तेज रफ्तार से चल रहे दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों पर लगाम लगाने की मांग

 माहेश्वरी समाज ने एसपी कौ सौंपा ज्ञापन

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो

नगर में तेज रफ्तार से चल रहे दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों पर लगाम लगाने की मांग माहेश्वरी समाज ने की है। एसपी रघुवंशसिंह को बुधवार को समाजजनों ने ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने एसपी को बताया कि कुछ दिन पूर्व नीमचौक के पास आलीराजपुर माहेश्वरी समाज के वरिष्ठ सदस्य एवं किराणा व्यापारी मुकेश सोमानी के साथ रात्रि में नीम चौक में तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिसमें मुकेश सोमानी गम्भीर रूप से घायल हुए, जिन्हें आलीराजपुर हॉस्पीटल से वड़ोदरा रेफर किया, जहां पर वह आईसीयू में भर्ती रहे थे। 



समाजजनों ने कहा कि नगर में आये दिन तेज रफ्तार वाहन से किसी न किसी व्यक्ति के साथ दुर्घटना घटित हो जाती है। मुख्य मार्ग से रात्रि में कई गाड़ीया व बाईक रेसींग करते हुए निकलती है, जिससे बच्चे, महिलाएॅ व नागरिकों में भय व डर का माहोल हमेशा निर्मित रहता है। मीडिया प्रभारी कृष्णकान्त बेड़िया ने बताया कि सभी समाजजनों ने पुलिस अधीक्षक महोदय से निवेदन किया कि जल्द से जल्द इन बाईकर्स पर लगाम लगाये, अन्यथा कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ज्ञापन का वाचन महेश (बन्टी) सोमानी ने किया, आभार माहेश्वरी युवा संगठन के जिलाध्यक्ष आदित्य कोठारी, जिला माहेश्वरी समाज उपाध्यक्ष आशिष सोमानी, अश्विन सोमानी ने व्यक्त किया।

क्या कहते है एसपीः

पुलिस अधीक्षक महोदय रघुवंश सिंह भदोरिया ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए हमारे द्वारा लगातार नाबालिग वाहन चालकों व तेज गति से वाहन चलाने वालों को समझाईश दी जा रही है।  गति सीमा में वाहन चलावे व जो कानून का पालन नही करने वाले व तेज गति से चलने वाले वाहनों के खिलाफ हमारे द्वारा चालानी कार्यवाही की जा रही है। 


पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता

 बस स्टैंड से बिछड़े दो साल के मासूम  बच्चे को परिजनों से मिलाया

आशुतोष पंचोली 

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

जिला मुख्यालय पर मंगलवार की सुबह पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 2 साल के मासूम बच्चों को उसके परिजनों तक पहुंचाया। कोतवाली टीआई सोनू सिटोले ने बताया कि झाबुआ जिले के खवासा क्षेत्र के ग्राम बरवाड़ा का राहुल पिता भुरु भील अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ गुजरात मजदूरी करने के लिए रात को आलीराजपुर पहुंचा था बस नहीं मिलने पर वह बस स्टैंड पर सपरिवार सो गया। सुबह सुबह 4 बजे करीब निंद में दो साल का बच्चा नारायण उठ कर कहीं चला गया और परिवार से बिछड़ गया। सुबह 5 बजे पुलिस कर्मीयों को पंचमुखी हनुमान मंदिर की ओर से रोता हुआ एक बच्चा   दिखाई दिया।


 पुलिस कर्मियों ने उसे रोता देखकर उसका नाम पता पूछा किंतु बच्चा कुछ नहीं कह पाया। पुलिस जवानों की सूचना पर टीआई सोनू मैडम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे से पूछताछ की किंतु मासूम बच्चा कुछ नहीं कह पाया और रोता रहा। टी आई मैडम ने प्यार भरी बातें की तब जाकर बच्चा चुप हुआ। फिर टीआई मैडम के निर्देश पर पुलिस जवानों ने बच्चो के परिजनों को ढूंढना आरंभ किया । करीब 1 घंटे की तलाश के बाद पुलिस जवानों ने बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय में बच्चें के माता-पिता को ढूंढ निकाला और नारायण को उन्हें सौंप दिया। इस पर नारायण के माता-पिता ने पुलिस के प्रति कृतज्ञता और आभार जताया। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई की नगर में सराहना की जा रही है।

