की बूंदाबांदी हो रही है इसके बावजूद भी बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत करते हुए कलेक्टर महोदय ने आदेश पारित किया है।।



जिले में अतिवृष्टि को लेकर सतर्कता बरतने की कलेक्टर महोदय ने की जनता से अपील

जल जमाव, तेज बहाव वाले स्थान पर ना जाए- कलेक्टर डा. अभय अरविंद बेडेकर

किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल जिला स्तरीय कंट्रोल रूम पर संपर्क करें 

आशुतोष पंचोली 

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

 कलेक्टर डा अभय अरविंद बेडेकर ने लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिलेवासियों से आह्वान किया है कि जल जमाव वाले स्थानों पर ना जाए। जिस भी पुलिया, रपट आदि पर से बारिश का जल बह रहा है ऐसे पुल पुलिया रपट आदि को पार करने से बचे। जिले में हो रही बारिश के मद्देनजर सुरक्षित स्थान पर रहे। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति होने पर तत्काल जिला स्तरीय कंट्रोल रूम 9329314029 पर सूचना अथवा संपर्क करें।


अतिवृष्टि को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट 

जिले में बीती रात्रि से हो रही लगातार वर्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट पर है। कलेक्टर डा अभय अरविंद बेडेकर स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। कलेक्टर डा बेडेकर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारीगण, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कोटवार, होमगार्ड के जवान, पुलिस जवान तथा अन्य विभागों का अमला सक्रियता से मूवमेंट करते हुए  तालाबों जल संरचनाओं पुल पुलियाओं नदियों पर सतत नजर रखे हुए है। अब तक कोई अप्रिय सूचना नहीं है।

जिले में जिन स्थानों पर पुलिया रपट ओवरफ्लो है वहां मौके पर नायब तहसीलदारों को भेजा गया है पुलिस एवं होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। पानी के बहाव पर सतत नजर रखी जा रही है। जहां पानी ओवरफ्लो है वहां वाहनों को पार करने से सख्ती से रोका जा रहा है। जिले में जल संसाधन विभाग एवम अन्य विभागों के समस्त छोटे-बड़े तालाबों आदि पर जल बहाव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। निगरानी दल तैनात किए है। कलेक्टर डा बेडेकर ने मैदानी अमले को तत्पर रहने के निर्देश दिए है। जहा भी तेज आंधी के कारण सड़कों पर पेड़ गिरने की सूचना मिली उन्हें हटाते हुए सड़क मार्ग सुचारू संचालन की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर डा बेडेकर ने जिलेवासियों से आह्वान किया है की जल जमाव वाले स्थानों पर ना जाए। जिस भी पुलिया, रपट आदि पर से बारिश का जल बह रहा है ऐसे पुल पुलिया रपट आदि को पार करने से बचे। जिले में हो रही बारिश के मद्देनजर सुरक्षित स्थान पर रहे।



कलेक्टर राघवेंद्रसिंह तोमर ने की सख्त कार्रवाई, आखिरकार हटाए गए उदयगढ़ बीईओ गिरधर ठाकरे

 मामला उदयगढ़ कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं की अनदेखी का

प्राचार्य, छात्रावास अधिक्षिका व मंडल संयोजक भी हटाए

आशुतोष पंचोली 

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

कन्या शिक्षा परिसर उदयगढ़ में निवासरत कई समस्याओं से ग्रसित बीमार छात्राओं की अनदेखी आखिरकार उदयगढ़ बीईओ को भारी पड़ी। कलेक्टर राघवेंद्रसिंह तोमर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने के आदेश जारी कर दिए। साथ ही कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य एलबीसिंह, छात्रावास अधिक्षिका सीमा बामनिया व मंडल संयोजक ज्ञानसिंह चौहान को भी हटाने के आदेश जारी कर दिए। इनके स्थान पर उदयगढ़ बीईओ पद पर नरेंद्र  भार्गव, प्राचार्य पद पर चंदरसिंह बघेल, अधिक्षिका आशा मोरी व मंडल संयोजक मंसूख रावत को बनाया गया है।

ज्ञात रहे कि गत गुरुवार को उदयगढ़ कन्या शिक्षा परिसर की बीमार छात्राएं अपने स्तर से वाहन व्यवस्था कर कलेक्टर कार्यालय पहुंची थी किंतु कलेक्टर महोदय के बाहर होने से वे उनसे मिल नहीं पाई। इसी दौरान पीछे से कलेक्टोरेट पहुंचे बीईओ ठाकरे, प्राचार्य सिंह व अधिक्षिका सीमा बामनिया ने बीमार छात्राओं को बिना उपचार कराए वापस से वाहन करके उदयगढ़ भेज दिया। इस मामले को इस प्रतिनिधि ने प्रमुखता से उठाया था। इस पर कलेक्टर राघवेंद्रसिंह तोमर ने तीन सदस्यों का जांच दल बनाया। जांच दल के सदस्य तहसीलदार निर्भयसिंह पटेल, जनपद सीईओ मनीष भंवर व सीडीपीओ राखी बारिया की रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार को कलेक्टर ने उपरोक्त चारों को हटाने के आदेश जारी कर दिए।





जनचर्चा के केंद्र में रहा पूरा मामला

इस प्रतिनिधि द्वारा इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित करने पर जिला प्रशासन की उक्त कार्रवाई की जिले में प्रशंसा हो रही है। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष महेश पटेल ने भी इस मामले को संज्ञान में लेकर बीमार छात्राओं से चर्चा की एवं अजाक थाने में व सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग जेएस डामोर से भेंट कर बीईओ को निलंबित करने की मांग रखी थी। साथ ही बीमार छात्राओं का उपचार कराने व उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग भी की। पटेल ने जिला प्रशासन को इस मामले में चेतावनी भी दी थी कि यदि जिम्मेदार लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई नहीं की तो वे छात्राओं को लेकर भोपाल जाएंगे व सीएम शिवराजसिंह चौहान व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ  से मुलाकात कर मामले को विधानसभा में उठाने की बात भी कही थी।



लेक्टर की कार्रवाई से छात्राओं के परिजन हुए खुश

इस मामले में कलेक्टर राघवेंद्रसिंह तोमर की उपरोक्त सख्त कार्रवाई से बीमार छात्राओं के परिजन व आम जनता भी खुश हुई है। जनता इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की अपेक्षा कलेक्टर महोदय से कर रही थी।

