आलीराजपुर में पदस्थ एलआईसी की सैटेलाईट शाखा प्रबंधक की पहलगाम के आतंकी हमले में हुई दुखद मौत

 अपने परिवार को बचाने के लिए खुद की जान दे दी, बेटी व पत्नि को बचा लिया

बेटी को लगी है पैर में गोली, छुट्टियां बिताने व पत्नि का जन्मदिन मनाने काश्मीर गए थे सुशीलकुमार 

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ

काश्मीर के पहलगाम में मंगलवार की दोपहर को हुए कायरना आतंकी हमले में आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर एलआईसी में शाखा प्रबंधक के रुप में पदस्थ सुशीलकुमार नथानिया 54 की दुखद मौत हो गई। नथानिया अपने परिवार के साथ छुट्टियों में पत्नि जैनिफर का जन्मदिन मनाने के लिए काश्मीर गए थे। आतंकी हमले में उनकी बेटी आकांक्षा भी घायल हो गई उसके पैर में गोली लगी है। परिजन बता रहे है कि नथानिया ने अपने परिवार को आतंकी हमले से बचा लिया और स्वयं आतंकियों के सामने खड़े हो गए। आतंकियों ने उनका धर्म पूछकर उन्हें गोली मार दी। इस दुखद घटना से एलआईसी कार्यालय के कर्मचारियों, एलआईसी एजेंटों व आम लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। सभी ने एक स्वर में आतंकियों का समूल नाश करने व पाकिस्तान को करारा सबक सिखाने की मांग पीएम  नरेंद्र मोदी से की है। एलआईसी एजेंटों के अनुसार शाखा प्रबंधक नथानिया बेहद मिलनसार, खुशी दिल व अच्छे इंसान थे।



जोबट से इंदौर जाकर हुए शिफ्ट

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुशीलकुमार मूल रुप से आलीराजपुर जिले के जोबट के रहने वाले थे किंतु कई समय पूर्व इंदौर जाकर शिफ्ट हो गए थे। एलआईसी की आलीराजपुर शाखा में करीबन ढाई साल पहले इंदौर से ट्रांसफर होकर आए थे तब से यही पदस्थ थे। वर्तमान में इंदौर के एमआर 10 स्थित अभिनंदन नगर में सुशील कुमार नथानिया अपने परिवार के साथ रहते है। खास बातचीत में उनके भाई विकास कुमावत ने बताया कि सुशील की मौत की खबर मंगलवार शाम को उनके भतीजे ने फोन पर दी। फोन पर उन्हौंने बताया कि आतंकवादियों ने पहले सुशीलकुमार को घुटने पर बिठाया उसके बाद उन्हें कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया। जब उन्हौंने अपना धर्म क्रिश्चियन बताया तब आतंकवादियों ने उन्हें गोलियों से भून दिया। जानकारी के मुताबिक सुशील की बेटी आकांक्षा पर भी गोली चलाई गई जो उसके पैर में लगी। घटना से पहले सुशील ने अपनी बीवी को वहां से छुपा दिया और खुद आतंकवादियों के सामने जा खड़े हुए।



चार दिन पहले गए थे काश्मीर

आलीराजपुर न्यूज को एलआईसी एजेंट आशीष अगाल, उमेश टेलर ने जानकारी दी कि वे चार दिन पहले ही  काश्मीर घूमने के लिए निकले थे और मंगलवार को यह दुखद हादसा हो गया। इस हादसे से आलीराजपुर जिले के सभी एलआईसी एजेंटों में गहरा दुख व आक्रोश भी है। बुधवार दोपहर में एलआईसी एजेंट संगठन की ओर से पुलिस व प्रशासन को ज्ञापन भी दिया जाएगा। जिसमें आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा भी देने की मांग की जाएगी। जानकारी के अनुसार सुशील कुमार अपने 21 साल के बेटे आस्टन 30 साल की बेटी आंकाक्षा व पत्नि जैनिफर के साथ काश्मीर घूमने गए थे। सुशील कुमार की पत्नि जैनिफर खातीपुरा इंदौर के शासकीय विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। घटना में पैर में गोली लगने से घायल हुई बेटी आकांक्षा सूरत में बैंक आफ बड़ौदा में नौकरी करती है।।

भीषण सड़क दुर्घटना में नपा कर्मचारी सुनिल कापड़िया के युवा पुत्र ऋतिक की मृत्यु

 

खंडवा बड़ौदा मार्ग पर फाटा के समीप भूरघाटी में हुआ हादसा, फार्रच्युनर हुई चकनाचूर

चार अन्य मित्र भी हुए घायल, नगर में गम का माहौल 

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ

जिला मुख्यालय की नगरपालिका में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक सुनिल कापड़िया के युवा पुत्र ऋतिक कापड़िया (24) की बीती रात सड़क हादसे में दर्दनाक मृत्यु हो गई। भीषण हादसे में चार अन्य युवा मित्र भी घायल हुए जिसमें एक को ज्यादा चोटे आई है। नगर में रात को ही इस घटना की जानकारी परिजनों व मित्रजनों को लगी। सभी दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हुए किंतु तब तक 108 एंबूलेंस में घायलों को आलीराजपुर जिला अस्पताल के लिए लाया गया। सभी जिला अस्पताल पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने ऋतिक को मृत घोषित कर दिया।




