पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता

 बस स्टैंड से बिछड़े दो साल के मासूम  बच्चे को परिजनों से मिलाया

आशुतोष पंचोली 

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

जिला मुख्यालय पर मंगलवार की सुबह पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 2 साल के मासूम बच्चों को उसके परिजनों तक पहुंचाया। कोतवाली टीआई सोनू सिटोले ने बताया कि झाबुआ जिले के खवासा क्षेत्र के ग्राम बरवाड़ा का राहुल पिता भुरु भील अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ गुजरात मजदूरी करने के लिए रात को आलीराजपुर पहुंचा था बस नहीं मिलने पर वह बस स्टैंड पर सपरिवार सो गया। सुबह सुबह 4 बजे करीब निंद में दो साल का बच्चा नारायण उठ कर कहीं चला गया और परिवार से बिछड़ गया। सुबह 5 बजे पुलिस कर्मीयों को पंचमुखी हनुमान मंदिर की ओर से रोता हुआ एक बच्चा   दिखाई दिया।


 पुलिस कर्मियों ने उसे रोता देखकर उसका नाम पता पूछा किंतु बच्चा कुछ नहीं कह पाया। पुलिस जवानों की सूचना पर टीआई सोनू मैडम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे से पूछताछ की किंतु मासूम बच्चा कुछ नहीं कह पाया और रोता रहा। टी आई मैडम ने प्यार भरी बातें की तब जाकर बच्चा चुप हुआ। फिर टीआई मैडम के निर्देश पर पुलिस जवानों ने बच्चो के परिजनों को ढूंढना आरंभ किया । करीब 1 घंटे की तलाश के बाद पुलिस जवानों ने बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय में बच्चें के माता-पिता को ढूंढ निकाला और नारायण को उन्हें सौंप दिया। इस पर नारायण के माता-पिता ने पुलिस के प्रति कृतज्ञता और आभार जताया। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई की नगर में सराहना की जा रही है।

ऑपरेशन हेलो के तहत 51 गुम मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए

तकनीकी दक्षता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण

आलीराजपुर न्यूज़ ब्यूरो।

पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह द्वारा मोबाइल गुम होने संबंधी प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल आलीराजपुर को गुम मोबाइलों की तलाश हेतु निर्देशित किया गया। निर्देशानुसार, सायबर पुलिस टीम ने "ऑपरेशन हेलो" नामक विशेष अभियान की शुरुआत की, जिसके अंतर्गत पूर्व में भी 821 से अधिक गुम मोबाइल सफलतापूर्वक ट्रेस कर आवेदकों को लौटाए जा चुके हैं। 


इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में, सायबर सेल की टीम द्वारा पुनः तकनीकी विश्लेषण एवं ट्रेसिंग के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के कुल 51 मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹7,65,000/- है, बरामद किए गए। बरामद किए गए मोबाईल आज कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से आवेदकों को विधिवत सत्यापन के पश्चात सौंपे गए। मोबाईल प्राप्त कर नागरिकों ने पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा को सराहनीय बताया।


 इस सफल कार्यवाही में सायबर सेल के निम्न अधिकारियों का विशेष योगदान रहाः

निरीक्षक छगनसिंह बघेल प्र.आर. 06 दिलीप चौहान, आर. 105 प्रमोद भयडिया, आर. 42 राहुल तोमर, आर. 126 संदीप चौहान आलीराजपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम हो जाने की स्थिति में तुरंत निकटतम थाना या सायबर सेल में रिपोर्ट दर्ज कराएं, जिससे त्वरित कार्यवाही कर डिवाइस को पुनः प्राप्त किया जा सके।

"ऑपरेशन हेलो विश्वास की वापसी"

सेवा, सुरक्षा, सहयोग आलीराजपुर पुलिस

लोकायुक्त पुलिस ने खाद्य विभाग अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा


जिले के सामलाकुंड के शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालिका से मांगी थी 50 हजार रुपए की रिश्वत