ऑपरेशन हेलो के तहत 51 गुम मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए

तकनीकी दक्षता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण

आलीराजपुर न्यूज़ ब्यूरो।

पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह द्वारा मोबाइल गुम होने संबंधी प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल आलीराजपुर को गुम मोबाइलों की तलाश हेतु निर्देशित किया गया। निर्देशानुसार, सायबर पुलिस टीम ने "ऑपरेशन हेलो" नामक विशेष अभियान की शुरुआत की, जिसके अंतर्गत पूर्व में भी 821 से अधिक गुम मोबाइल सफलतापूर्वक ट्रेस कर आवेदकों को लौटाए जा चुके हैं। 


इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में, सायबर सेल की टीम द्वारा पुनः तकनीकी विश्लेषण एवं ट्रेसिंग के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के कुल 51 मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹7,65,000/- है, बरामद किए गए। बरामद किए गए मोबाईल आज कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से आवेदकों को विधिवत सत्यापन के पश्चात सौंपे गए। मोबाईल प्राप्त कर नागरिकों ने पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा को सराहनीय बताया।


 इस सफल कार्यवाही में सायबर सेल के निम्न अधिकारियों का विशेष योगदान रहाः

निरीक्षक छगनसिंह बघेल प्र.आर. 06 दिलीप चौहान, आर. 105 प्रमोद भयडिया, आर. 42 राहुल तोमर, आर. 126 संदीप चौहान आलीराजपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम हो जाने की स्थिति में तुरंत निकटतम थाना या सायबर सेल में रिपोर्ट दर्ज कराएं, जिससे त्वरित कार्यवाही कर डिवाइस को पुनः प्राप्त किया जा सके।

"ऑपरेशन हेलो विश्वास की वापसी"

सेवा, सुरक्षा, सहयोग आलीराजपुर पुलिस

लोकायुक्त पुलिस ने खाद्य विभाग अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा


जिले के सामलाकुंड के शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालिका से मांगी थी 50 हजार रुपए की रिश्वत


आशुतोष पंचोली

 आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

जिला मुख्यालय पर बुधवार को दोपहर 2:00 बजे करीब लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने यहां पदस्थ कनिष्ठ आपूर्ति  अधिकारी रामा अवास्या को₹50 हजार नगद की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी रामा अवास्या ने जिले के समल कुंड की शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालिका से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी जिसकी शिकायत उसके पति कमलेश सिंघाडिया ने इंदौर में लोकायुक्त पुलिस को दी।




लोकायुक्त पुलिस इंदौर के कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया ने आलीराजपुर न्यूज़ को बताया कि इस मामले में की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर पहुंची और तय कार्यक्रम अनुसार आरोपी रामा अवास्या  को 50 हजार रुपए रिश्वत नगद  देने की बात तय हुई। जिस पर आरोपी रामा अवास्या ने सिंघाडिया दंपति को वेयरहाउस चांदपुर नाका आलीराजपुर पर बुलवाया और रिश्वत ली जैसे ही रिश्वत ली लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्यवक निरीक्षक पटेरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज कार्यवाही की जा रही है।

आज की इस कार्यवाही में लोकायुक्त पुलिस की टीम में प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय सेलार, आरक्षक कमलेश परिहार, आरक्षक अनिल परमार व आरक्षक प्रभात शामिल थे।

ज्ञात रहे कि इसके पूर्व भी खाद्य विभाग की प्रभारी महिला सुनीता मसराम को कलेक्टर  रिश्वत लेने के मामले में हुई शिकायत पर सस्पेंड कर चुके हैं।

बंगाली चिकित्सक के इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज की तुरंत मौत

आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर किया प्रदर्शन 

जितेंद्र वाणी (घोटु) 

आलीराजपुर न्यूज़। नानपुर में रविवार को बंगाली चिकित्सक के इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज की तुरंत मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर प्रदर्शन किया।मिली जानकारी अनुसार जेराम पिता गिलदार बघेल निवासी बेगड़ी पटेल फलिया उम्र 35 वर्ष की मौत हो गई। परिजन ने बताया जेराम को सीने में दर्द होने के बाद नानपुर अस्पताल लाए, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद इसे झोलाछाप डॉक्टर बिट्टू के यहां ले गए। बताया जा रहा हैं यहां उसे इंजेक्शन लगाया गया। इसके कुछ देर बाद उसकी मौत हों गई। भाई सुखराम ने बताया इंजेक्शन लगाने के बाद तबियत और बिगड़ गई। बाद में शव थाने पर लाए और कार्रवाई की मांग की। वे साथ झोलाछाप डॉक्टर को भी ले आए। मौके पर एसडीओपी भी पहुंचे।