 चिकित्सकों के अनुसार ऋतिक को चेहरे व सिर में गंभीर घाव हो जाने से अत्यधिक मात्रा में खून बह जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सुबह होते नगर में इस हादसे की खबर जंगल की आग की तरह फैली। मित्र जन परिचित व मिलने वाले सभी जिला अस्पताल पहुंचे। इस घटना से पूरे नगर में शोक व्याप्त हो गया। ऋतिक बेहद मिलनसार हंसमुख प्रवृत्ति का युवा था।


मिली जानकारी के अनुसार रात में ऋतिक पिता सुनिल कापड़िया, अनुराज पिता राजेंद्र गुड्डु, आनंद पिता जितेंद्र वाघेला, भावेश पिता पदम पंवार, व गोविंदा पिता पप्पू भाटी सभी निवासी आलीराजपुर सफेद रंग की फार्रच्युनर  कार क्रमांक एमपी 09सीक्यू 0600 में रात को सवार होकर कुक्षी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खंडवा बड़ौदा अंतरप्रांतीय मार्ग पर ग्राम फाटा के आगे भूर घाटी में हल्की चढ़ाई वाले मोड़ पर फार्रच्युनर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और सड़क से दूर झाड़ियों में जा घुसी। मौके पर फार्रच्युनर की स्थिती देखकर ऐसा लग रहा है कि दुर्घटना के पहले फार्रच्युनर ने कई बार पलटी भी खाई। क्यों कि फार्रच्युनर लगभग पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और उसके पहिए जमीन में धंस गए। जिसने भी दुर्घटना ग्रस्त फार्रच्युनर  को देखा व अचंभित रह गया। हादसे की भयावहता बयां कर रही है कि दुर्घटना के वक्त फार्रच्युनर की स्पीड बहुत होगी।युवा ऋतिक की मौत से परिजन बेहद सदमे में है। ऋतिक पटेल पब्लिक स्कूल का छात्र रह चुका है। नगर के जनप्रतिनिधियों वन मंत्री नागर सिंह चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश पटेल, पूर्व विधायक मुकेश पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष मकू परवाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओम सेठ राठौर, गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों आदि ने इस हादसे पर दुख जताते हुए शोक व्यक्त किया है। स्थानीय विश्राम घाट मुक्तिधाम पर 10:00 बजे रितिक की अंत्येष्टि की गई जिसमें सैकड़ो की संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।सभी जनप्रतिनिधियों, नागरिकों पत्रकार सभी समाजों के सामान्य जन ऋतिक की अंत्येष्टि में भी शामिल हुए और श्रद्धांजलि अर्पित की।


सुहाने मौसम का मजा लेने कार में घूमने निकले दो युवाओं की दुर्घटना में मौत

 जैन समाज व ब्राह्मण समाज के थे युवा, शनिवार को होगी अंत्येष्टि

आशुतोष पंचोली

अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ

बारिश के सुहाने मौसम का मजा लेने के लिए कार से घूमने निकले दो युवा दोस्तों की आलीराजपुर से मात्र 6 किमी दूर ग्राम गिराला में कार दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई।दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चें उड़ गए। कार दुर्घटना में मृत युवा तुषार पिता संजय मोदी जैन 23 व माधव पिता रविंद्र बंटी ओझा 21 दोनों मित्र थे और आलीराजपुर से दोपहर में दो से ढाई बजे के बीच में ही लक्ष्मणी रोड़ पर घूमने के लिए निकले थे। सूत्र बताते है कि लक्ष्मणी से वापस आते समय यह दुर्घटना घटी। पुलिस ने शव वाहन में मौके से दोनों शवों को उठवाया और सीधे जिला अस्पताल के पोस्ट मार्टम कक्ष भिजवाया जहां पीएम के बाद दोनों के शवों को वहीं मर्चुरी में रखवा दिया गया। दोनों की अंत्येष्टि शनिवार की सुबह होगी। नगर में शुक्रवार की दोपहर में जिसने भी इस  खबर को सुना वह सहम गया। मृतक तुषार अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था।


कार की स्थिती देख हुए भौंचक्के

हालांकि घटना स्थल पर कार क्रमांक एमपी 69सी 0611 की स्थिती देखकर हर कोई भौंचक्का रह गया कि कार सड़क किनारे के एक होटल के बरामदे में पिल्लर से बीच में से टकराकर रबर की तरह घूम गई। कार इतनी जोर से पिल्लर से टकराई कि बीच में पूरी तरह से पिचक गई। दोनों  सीट पर ही बैठे बैठे काल के गाल में समा गए।  सीएमएचओ डॉ प्रकाश ढोके के अनुसार  दोनों की मौत सिर में गंभीर चोटें लगने से अत्यधिक रक्त स्त्राव होने से हुई है। अभिभाषक ललित मोदी के भतीजे तुषार के पिता संजय मोदी स्टांप वेंडर व हरि अर्जुन कालोनी निवासी हैं एवं माधव वीटी मार्ग निवासी हैं।

तुषार

माधव 

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक मुकेश पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नागरसिंह चौहान, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष किशोर शाह, कोतवाली टीआई शिवराम तारोले ब्राह्मण व जैन समाज जनों सहित बड़ी संख्या में नगर के युवा व नागरिेकगण जिला अस्पताल पहंुचे और घटना पर गंभीर शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर इस घटना की दिन भर चर्चा चली और श्रद्धांजलि देने का क्रम चलता रहा। अलीराजपुर न्यूज दोनों मृत युवाओं को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दोनों के परिजनों को यह दुख सहन करने का साहस और धैर्य प्रदान करे। ओम शांति!