कलेक्टर महोदय के आदेश को भी नहीं मान रहे जिला पंचायत के अफसर

 जनपद पंचायत स्थित रेलवे कम्प्यूटीकृत आरक्षण केंद्र हुआ बंद

केंद्र पर तैनात कर्मचारी को जिला पंचायत में कर दिया तैनात

टिकट कराने गए कई लोग हुए परेशान

आशुतोष पंचोली 

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

आदिवासी बहुल आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर प्रशासनिक स्तर पर ऐसे नित नए कारनामे हो रहे है कि जिले के मुखिया कलेक्टर महोदय के आदेश को ही उनके अधीनस्थ विभाग के अफसर नहीं मान रहे है। जिसके चलते जिला मुख्यालय की करीब 30 हजार जनता को मिली हुई रेलवे आरक्षण सेवा से वंचित होना पड़ गया है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। कलेक्टर राघवेंद्रसिंह तोमर ने गत 5 दिसंबर को जनपद पंचायत कार्यालय में संचालित पश्चिमी रेलवे के कम्प्यूटीकृत रेलवे आरक्षण केंद्र पर जिला पंचायत के समन्यवयक अधिकारी प्रदीप अर्नाल्ड को नियुक्त करने के लिखित आदेश गत 5 दिसंबर को दिसंबर को किए। किंतु जिला पंचायत के जिम्मेदार अफसरों ने कलेक्टर महोदय के उक्त आदेश को माना नहीं और केंद्र पर तैनात किए गए कर्मचारी प्रदीप अर्नाल्ड को मंगलवार सुबह कार्यालयीन समय में दिनभर जिला पंचायत में उपस्थित रहने के आदेश दे दिए। जिसके चलते मंगलवार सुबह से रेलवे आरक्षण केंद्र बंद रहा इस वजह से वहां पर टिकट बुक कराने गए हुए कई यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जबकि इस मामले में नगर के जागरुक मीडियाकर्मियों ने एक दिन पहले जिला पंचायत सीईओ से भी इस संबंध में चर्चा की थी। किंतु इसके बावजूद मंगलवार से रेलवे आरक्षण केंद्र बंद हो गया। नागरिकों में केंद्र बंद होने पर प्रशासन के प्रति गंभीर नाराजगी व्याप्त हो गई है। हालांकि इस मामले में कलेक्टर राघवेंद्रसिंह तोमर से चर्चा करने पर उन्हौंने आश्चर्य जताया कि यह केंद्र कैसे बंद हो गया? पश्चात उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी गई इस पर कलेक्टर तोमर ने इस मामले को दिखवाने की बात कही है।

*यह है कलेक्टर महोदय के आदेश

13 सालों से संचालित है आरक्षण केंद्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार आलीराजपुर के सन 2008 में जिला बनने के बाद से जिले के प्रथम कलेक्टर चंद्रशेखर बोरकर के विशेष प्रयासों से जनपद पंचायत कार्यालय में रेलवे आरक्षण केंद्र पश्चिमी रेलवे के रतलाम मंडल की ओर से आरंभ किया गया। गत 13 सालों में किन्हीं कारणों से व लाक डाउन के चलते केंद्र दो तीन बार बंद रहा। जिसको लेकर नगर के समाजसेवी व मीडियाकर्मियों ने इस मामले को वर्तमान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह तोमर तक पहंुचाया। उनके प्रयासों से यह कंेद्र पुनः आरंभ हो गया। किंतु मंगलवार से अचानक से केंद्र बंद होने पर नागरिकों को यह जानकारी मिली तो उन्हौंने इस मामले को प्रशासन व मीडिया के सामने उठाया। मंगलवार को रेलवे केंद्र पर मथुरा गिरिराजजी की यात्रा के लिए टिकट बुक कराने गए श्याम शाह, कल्पेश सराफ आदि ने बताया कि हम कंेंद्र पर पहंुचे तो हमें केंद्र बंद मिला व हम टिकट बुक नहीं करा सके व परेशान हुए। इसी प्रकार पूना के लिए तत्काल कोटे का टिकट बुक कराने पहंुची प्रतिभा पंचोली ने बताया कि उन्हें बेटी से मिलने पूना जाना था किंतु केंद्र बंद था आन लाईन भी टिकट बुक नहीं हो सका।


प्रतिदिन होते है हजारों रुपए के टिकट बुक 

मिली जानकारी के अनुसार आलीराजपुर स्थित रेलवे आरक्षण केंद्र से प्रतिदिन रेलवे को हजारों रुपए का राजस्व प्राप्त होता है। प्रतिदिन यहां से 30-40 टिकट बुक होते है। सीजन के दिनों में राजस्व का आंकड़ा एक से डेढ़ लाख रुपए प्रतिदिन तक पहंुच जाता है। केंद्र बंद होने से रेलवे को राजस्व का नुकसान दूसरा नागरिकों मिली हुई सुविधा छीनी जा रही है जिससे आम जनता में प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी है।



मुझे आपके माध्यम से ही रेलवे केंद्र बंद होने की जानकारी मिली है। मै इस मामले को दिखवाती हूं और जिला मुख्यालय की जनता को रेलवे आरक्षण केंद्र की सुविधा हर हाल में मिलती रहे ऐसे प्रयास किए जाएंगे।

- अनिता नागरसिंह चौहान जिला पंचायत अध्यक्ष।



जिला मुख्यालय पर तैनात अफसरों की मनमानी से जनता परेशान हो रही है। कलेक्टर महोदय ने जिस कर्मचारी की तैनाती का आदेश किया उसे उनके मातहत अफसर ही नहीं मान रहे है। रेलवे आरक्षण केंद्र तुरंत आरंभ होना चाहिए अन्यथा हम आंदोलन करेंगे।

- मुकेश पटेल विधायक आलीराजपुर।



रेलवे आरक्षण केंद्र पर तो प्रशासन ने अपना कर्मचारी नियुक्त किया है। केंद्र बंद हो गया यह बात मेरी जानकारी में नहीं है मैं इस संबंध में कार्रवाई करता हूं।