 साथ ही दूसरे घटनाक्रम में सीएमएच ओ ने नानपुर डीआर बबिता नंदूरकर का  ट्रांसफर कर दिया। ज्ञात रहे कि उक्त डॉक्टर के खिलाफ पिछले 15 दिन पूर्व भी एक मरीज को इंजेक्शन लगाने से इंफेक्शन फैल गया था जिसकी एफआईआर भी दर्ज हुई थी । पोस्टमार्टम  कर वापस नानपुर थाने पर शव को रखा यहां पर परिवारजन फिर की मांग पर अड़े रहे। उसके पश्चात नानपुर थाना प्रभारी राजेश डाबर ने  बिट्टू सुमंत के खिलाफ  गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया।

एसपी राजेश व्यास ने नानपुर थाना प्रभारी व एक अन्य एएसआई को किया निलंबित

 पुलिस द्वारा जप्त वाहन को रात के अंधेरे में बदलने का मामला 

राजेश डाबर होंगे नए नानपुर थाना प्रभारी

जितेन्द्र वाणी "घोटू"

आलीराजपुर न्यूज़।

पुलिस कप्तान राजेश व्यास ने नानपुर थाना प्रभारी मुकेश कनासे  एवं वहां पदस्थ एक एएसआई मधुकर कुशवाह को शनिवार को निलंबित करने के आदेश जारी किए। निरीक्षक राजेश डाबर को नानपुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है इसके आदेश एसपी व्यास ने जारी किए। मामला यह था कि गत शनिवार को नानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मयाला में एक चार पहिया लोडिंग वाहन टेंपो से एक बाइक चालक की मौत हो गई थी पुलिस ने उक्त लोडिंग वाहन को जप्त कर लिया था किंतु ऐसा आरोप है कि बीते दिनों  रात के अंधेरे में वाहन बदलकर  भंगार  उसमें  भर दिया गया। वाहन बदलने की शिकायत एसपी तक पहुंची। 



एसपी राजेश व्यास ने बताया कि इस मामले में जानकारी मिलने पर उनके द्वारा शुक्रवार शाम को एसडीओपी जोबट  से आरंभिक जांच करवाई। रिपोर्ट मिलने पर थाना प्रभारी मुकेश कनासे एवं प्रकरण के जांच अधिकारी मधुकर कशवाह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है । प्रकरण की आगे की जाँच एएसपी प्रदीप पटेल को सोंपी गई है।

राजेश डाबर ने ज्वाइन किया 

नानपुर थाना प्रभारी कनासे के निलंबन के बाद एसपी व्यास ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजेश डावर को नानपुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है।

रात के अंधेरे में बदला वाहन

बीते शनिवार को नानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मयाला में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार मुकेश 32 पिता इंद्रसिंह निवासी मयाला बाइक से अलीराजपुर से अपने गांव जा रहा था। तभी मयाला के समीप सामने से आ रहे हैं लोडिंग टेंपो से उसकी टक्कर हो गई थी। ओवरलोड टेंपो में भंगार भरा हुआ था। हादसे में मुकेश की मौत हो गई। नानपुर पुलिस ने टेंपो को जब्त कर जांच शुरू कर दी। जब्त टेंपो को थाने के बाहर प्रांगण में खड़ा कर दिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में बीते दिनों टेंपो बदल दिया गया। जिसके फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। जिसकी जानकारी एसपी राजेश व्यास तक पहुंचने पर उन्होंने इसकी जांच करवाई थी आरंभिक जांच में टेंपो बदलना पाया गया जिसके चलते हैं थाना प्रभारी व जांच अधिकारी पर निलंबन की गाज गिरी।

अब यह देखना गौरतलब  होगा कि नए थाना प्रभारी राजेश डाबर किस प्रकार की भूमिका का निर्वहन नानपुर थाने पर करते हैं। साथ ही वे एसपी व्यास के प्रिय पात्र भी कहे जाते हैं।