देखिए मौके का वीडियो





यात्री बस में जैक चढ़ाते समय जैक फिसला, बस के नीचे चालक की दबने से हुई मौके पर मौत

आलीराजपुर दाहोद मार्ग पर गरबाड़ा ग्राम के समीप हुआ दर्दनाक हादसा

आशुतोष पंचोली

अलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ

अलीराजपुर से दाहोद चलने वाली एक अंतर प्रांतीय यात्री बस के नीचे जैक चढ़ाने के लिए घुसे हुए चालक की बस का जैक फिसल जाने से उसी बस के नीचे दब जाने से सोमवार को गुजरात राज्य के गरबाडा ग्राम के नजदीक दर्दनाक मौत हो गई। जिसने भी इस दुखद घटना को सुना वह सुनकर स्तब्ध रह गया!


मामला यह था कि अलीराजपुर से दाहोद गुजरात की ओर जाते समय बस की कमानी का मेन पत्ता व मादी(सेकंड पत्ता) दोनों एक साथ टूट गए जिससे बस आगे ड्राइवर साइड से लटक गई। बस की कमानी को सुधारने के लिए और उसे चेक करने के लिए जब बस चालक बस के नीचे जैक चढ़ाकर घुसा उसी दौरान अचानक से जैक फिसल गया और बस वापस नीचे की ओर लटक गई जिससे बस के नीचे घुसा हुआ  चालक लक्ष्मीनारायण राठौड़ उर्फ नाना भाई (57) निवासी आलीराजपुर दब गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मृत्यु हो गई। 


सूचना मिलते ही अलीराजपुर से राठौड़ समाज जन व बस चालक के परिजन घटनास्थल की ओर निकले तब तक गरबाडा पुलिस की ओर से जेसीबी बुलवाकर बस को ऊंचा करवा कर नीचे दबे पड़े चालक को निकाला गया, बस क्लीनर भी नीचे घुसा हुआ था किंतु वह संयोग से बच  गया और उसे चोटे आई है जिसे उपचार के लिए दाहोद भेजा गया।  पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चालक के शव को दाहोद भिजवाया जहां उसका पीएम हुआ, देर शाम को बस चालक नाना भाई का शव आलीराजपुर लाया गया और शाम को ही अंत्येष्टि कर दी गई।



जिस बस को पिछले कई सालों से बस चालक चला रहा हो और एक दर्दनाक हादसे में उसी बस के नीचे दबकर मौत हो जाने की दर्दनाक घटना को नागरिक गण बहुत ही दुखद और दर्दनाक घटना कह रहे हैं।


इसी कंपनी के बस परिचालक शांतिलाल भाई राठौड़ ने बताया कि यह बस प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे अलीराजपुर से दाहोद की लाइन पर चलती है किंतु आज किसी कारणवश यह सुबह 8:30 बजे की लाइन पर निकली और गुजरात राज्य में प्रवेश करने के बाद ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। यह बस छाबड़ा बस सर्विस कंपनी इंदौर की है। इस दुखद घटना पर आलीराजपुर जिला बस एसोसिएशन व चालक परिचालक संघ ने भी गहरा दुख और शोक प्रकट किया है।

खेत में बिजली गिरने से एक महिला की मौत एक गंभीर घायल

अलीराजपुर न्यूज।

जिला मुख्यालय पर बुधवार शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ खेत में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई वहीं एक गंभीर घायल हो गई ।जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल ने जानकारी दी कि बोरखड़ क्षेत्र के नवोदय विद्यालय के पीछे खेत में केसरी पति अमन सिंह (50) रेशमा मोहन (19) खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक बारिश के साथ तेज बिजली खेत में गिरी जिससे मौके पर ही केसरी अमन सिंह की मौत हो गई। साथ में काम कर रही रेशमा गंभीर रूप से घायल हो गई। थोड़ी देर बाद घटना की जानकारी क्षेत्रवासियों को लगी तब  ग्रामीण जन मौके पर पहुंचे और घायल रेशमा को जिला अस्पताल भिजवाया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पटेल ने जिला प्रशासन से बिजली गिरने से मौत होने पर मृतक परिवार को मुआवजा राशि देने व घायल महिला के उपचार के लिए सहायता राशि देने की मांग की है।

भगवान महावीर जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया


चवदा सपना जी का चल समारोह भी निकला 

बड़ी खट्टाली

जैन मंदिर प्रांगण के उपाश्रय में भगवान महावीर का जन्मोत्सव काफ़ी धूम धाम से जैन श्री संघ ने मनाया जिसमें माहेश्वरी समाज व ब्राह्मण समाज आदि ने आपनी सहभागिता की जन्मोत्सव के दोरान उपाश्रय में जैन श्री संघ के द्वारा विभिन्न बोलिया बोली गई जैन श्री संघ में आज भगवान महावीर जन्मोत्सव को लेकर व्यापक उत्साह था |