- राघवेंद्रसिंह तोमर कलेक्टर।

तिरंगा रैली का आयोजन

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्म स्थली पर हुआ आयोजन

आज़ाद नगर से विशाल वाणी की रिपोर्ट।

  शासकीय महाविद्यालय चन्द्र शेखर आजाद नगर (भाबरा) में स्वतंत्रता कि 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत जनजागरूकता हेतु प्राचार्य  एस. एस. डोडवे व अमृत महोत्सव प्रभारी डॉ. रेशम बघेल के द्वारा हर घर रैली का शुभारंभ किया गया। रैली महाविद्यालय से बैरियर होते हुये, बसस्टैंड व स्वतंत्रता सैनानी चन्द्रशेखर आजाद कि कुटिया से होकर पुनः महाविद्यालय में समाप्त कि गई है। इस अभियान का मुख्य उद्धेश्य हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगान के लिए प्ररित करना, जनसामान्य की भावना जागृत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता उत्पन्न करना है। रैली में एन.एस.एस. प्रभारी प्रो.कमलेश गणावा, बी. एल भूरा प्रो. नवनीत , प्रो. वीरसिंह बरडें  प्रो. निलेश परमार व समस्त स्टाफ व विद्यार्थियों ने भाग लिया।

अन्तर्राजिय चोर गिरोह धराया, लाखों का सामान जप्त

बड़ी डकैती की योजना बनाते गिरफ्तार 

नानपुर से  प्रदीप क्षीरसागर

 बुधवार रात्रि को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त होने पर नानपुर पुलिस को यह जानकारी मिली के समीप के गैस गोडाउन की आड में कुछ लोग हथियार लिए घेरा बनाकर बैठे हैं। आपस में बातचीत करते हुए अलीराजपुर के वर्षा ढाबे के सामने पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बनाने की बात कर रहे थे ।

सूचना पर तत्काल नानपुर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस आर सेंगर एवं एसडीओपी जोबट आदित्य राज सिंह द्वारा थाना प्रभारी उप निरीक्षक भूपेंद्र खरतिया को प्रभावी कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिया ।
जिसमें थाना प्रभारी द्वारा 3 टीम गठित कर सभी को समझाइश देकर रवाना किया। एक टीम का नेतृत्व स्वयं थाना प्रभारी द्वारा किया गया एवं दूसरी टीम सहायक उप निरीक्षक विजय वर्मा एवं तीसरी टीम का राकेश मौर्य द्वारा किया जाकर तीनों टीम द्वारा दबिश देकर पांच व्यक्तियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की । पूछने पर उन्होंने अपने नाम कालिया पिता हरसिंह जाति भील उम्र 36 साल निवासी सोलिया  व रितेश पिता सुम सिंह भील उम्र 20 साल निवासी बीड़ थाना बोरी (परिवर्तित नाम) एवं रतु पिता कालू भील 22 वर्ष निवासी सोलिया था ना उदयगढ़ का होना बताया। आरोपी जनों से कब्जे में दो देसी 12 बोर कट्टा, दो जिंदा कारतूस ,एक लोहे का धारदार चाकू, दो लोहे की तलवार ,दो धारदार फलिया एक तूफान क्रमांक एमपी 43 बीबी 0324 जप्त किया गया। आरोपी द्वारा डकैती की योजना बनाते हुए तुरन्त पकड़ा गया अन्यथा वर्षा ढाबे के सामने पेट्रोल पंप को लूटने में वह सफल होते और गंभीर घटना होती। उक्त आरोपी के विरुद्ध थाने पर धारा 399 ,402 भादवी व धारा 25ए 27ए 25 बी आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी गणों से थाना क्षेत्र में घटित अन्य चोरी संबंधी अपराध में सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा थाना क्षेत्र में पिछले 4 माह के अंदर ग्राम फाटा ,सेज गांव ,अजंदा और चिखलकुई मैं चोरी की वारदात को अंजाम देना बताया  आरोपी गण से 2 जोड़ हटके, 2 जोड़ कड़े ,दो तागली, दो चेन, चार हार ,दो कंदोरा ,12 अंगूठी ,एक रमझोल ,8 करौंदी चांदी के एवं सोने के 2 टाप्स, 2 झुमकी,दो मंगलसूत्र तथा ₹30000 केस कुल कीमत ₹430000 की जप्ती की गई।

 आरोपी गणों से जिले के अन्य चोरी संबंधी अपराध में पूछताछ हेतु पुलिस रिमांड लिया गया है ।आरोपी द्वारा अन्य राज्य महाराष्ट्र, गुजरात में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है  

उपरोक्त कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर श्री मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सेंगर के मार्गदर्शन व एसडीओपी जोबट श्री आदित्य राज सिंगर के नेतृत्व में की गई ।टीम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेंद्र खरतिया, सउनी विजय वर्मा, सउनी राकेश मौर्य ,सउनि मनजीत सिंह, आरक्षक विनोद ,दिलीप, गजेंद्र, राकेश ,रघुवन थाना नानपुर व विशाल, प्रमोद, दिलीप साइबर सेल अलीराजपुर का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा इस सराहनीय कार्य के लिए टीम को ₹10000 देने की घोषणा की गई।

स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से संचालित हो रहे हैं अवैध क्लीनिक

झोलाछाप डॉक्टरों के हौंसले बुलं प्रशासन की क्या मजबूरी है

बड़ी खट्टाली से बिलाल खत्री की रिपोर्ट  

अलीराजपुर जिला मुख्यालय से करीबी में ग्राम बड़ी खट्टाली जहां पर अवैध झोलाछाप डॉक्टर मरीजों की जान से कर रहे खिलवाड़। खास बात यह है कि अधिकतर झोलाछाप डॉक्टरों मरीज की हालत बिगड़ती है तो उससे आनन फानन में बाहर अस्पतालों में भेजते है। जबकि यह लापरवाही स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की जानकारी में भी है। 

गरीब भोली भाली जनता का खूब फायदा  फायदा उठा रहे हैं बंगाली डॉक्टर

झोलाछाप चिकित्सकों द्वारा बिना पंजीयन के एलोपैथी चिकित्सा व्यवसाय ही नहीं किया जा रहा है। बल्कि बिना  लाइसेंस के दवाओं का भंडारण व विक्रय भी अवैध रूप से किया जा रहा है। दुकानों के भीतर कार्टून में दवाओं का अवैध तरीके से भंडारण रहता है बागली।  स्वास्थ्य विभाग द्वारा कई सालों से अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय कर रहे लोगों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। झोलाछाप इन मर्जों का इलाज ग्लूकोज की बोतलें लगाने से शुरू करते हैं। अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने स्थाई तौर पर झोलाछाप डॉक्टरों पर कोई कार्रवाई  नहीं की। ग्रामीण क्षेत्र में एक बार भी प्रशासन की कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। 

झोलाछाप डॉक्टर मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं और प्रशासन दूर से ही इन्हें देख रहा है

वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जिससे इनके हौंसले बुलंद हो रहे हैं। स्थिति यह है कि इनके पास कोई डिग्री है न कोई इलाज करने का लाइसेंस है फिर भी वे लोगों का इलाज कर रहे हैं। यह सब स्वास्थ विभाग की अनदेखी एवं निष्क्रियता को सामने लाता है। जब झोलाछाप डॉक्टर्स के इलाज से मरीज के साथ कोई घटना घटित होती है तब शासन प्रसाशन और स्वास्थ विभाग जागता है। उसके बाद एक या दो झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों पर छापा डालकर अपनी जिम्मेंदारी पूर्ण कर ली जाती है। वहीं गांव गांव की गली मोहल्लों में संचालित झोलाछाप डॉक्टरों की दुकानों पर इन दिनों बिना किसी जांच के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। नियमों को ताक पर रखकर संचालित होता हुआ क्लीनिक ग्राम खट्टाली में एसे ही झोला छाप डॉक्टर अपनी क्लिनिक संचालित कर रहा है और गांव के भोले भाले लोगों के जान से खिलवाड़ कर रहा है। इतना ही नहीं इंजेक्शन लगाने के साथ - साथ झोला छाप डॉक्टर मरीजों को प्रतिबंधित दवा भी देता है। वहीं अधिकारी चुप्पी साधे रहते हैं।

डॉक्टरों पर अधिकारी मेहरबान

शिकायत व खबर प्रकाशित होने के बाद भी कार्यवाही नहीं होने से ये झोला छाप डॉक्टर खुलेआम अपनी दुकानदारी चल रहे हैं। ऐसे डाक्टरों की सूची स्वास्थ्य विभाग के पास मौजुद है फिर भी कोई कार्यवाही नहीं होना झोला छाप डॉक्टरों और अधिकारीयों के बिच सांठ - गांठ को दर्शाता है।

आपातकालीन चिकित्सा वाहन में ले जाए जा रहे सागौन के पटिए जब्त

आपातकालीन चिकित्सा वाहन में ले जाए जा रहे  सागौन के पटिए जब्त 

चालक और टेक्नीशियन को हिरासत में लिया

पुलिस कर्मी के फर्नीचर के  लिए ले जा रहे थे अवैध पटिए

कट्ठीवाडा से प्रेम गुप्ता की रिपोर्ट

आपातकालीन चिकित्सा वाहन से बेशक़ीमती सागौन के अवैध पटिए परिवहन करते जब्त किए गए है साथ ही चालक और टेक्नीशियन को वाहन सहित वनविभाग द्वारा हिरासत में लेने की घटना प्रकाश में आई है। सागौन के पटिए किसी पुलिस कर्मी के फर्नीचर के लिए लाना बताए जा रहे है। 


वनपरिक्षेत्राधिकारी वायएस बिलवाल ने बताया कि शनिवार रात्रि साढ़े दस बजे मुखबिर की सूचना पर वनविभाग की टीम ग्राम सयडा पहुंची तो वहां शंकास्पद आपातकालीन चिकित्सा वाहन को कुछ ग्रामीणों ने रोका हुआ था। वन विभाग के दल ने वहां पहुंचकर वाहन की  जांच की तो उसमें से सागौन के अवैध पटिए पाए गए। साथ ही फर्नीचर के कुछ हिस्से भी मिले। 


पुलिसकर्मी के यहां ले जाना बताया

हिरासत में लिया वाहन, क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा देने के लिए कार्यरत है जिसके चालक, टेक्नीशियन नीमच और भिंड क्षेत्र के रहने वाले है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सागौन के लकड़ी के कटे हुए हिस्सों को किसी पुलिसकर्मी के यहाँ ले जाया जा रहा था। इसमें ग्राम सयडा के  स्थानीय ग्रामीण की भूमिका की भी जांच की जा रही है क्योंकि चालक के अनुसार वे सयडा स्थित एक ग्रामीण के यहां से पटिए ले जा रहे थे। 

पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस बल ने निकाला फ्लेगमार्च



उपचुनाव के मद्देनजर पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस बल ने निकाला ग्राम बड़ी खट्टाली  में फ्लेगमार्च

बड़ी खट्टाली

जोबट विधानसभा उपचुनाव के चलते पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देश व अतिरिक पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल के मागॅ दर्शन में शुक्रवार को जोबट थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ी खट्टाली  में पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला गया । जोबट ‌विधानसभा उपचुनाव के मध्य नज़र रखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बट्टू सहगल के मागॅ दर्शन में पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस बल ने बड़ी खट्टाली चौकी से मस्जिद मोहल्ला मेन बाजार चारभुजा मंदिर गली से फ्लैग मार्च निकाला।




 पैरामिलिट्री बल  व पुलीस बल  के करीब के साथ 150 का बल साथ में था  ग्राम बड़ी खट्टाली में अर्धसैनिक बल को साथ लेकर अलीराजपुर रक्षित निरीक्षक  चेतन बघेल, पुलिस थाना जोबट से थाना प्रभारी  शिवराम तरोले ग्राम बड़ी खट्टाली पुलिस चौकी प्रभारी सूरेन्द सिंह सिसोदिया ने अपने पुलिस बल के साथ ग्राम खट्टाली में फ्लेग मार्च निकाला गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का 15 को जोबट दौरा

जोबट विधानसभा उपचुनाव को लेकर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का 15 को जोबट दौरा,

एनआरएलएम कि महिला समुह से चर्चा करेंगे

तैयारियों को लेकर कलेक्टर और एसपी ने लिया हेलीपैड और सभा स्थल का जायजा

जोबट 

आगामी जोबट विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में काफी सक्रियता दिखाई दे रही है।हालांकि जोबट उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग की तरफ से अभी कोई संकेत नहीं आये हैं। फिर भी बीजेपी ने चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए कमर कस ली है। बीजेपी के एक के बाद एक बड़े नेताओं का क्षेत्र में सतत दौरे हो रहे है।वहीं कांग्रेस का अभी तक किसी भी बड़े नेता ने जोबट विधानसभा क्षेत्र में आमद नहीं दी है।


 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संभावित दौरे को लेकर अलीराजपुर का जिला प्रशासन पूरी तरह  सक्रिय दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे तैयारियां प्रशासन ने शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का15 सितंबर बुधवार को  जोबट विधानसभा क्षेत्र में दौरा संभावित है। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार शाम को अलीराजपुर के नवागत कलेक्टर मनोज पुष्प ,जिला पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह  ने जोबट क्षेत्र का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।  
 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के दौरे को लेकर झाबुआ रोड स्थित बने अस्थाई हेलीपैड और कृषि उपज मंडी प्रांगण में सभा स्थल का जायजा लेकर जवाबदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।