आशुतोष पंचोली

 आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

जिला मुख्यालय पर बुधवार को दोपहर 2:00 बजे करीब लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने यहां पदस्थ कनिष्ठ आपूर्ति  अधिकारी रामा अवास्या को₹50 हजार नगद की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी रामा अवास्या ने जिले के समल कुंड की शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालिका से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी जिसकी शिकायत उसके पति कमलेश सिंघाडिया ने इंदौर में लोकायुक्त पुलिस को दी।




लोकायुक्त पुलिस इंदौर के कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया ने आलीराजपुर न्यूज़ को बताया कि इस मामले में की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर पहुंची और तय कार्यक्रम अनुसार आरोपी रामा अवास्या  को 50 हजार रुपए रिश्वत नगद  देने की बात तय हुई। जिस पर आरोपी रामा अवास्या ने सिंघाडिया दंपति को वेयरहाउस चांदपुर नाका आलीराजपुर पर बुलवाया और रिश्वत ली जैसे ही रिश्वत ली लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्यवक निरीक्षक पटेरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज कार्यवाही की जा रही है।

आज की इस कार्यवाही में लोकायुक्त पुलिस की टीम में प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय सेलार, आरक्षक कमलेश परिहार, आरक्षक अनिल परमार व आरक्षक प्रभात शामिल थे।

ज्ञात रहे कि इसके पूर्व भी खाद्य विभाग की प्रभारी महिला सुनीता मसराम को कलेक्टर  रिश्वत लेने के मामले में हुई शिकायत पर सस्पेंड कर चुके हैं।

जोबट विधायक सेना पटेल के पुत्र पर दर्ज हत्या के प्रयास का प्रकरण हाईकोर्ट ने किया निरस्त

 पटेल दंपति ने प्रेस वार्ता में कहा भाजपा सरकार के दबाव में पुलिस ने झूठा प्रकरण दर्ज किया था

विधायक सेना पटेल ने फैसले को सत्य की जीत बताया, एसपी बोले  फरियादी आरक्षक ने आरोपी से समझौता कर लिया  

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ

जिले की विधानसभा सीट जोबट से कांग्रेस की विधायक सेना महेश पटेल के पुत्र पुष्पराज पटेल उर्फ भयू के खिलाफ आलीराजपु कोतवाली में दर्ज हत्या के प्रयास की एफआईआर को माननीय उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने अपने आदेश में निरस्त कर दिया है। ज्ञात रहे कि गत 13 जुलाई 25 की रात को पुष्पराज पटेल पर आलीराजपुर कोतवाली में पुलिस ने बीएनएस की धारा 109-2 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। जिसे पुष्पराज ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। गुरुवार को मप्र आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल व जोबट विधायक सेना पटेल ने पटेल हाउस पर पत्रकार आयोजित कर कहा कि माननीय न्यायालय ने मेरे पुत्र पुष्पराज पटेल को बरी कर न्याय प्रदान किया है। इसके लिए हम माननीय न्यायालय का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हैं। यह प्रकरण पूरी तरह से राजनीतिक दबाव में षड्यंत्रपूर्वक बनाया गया था। मेरे परिवार और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुँचाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने गलत धाराएँ लगाकर मेरे बेटे को झूठे मामले में फँसाने का प्रयास किया। दूसरी ओर एसपी ने इस मामले में मीडिया को कहा कि फरियादी आरक्षक राकेश ने आरोपी पुष्पराज से समझौता कर उच्च न्यायालय में पेश किया इस आधार पर न्यायालय ने एफआईआर निरस्त की। पुलिस विभाग आरक्षक राकेश के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगा।



राजनीतिक दबाव में की झूठी एफआईआर

पत्रकार वार्ता में पटेल दंपति ने संयुक्त रुप से बताया कि इस पूरे मामले में मैं तत्कालीन एस.पी. राजेश व्यास और एडिसनल एसपी व टीआई पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाएंगे क्योंकि मेरे परिवार की छवि धूमिल की गई और हमें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुँचाया गया। उन्हौंने कहा कि जैसा कि आप सभी जानते हैं, दिनांक 13-07-2025 को हुई दुर्घटना को पुलिस ने हत्या का मामला बनाकर मेरे पुत्र पर झूठा केस बनाया। इससे पहले भी आत्महत्या के एक प्रकरण में राजनीतिक दबाव में पुलिस ने पुष्पराज पर झूठा आरोप लगाया था। यह सर्वविदित है कि सत्य परेशान हो सकता है, पर कभी पराजित नहीं। पूर्व में भी माननीय न्यायालय ने पुष्पराज पटेल को दोषमुक्त किया था और इस बार भी न्यायालय ने पुलिस की साज़िश को खारिज करते हुए उन्हें दोषमुक्त किया।