भगवान की आरती गोतम स्वामीजी की आरती श्री राजेंद्र सूरी गुरु महाराज की आरती एवं मंगल दिवा आदि की विभिन्न बोलिय बोली गई इसके साथ ही चवदा सपना जी की बोली भी बोली गई भगवान के पट खोलने की बोली भी बोली गई विभिन्न बोलिया स्थानीय जैन श्री संघ के विभिन्न परिवारों द्वारा ली गई चवदा सपना जी को सिर पर लेकर जैन श्री महिला ने पूरे नगर में जुलूस निकाला एवं गरबा नृत्य करते हुए जैन उपाश्रय परिसर में समापन हुआ। 

अलीराजपुर आ रहे पेपर वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत

बहुत तेज गति से जा रहा था ट्रक, पेपर वाहन बुरी तरह हो गया क्षतिग्रस्त

आंबुआ से गोविंदा माहेश्वरी की रिपोर्ट।।

अलीराजपुर जिले में आज सुबह-सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों ने अपने प्राण गंवा दिए। दोनों युवक पेपर वाहन में पेपर लेकर झाबुआ से अलीराजपुर की ओर आ रहे थे तभी यह बेहद दुखद और दर्दनाक घटना घटित हो गई। विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने पेपर वाहन को इतनी जोर से टक्कर मारी की पेपर वाहन आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। एक की मौत मौके पर हो गए और दूसरे ने अस्पताल ले जाते हुए दम तोड़ दिया।


सुबह-सुबह पाठकों को अखबार पढवाने का काम करने वालों वह पता नहीं होगा कि आज सुबह ही वे स्वयं बड़ी खबर बन जाएंगे।

मिली जानकारी के अनुसार आम्बुआ से लगभग 6 किलोमीटर दूर जोबट रोड पर सिदगाव में सुबह 5.30 बजे के लगभग जोबट से आम्बुआ की ओर आ रहा पेपर वाहन क्रमांक  mp 09 ch 3857 को आम्बुआ की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक MP 13 H 5357 ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे पेपर वाहन में सवार राजू चौहान की मौके पर मौत हो गई तथा अंकित साहू निवासी इंदौर नाम के युवक ने ले जाते वक्त  रास्ते मे दम तोड़ दिया ।



ग्राम कोटबू में आकाशीय बिजली गिरने से दो किशोरियों की मौत

 गांव में पसरा मातम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने  परिजनों को 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की

आशुतोष पंचोली

 अलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ

जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम कोटबू में मंगलवार शाम को जंगल में आकाशीय  बिजली गिरने से दो किशोरियों की मौत हो गई। दोनों पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़ी हुई थी इसी दौरान आसमान से अचानक बिजली गिरी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।


 सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण जन पहुंचे पुलिस ने मौका मुआयना कर पंचनामा बनाया। इस दौरान दोनों किशोरियों के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। ग्राम के युवा सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र भाई चौहान ने बताया कि मृत किशोरियों के नाम बबीता पिता मैथिली और बसंती पिता जोगणिया ग्राम पंचायत कोटबू है और दोनों मृत किशोरियों के परिजनों को जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने अपनी ओर से तात्कालिक तौर पर 10-10 हजार रुपए नगद की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है। इस दुखद घटना से ग्राम में मातम छा गया।।


अलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा चेत की जुझारू व दबंग विधायक कलावती भूरिया का कोरोना बीमारी से निधन

 समय पर नहीं मिल पाए रेमडेसीविर इंजेक्शन

आशुतोष पंचोली/ हर्षित शर्मा

अलीराजपुर न्यूज़।।

प्रदेश की कांग्रेस राजनीति की महिला धूमकेतु दबंग व जुझारू जोबट क्षेत्र की विधायक कलावती भूरिया ने आज तड़के इंदौर के शेलबी हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वे पिछले 15 दिनों से कोरोना से जंग लड़ रही थी ‌। 


मिली जानकारी के अनुसार वे कोरोना से पीड़ित हो गई थी आरंभ में उन्हें झाबुआ के वरदान हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था जहां से बाद में इंदौर रेफर किया गया था। जहां पर सैलबी हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती किया गया था। इंदौर में भर्ती होने के बावजूद भी उन्हें रेमडिसीविर इंजेक्शन समय पर नहीं मिलने की बात भी परिजन व कांग्रेसी नेता कह रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में सुश्री कलावती भूरिया को अलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया था जिसमें वे त्रिकोणीय संघर्ष में 2000 से अधिक मतों से विजयी हुई थी। इसके पूर्व वे करीब 2 दशकों तक झाबुआ जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रही है। झाबुआ विधायक व पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया की आप रिश्ते में भतीजी लगती है । जिले में अपने व्यवहार कुशल नेतृत्व क्षमता से आपने अपने हजारों प्रशंसक व समर्थवान कार्यकर्ताओं की टीम खड़ी कर ली थी। 