 जोबट एसडीएम श्यामवीर सिंह नरवरिया , एसडीओपी दिलीप सिंह बिलवाल, टीआई विक्रम धारवे, तहसीलदार आलोक वर्मा,नायब तहसीलदार निर्भय सिंह पटेल,आर आई पंकज चौहान मंडी समिति के सचिव सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 

एसडीएम ने जारी किया प्रतिबंधात्मक आदेश

जोबट एसडीएम का आदेश नगर में बना चर्चा का विषय

जोबट से हर्षित शर्मा की रिपोर्ट।
अनुविभागीय अधिकारी जोबट श्यामवीर सिंह नरवरिया ने शुक्रवार देर शाम को एक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया। उक्त आदेश में बताया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जैसे टि्वटर, फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, टिक टॉक इत्यादि पर भ्रामक एवं गलत खबरें व झूठी एवं आपत्तिजनक संदेश वीडियो तस्वीरें ऑडियो क्लिप आदि फैलाई जाती हैं। इस प्रकार की सूचना से जनता के बीच बिना वजह पैनिक की स्थिति पैदा करती हैं। सरकारी मशीनरी के प्रति उत्तेजना को भड़काने का भी प्रयास इसी से होता है साथ ही इसी प्रकार के संदेश कई बार विभिन्न समुदायों की भावनाओं को भड़काने का कार्य भी करते हैं।


ज्ञात रहे कि जोबट में 2 दिन पूर्व दो समुदाय के युवकों के बीच निजी कारणों से लेकर आपस में  विवाद की स्थिति हुई और मामला थाने तक पहुंचा था किंतु मोहर्रम और राखी का त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए एसडीएम श्यामवीर सिंह ने जोबट अंचल में शांति सद्भाव बनाए रखने के लिए इस प्रकार का आदेश जारी किया है।

जिले में शिक्षकों व पंचायत सचिवों के अचानक से हुए तबादला आदेश जारी

सहायक आयुक्त कार्यालय से शिक्षकों के प्रशासकीय तबादला आदेश से मचा हड़कंप

कई शिक्षक हुए नेताओं के शरणागत, पंचायत सचिवों में भी नाराजगी
आशुतोष पंचोली
ब्यूरो।। अलीराजपुर न्यूज़
जिले के सरकारी विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक शिक्षिकाओं के तबादला आदेश की सूची गुरुवार को सहायक आयुक्त कार्यालय से जारी हो गई है। जिसमें शिक्षक शिक्षिकाओं के स्वैच्छिक व प्रशासकीय तबादले किए गए है। जिसमें से प्रशासकीय तबादला आदेश से कई शिक्षक शिक्षिकाओं में हड़कंप मच गया है और वे नेताओं के शरणागत होना शुरु हो गए हैं। इसी प्रकार से एक दिन दो दिन पूर्व जिला पंचायत सीईओ मैडम के द्वारा जिले के कुल 43 पंचायत सचिवों को जिले के छह विकासखंडों में इधर से उधर किया गया हैं। सालों से एक ही स्थान पर जमे पंचायत सचिवों में भी इस वजह से हड़कंप की स्थिती है। अपने अपने स्तर से सभी पंचायत सचिव अपना तबादला आदेश रुकवाने में या फिर अपनी मर्जी अनुसार पंचायत में पदस्थापना कराने के लिए सक्रिय हो गए हैं। वैसे सबसे ज्यादा हलचल शिक्षक शिक्षिकाओं में मच गई हैं। तबादला सूची में जमकर राजनीति भी चली है यह सूची देखकर ही पता चल रहा हैं। साथ ही राजनीतिक दबाव से भी सूची को प्रशासन के जिम्मेदारों ने तय किया  है ऐसा आरोप प्रभावित हुए शिक्षक शिक्षिकाएं दबे स्वर में इधर उधर लगा रहे हैं। यह सुगबुगाहट अंदरखाने में भी चल रही है।


प्रशासकीय सूची में चली नेतागिरी
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जो प्रशासकीय सूची जारी हुई है उसमें एक पत्र का हवाला दिया गया है जिसमें बताया गया है कि मप्र शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय वल्लभ भवन के पत्र दिनांक 24 मार्च 2021 के द्वारा वर्ष 2021-22 हेतु तबादला नीति के अंतर्गत शिक्षकों का तबादला एक संस्था से दूसरी संस्था में समान सामार्थ्य एवं समान वेतनमान में प्रशासकीय आधार पर तत्काल प्रभाव से किया जाता है। तबादला आदेश सूची पर आदेश दिनांक 7 अगस्त 2021 दर्ज है जबकि सूची आदेश दिनांक के 4 दिनों बाद जारी की गई हैं। इस सूची से कई शिक्षक शिक्षिकाओं के मंसूबों पर पानी फिर चुका है। अंदरखाने से मिली जानकारी के अनुसार किसी विशेष संगठन से जुड़े हुए शिक्षक शिक्षिकाएं इस प्रशासकीय आदेश से ज्यादा प्रभावित हुए लगते हैं इसके अलावा डेढ़ साल के कांग्रेस सरकार के समय भी जो इधर से उधर हुए थे उनके नाम भी इस सूची में है ऐसा बताया जा रहा हैं।

संकुल वार तबादला सूची के आए बंद लिफाफे
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बार तबादला सूची में बड़ा गेम अंदर अंदर ही किया गया है ऐसा शिक्षक संगठन के लोगों का कहना हैं। मिली जानकारी के अनुसार बीईओ के पास तबादला सूची के बंद लिफाफे पहंुचाए गए और उन्हें संकुलवार भेजने को निर्देश जारी किए थे। जो तबादला सूची भी जारी की गई है वह भी संकुलवार जारी होने की जानकारी सामने आई हैं। इसमें जो गेम किया गया वह एक दो दिन में सामने आ जाएगा क्यों कि जिस प्रकार से तबादले किए गए है उसमें राजनीतिक, आर्थिक लाभ का भी ध्यान रखा गया हैं।