गर्लफ्रेंड पर खर्च किए 80 लाख से अधिक फिर भी दे गई धोखा’

 

डायमंड रिंग आईफोन  जैसे महंगे गिफ्ट लेने के बाद अब कर रही है पुराने प्रेमी से शादी 

राजेश जयंत  

आलीराजपुर न्यूज। 

प्रेम प्रसंग में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका पर अपने प्यार के साथ ही अपना धन भी लुटाया। डायमंड रिंग, आईफोन, ज्वेलरी नगद राशि की डिमांड पूरी करने के साथ ही पार्लर, लहंगे, रिचार्ज आदि के बिल चुकाए। तकरीबन 80 लाख रुपए प्रेमी अपनी प्रेमिका पर खर्च कर चुका था। महाकाल मंदिर में दोनों ने एक दूसरे से शादी का वादा किया था इसलिए उम्मीद थी की शादी तो होना ही है। लेकिन इतनी बड़ी रकम खर्च करवाने के बाद प्रेमिका का मन बदल गया और वह अब अपने पुराने प्रेमी के साथ शादी करने जा रही है। 

प्यार में मन और धन से चोट खाए हुए प्रेमी ने विभिन्न ट्रांजैक्शन ज्वेलरी के बिल आदि के 922 पेज सबूत के तौर पर पुलिस के सामने रखें और धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की है। अपनी तरह का एक अलग मामला होने से पुलिस अभी विधिक राय और सामने वाले पक्ष के बयान को जानने के बाद आगे बढ़ने की बात कर रही है। मामला मध्य प्रदेश के रीवा जिले का है। 


’दोस्ती प्यार और धोखा’

रीवा एसपी के पास फरियाद लेकर पहुंचे  प्रेमी युवक ने अपनी प्रेमिका के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी दुख भरी दास्तां सुनाई। युवक ने अपनी प्रेमिका पर आरोप लगाते हुए बताया कि बीते 3 साल से दोनो के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। 3 साल के अफेयर के दौरान प्रेमिका ने उससे महंगे गिफ्ट और नगद राशि के रूप में 80 लख रुपए खर्च करवा लिए। युवक ने बताया कि हम दोनों ने एक दूसरे से महाकाल मंदिर में जाकर शादी करने का वादा किया था। प्रेमिका पर उसे यकीन था और वह आंख मिस कर उसके महंगे शोक पूरे करता रहा लेकिन अब वह अपने पुराने प्रेमी से शादी करने जा रही है। आरोप लगाया की लड़की ने प्रेम जाल में फंसा कर मेरे साथ ठगी की है ‌।


’लूट का मामला दर्ज करने की मांग’

रीवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे प्रेमी युवक विवेक शुक्ला ने अपनी फरियाद में बताया कि  वर्ष 2021 में डभौरा में रहने वाली एक युवती उसके संपर्क में आई।  दोनों के बीच पहले गहरी दोस्ती हुई जो बाद में प्यार में बदल गई। विवेक शुक्ला का कहना है कि युवती ने आगे होकर शादी का प्रस्ताव रखा। उज्जैन महाकाल मंदिर में उन्होंने भगवान शिव को साक्षी मानकर विवाह के बंधन में बंधने की कसम भी खाई थीं।

विवेक शुक्ला ने आरोप लगाया कि तीन वर्षाे के अफेयर के दौरान उसकी प्रेमिका ने  कई बार पैसों की मांग की।तकरीबन 20 से 22 लाख रुपए तो उसने अकाउंट में ही ट्रांसफर किये।  इसके अतिरिक्त कुछ राशि नगद के साथ जेवरात, मोबाईल और डायमंड रिंग की भी खरीदारी करवाई।  बीच-बीच में लहंगा, पार्लर, मोबाईल फोन रिचार्ज आदि के स्कैनर भेज कर पेमेंट करवाया। विवेक शुक्ला ने बताया कि इन सभी ट्रांजेक्शन के प्रूफ उसके पास है। 3 साल के अफेयर के दौरान वह अपने प्रेमिका की डिमांड पर 80 लाख रुपए लुटा चुका है। महंगे गिफ्ट रुपए लेने के साथ ही भगवान को साक्षी रख शादी का वादा करने वाली प्रेमिका ने उसे प्रेम जाल में फंसा कर लूट लिया और अब वह अपने पुराने प्रेमी से शादी करने जा रही है।  उसके साथ प्रेमिका ने सुनियोजित तरीके से ठगी और लूट की है इसलिए मामला दर्ज किया जाए। प्रेमी विवेक शुक्ला ने  प्रेमिका के द्वारा ऐंठी गई रकम के सबूत के तौर पर ट्रांजैक्शन डीटेल्स, गिफ्ट खरीदी बिल आदि संबंधित  922 पेंच पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किए है.