जिला कांग्रेस कमेटी अलीराजपुर के अध्यक्ष महेश पटेल ने इसे बहुत दुखद खबर बताते हुए बताया  कि हमने हमारा एक बहुत मूल्यवान नेता व विधायक को खो दिया। अलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल ने भी इसे जिले के लिए नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की कांग्रेस  के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया है। पूरे अंचल में कलावती भूरिया के निधन पर शोक की लहर व्याप्त हो गई। जिसने भी इस खबर को सुना वह हतप्रभ होकर रह गया है। अलीराजपुर न्यूज़ टीम की ओर से जांबाज विधायक कलावती भूरिया को भावभीनी श्रद्धांजलि।

मवेशी चराने गए तीन मासूम बच्चों की खोदरी में डूबने से दर्दनाक मौत

 गांव में पसरा मातम, तीनों के शव का पीएम के बाद ग्राम में किया गया अंतिम संस्कार

आशुतोष पंचोली

अलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ

आदिवासी अंचल अलीराजपुर जिले के ग्राम बोकड़िया थाना क्षेत्र चांदपुर में मंगलवार 13 अप्रैल की शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम के तीन मासूम बच्चे जंगल में मवेशी चराने गए थे जिनकी खोदरी में डूब जाने से दर्दनाक मृत्यु हो गई। चांदपुर पुलिस ने पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।।


कट्ठीवाड़ा जनपद के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता भदू भाई पचाया ने बताया कि मंगलवार शाम को गांव के 3 परिवारों के बच्चे अपने अपने घर के मवेशी लेकर जंगल में चराने गए थे। देर शाम को तीनों घरों के मवेशी तो  सकुशल वापस आ गए किंतु तीनों मासूम बच्चों का पता नहीं चला। इस पर गांव वाले जंगल में मासूमों को ढूंढते ढूंढते एक खोदरी के पास पहुंचे जहां पर उन्हें खोदरी के किनारे बच्चों के कपड़े पड़े हुए दिखे इस पर गांव वालों ने खोदरी के पानी में बच्चों को तलाशा। तीनों के शव एक के बाद एक क्रम से मिले। संभवतया मवेशी चराने के दौरान बच्चे नहाने के लिए खोदरी में उतरे और गहरे पानी में डूब जाने से तीनों की वहीं पर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक बच्चों में जितेंद्र पिता चमार (7) वेस्ता पिता  कालिया (6) व  इकराम पिता सूरसिंह (6) सभी निवासी पटेल फलिया ग्राम बोकड़िया है। 

गांव में एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत होने से पूरे गांव में सन्नाटा वह मातम पसर गया है जिसने भी इस ह्रदय विदारक घटना को सुना वह सब हो गया भाजपा नेता भदों पचाने तीनों मृतक परिवारों को शासन से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। पचाया व अन्य जनप्रतिनिधियों ने   तीनों मृतक बच्चों को श्रद्धांजलि भी दी है।

अज्ञात डंपर ने बाइक सवार को कुचला दर्दनाक मौत

 ड्राइवर डंपर लेकर फरार, करीब 40 फुट तक घसीटता हुआ ले गया बाइक चालक को

आंबुआ से गोविंदा माहेश्वरी की रिपोर्ट।

आम्बुआ (अलीराजपुर)।आम्बुआ कस्बे से बाहर आम्बुआ जोबट मार्ग पर आज एक डंपर के नीचे कुचल जाने के कारण बाइक चालक युवक की घटनास्थल पर मौत होने का समाचार है। डंपर चालक चालक वाहन लेकर फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है।।


 जानकारी के अनुसार ग्राम मोटा उमर  चिचानिया फलिया निवासी प्रवीण उर्फ इडला पिता शांति ऐल (ईसाई) मोटरसाइकिल क्रमांक GJ 03 BO 9988 लेकर बोरझाड़ की ओर से 10:00 बजे आम्बुआ आ रहा था हथिनी नदी पुल के आगे मोड़ पर पुलिया पार करते समय वह सामने से आ रहे डंफर से जा भिड़ा जिस कारण उसका शरीर डंफर के पिछले टायर में आ गया डंफर उसको  लगभग 25 से 30 फीट से अधिक दूरी तक घसीटते हुए ले गया जिस कारण उसके शरीर के कपड़े चमड़ी शरीर से अलग हो गए तथा कमर के नीचे का हिस्सा चिथडो में बदल गया सड़क पर शरीर की चमड़ी तथा मांस के टुकड़े बिखर गए घटना स्थल पर जिसने भी देखा वह सिहर उठा युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


 घटना की सूचना के बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंच कर आवश्यक कार्रवाई की तथा शव को पोस्टमार्टम  हेतु अलीराजपुर भेजा गया।।


पटवारी अभिषेक पचाया की सड़क दुर्घटना में दुखद मौत

बोरझाड़ में पदस्थ है पटवारी पचाया, बाइक से डेली अपडाउन करते थे


उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट!

झाबुआ निवासी एवं जोबट तहसील के ग्राम बोरझाड मे पदस्थ पटवारी अभिषेक पचाया गुरुवार 25 मार्च अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे । उदयगढ़- राणापुर मार्ग पर ग्राम बन में घटित सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई !


मौके पर उदयगढ़ के प्रभारी राजस्व निरीक्षक बहादुर सिंह मकवाना सहित राणापुर पुलिस स्टाफ पहुंच गया है। बहादुर सिंह मकवाना ने बताया कि अभिषेक मूलतः ग्राम पूनियावाट के निवासी  होकर वर्तमान में झाबुआ में निवासरत थे!

