आदिवासी अपना जल,जंगल जमीन नही देंगे- महेश पटेल

जोबट से सटी कुक्षी क्षेत्र में सीमेंट फेक्ट्री खोलने के विरोध में नजर आए पटेल

आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।

आदिवासी नेता और आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने बुधवार को धार जिले के कुक्षी के ग्राम खेड़ली में जबरन चुना पत्थर ड्रिल किये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा किसी भी कीमत पर आदिवासियों से उनकी जल,जंगल और जमीन को दूर नही होने देंगे उसके लिए कितनी भी बड़ी लड़ाई क्यो नही लड़ना पड़े।श्री पटेल ने कहा उनके जिले आलीराजपुर की जोबट विधानसभा जहॉ से सेना महेश पटेल विधायक है उनके डाबड़ी गाँव को भी इसमें जोड़ने की बात है वे आलीराजपुर हो या धार हो किसी भी जिले के आदिवासियों को बेदखल नही होने देंगे इसके लिए आदिवासी विकास परिषद एक बड़ी रणनीति बनांकर ग्रामीणों की बैठकें करेगी और सभी को एक जुट रहकर चुना पत्थर ड्रिल के पुरजोर विरोध का आव्हान महेश पटेल ने किया है।




महेश पटेल ने प्रेस वार्ता में रोशनी कलेश प्रकरण में राष्ट्रपति से सीबीआई जांच की मांग की

 प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा’

आलीराजपुर। मप्र आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता मे प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और देश के महामहिम राष्ट्रपति से रोशनी कलेश की मौत के प्रकरण मे निष्पक्ष एवं सूक्ष्म सीबीआई जांच की मांग की है। 


श्री पटेल ने पत्रकार वार्ता मे कहा की मप्र के आदिवासियों पर आए दिन अत्याचार, बलात्कार और हत्याओं की घटना तेज़ी से बढ़ रही हे, प्रदेश सरकार इसको रोकने मे नाकाम साबित हो रही हे, लेकिन आदिवासी की बेटी रौशनी को न्याय दिलाने के लिए हम संघर्ष कर सड़को पर उतरेंगे और न्याय दिलाकर रहेंगे। उन्होंने बताया की गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल में अध्ययनरत आलीराजपुर की आदिवासी समाज की होनहार छात्रा रोशनी कलेश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु को लेकर आदिवासी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। न्याय की मांग को लेकर भोपाल में आयोजित धरना-प्रदर्शन में आदिवासी विकास परिषद की भोपाल शाखा ने महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका निभाई थी । उन्होंने कहा कि जब तक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा जांच नहीं होगी, तब तक सत्य पर से संदेह के बादल नहीं हटेंगे। श्री पटेल ने मृतिका के परिजनों को दो करोड़ रुपये की आर्थिक राहत प्रदान करने की भी मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को संबल मिल सके। परिषद का स्पष्ट मत है कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण आदिवासी समाज के सम्मान और सुरक्षा का प्रश्न है। श्री पटेल ने कहा कि धरना-प्रदर्शन के दौरान जबकि आलीराजपुर विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री चौहान भोपाल में उपस्थित थे, तब भी उन्होंने आंदोलनरत समाजजनों से संपर्क या सहयोग नहीं किया। परिषद के पदाधिकारियों का आरोप है कि मंत्री महोदय द्वारा घटना के कई दिन बाद की गई मुलाकात महज औपचारिकता प्रतीत होती है, जिसे आमजन की भावनाओं को शांत करने का प्रयास माना जा रहा है। पटेल ने दोहराया कि उनका उद्देश्य राजनीतिक विवाद उत्पन्न करना नहीं, बल्कि एक आदिवासी बेटी को न्याय दिलाना है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसके विपरीत, धरना-प्रदर्शन में आदिवासी विकास परिषद के साथ जोबट विधायक सेना पटेल ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जिसके लिए समाजजनों ने उनका आभार व्यक्त किया।

श्री पटेल ने चेतावनी देते हुवे कहा की यदि शीघ्र निष्पक्ष जांच एवं पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित नहीं किया गया, तो प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधानसभा में कांग्रेस का ज़ोरदार प्रदर्शन

 जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने सरकार को घेरा, कहा किसान, कर्मचारी और महिलाएँ सब निराश

मोहन यादव सरकार के बजट को बताया ‘खाली थाली, ख्याली पुलाव’

आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।

मध्यप्रदेश विधानसभा में बजट पेश होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा भवन के भीतर गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में थालियाँ लेकर नारेबाज़ी करते हुए कांग्रेस विधायकों ने सरकार के बजट को “खाली थाली, ख्याली पुलाव” बताया और कहा कि इस बजट में न कोई ठोस योजना है, न ही प्रदेश के विकास का कोई स्पष्ट विजन। 


इस दौरान जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता के साथ छलावा है। उन्होंने कहा कि “प्रदेश का किसान परेशान है। किसानों को न उचित एमएसपी मिल रही है, न ही युवाओं को रोजगार मिल रहा है। महिलाओं के सम्मान की बात तो की जाती है, लेकिन लाड़ली बहना योजना में 3000 रुपये देने का कोई प्रावधान इस बजट में दिखाई नहीं देता। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के कर्मचारी लंबे समय से ओल्ड पेंशन स्कीम  की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने इस बजट में उसके लिए भी कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं किया। 


सेना महेश पटेल ने सरकार की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार कर्ज लेकर घी पी रही है। बजट से ज्यादा सरकार पर कर्ज है। बजट पेश करने के लिए भी सरकार को कर्ज लेना पड़ रहा है। सोच सकते हैं कि मध्यप्रदेश को किस गर्त में धकेला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 8 करोड़ जनता अब सब समझ चुकी है और वर्ष 2028 में जनता इस सरकार को विदाई देगी।

कांग्रेस विधायकों का कहना है कि यह बजट आम जनता, किसान, महिला और कर्मचारियों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। विधानसभा में हुए इस विरोध प्रदर्शन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति और अधिक गरमाने वाली है।

युवा कांग्रेस नेताओं का भोपाल में ऐतिहासिक घेराव

 वोट चोरी के खिलाफ सड़कों पर उतरे सैकड़ों युवा

पुलिस बैरिकेड टूटे, कई नेता गिरफ्तार

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो

 जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष  पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में जिले से सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं के साथ राजधानी भोपाल पहुंचे और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। देशभर में लगातार बढ़ती वोट चोरी और चुनावी धांधलियों के खिलाफ आज मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में चुनाव आयोग कार्यालय का ऐतिहासिक घेराव किया।आलीराजपुर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष  पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में जिले से सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं के साथ राजधानी पहुंचे और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई।आग की तरह फैल चुके वोट चोरी के मामलों ने युवा कांग्रेस को सड़कों पर उतरने पर मजबूर कर दिया। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि लोकतंत्र की नींव को मजबूत रखने के लिए पारदर्शी चुनाव सबसे आवश्यक हैं, लेकिन सरकार व प्रशासन की लापरवाही के कारण लोकतांत्रिक व्यवस्था खतरे में है।युवा कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें उठाईंकृचुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए ,वोट चोरी में शामिल सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।निर्वाचन आयोग निष्पक्ष, भयमुक्त और सुरक्षित चुनाव के लिए कड़े कदम उठाए। 



पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी।बैरिकेड लगाए गए, पानी की बौछारें चलाई गईं, लेकिन युवाओं की उग्र ऊर्जा के सामने सभी इंतजाम नाकाम साबित हुए।हम वोट चोरी नहीं होने देंगे! लोकतंत्र बचाओ! जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।ऊर्जावान युवाओं ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ते हुए राजधानी में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।पानी की धाराएँ भी उन्हें रोक नहीं सकीं। भीड़ ने सीना ठोंककर कहा लोकतंत्र पर हमला बर्दाश्त नहीं!




अंत में कई वरिष्ठ युवा नेता गिरफ्तार, फिर भी नहीं रुका विरोध

स्थिति को संभालने में असमर्थ पुलिस ने अंततः कई युवा कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर वाहन में बैठाकर जेल ले गया, लेकिन इस कार्रवाई से प्रदर्शनकारियों का जोश और भी प्रबल हो गया।युवाओं ने गिरफ्तारी का भी स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए वे किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाले नहीं हैं। 

इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में आलीराजपुर जिले से बड़ी संख्या में युवा पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व प्रदेश सचिव सोनू वर्मा आलीराजपुर विधानसभा अध्यक्ष सुरेश पटेल ,जोबट विधानसभा अध्यक्ष लक्की राठौर,जोबट शहर अध्यक्ष जीतू अजनार जोबट ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश देवका ,चांदपुर यूनिट ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद पटेल,उदयगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष राजू देहदिया ,काठीवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष विजय चौहान,आईटी सेल मनीष चौहान सन्नी ,सोयब ख़ान ,सविन पटेल ,रितेश चौहान  गुड्डू देवका, दिलिप खराडी, यश डुडवा,सहित कई ग्रामीण युवा जिले से मौजूद रहे। इन सभी ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल के नेतृत्व  में जोरदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए साफ संदेश दिया कि वोट चोरी के खिलाफ जिले का प्रत्येक युवा एकजुट है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र को कमजोर करने की सबसे बड़ी साजिश है, और इसके खिलाफ युवाओं का संघर्ष अब और तेज़ होगा। उन्होंने साफ कहा लोकतंत्र पर हमला किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

यदि व्यवस्था सुधार नहीं सकते, तो जिले को अवैध जिला घोषित कर दें - महेश पटेल

आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल का प्रशासन पर बड़ा हमला, 

अवैध शराब परिवहन रोकने में विफलता का आरोप

आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।

महेश पटेल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर जिले में लगातार बढ़ते अवैध शराब परिवहन और उससे होने वाले सड़क हादसों पर प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिदिन अवैध शराब की तस्करी के कारण हादसे हो रहे हैं, जिससे आम जनता के साथ-साथ स्कूली बच्चे तक सुरक्षित नहीं हैं।पटेल ने बताया कि संविधान दिवस के दिन भी नगर के तीखी ईमली क्षेत्र में अवैध शराब ले जा रही एक गाड़ी ने बच्चों को टक्कर मार दी, जिसमें एक छात्र गंभीर घायल हो गया जिसे  इंदौर एम वाय रैफर किया गया जो प्रशासन की नाकामी का बड़ा उदाहरण है।



अगर प्रशासन रोक नहीं पा रहा, तो जिले को अवैध जिला घोषित कर दो
महेश पटेल ने तीखा बयान देते हुए कहा कि जब शासन-प्रशासन अवैध गतिविधियों को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल है, तो मुख्यमंत्री को जिले को अवैध जिला घोषित कर देना चाहिए। हर दिन हादसे, हर दिन तस्करी — यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।

हॉस्टल और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर गंभीर आरोप
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पटेल ने आदिवासी छात्रावासों और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि:हॉस्टलों की लाचार व्यवस्था के कारण बच्चे बीमार हो रहे हैं,कई बच्चों की मौत तक हो चुकी है,लेकिन सहायक आयुक्त पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों का शोषण किया जा रहा है —कभी रैली निकालवा रहे हैं, कभी किसी यात्रा में शामिल करा रहे हैं… पढ़ाई पर बिल्कुल ध्यान नहीं है।

कड़ी चेतावनी: इंदौर कमिश्नर का घेराव, फिर विधानसभा में धरना

महेश पटेल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सहायक आयुक्त पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो मैं हज़ारों विद्यार्थियों और पालकों के साथ इंदौर कमिश्नर कार्यालय का घेराव करूंगा। वहाँ भी नहीं सुना गया तो विधानसभा सत्र के दौरान भोपाल में धरना देंगे


आलीराजपुर युवक कांग्रेस में पुष्पराज रावत पटेल की ऐतिहासिक जीत

 दीपक भूरिया को 2000 से अधिक मतों से पराजित किया 

पुष्पराज की पूरी पैनल विजयी
आशुतोष पंचोली 
आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 
पूरे प्रदेश में हुए युवक कांग्रेस के चुनाव परिणाम आज घोषित हुए, जिनमें आलीराजपुर जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर पुष्पराज रावत पटेल ने शानदार और ऐतिहासिक जीत दर्ज की।


पुष्पराज पटेल का मुकाबला पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के भतीजे, पूर्व युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के भाई दीपक भूरिया से था।

इस चुनाव में पुष्पराज पटेल ने एकतरफा मुकाबले में दीपक भूरिया को 2076से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया।
जहाँ पुष्पराज पटेल को 2743से अधिक वोट प्राप्त हुए, वहीं दीपक भूरिया को मात्र 667 वोट ही मिले।