पुलिस अधीक्षक ने कहा-

एक युवक की शिकायत प्राप्त हुई है. उसने एक लड़की को बड़ी रकम और गिफ्ट के साथ अन्य तरीके से उसकी मदद की है. अब वही लड़की किसी दूसरे लड़के के साथ शादी करने वाली है. युवक का आरोप है कि उसके साथ फ्रॉड हुआ है. उसके द्वारा मामले में कार्रवाई की मांग की गई है. पूरे मामले की डिटेल युवक से प्राप्त की गई है. मामले की जांच करते हुए विधिक राय ली जाएगी. क्योंकि हमारे संज्ञान में अभी तक का ऐसा यह पहला मामला है. दूसरे पक्ष के कथन लेने के बाद जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे. उसके अधार पर कार्रवाई की जाएगी.

-विवेक सिंह

पुलिस अधीक्षक रीवा।

जोबट के जेल प्रहरी और उसके साथी का इंदौर पुलिस ने निकाला जुलूस

आरोप- तीन साथियों के साथ मिलकर सब इंस्पेक्टर को जबरन गाड़ी में बैठाया, मारपीट की, शासकीय काम में बाधा पहुंचाई 

राजेश जयंत

अलीराजपुर न्यूज। 

 जिले की जोबट उप जेल का प्रहरी छुट्टी लेकर अपने घर इंदौर गया था। वहां उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पार्टी की। बाद में वे ज्ींत गाड़ी से घूमने निकले। बाणगंगा थाना क्षेत्र से गुजरने के दौरान वाहन चेकिंग कर रहे सब इंस्पेक्टर तेरेश्वर एक्का ने उनकी गाड़ी को रोका तो थार में सवार चारों दोस्तों ने मिलकर सब इंस्पेक्टर के साथ गाली गलौज की, उनका वायरलेस सेट छीन कर तोड़ दिया, जबरन गाड़ी में बैठा कर मारपीट की। 

 इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें  साफ नजर आया  कि नशे में धुत चार  युवक जिसमें एक पुलिस कर्मी है,  चेकिंग के दौरान गाड़ी रोके जाने पर वे सब इंस्पेक्टर के साथ बदसलूकी कर रहे हैं, उन्हें जोर जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाकर मारपीट रहे हैं। घटना बुधवार की है।


मामले में बाणगंगा पुलिस ने विकास डाबी और उसके मित्र रवि राठौड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अपराध में शामिल अरविंद व विकास अभी फरार है। आरोपी विकास डाबी अलीराजपुर जिले की जोबट जेल में प्रहरी के पद पर पदस्थ है। 

कान पकड़ माफी मांगते चले कि अब ऐसा नहीं करेंगे पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। 

बाणगंगा पुलिस ने इन आरोपियों की खातिरदारी में कोई कमी नहीं रखी है। जुलूस निकालने के दौरान विकास डाबी व रवि राठौड कान पड़कर बोलते चल रहे थे कि हमसे गलती हो गई, अब हम ऐसा नहीं करेंगे। 

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

आरोपियों पर अपराध क्रमांक 138 /24 में धारा 127(2), 121, 296, 115(2), 132, 3(5) के तहत केस किया है।

इसमें आरोपी रवि पिता प्रेमसिंह राठौड़ उम्र 25 साल निवासी 71/1 शिवकंठ नगर और विकास पिता रमेश डाबी उम्र 29 साल निवासी 470 दीवाल वाली गली शिवकांत नगर को गिरफ्तार किया गया है।  दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर सात फरवरी तक का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है।

क्या कहते है जिम्मेदारः-

घटना बुधवार को उस वक्त  हुई जब एसआई तेरेश्वर एक्का बाणगंगा थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रहे थे। संदिग्ध हालत में घूम रहे आरोपियों की कार को रोका तो आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को निशाना बनाया, वीडियो भी बनाएं। बाणगंगा पुलिस ने मामले में विकास डाबी  और रवि राठौड को गिरफ्तार किया है, दो आरोपी फरार है जिनकी   तलाश की जा रही है।