 

इस आधार पर न्यायालय ने दिया फैसला

जानकारी दी गई कि माननीय न्यायालय ने स्पष्ट माना कि धारा 307 एवं (109 )बीएनएस जैसे गंभीर अपराध लागू नहीं होते। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 109 यहाँ लागू नहीं होती। फरियादी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। कोई हथियार का उपयोग नहीं हुआ। मेडिकल रिपोर्ट / एमएलसी उपलब्ध नहीं है तथा पुलिस डायरी में भी दोष सिद्ध नहीं हुआ। इन सभी तथ्यों के आधार पर माननीय न्यायालय ने प्रकरण को निरस्त कर दिया।


विपक्ष में है तो क्या हुआ हम डरेंगे नहीं

 विधायक सेना महेश पटेल ने आगे कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार विपक्षी नेताओं को दबाने का प्रयास करती है और पुलिस के माध्यम से षड्यंत्र रचती है, उससे हम डरने वाले नहीं हैं। भाजपा के मंत्री और सांसद चाहे कितनी भी दबाव डाल लें, हम न कभी डरे हैं और न ही डरेंगे। हम जनता की सेवा करते आए हैं और आगे भी पूरी निष्ठा से करते रहेंगे। हम मानते हैं कि पुलिस का दायित्व जनता की रक्षा करना है, परंतु राजनीतिक दबाव में मेरे परिवार को बार-बार झूठे मामलों में फँसाया गया। अन्य दुर्घटनाओं में साधारण धाराओं में केस दर्ज हुए, जबकि मेरे बेटे पर हत्या जैसी गंभीर धाराएँ लगाई गईं, जो न्यायसंगत नहीं है। मेरे परिवार की छवि धूमिल करने के ऐसे षड्यंत्र हमें डरा नहीं सकते। हम सत्य और न्याय के मार्ग पर सदैव डटे रहेंगे।  इस दौरान अभिभाषक राहुल परिहार, सर्वेश सिसौदिया व विधायक मीडिया प्रभारी सोनू वर्मा आदि उपस्थित थे।



क्या कहते है एसपी

पुलिस ने धारा 109 बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया था। वह प्रकरण अभी विवेचना में है। माननीय उच्च न्यायालय में फरियादी राकेश व आरोपी ने एक समझौता पेश किया जिसकी न्यायालय ने पुष्टि की और उसी आधार पर न्यायालय ने प्रकरण रद्द किया है। चूंकि आरक्षक ने बिना किसी की सहमति से समझौता किया है जिस पर हम नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।

- बीएस विरदे प्रभारी एसपी आलीराजपुर


बंगाली चिकित्सक के इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज की तुरंत मौत

आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर किया प्रदर्शन 

जितेंद्र वाणी (घोटु) 

आलीराजपुर न्यूज़। नानपुर में रविवार को बंगाली चिकित्सक के इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज की तुरंत मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर प्रदर्शन किया।मिली जानकारी अनुसार जेराम पिता गिलदार बघेल निवासी बेगड़ी पटेल फलिया उम्र 35 वर्ष की मौत हो गई। परिजन ने बताया जेराम को सीने में दर्द होने के बाद नानपुर अस्पताल लाए, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद इसे झोलाछाप डॉक्टर बिट्टू के यहां ले गए। बताया जा रहा हैं यहां उसे इंजेक्शन लगाया गया। इसके कुछ देर बाद उसकी मौत हों गई। भाई सुखराम ने बताया इंजेक्शन लगाने के बाद तबियत और बिगड़ गई। बाद में शव थाने पर लाए और कार्रवाई की मांग की। वे साथ झोलाछाप डॉक्टर को भी ले आए। मौके पर एसडीओपी भी पहुंचे।