दो बाइक आपस में भिड़ी, एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत, सिर धड़ से हुआ अलग

 दो अन्य घायल, जिला अस्पताल लाए गए

आंबुआ से गोविंदा माहेश्वरी की रिपोर्ट।

जिले के आंबुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण दर्दनाक हादसा हो गया हादसा इतना भयावह था कि एक बाइक सवार का सिर ही धड़ से अलग होकर दूर जा गिरा जिसने भी इस दृश्य को देखा वह गश खा गया। राह चलते अन्य लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के सिर व धर्म को एकत्रित किया व दो अन्य घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।।


आम्बुआ से लगभग 6-7 किलोमीटर दूर आम्बुआ आगौनी मार्ग पर आगे चल रहे एक दो पहिया वाहन को पीछे से आ रहे दो पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मारी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ जाने से वह पुलिया से टकराई। पीछे बैठे सवार की पुलिया से टकराने के कारण गर्दन धड़ से अलग होकर दूर जा गिरी जिससे उसकी मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हुए जिन्हें अलिराजपुर ले जाया गया।।

        बाइक सवार का सिर धड़़ सेे अलग हो गया 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आम्बुआ भयडिया फलिया निवासी गुलाब सिंह पिता मालू भयडिया शुक्रवार को दोपहर 1 बजे के लगभग भयडिया फलिया से आगौनी टीवीएस एक्सल बाइक पर अपने खेत की ओर जा रहा था तभी पीछे से आगौनी के तड़वी फलिया निवासी किसन सिंह के दो लड़के गेलिया तथा गिरदन सिंह तेज गति से मोटरसाइकिल पर आ रहे थे। 

 पुलिया से टकरानेेेेेेे के बाद धड अलग ही पड़ा रहा

इस मोटरसाइकिल चालक गेलिया पीता किसन ने गुलाब सिंह की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी जिससे गुलाब सिंह दूर जा गिरा। इधर टक्कर मारने वाली मोटरसाइकिल असंतुलित होकर आगे जाकर पुलिया के पिल्लर से टकरा गई जिस कारण पीछे बैठा गिरदन सिंह पिता किसन 15 वर्ष का सिर पुलिया से ऐसा टकराया कि उसकी गर्दन धड़ से टूट कर दूर जा गिरी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घायलों को 108 की मदद से अलीराजपुर उपचार हेतु ले जाया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।


दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से हुई दर्दनाक मौत


ग्राम कुंड में पसरा मातम,
दोनों बच्चे दाह संस्कार में भाग लेने गए थे
गोविंदा माहेश्वरी
आंबुआ। अलीराजपुर न्यूज़
अलीराजपुर जिले के ग्राम कुंड थाना क्षेत्र आंबा में दो मासूम बच्चों के तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई इससे गांव में मातम पसर गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक दाह संस्कार कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 4 मार्च गुरुवार को गांव के दो बच्चे सुरेश पिता भुवान (१२) व कुलदीप पिता खंडवा (१२) गांव वालों के साथ तालाब किनारे गए थे दाह संस्कार के बाद नहाते वक्त दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए उनका कहीं पता नहीं चला।


  परिजनों व ग्रामीणों ने तलाश की किंतु दोनों का कुछ पता नहीं हुआ शुक्रवार दूसरे दिन ग्रामीणों ने फिर तालाब में तलाशी अभियान चलाया इस पर दोनों बच्चों के शव गहरे पानी में मिले। पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शव को तालाब किनारे लाकर परिजनों से शिनाख्त करवाई गई। तालाब किनारे अपने मासूम बच्चों के शव देखकर परिजन व घर की महिलाएं बदहवास हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इस दुखद घटना से ग्राम कुंड में शोक व्याप्त हो गया।

अज्ञात कारणों से खलियान में लगी आग से लाखों की फसलें स्वाहा

फसलों के साथ वहां खड़ी बैल गाड़ीया भी जली 

आम्बुआ से गोविंदा माहेश्वरी की रिपोर्ट 

आम्बुआ से लगभग 7 किलोमीटर दूर ग्राम बड़ा इटारा की मसानिया फलिया में लगभग 10 कृषकों की खरीफ की कटी हुई खलिहान में रखी सूखी फसल में अज्ञात कारणों से दोपहर  को लगी आग में लाखों रुपयों की फसलें जलकर स्वाहा हो जाने के समाचार है जलती फसलों को देखकर कृषक परिवारों को रोते बिलखते देखा गया |


हमारे आम्बुआ संवाददाता को हल्का पटवारी श्री अभिषेक पचाया ने बताया कि दिनांक 12 फरवरी 2021 को दोपहर लगभग 2 बजे के समय बड़ा इटारा की मसानिया फलिया में खलिहान में रखी 10 कृषकों की उड़द सोयाबीन तथा तुवर की सूखी फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई आग की लपटें देखकर कृषक कथा परिवार एवं ग्रामीण दौड़े मगर सूखी फसल की आग मानों पेट्रोल की तरह जल रही थी ऊंची लपटों के बीच आग पर काबू पाया जाना मुश्किल रहा । फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण समय पर नहीं पहुंच सकी और फसलें जलकर खाक हो गई हल्का पटवारी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे तथा मौका पंचनामा बनाया । 