जिम्मेदारों के पास जानकारी नहीं
शिक्षको के तबादला आदेश जारी होने की सूची सोशल मीडिया पर आने के बाद शिक्षक शिक्षिकाओं में जो हलचल मची है उसके बाद से सहायक आयुक्त कार्यालय के स्थापना विभाग के कर्मचारी जितेंद्र चौहान ने अपना मोबाईल बंद कर लिया। सहायक संचालक व बीईओ संजय परवाल से जब इस प्रतिनिधि ने जानकारी चाही तो परवाल ने बताया कि उनके पास कोई जानकारी नहीं है हमारे पास सूची के जो बंद लिफाफे आए वे हमने संकुल में भिजवा दिए है। इसके अलावा अन्य कई जिम्मेदार कर्मचारी व अफसर भी इस  मामले में अपनी अनभिज्ञता जाहिर करते रहे। जिले में पहली बार ऐसे गोपनीय तरिके से संकुल के माध्यम से तबादला आदेश भेजे गए है। कई शिक्षक व शिक्षिकाओं को भी यह पता नहीं लग पा रहा है कि उनके नाम तबादला सूची में है या नहीं। जबकि जिले में करीब 4500 हजार शिक्षक शिक्षिकाएं कार्यरत है।  सहायक आयुक्त श्यामवीरसिंह से जब इस मामले में उनके मोबाईल पर संपर्क किया गया तो उन्हौने काल रीसीव नहीं की।

जिला पंचायत सीईओ ने 
पंचायत सचिवों के किए तबादले
दूसरी ओर जिला पंचायत सीईओ ने भी जिले के छह विकासखंडों के कुल 43 पंचायत सचिवों के तबादले भी कर दिए हैं। इसके आदेश भी गत 7 अगस्त को जारी हुए हैं। सूत्र बता रहे है कि जनपद पंचायत सीईओ से मिले पंचायत सचिवों के फीड बैक के आधार पर पंचायत सचिवों के तबादले किए गए है जिसमें से कुछ पंचायत सचिव सालों से एक ही पंचायत में जमें हुए थे। बहरहाल पंचायत सचिवों में भी इस सूची को लेकर नाराजगी बताई जा रही हैं।  

समाचार का असर: नापतोल विभाग ने कम तोलने वालों पर कार्यवाही की

कम सामग्री तोलने वालों के खिलाफ की कार्यवाही, तोल कांटे किए जप्त

आंबुआ से गोविंदा माहेश्वरी की रिपोर्ट।

साप्ताहिक हाट बाजार में हाथ ठेला तथा फेरी कर व्यवसाय करने वाले उन व्यापारियों पर नापतोल विभाग ने कार्यवाही करते हुए कॉटा. बांट जब्त  किए जो कि ग्राहकों को कम माल तौल कर देते थे तथा जिन्होंने कांटा बांटो पर सील आदि नहीं लगा रखी थी। यह कार्यवाही विगत दिनों प्रकाशित समाचारों के बाद की गई।।


जिला नापतोल अधिकारी  कपिल कदम ने बताया कि उन्होंने आज 27 जुलाई को आम्बुआ में साप्ताहिक हाट बाजार के दिन हाथ ठेला तथा अन्य माध्यम से फल सब्जी बेकरी सामान विक्रय करने वालों जिनकी विगत दिनों से शिकायतें मिल रही थी कि वह सामान कम तौल रहे हैं आज जब निरीक्षण किया गया तो शिकायते सच पाई गई फुटकर विक्रेताओं के बांटो ;तराजू तथा बांटो में सील नहीं लगी थी साथ ही तराजू के लीवर से छेड़छाड़ कर कम माल तोलते पाया गया। जिन्हें अन्य कांटों ;तराजू पर जब तोला गया तो कम पाया गया ऐसे व्यक्तियों के पास से कांटा, तराजू तथा बाट जप्त कर आवश्यक कार्यवाही की गई। आगामी समय में इन पर दंडात्मक कार्यवाही कर जुर्माना वसूला जाएगा। जिला नापतोल अधिकारी श्री कपिल कदम के साथ सहायक नापतोल अधिकारी बाबूलाल मेहसन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। स्मरण रहे कि उक्त कार्यवाही विगत दिनों अलीराजपुर न्यूज द्वारा समाचार प्रकाशित होने के बाद की गई अचानक हुई इस कार्यवाही से कम तोलने वालों में हड़कंप व्याप्त है। आगामी समय में अन्य हाट बाजारों में नापतोल विभाग ऐसे ही कार्रवाई करने की बात कर रहा है।


जल जीवन मिशन योजना मैं ठेकेदार बरत रहे लापरवाही

जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत खोदे गए गड्डों को ठीक ढंग से नही भरने पर फंस रहे वाहन

 आंबुआ से गोविंदा माहेश्वरी की रिपोर्ट।

जल जीवन मिशन योजना जिसमे हर घर मे पानी का नल पहुचाना के अंतर्गत आम्बुआ में पिछले कई दिनों से मुख्य मार्ग की सड़क की साइड की पट्टी खोदकर पाइप लाइन डाली जा रही है लेकिन पाइप डालकर उस पर ठीक ढंग से मिट्टी नही दबाने से आने जाने वाली गाड़िया फस रही है जिससे आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



ऐसे ही आज आम्बुआ में खाली जाती हुई पिकअप मिट्टी में इतनी दब गई की उसे JCB की मदद से निकलना पड़ा 

शासन की इस जल जीवन मिशन  योजना से आम्बुआ में 2 करोड़ की लागत से एक बड़ी विशाल टंकी ( लगभग 2 लाख लीटर ) जिसमे लगभग 1000 नल कनेक्शन हर घर तक पहुचाना ,   आम्बुआ व आस पास के सभी ग्रामीण क्षेत्र तक इसका पानी पहुचेगा 


क्या कहते हैं जिम्मेदार:

आपके माध्यम से मुझे पता चला है में तुरंत गड्ढे ठीक ढंग से भरवा देता हूं 

जी एस उपाध्याय 

कार्यपालन यंत्री अलीराजपुर

पीएचई विभाग की घटिया कार्यप्रणाली, मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जियोस की बैठक में विधायक पटेल ने जताई कडी नाराजगी, जांच की मांग की

नानपुर खट्‌टाली निर्माणाधीन मार्ग की गुणवत्ता पर उठाए सवाल

आलीराजपुर न्यूज़ ब्यूरो।

जिले में पीएचई (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी) विभाग की घटिया कार्यप्रणाली, मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जिले के प्रभारी व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्टोरेट में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में विधायक मुकेश पटेल ने कडी नाराजगी जताते हुए जांच की मांग की। जिस पर प्रभारी मंत्री दत्तीगांव ने कलेक्टर को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