पुष्पराज पटेल की पूरी पैनल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की —
जोबट विधानसभा अध्यक्ष: लवकेश राठौर,‌ आलीराजपुर विधानसभा अध्यक्ष: सुरेश चौहान
,जोबट ब्लॉक अध्यक्ष: दिनेश देवका, कठ्ठीवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष: विजय चौहान, चंद्रशेखर आज़ाद नगर (भाबरा) ब्लॉक अध्यक्ष: विनय वसुनिया, उदयगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष: राजू देहदिया । दीपक भूरिया की पैनल को सभी स्तरों पर पराजय का सामना करना पड़ा।

पुष्पराज रावत पटेल:
 आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जोबट विधायक  सेना महेश पटेल के पुत्र तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश रावत पटेल के भतीजे हैं।
इस जीत के साथ आलीराजपुर जिले को एक ऊर्जावान, संघर्षशील और जुझारू युवा अध्यक्ष मिला है। परिणाम घोषित होते ही जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पराज पटेल को हार्दिक बधाई दी, वहीं पुष्पराज पटेल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि  यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और कांग्रेस विचारधारा की जीत है। हम संगठन को गाँव-गाँव तक मजबूत करेंगे।



मान्यता परंपरा और संस्कृति बचाने का काम हम सभी का.... कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान

 17 सितम्बर से 02 अक्टूंबर तक भाजपा चलाएगी सेवा पखवाड़ा अभियान

आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।

भाजपा के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर  जिला भाजपा  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा अभियान के रूप में मनाएगी इस दौरान विभिन्न सेवा के आयोजन कर जनता के मध्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान वोकल से लोकल के माध्यम से स्वदेशी वस्तुओं की खरीदी के लिए आम जनों को प्रोत्साहित किया जाएगा ।भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा की वर्तमान समय त्योहारों का समय है ऐसे में सेवा पखवाड़ा के माध्यम से हम लोगों को आम जनों के बीच जाकर स्वदेशी वस्तुओं की खरीदी करने पर जोर देना है। 


कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की  योजनाओं से आज गरीब वर्ग का जीवन  बदला है। हमारे  त्यौहार अब आने वाले हैं ऐसे में नवरात्रि दशहरा और दीपावली में हम लोगों को स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करने का आह्वान जनता से करना होगा जिसके चलते गरीब वर्ग के लोग भी अपने त्यौहार को उत्साहपूर्वक मना पाए । कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए  कहा कि हमारी मान्यताएं परंपरा और संस्कृति को बचाने का दायित्व भी हम सभी पर है और भारतीय संस्कृति पर हम सभी को गर्व है।



मंडल स्तर पर होगी कार्यशाला....

 कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष  मकू परवाल ने कहा की आगामी तीन दिनों में जिले के समस्त 13 मंडल में कार्यशाला का आयोजन होगा और मंडल स्तर पर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की रचना बनेगी। भाजपा जिला अध्यक्ष मकू परवाल ने कहा की समस्त 13 मंडल में सांसद अनीता नागर सिंह चौहान और वे खुद कार्यशाला में उपस्थित होंगे इस दौरान मंडल स्तर पर लोकल व्यापारियों से भी अलग से बैठक आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में सांसद अनीता चौहान जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी बाई खरत पूर्व विधायक माधो सिंह डाबर युवा नेता विशाल रावत जिला महामंत्री नरीग मोरी मांगीलाल चौहान जिला पंचायत सदस्य भदू भाई पचाया मंचासिन थे । कार्यशाला में जिला पदाधिकारी समस्त मंडलों के मण्डल अध्यक्ष उपस्थित थे। 29 अगस्त से 25 दिसम्बर सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन विधायक प्रतिनिधि रिंकेश सिंह तवर ने किया आभार जिला महामंत्री मांगीलाल चौहान ने माना।उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा ने दी ।


सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रम .....

भाजपा जिला अध्यक्ष  मकू परवाल ने बताया की आगामी  17 सितम्बर से रक्तदान शिविर प्रथम चरण-रक्तदान करना,रजिट्रेशन कराना,संकल्प लेनाज़िला स्तरपर

2) स्वच्छता अभियान.. (सार्वजनिक स्थानों पर)(बूथ स्तर) पर

17 से 24 सितम्बर

3) स्वास्थ्य शिविर में जनसहभागिता हेतु योजना

17 सितम्बर - सामुदायिक केंद्रों पर प्रधानमंत्री का लाइव सम्बोधन सुनना(च्भ्ब्, ब्भ्ब्,)आरोग्य मंदिर

17 सितम्बर से 2 अक्टूबर

4) प्रदर्शनी -प्रधानमंत्री  के जीवन पर आधारित 

ज़िला स्तर पर 18 सितम्बर से 2 अक्टुबर  तक

5 रक्तदान शिवीर द्वितीयचरण - रक्तदान करना,रजिस्ट्रेशन कराना,संकल्प लेना मण्डल स्तर पर

19-20 सितम्बर...