एक अनुमान के मुताबिक लगभग 5 लाख के हानि की संभावना है हल्का पटवारी के अनुसार किसन, तेरसिंह, गजराज, मुकामसिंह, दिनेश, नानका, केशरसिंह, रतनसिंह, कुंवर सिंह, तथा केरमसिंह की फसलों के साथ ही तीन बैल गाड़ियां जो कि खलियान में खड़ी थी वे भी जल गई अच्छा यह हुआ कि खेतों में गेहूं की सूखी फसल भी खड़ी थी आग वहां तक नहीं फैलीं वरना अन्य कृषक भी बर्बाद हो जाते स्मरण रहे कि कई कृषक खरीफ फसलों को काटकर ढेर लगा देते हैं तथा अपनी सहूलियत के हिसाब से दाने निकालते हैं कई बार ऐसी ही खलियान में अज्ञात कारणों से आग लग जाती है और कृषकों की खून पसीने की कमाई स्वाहा हो जाती है।

राठौड़ समाज के पूर्व उपाध्यक्ष का सड़क दुर्घटना में दुखद निधन

 गंधवानी में पुलिया के समीप मारुति वेन असंतुलित होकर पलटने से हुआ हादसा,

घायल अवस्था में इंदौर रैफर किया गया किंतु उपचार के दौरान हुई मौत

प्रदीप क्षीरसागर

अलीराजपुर न्यूज।  जिले के नानपुर कस्बे के निवासी व राठौड़ समाज के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र राठौड़ राजू का बुधवार को गंधवानी के समीप मारुति वेन पलटने में घायल होने के बाद इंदौर में उपचार के बाद देर शाम दुखद निधन हो गया। जिनकी अंत्येष्टि गुरुवार 11 फरवरी को भेरुबाबा मुक्तिधाम नानपुर में दोपहर 2 बजे की जाएगी। स्वर्गीय राजू भाई राठौड़ के तीन पुत्र राहुल, विक्की और त्रिलोक है। आप प्रमुख रुप से पान दुकान का व्यवसाय करते थे। अपने परिवार में किसी के रिश्ते के लिए चर्चा करने के लिए गंधवानी-मनावर के लिए बुधवार को नानपुर से निकले थे।


 मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर 2 बजे करीब जिस मारुति वेन में यह अपने परिचितों के साथ सवार थे वह गंधवानी जिला धार में एक नाले के समीप असंतुलित होकर पलट गई। जिसमें राजू भाई गंभीर घायल हो गए। जिन्हें गंधवानी में प्राथमिक उपचार के इंदौर रैफर कर दिया गया। किंतु उपचार के दौरान देर शाम उन्हौंने दम तोड़ दिया। राजू भाई के दुखद निधन से नानपुर ग्राम में शोक व्याप्त हो गया। राजू भाई बेहद मिलनसार,, परम गुरु भक्त, धार्मिक प्रवृत्ति और सामाजिक कार्यो में बेहद अग्रणी रहने वाले व्यक्ति थे। आप कई समय तक राठौड़ समाज के उपाध्यक्ष पद पर भी रहे। आपने हमेशा समाजजनों व सबको जोड़ कर और साथ लेकर चलने वाले का काम किया जिसके चलते आप बेहद लोकप्रिय थे। राजू भाई का यूं अचानक चले जाना पूरे नानपुर ग्राम और गुड़वाड़ा परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है। 

इन्हौंने की शोक संवेदना व्यक्त

राजू भाई के निधन पर विधायक मुकेश पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष वकीलसिंह ठकराला, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश पटेल, पूर्व विधायक नागरसिंह चौहान , नपा अध्यक्ष रीतेश डावर, उपाध्यक्ष संतोष परवाल मकू, नपा के पूर्व उपाध्यक्ष पिंटू सेठ जायसवाल, जिला पत्रकार संघ ग्रामीण के जिलाध्यक्ष प्रदीप क्षीरसागर, पत्रकार शफाकत हुसैन दाउदी, जितेंद्र वाणी घोटू, बउ वाणी, गजानंद माली, राठौड़ समाज आलीराजपुर के अध्यक्ष किशनभाई राठौड़, राठौड़ युवा मंडल अध्यक्ष कमल राठौड़, पार्षद कांतिलाल राठौड़, राठौड़ समाज पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र टवली, पूर्व सचिव गोविंद राठौड़, विधायक प्रतिनिधि श्याम राठौड़ सैंडी सहित अलीराजपुर के राठौड़ समाजजनों ने गहरी शोक संवदेना व्यक्त की है। उं शांति


कवछा के नीलकंठेश्वर मन्दिर में तोड़ी दान पेटी, प्रकरण दर्ज

कट्ठीवाड़ा से प्रेम गुप्ता की रिपोर्ट

बारिश और बिजली की आंख मिचौली के साथ ही क्षेत्र में चोरी की वारदातों की भी आमद सुनाई देने लगी है। कवछा के नीलकंठेश्वर मन्दिर में भी कतिपय तत्वों ने मंदिर की दान पेटी तोड़ कर राशि निकाल ली।शिकायत दर्ज कर पुलिस खोजबीन कर रही है। 