विधायक पटेल ने पीएचई विभाग की मनमानी बयां की

बैठक में विधायक पटेल ने कहा कि पीएचई विभाग द्वारा जिले में मनमानीपूर्ण तरीके से बिना स्वीकृति के नलकूप खनन और जहां पर आवश्यकता नहीं है वहां नलकूप खनन करवाने का आरोप लगाया। उन्होने कहा कि जहां लोगो को पेयजल की सख्त आवश्यकता है वहां पर लोगों की समस्याओं को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। विधायक पटेल ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराते हुए पीएचई विभाग पर आरोप लगाया  कि लोगों की पेयजल की समस्या हो रही उस पर विभाग द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गर्मी के मौसम में जहां पानी का स्तर अत्यधिक नीचे चले जाता है वहां पर सिंगल फेस विद्युत मोटर लगाई जाना थी जो अब तक नहीं लगाई गई। ये विभाग की सबसे बडी लापरवाही है।



भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा, जांच करवाएं

विधायक पटेल ने कहा कि पीएचई विभाग द्वारा स्कूल एवं आंगनबाड़ी में पेयजल स्टैंड निर्मित किया जा रहा है। उसमें भी भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उनके द्वारा इसकी जांच की मांग की गई। वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत पीएचई विभाग द्वारा नल जल योजना की पाइप लाइन और टंकी निर्मित की जा रही है उसमें विभाग और ठेकेदारों की मिलीभगत से गुणवत्ताहीन कार्य किया जा रहा है इसकी भी जांच करवाई जाए। पीएचई द्वारा फ्लोरोसिस विभाग द्वारा बिछाई गई पाइप लाइन के कार्यो में भी गुणवत्ताहीन कार्य होने का आरोप लगाया।

नानपुर खटटाली रोड निर्माण में घटिया सामग्री का हो रहा उपयोग

इस दौरान विधायक पटेल ने कहा कि नानपुर से खट्‌टाली रोड का निर्माण एमपीआडीसी द्वारा करवाया जा रहा है। इस निर्माण में संबंधित ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन सामग्री और मटेरियल का उपयोग कर निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इसकी भी एक समिति बनाकर जांच करवाई जाए। साथ ही कोरोना काल मैं शासन द्वारा गरीब परिवारों को निशुल्क राशन दिया गया उसकी भौतिक सत्यापन करवाने की मांग की। इसके अलावा विधायक पटेल द्वारा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रभारी मंत्री दत्तीगांव से चर्चा की गई।

 

तहसीलदार नै बैठक ली

सोडंवा से सुजीत कुशवाह की रिपोर्ट 

सोडंवा विप्र सोडंवा पलिस थाने पर सकल व्यापारी संघ सोडंवा की बैठक ली जिसमै लगभग 15 व्यापारियों ने भाग लिया जहाँ पर तहसीलदार कैलाश सस्ति  या ने आग्रह किया कि वह अपने साथ रहने वाले को टीके के लिए प्रेरित करे सोडवा मै एक लाख छः हजार बीई ओ रामानुज शर्मा ने बतलाया कि सोडंवा विकास खंड की जनसँख्या दो लाख  वारह हजार के लगभग है |

 जिसमे एक लाख नव हजार के करीब 18+ की जनसँख्या है और उसमेँ सेमात्र दस हजार दो सौ बततीस (8977+135)लोग को ही कुल वैक्सीन लगा है  जो कि 9%ही होता है और हमै हार्ड इमिनुटी पाने के लिए 70%तक का टीकाकरण करण करना होगा तब ही हम  तीसरी लहर से बच सकते हैनायब तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने बताया हम आठ विभाग ने यह निश्चय किया हर दिन हम एक एक कर गाँव में जायेगे और जनता को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करेगे बैठक मै तहसीलदार कैलाश सस्तिया नायाब तहसीलदार कुलभूषण शर्मा  थाना प्रभारी  बी ई ओ रामानुज शर्मा तथा व्यापारी गण मौजूद रहे |

व्यापारी के विरूद्ध झूठा केस वापस लें प्रशासन- जिला कांग्रेस

अलीराजपुर न्यूज

जोबट में हुए दो दिन पूर्व व्यापारी पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई की जिला कांग्रेस द्वारा पूर्व से निंदा की जा रही है इसी सिलसिले में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी शुक्रवार को उस व्यापारी से मिलने गए थे किंतु व्यापारी के घर ताला बंद होने से कांग्रेश के पदाधिकारीयो द्वारा जोबट गेस्ट हाउस पर एकत्रित होकर प्रेस वार्ता की गई । जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि जिला कांग्रेस पीड़ित व्यापारी के साथ एवं जिले के समस्त व्यापारी गण के साथ हर अवस्था में खड़ी रहेगी । जिला प्रशासन पीड़ित व्यापारी के ऊपर लगे झूठे आरोपों के केस को वापस लें अन्यथा जिला कांग्रेस जिला प्रशासन को हाईकोर्ट में चुनौती देगी। प्रेस वार्ता में पूछे गए सवालों में महेश पटेल ने कहा कि स्वर्गीय कलावती भूरिया जी एक दबंग नेत्री थी उन्हेाने जोबट क्षेत्र के विकास के लिए कई लड़ाइयां लड़ी है।

 
इस क्षैत्र की जनता की मांगो को पूरा करने में प्रशासन को भी ललकारा है ऐसी नैत्री के सपनों को साकार करने के लिए जिला कांग्रेस हमेशा जोबट विधानसभा क्षैत्र की जनता के  साथ रहेगी। भविष्य में इस विधानसभा क्षैत्र के लिए हाई कमान जिसे भी टिकट देगी जिला कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस के प्रत्येक सदस्य तन,मन,धन से कांग्रेस के उम्मदवार को जीत दिलाएंेगे, एवं स्वर्गीय कलावती बहन के सपनों को साकार करायेंगे। इस अवसर पर  (मम्मा मिया दादा),आराम पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष भुरू भाई अजनार(मोनू बाबा), सुनील खेड़े, विक्रम भाई, जीतू अजनार आदि उपस्थित थे।  


स्व. कलावती भूरिया को श्रंद्धासुमन अर्पित किये

जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा उदयगढ में पूर्व विधायिका स्व. कलावती भूरिया के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये । जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने यहां कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारे बीच सबकी लाडकी पुर्व विधायिका कलावती बहन का नही होना बहुत दुख की बात है आज हमने इस क्षैत्र का दबंग नैत्रत्व खो दिया है किंतु आपको किसी भी प्रकार की समस्या आए तो जिला कांग्रेस कमेटी आपके लिए हर दम तैयार रहेगी। 

