कलेक्टर व एसपी ने छकतला, उमराली, फूलमाल एवं सोरवा क्षेत्र में मैदानी व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।
जिले में कोरोना कफ्र्यू के तहत किराना और कृषि कार्यों से जुडे व्यापारियों को निर्धारित समय सीमा में दुकान संचालन की दी गई छूट की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर सुरभि गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने विभिन्न ग्रामीण स्थानों का दौरा कर जायजा लिया। बुधवार सुबह छकतला, उमराली, फूलमाल एवं सोरवा क्षेत्र में भ्रमण करते हुए उन्होंने मैदानी स्तर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने दुकानदारों एवं ग्रामीणों को कोरेाना से बचाव के दिशा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने संबंधित समझाइश भी दी। किराना और कृषि कार्यों से जुडे दुकानदारों को निर्देश दिए कि स्वयं के साथ-साथ ग्राहकों को भी अनिवार्य रूप से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेन्सींग का पालन सुनिश्चित कराए। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों एंव आमजन को बताया कि कोरोना का संक्रमण अभी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए सावधानी अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने छूट के अतिरिक्त समय में कोरोना कफ्र्यू का कडाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने 8 दुकानें सील करने की कार्रवाई की
कोरेाना कफ्र्यू के दौरान निर्धारित समय सीमा के लिए किराना एवं कृषि कार्य संबंधित दुकानों के लिए छूट प्रदान की गई है लेकिन प्रशासन के दिशा निर्देशों के बावजूद अन्य गतिविधि संचालन करने वाले दुकानदारों ने दुकानें खोली, जिसे राजस्व और पुलिस अमले ने बंद कराते हुए आठ दुकानों को सील किया। छूट की निर्धारित समय के पश्चात भी दुकान खोलने पर कई दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की तथा आठ हजार 450 रूपये की चालानी कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई तहसीलदार अलीराजपुर केएल तिलवारे, राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं पुलिस विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से की।
18 से 44 वर्ष के युवाओं के लिए तीन दिवसीय टीकाकरण सत्र आयोजित
जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. विजय बघेल ने बताया कोविड-19 टीकाकरण अंतर्गत 18 से 44 वर्ष के हितग्राहियों को कोविड वैक्सीन टीकाकरण हेतु 27 मई गुरूवार, 28 मई शुक्रवार, एवं 29 मई शनिवार 2021 को सहयोग गार्डन अलीराजपुर, शासकीय कन्या हा.से. स्कूल नानपुर, शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल जोबट, टाॅउन हाल चन्द्रशेखर आजाद नगर, बीआरसी भवन सोंडवा, बीआरसी भवन उदयगढ, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल खट्टाली एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कट्ठीवाडा में टीकाकरण सत्र आयोजित किये जाएंगे। बालक हायर सेकंडरी स्कूल बोरी एवं रेस्ट हाउस परिसर छकतला में 28 मई से टीकाकरण सत्र आयोजित होगा। उन्होंने बताया दिनांक 26 मई 2021 को शाम 5 बजे से सत्र आॅनलाइन पब्लिस किये जाएंगे। हितग्राही टीकाकरण हेतु पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कर स्लाॅट बुक कर सकते है।
बोहरा समाज व मुस्लिम समाज के वरिष्ठ सदस्यों की एक बैठक बोहरा तालिफ भाई (गाॅधी) के यहाॅ रखी गई जिसमें गौसेवा के बारे में विचार विमर्श हुआ तथा गौसेवा के लिये सहयोग करने का निर्णय लिया गया। इस हेतु गौरक्षा समिति के सदस्यों से सम्पर्क किया गया तथा गौसेवा के लिये विशेष सहयोग दिया गया। इस अवसर पर बाकिर भाई बोहरा-नफीस ने कहा कि इस आपदा के समय दिनदुखियों की सेवा करना एवं मुक प्राणीयों जैसे गायों की सेवा करना हमारी मानवता का धर्म है। हम सभी मिलजुल कर इस संकट का मुकाबला करें तथा अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करें। मुस्लिम समाज के सैदब बाकिर अली ने कहा कि मनुष्य एवं गौमाता की सेवा करना हमारा धर्म है, इस हेतु गौशाला की समस्त गायों के लिये एक दिन का हरा घास का सहयोग करने की घोषणा की। गौरक्षा समिति के कैलाष नामदेव ने कहा कि बोहरा समाज एवं मुस्लिम समाज के भाई 25 वर्षों से एक रूपया प्रतिदिन, प्रति परिवार के सदस्य है, परन्तु संकट के इस समय पर विषेष दान प्रदान किया, गौरक्षा समिति इस कार्य के लिये इनका आभार प्रकट करती है।इस अवसर पर शेख कासिम भाई-मोटर वाला, शब्बीर भाई-गाॅधी, हुसैन भाई गाॅधी, जानमोहम्मद मकरानी एवं गौरक्षा समिति के रामेष्वरजी दीक्षित उपस्थित थे।
बजरंग कालोनी में हुआ सामूहिक यज्ञ
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए सामूहिक यज्ञ आव्हान पर बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर एक साथ एक समय पर घर घर गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। इस कड़ी में नगर के क्लब रोड़ स्थित बजरंग कालोनी में भी कालोनी की रहवासी महिलाओं के द्वारा सामूहिक गायत्री यज्ञ हवन का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालु महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। इस दौरान कालोनी के बच्चों ने भी सहभागिता की।