 साथ ही दूसरे घटनाक्रम में सीएमएच ओ ने नानपुर डीआर बबिता नंदूरकर का  ट्रांसफर कर दिया। ज्ञात रहे कि उक्त डॉक्टर के खिलाफ पिछले 15 दिन पूर्व भी एक मरीज को इंजेक्शन लगाने से इंफेक्शन फैल गया था जिसकी एफआईआर भी दर्ज हुई थी । पोस्टमार्टम  कर वापस नानपुर थाने पर शव को रखा यहां पर परिवारजन फिर की मांग पर अड़े रहे। उसके पश्चात नानपुर थाना प्रभारी राजेश डाबर ने  बिट्टू सुमंत के खिलाफ  गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया।

एसपी राजेश व्यास ने नानपुर थाना प्रभारी व एक अन्य एएसआई को किया निलंबित

 पुलिस द्वारा जप्त वाहन को रात के अंधेरे में बदलने का मामला 

राजेश डाबर होंगे नए नानपुर थाना प्रभारी

जितेन्द्र वाणी "घोटू"

आलीराजपुर न्यूज़।

पुलिस कप्तान राजेश व्यास ने नानपुर थाना प्रभारी मुकेश कनासे  एवं वहां पदस्थ एक एएसआई मधुकर कुशवाह को शनिवार को निलंबित करने के आदेश जारी किए। निरीक्षक राजेश डाबर को नानपुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है इसके आदेश एसपी व्यास ने जारी किए। मामला यह था कि गत शनिवार को नानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मयाला में एक चार पहिया लोडिंग वाहन टेंपो से एक बाइक चालक की मौत हो गई थी पुलिस ने उक्त लोडिंग वाहन को जप्त कर लिया था किंतु ऐसा आरोप है कि बीते दिनों  रात के अंधेरे में वाहन बदलकर  भंगार  उसमें  भर दिया गया। वाहन बदलने की शिकायत एसपी तक पहुंची। 



एसपी राजेश व्यास ने बताया कि इस मामले में जानकारी मिलने पर उनके द्वारा शुक्रवार शाम को एसडीओपी जोबट  से आरंभिक जांच करवाई। रिपोर्ट मिलने पर थाना प्रभारी मुकेश कनासे एवं प्रकरण के जांच अधिकारी मधुकर कशवाह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है । प्रकरण की आगे की जाँच एएसपी प्रदीप पटेल को सोंपी गई है।

राजेश डाबर ने ज्वाइन किया 

नानपुर थाना प्रभारी कनासे के निलंबन के बाद एसपी व्यास ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजेश डावर को नानपुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है।

रात के अंधेरे में बदला वाहन

बीते शनिवार को नानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मयाला में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार मुकेश 32 पिता इंद्रसिंह निवासी मयाला बाइक से अलीराजपुर से अपने गांव जा रहा था। तभी मयाला के समीप सामने से आ रहे हैं लोडिंग टेंपो से उसकी टक्कर हो गई थी। ओवरलोड टेंपो में भंगार भरा हुआ था। हादसे में मुकेश की मौत हो गई। नानपुर पुलिस ने टेंपो को जब्त कर जांच शुरू कर दी। जब्त टेंपो को थाने के बाहर प्रांगण में खड़ा कर दिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में बीते दिनों टेंपो बदल दिया गया। जिसके फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। जिसकी जानकारी एसपी राजेश व्यास तक पहुंचने पर उन्होंने इसकी जांच करवाई थी आरंभिक जांच में टेंपो बदलना पाया गया जिसके चलते हैं थाना प्रभारी व जांच अधिकारी पर निलंबन की गाज गिरी।

अब यह देखना गौरतलब  होगा कि नए थाना प्रभारी राजेश डाबर किस प्रकार की भूमिका का निर्वहन नानपुर थाने पर करते हैं। साथ ही वे एसपी व्यास के प्रिय पात्र भी कहे जाते हैं।