दीदी के सपने अधुरे नही रहेंगे उन्हे हम सब मिलकर पुरा करेंगे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष ओम सेठ, विधायक मुकेश पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञान सिंह मुजालाद, सकरीया भाई, राहुल परिहार, सोनू वर्मा ,विक्रम सिंह भयडिया ,नकुल पटेल, केरल सिंह भाई, राजाभाई तोमर, आश्वविन निगवाल जसवंत देवड़ा, मोहन सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

आलीराजपुर जिले की प्रशासनिक खबरेंः

कलेक्टर व एसपी ने छकतला, उमराली, फूलमाल एवं सोरवा क्षेत्र में मैदानी व्यवस्थाओं का लिया जायजा  

आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।

जिले में कोरोना कफ्र्यू के तहत किराना और कृषि कार्यों से जुडे व्यापारियों को निर्धारित समय सीमा में दुकान संचालन की दी गई छूट की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर सुरभि गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने विभिन्न ग्रामीण स्थानों का दौरा कर जायजा लिया। बुधवार सुबह छकतला, उमराली, फूलमाल एवं सोरवा क्षेत्र में भ्रमण करते हुए उन्होंने मैदानी स्तर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 


इस दौरान उन्होंने दुकानदारों एवं ग्रामीणों को कोरेाना से बचाव के दिशा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने संबंधित समझाइश भी दी। किराना और कृषि कार्यों से जुडे दुकानदारों को निर्देश दिए कि स्वयं के साथ-साथ ग्राहकों को भी अनिवार्य रूप से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेन्सींग का पालन सुनिश्चित कराए। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों एंव आमजन को बताया कि कोरोना का संक्रमण अभी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए सावधानी अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने छूट के अतिरिक्त समय में कोरोना कफ्र्यू का कडाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने 8 दुकानें सील करने की कार्रवाई की

कोरेाना कफ्र्यू के दौरान निर्धारित समय सीमा के लिए किराना एवं कृषि कार्य संबंधित दुकानों के लिए छूट प्रदान की गई है लेकिन प्रशासन के दिशा निर्देशों के बावजूद अन्य गतिविधि संचालन करने वाले दुकानदारों ने दुकानें खोली, जिसे राजस्व और पुलिस अमले ने बंद कराते हुए आठ दुकानों को सील किया। छूट की निर्धारित समय के पश्चात भी दुकान खोलने पर कई दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की तथा आठ हजार 450 रूपये की चालानी कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई तहसीलदार अलीराजपुर केएल तिलवारे, राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं पुलिस विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से की। 

18 से 44 वर्ष के युवाओं के लिए तीन दिवसीय टीकाकरण सत्र आयोजित 

जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. विजय बघेल ने बताया कोविड-19 टीकाकरण अंतर्गत 18 से 44 वर्ष के हितग्राहियों को कोविड वैक्सीन टीकाकरण हेतु 27 मई गुरूवार,  28 मई शुक्रवार, एवं 29 मई शनिवार 2021 को सहयोग गार्डन अलीराजपुर, शासकीय कन्या हा.से. स्कूल नानपुर, शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल जोबट, टाॅउन हाल चन्द्रशेखर आजाद नगर, बीआरसी भवन सोंडवा, बीआरसी भवन उदयगढ, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल खट्टाली एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कट्ठीवाडा में टीकाकरण सत्र आयोजित किये जाएंगे। बालक हायर सेकंडरी स्कूल बोरी एवं रेस्ट हाउस परिसर छकतला में 28 मई से टीकाकरण सत्र आयोजित होगा। उन्होंने बताया दिनांक 26 मई 2021 को शाम 5 बजे से सत्र आॅनलाइन पब्लिस किये जाएंगे। हितग्राही टीकाकरण हेतु पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कर स्लाॅट बुक कर सकते है। 


गौसेवा के लिए बोहरा व मुस्लिम समाजजन आए आगे, दिया आर्थिक सहयोग

बोहरा समाज व मुस्लिम समाज के वरिष्ठ सदस्यों की एक बैठक बोहरा तालिफ भाई (गाॅधी) के यहाॅ रखी गई जिसमें गौसेवा के बारे में विचार विमर्श हुआ तथा गौसेवा के लिये सहयोग करने का निर्णय लिया गया। इस हेतु गौरक्षा समिति के सदस्यों से सम्पर्क किया गया तथा गौसेवा के लिये विशेष सहयोग दिया गया। इस अवसर पर बाकिर भाई बोहरा-नफीस ने कहा कि इस आपदा के समय दिनदुखियों की सेवा करना एवं मुक प्राणीयों जैसे गायों की सेवा करना हमारी मानवता का धर्म है। हम सभी मिलजुल कर इस संकट का मुकाबला करें तथा अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करें। मुस्लिम समाज के सैदब बाकिर अली ने कहा कि मनुष्य एवं गौमाता की सेवा करना हमारा धर्म है, इस हेतु गौशाला की समस्त गायों के लिये एक दिन का हरा घास का सहयोग करने की घोषणा की। गौरक्षा समिति के कैलाष नामदेव ने कहा कि बोहरा समाज एवं मुस्लिम समाज के भाई 25 वर्षों से एक रूपया प्रतिदिन, प्रति परिवार के सदस्य है, परन्तु संकट के इस समय पर विषेष दान प्रदान किया, गौरक्षा समिति इस कार्य के लिये इनका आभार प्रकट करती है।इस अवसर पर शेख कासिम भाई-मोटर वाला, शब्बीर भाई-गाॅधी, हुसैन भाई गाॅधी, जानमोहम्मद मकरानी एवं गौरक्षा समिति के रामेष्वरजी दीक्षित उपस्थित थे।



बजरंग कालोनी में हुआ सामूहिक यज्ञ

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए सामूहिक यज्ञ आव्हान पर बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर एक साथ एक समय पर घर घर गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। इस कड़ी में नगर के क्लब रोड़ स्थित बजरंग कालोनी में भी कालोनी की रहवासी महिलाओं के द्वारा सामूहिक गायत्री यज्ञ हवन का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालु महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। इस दौरान कालोनी के बच्चों ने भी सहभागिता की।