 -रामस्नेही मिश्रा  अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त इंदौर

आलीराजपुर नगर में 27 पाइंट पर लगे 138 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

पुलिस सीसीटीवी सर्विलांस कंट्रोल रूम का हुआ उदघाटन

आशुतोष पंचोली 

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

जिला मुख्यालय आलीराजपुर अब पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में आ चुका है।पुलिस विभाग ने जिला मुख्यालय के चिन्हित 27 प्वाइंटों पर कुल 138 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं जिसके कंट्रोल रूम का उद्घाटन आज कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान व जोबट विधायक सेना पटेल ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ अभय अरविंद बेडेकर, एसपी राजेश व्यास भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष परवाल विशेष रूप से उपस्थित थे।


एसपी  राजेश व्‍यास ने बताया कि दिनांक 7 अक्टूबर 2024 को सीसीटीव्‍ही सर्विलांस योजना के तहत कस्‍बा आलीराजपुर मे चिन्हित स्‍थानों पर कैमरे लगाने के संबंध मे जन प्रतिनिधियों,  गणमान्‍य नागरिकों, पत्रकारगणों एवं पुलिस एवं राजस्‍व अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई थी। बैठक में आम सहमती अनुसार कस्‍बा आलीराजपुर मे 27 चिन्हित स्‍थानों पर सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जानें का तकनीकी कार्य पूर्ण होकर सोमवार को सीसीटीव्‍ही सर्विलांस कंट्रोल रूम का उदघाटन कार्यक्रम आलीराजपुर पुलिस के द्वारा आयोजित किया गया। 


 कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कैबिनेट मंत्री चौहान ने कहा कि  मुख्‍यमंत्री महोदय, डॉ मोहन यादव के द्वारा संपूर्ण मध्‍यप्रदेश मे सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जा रहे है।जिसमे प्रथम चरण मे आलीराजपुर जिले का चयन होकर सीसीटीव्‍ही कैमरे कस्‍बा अलीराजपुर मे लगाये जानें का कार्य पूर्ण हुआ हैं। जिससे अपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण होकर अंकुश लगेगा। 

विशिष्‍ट अतिथि  विधायक जोबट सेना पटेल ने कहा कि कस्‍बा आलीराजपुर मे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा मे सीसीटीव्‍ही कैमरों का महत्‍वपूर्ण योगदान रहेगा तथा अलीराजपुर पुलिस के द्वारा की जा रही कार्यवाहियों के संबंध में सराहना की है। 

भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष परवाल ने अपने सम्‍बोधन में मध्‍यप्रदेश शासन के द्वारा प्रथम चरण मे आलीराजपुर को सीसीटीव्‍ही की सौगात प्राप्‍त होनें पर आमजन को बधाई दी तथा पहले चरण में सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जानें की सराहना की है।    


कलेक्‍टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने बताया कि मप्र शासन के द्वारा आलीराजपुर पुलिस को सीसीटीव्‍ही कैमरे की सौगात प्राप्‍त हुई है,  जिसका आज से तकनीकी रूप से कार्यप्रणाली प्रारम्‍भ हो चुकी है, जो आमजन एवं अलीराजपुर पुलिस के लिये बहुत उपयोगी होकर अपराधों के नियंत्रण मे कारगर सिद्ध होगा। 

पुलिस अधीक्षक राजेश व्‍यास के द्वारा सीसीटीव्‍ही सर्विलांस कण्‍टोल रूम के द्वारा किये जानें की तकनीकी कार्यप्रणाली से मुख्‍य अति‍थियों को अवगत कराते हुये बताया कि अलीराजपुर कस्‍बें में प्रस्‍तावित 27 चिन्हित स्‍थानों पर कुल 138 सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जाकर कस्‍बें में निगरानी रखी जायेगी।

कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक पत्रकार सामाजिक कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।

जोबट नगर में ज्वेलरी शॉप पर हुई सनसनीखेज डकैती का 07 दिन के अंदर पुलिस ने किया खुलासा

 