ईनामी फरार बदमाशों की धरपकड हेतु अभियान चालाया गया

 81 ईनामी फरार बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफतार

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ

मो.नं. 7909750355

जिले में पुलिस ने ईनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया। ईनामी धरपकड विशेष अभियान 1 फरवरी से 28 फरवरी तक चला,  जिसमें इंदौर रेंज (ग्रामीण) एवं निमाड़ रेंज (खरगौन) के सभी जिलों में पुलिस टीमों ने सख्त कार्रवाई की। एसपी राजेश व्‍यास ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक  अनुराग के नेतृत्व में इंदौर जोन (ग्रामीण) में आलीराजपुर पुलिस के द्वारा ईनामी धरपकड अभियान के दौरान 16 फरारी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया,  जिन पर कुल 65 हजार रूपये का ईनाम घोषित था। साथ ही, 65 स्थाई वारंटियों को पकड़ा गया, जिन पर 90 हजार 500 रुपये की ईनामी राशि घोषित थी। इस तरह कुल 1 लाख 55 हजार 500 रुपये के ईनामी राशि वाले 81 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।  इस अभियान से पुलिस को पुराने लंबित मामलों के निपटारे में मदद मिलेगी और माननीय न्यायालय में ट्रायल तेजी से पूरे किए जा सकेंगे। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में वर्ष 2017 का 01 बलात्‍कार,  वर्ष 2022 में 1 हत्या  एवं वर्ष 2017 में 2 डकैती जैसे गंभीर अपराधों के आरोपियों सहित संपत्ति संबंधी अन्‍य अपराध एवं  धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं। एसपी राजेश व्‍यास ने बताया कि ईनामी धरपकड अभियान संपूर्ण जिले में सफलतापूर्वक चलाया गया है। उक्‍त अभियान मे अच्‍छी कार्यवाही करने वाली पुलिस टीमों के उत्‍साहवर्धन हेतु पृथक से पुरस्‍कृत करने की कार्यवाही की जा रही है। 


ऑपरेशन मुस्‍कान- आलीराजपुर पुलिस ने 10 गुमशुदा बच्‍चों को उनके परिवारों से मिलाया

आलीराजपुर न्यूज। जिले में पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश कर उन्हें उनके परिजनों से मिलाने का अभियान सतत रूप से जारी है। इस अभियान के अंतर्गत फरवरी माह में अब तक 01 बालक एवं 09 बालिकाएं इस प्रकार कुल 10 गुमशुदा बच्चों को खोजकर उनके माता-पिता को सौंपा जा चुका है, जिससे कई परिवारों को राहत और खुशी मिली है। एसपी राजेश व्यास ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक महोदय के निर्देशन में अलीराजपुर पुलिस की पूरी कोशिश है कि गुमशुदा बच्चों को जल्द से जल्द खोजा जाए। इस दिशा में पुलिस बल द्वारा हरसंभव संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।

ऑपरेशन मुस्कान के तहत विशेष प्रयास- आलीराजपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्‍कान को प्रभावी बनाने के लिए साइबर पुलिस की विशेष सहायता ली जा रही है। गुमशुदा बच्चों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी उपकरणों और डिजिटल ट्रैकिंग तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा, विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न इलाकों में जाकर लापता बच्चों की पहचान करने, संभावित ठिकानों की निगरानी रखने और जल्द से जल्द उनकी बरामदगी सुनिश्चित करने का कार्य कर रही हैं। 