मन्दिर व्यवस्थापक अशोक राठौड़, भरत राठौड़ ने बताया कि नीलकंठेश्वर मंदिर में भक्तों द्वारा दी जाने वाली दान राशि को हर छह माह में खोलकर राशि निकली जाती है, किन्तु इस बार महाशिवरात्रि से अब तक दान पेटी नही खोली गई थी। पेटी में दान राशि कितनी होगी इसका आकलन किया जा रहा है।

नीलकंठेश्वर मन्दिर

इस संबंध में पुलिस में सूचना की गई है। टीआई एमएस कटारा ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है, और दान राशि की चोरी करने वाले तत्वों की खोजबीन जारी है।  

अग्यात वाहन की टक्कर से मौत

सोडंवा से सुजीत कुशवाह की रिपोर्ट

सोडंवा तहसील के व्यवसायक कस्बे वालपुर मै गत दिवस एक अग्यात मानसिक रोगी की मौत हो गयीं |
घटना कुछ इस प्रकार है कि सुबह 6:30 बजे के करीब मै जयपाल खरत थोड़ सिन्धी रोड पर हर रोज की तरह घूमने जा रहा था तब मुझे उस रोड पर स्थित मसान के पास एक आदमी पड़ा दिया करीब जाने पर पता लग यह तो दो तीन माह से यहा पर रह रहा वह मानसिक रोगी है तब मैने देखा कि उसको जांघ तथा एक दो जगह चोट लगी हुई है और वहां से खून बह रहा है तब प्रथम दृश्यता एसा लग रहा था कि किसी अनजान वाहन की चपेट में आ जाने से यह चोटिल हुआ है जिसके कारण इसकी मौत हुई है एसा लगता है 
थाने मै सूचना होने पर धारा 304 ए के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोडंवा  मै भेज दिया गया है

अज्ञात कारणों से कबूतरों के झुंड मृत मिलने से फैला भय

वैटनरी डिपार्टमेंट ने जांच के लिए नमूने, कारण अस्पष्ट
कट्ठीवाड़ा से प्रेम गुप्ता की रिपोर्ट

कोरोना संक्रमण के कहर को झेल रहे लोगों की परेशानिया कम होने की बजाय नई मुसीबतों की हल्की सी आहट भी उन्हें डरा रही है। क्षेत्र में अचानक अनेक जगहों पर कबूतरों के झुंड मृत मिलने से सनसनी फैल गई।पशु चिकित्सा विभाग ने मृत कबूतरों की जांच की है, किन्तु कारण पृरी तरह स्प्ष्ट नही हुआ है। 
शुक्रवार सुबह, कस्बे के गांधी चौक स्थित कुछ मकानों की छत पर कबूतरों का झुण्ड का झुण्ड मृत मिला। मृत कबूतरों की बड़ी संख्या के चलते हैरान हुए लोगों ने जब एक दूसरे को इस संबंध में बताया तो पता चला कि कस्बे में और जगहों पर भी बढ़ी संख्या में कबूतर मृत पड़े है। तुरंत वेटनरी डिपार्टमेंट को सूचित किया गया। सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेन्द्र भावरें ने अपने सहायक के साथ मृत कबूतरों का निरीक्षण किया। 
फूड पॉयजनिंग भी हो सकता है कारण
बारिश के दिनों में धान बुआई का काम चल रहा है, हो सकता है कबूतरों के बड़े झुंड ने पेस्टिसाइड से उपचारित धान या किसी अनाज को खा लिया हो। यह कहना है डॉ नरेंद्र भावरें का। उनके अनुसार कबूतरों की जांच में उनके शरीर में धान ही पाया गया है। निमोनिया या किसी तरह के फ्लू के लक्षण उनमें नही पाएं गए है। बड़ी तादाद में कबूतरों के मरने की वजह कॉमन फूड पॉयजनिंग की ही बड़ी संभावना है। 
आस पास के क्षेत्रों पर नजर रखना होगी
डॉ भावरें ने बताया कि आस आसपास के 10 किलोमीटर के क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में हमें निगाह रखना पड़ेगी, कहीं किसी अन्य पक्षी या पशु में इसी तरह की शिकायत आती है तो उनमें महामारी के होने की संभावना बढ़ जाती है।  उनके अनुसार पक्षियों के लिए दाना चुगने वाले लोगों को यह सलाह दी गई कि वे पक्षियों को पूरी तरह से सुखा हुआ दाना ही दें।  दाने में किसी तरह का मास्चर होने पर वह पशुओं के लिए जानलेवा सिद्ध हो सकता है। 


छत से आई, दीवार से निकली आकाशीय बिजली

उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट
गुरुवार अलसुबह 3:30 बजे ग्राम टेरका बायडा फलिया के नाथू पिता पेमिला के मकान पर आकाशीय बिजली गिरी।
चकाचौंध रोशनी और तेज कड़कडाहट के साथ गिरी बिजली से  घबरा कर उठी बालिका रमीला  दूर जा गिरी वही बिजली मकान की दीवार मे रास्ता बना कर पुनः आकाश में चली गई। नाथू ने बताया कि दीवार क्षतिग्रस्त होने के  साथ ही घर के  बिजली उपकरण खराब हो गए, सारे वायर टुकड़े टुकड़े हो गए  अन्य कोई नुकसान नहीं हुआ।