पुलिस ने 05 आरोपीयों को किया गिरफ्तार,चांदी के आभूषण व सोने की चैन की गयी बरामद

घटना में प्रयुक्त 02 साईन मोटरसाईकिल भी जप्त की

 आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

जिले के जोबट नगर में गत 24 मई  को सराफा व्यापारी के  यहां दिन दहाड़े हुई  डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 7 दिनों के भीतर खुलासा कर घटना में लिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। 

पुलिस कंट्रोल रूम पर आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी राजेश व्यास ने बताया कि दिनांक 24.05.2024 को  थाना जोबट में फरियादिया राधिका सोनी निवासी शिव मार्ग ने बताया  कि जब वे प्रतिदिन की तरह अपने निवास स्थान से लगी अपनी ज्वेलर्स शॉप पर बैठी थी तभी सुबह 11:45 बजे तीन मोटरसायकलो से आये आठ हथियारबंद आरोपियों द्वारा दुकान मे घुसकर फरियादिया को लोहे के फालिये से मारकर घायल कर दिया व फरियादिया की दुकान मे रखे चांदी के जैवर व गले में पहनी सोने की चैन लूट कर ले गये । फरियादिया की रिपोर्ट पर तत्काल थाना जोबट में अपराध क्रमांक 281/2024 धारा 394, 395 भादवि की प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया । अत्यधिक गंभीर व सनसनीखेज प्रकृति की घटना घटित होने से तत्काल पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आरोपियों को पकड़ने हेतु निर्देशित किया तथा संपूर्ण घटना में संवेदनशीलता को देखते हुए SIT का गठन कर  आरोपियों के संबंध में जानकारी देने वाले पर 10000 रू के ईनाम की उदघोषणा की थी। पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण श्री अनुराग द्वारा भी प्रकरण की गंभीरता के कारण प्रतिदिन समीक्षा की जाकर  लगातार आवश्यक निर्देश दिये जा रहे थे । इंदौर ग्रामीण रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल द्वारा भी घटना स्थल का भ्रमण कर एवं फ़रियादी से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये थे। 


पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा लगातार घटना का पर्यवेक्षण किया जाता रहा तथा एस.डी.ओ.पी जोबट नीरज नामदेव के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी व लूटे गये जेवरों की बरामदगी के लिये विशेष अनुसंधान दल SIT व पृथक-पृथक 05 टीमों का गठन किया गया । प्रथम टीम मे निरी. सोनू सिटोले थाना प्रभारी जोबट, उनि धनराज सेमिया, सउनि दीपक मालवीया, सउनि विक्रम लाखन, सउनि दिनेश नरगांवे, आर. गजेन्द्र, आर. मनीष, आर. निलेश, आर. लेखराम, आर. चेनसिह, आर. जयराम, द्वितीय टीम मे निरी. छगनसिह बघेल, प्रआर. सतीश, तृतीय टीम मे निरी. राजाराम बडोले, आर. विशाल, आर.प्रदीप, चौथी टीम मे उनि. मोहन डावर, सउनि. अजय यादव, प्रआर. दिलीप (सायबर सेल), आर. प्रमोद (सायबर सेल), पांचवी टीम मे उनि. योगेन्द्र मण्डलोई, उनि योगेन्द्र सोजतिया एवं आर राहुल (सायबर सेल) की बनाई गई । उक्त पांचो टीमो द्वारा मुखबिर तंत्र, अत्याधुनिक विवेचना की तकनीको  का प्रयोग कर पतारसी की गई कि उक्त घटना को ग्राम कदवाल थाना बोरी के कुख्यात फरार आरोपी तथा ग्राम ढेलवानी के कुख्यात बदमाश की गैंग द्वारा किया गया है ।  जो तत्काल उक्त आरोपियान की धर पकड़ की कार्यवाही हेतु लगातार टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर दिन रात दबिश दी गयी, अलग-अलग स्थानों पर रात्रि विश्राम किया गया। सभी पांच टीमों की प्रतिदिन के कार्यों की समीक्षा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल द्वारा की जा रही थी। उक्त पांचो टीमो द्वारा आरोपियान के सम्बन्ध मे जानकारी जुटाई जाकर ग्राम कनवाडा मे संयुक्तरुप से दबिश दी गई, उक्त दबिश मे 04  कुख्यात आरोपी को पुलिस ने घर दबोचा जब इनका आपराधिक रिकार्ड तलाशा गया तो पुलिस को ज्ञात हुआ कि इनके न केवल अलीराजपुर अपितु सीमावर्ती जिले तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों में आपराधिक रिकार्ड होकर वान्टेड अपराधी हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्यवाही में  एक विधि के प्रतिकूल बालक-को भी अभिरक्षा मे लिया है। उक्त आरोपियों से पुछताछ करते ग्राम बाकानेर के शिक्षक कॉलोनी मनावर के एक व्यक्ति को डकैती से प्राप्त किये  गये जेवरों को बेचना बताया जो आरोपियों की निशादेही पर  चांदी के आभूषण  लगभग 03 किलोग्राम कीमत लगभग 2,14,380 तथा एक सोने की चेन कीमत लगभग  50,000/-रू.  जब्त की गयी तथा आरोपियों से घटना में प्रयुक्त 02 हान्डा साईन मोटरसाईकिल लगभग 1,40000/- रूपये कुल मश्रुका कीमत लगभग 404380/-रूपये पुलिस ने बरामद कर लिया है।प्रकरण में अभी 04 आरोपी फरार है जिनके विषय में पुलिस जानकारी जुटा रही है तथा उनको पकड़ने के हर संभव प्रयास किये जाकर शीघ्र ही आरोपीयों की गिरफ्तारी की जावेगी ।