ऑपरेशन मुस्कान के तहत ऐसी रही पुलिस की कार्यप्रणाली

एसपी राजेश व्यास ने बताया कि विशेष जांच दल का गठन कर  पुलिस ने इस अभियान के लिए समर्पित पुलिस दलों का गठन किया है, जो लापता बच्चों की तलाश और उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। साइबर पुलिस की मदद से डिजिटल ट्रैकिंग कर बच्चों की लोकेशन ट्रेस करने, उनके संचार के माध्यमों को ट्रैक करने और अन्य डिजिटल तरीकों से सुराग जुटाने का कार्य किया जा रहा है। ग्राउंड टीमों की सक्रियता से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों और अन्य संभावित स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। जनसहयोग एवं जागरूकता अभियान के तहत आम नागरिकों को जागरूक करने और उनसे सूचना साझा करने के लिए खाटला बैठक इत्‍यादि के प्रचार माध्यमों का उपयोग किया गया। पुलिस की अपील- एसपी व्यास के अनुसार पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि यदि उन्हें कोई लापता बच्चा संदिग्ध स्थिति में नजर आए या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी एक सूचना किसी परिवार को उसके बच्चे से मिलाने में मददगार साबित हो सकती है। सूचना देने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 7587616819, 7049100422 जारी किए है। एसपी व्यास ने बताया कि पुलिस यह आश्वासन देती है कि ऑपरेशन मुस्कान पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ जारी रहेगा, ताकि हर गुमशुदा बच्चा जल्द से जल्द अपने परिवार के पास सुरक्षित लौट सके।


आजादनगर के महत्‍वपूर्ण स्‍थानों पर भी सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जायेंगे- एसपी राजेश व्यास

आलीराजपुर न्यूज। 

जिला मुख्यालय की तर्ज पर जिले के आजादनगर कस्बे के महत्‍वपूर्ण स्‍थानों पर भी सीसीटीव्‍ही कैमरे लगेंगे। एसपी राजेश व्यास ने बताया कि कस्‍बा आजादनगर मे कस्‍बा अलीराजपुर की तर्ज पर सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जानें के संबंध मे विस्‍तृत चर्चा एवं आम सहमति के लिए रविवार को नगर पालिका आजादनगर मे जन प्रतिनिधियों,  गणमान्‍य नागरिकों, पत्रकारगणों एवं पुलिस एवं राजस्‍व अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक मे मुख्‍यरूप से भूतपूर्व जोबट विधायक माधौसिंह डावर,  नगर पालिका उपाध्‍यक्ष नारायण अरोडा,  सकल व्‍यापारी संघ अध्‍यक्ष  नितिन शाह, जामा मस्जिद के सदर मोहम्‍मद इशहाक, हुसैनी मस्जिद के सदर  फिरोज खॉन,  बोहरा समाज के प्रमुख  अली असगर एवं होजेफा असद तथा तहसीलदार  जितेन्‍द्र सिंह तौमर, नगर पालिका सीएमओ  सुशील ठाकुर एवं थाना प्रभारी आजादनगर निरीक्षक संतोष सिसौदिया उपस्थित हुये।


बैठक में एसपी  राजेश व्‍यास ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्‍य नागरिकों का स्‍वागत किया।  बैठक के अगले चरण मे एसपी व्यास के द्वारा अलीराजपुर जिला मुख्यालय की तर्ज पर कस्‍बा आजादनगर में भी सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जानें की आवश्‍यकता के बारें मे विस्‍तृत रूप से बताया तथा सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जानें के संबंध में नगर के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्‍य नागरिकों एवं प्रशासन के सहयोग की अपेक्षा से निश्चित ही बहुत कम समय मे सीसीटीव्‍ही कैमरे नगर मे लगाये जा सकते हैं। जिस पर बैठक मे उपस्थित सभी के द्वारा आम सहमति दी गई एवं जनप्रतिनिधि, राजस्‍व विभाग एवं नगर पालिका के आपसी समन्‍वय से एक कमेटी गठित की गई है, जो बहुत जल्‍द नगर मे सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जानें की आवश्‍यकता/स्‍थान, बजट एवं अन्‍य तकनीकी बिंदुआ का आकलन कर विस्‍तृत रिपोर्ट तैयार करेगी, जिस पर आगामी समय मे निर्णय लिया जाकर सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाये जानें की प्रक्रिया प्रांरभ की जावेगी।  एसपी व्‍यास ने बताया कि वर्तमान मे कस्‍बा आजादनगर के बढ़ते क्षेत्रफल, अपराध एवं कानून व्‍यवस्‍था के मदेदनजर सीसीटीव्‍ही कैमरे लगाया जाना बहुत ही आवश्‍यक है, जिस संबंध में आज की बैठक मे सकारात्‍मक चर्चा हुई है, जो निश्चित ही भविष्‍य में आजादनगर के लिये लाभकारी होगी।