तरीका-ए-वारदात:- उक्त समस्त आरोपीयों के विरुद्ध मध्यप्रदेश के साथ साथ अन्य राज्यो मे भी लूट, चोरी, डकैती के कई प्रकरण पंजीबद्ध है तथा वांटेड अपराधी हैं, थाना जोबट के प्रकरण में सभी के द्वारा पूर्व में लगातार घटनास्थल के आसपास रैकी कर योजना बनाते हुये दूसरी गैंग से संपर्क किया तथा फालिया व देशी कट्टे का प्रयोग कर 24 सेकेन्ड में डकैती डाल कर फरार हो गये।



उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के अलीराजपुर अंतर्गत थाना जोबट में दिन-दहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से अलीराजपुर पुलिस ने इसे चुनैती के तौर पर देखा तथा पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा टीम को सतत रूप से मार्गदर्शन प्रदान करने के कारण केवल 07 दिन में ही संपूर्ण घटना का खुलासा करते हुये 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गये आभूषण बरामद किये है। पुलिस अधीक्षक द्वारा संपूर्ण टीम को उच्च स्तर से पुरूस्कृत कराने की घोषणा भी की है। आरोपियों से पूछताछ जारी है इस गैंग के अन्य साथियों एवं अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी निकाली जा रही है ।


यह भी रहे मुख्य बिंदु:-

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास स्वयं भी मौके पर पहुंचे थे एवं घटनास्थल का निरीक्षण करते हुये अज्ञात आरोपियो की पतासाजी के सम्बन्ध में SIT का त्वरित गठन कर अज्ञात आरोपियों पर 10000 रू का ईनाम घोषित किया था । 


👉पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण श्री अनुराग द्वारा भी प्रकरण की प्रतिदिन समीक्षा की जाकर  लगातार आवश्यक निर्देश दिये जा रहे थे । इंदौर ग्रामीण रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल द्वारा भी घटना स्थल का भ्रमण कर एवं फ़रियादी से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये थे। 


*👉एस.डी.ओ.पी. जोबट नीरज नामदेव के नेतृत्व में थाना प्रभारी जोबट सोनू सिटोले एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ कर लूटे गये ज़ेवर बरामद करने में सफल हुई पुलिस।


👉पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस सफल कार्य के लिए पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण को नगद ईनाम की अनुशंसा की जा रही है । साथ ही राजपत्रित अधिकारियों को पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश की ओर उचित ईमान हेतु भेजी जा रही है अनुशंसा।


*👉आरोपियों से जप्त सामग्री:- डकैती कर ले जाये गये चांदी के आभूषण  लगभग 03 किलोग्राम कीमत लगभग 2,14,380 तथा एक सोने की चेन कीमत लगभग  50,000/-रू. ,घटना में प्रयुक्त 02 होण्डा शाईन  मोटरसाईकिल लगभग 1,40000/- रूपये कुल मश्रुका कीमत लगभग 404380/-रूपये।