प्रबुद्ध संवाद - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन एवं उपलब्धियां,विकसित भारत विषय  पर....

7 डॉक्युमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन - प्रधानमंत्री  के जीवन पर आधारित...

8 प्रधानमंत्री पर आधारित पुस्तकों का वितरण 21 सितंबर से प्रारम्भ ज़िला स्तर पर 

9नमो मैराथन - युवा मोर्चा द्वारा थीम- आत्मनिर्भर भारत,विकसित भारत

25 सितम्बर 

10 पं.दीनदयायाल जी के चित्र पर पुष्पांजलि वृक्षारोपण - एक पेड़ माँ के नाम

बूथ कार्यकर्ता बैठक

कार्यकर्ता के घर भोजन  बूथ स्तर पर

11 संगोष्ठी -पं. दीनदयायाल उपाध्याय जी के जीवन,आत्मनिर्भर भारत,स्वदेशी विषय पर(ज़िला स्तर)पर

12 प्रदेश सरकार एवं स्थानीय नगर परिषद द्वारा आत्मनिर्भर भारत,वोकल फ़ोर लोकल का प्रचार एवं स्थानीय मेले एवं प्रदर्शनी का आयोजन प्रारम्भ

27-28 सितम्बर

13 प्रदेश के विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान प्रदेश स्तर पर

14 दिव्यंगों को उपकरण वितरण,मोदी जी को शुभकामना/धन्यवाद देना ज़िलास्तर पर

2 अक्टूबर

15 स्वच्छता अभियान 

महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर पुष्पांजलि खादी वस्तुओं की ख़रीद एवं प्रोत्साहन

16) विकसित भारत चित्रकला प्रतियोगिता 

17 नमो वन,नमो पार्क -प्रदेश सरकार/नगर पालिका के माध्यम से बनाए जाएं


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हमले के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

 गुंडों से हमले करवाकर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है भाजपा सरकार-कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पटेल,’

जीतू पटवारी पर हुए हमले के विरोध मे जिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।

विगत दिनों रतलाम जिले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतु पटवारी पर हुवे हमले के विरोधस्वरूप सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश पटेल के नेतृत्व मे सेकड़ो नेताओं ओर कार्यकर्ताओ ने बाईक रैली निकालकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि अधिकारी संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्रसिंह बघेल को सोपकर गुंडा तत्वों के खिलाफ एफआईआर की माँग की। 



प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हुवे हमले के विरोध मे कांग्रेसी नेता ओर कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय बोरखड़ पर जमा हुवे ओर यहां से पार्टी का झंडा लहराते हुवे बाईक रैली निकाली। रैली नगर के प्रमुख मार्गाे से होते हुवे कलेक्टर कार्यालय पहुंची,जहाँ उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसी नेताओं ने गुंडों पर एफआईआर की माँग को लेकर ज्ञापन सोपा। इस दोरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पटेल एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने कहा की प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा पुरे प्रदेश मे अवैध शराब, नशा कारोबार ओर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान छेड़ रखा है। 



 रतलाम में जीतू पटवारी के काफिले को जबरन रोकने ओर उनके वाहन को क्षति पहंचाने की कोशिश की गई है, जो कि लोकतंत्र गला घोटने जैसा कृत्य है एवं उक्त कृत्य पूलिस प्रशासन के नाक के नीचे हुआ है। उन्होंने कहा की सवाल यह है कि अगर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरक्षित नहीं है तो आम जनता कैसे सुरक्षित होगी। संपूर्ण प्रदेश नशे के कारोबार, अवैध शराब ओर भ्रष्टाचार माफियाओ की सरपरस्ती में डूबी हुई है, भाजपा ने पूरे प्रदेश को उड़ता मप्र बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। प्रदेश की भाजपा सरकार जीतू पटवारी के अभियान से बोखला गई है और गुंडो का सहारा लेकर उन पर प्रयोजीत हमले करवाकर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस इससे घबराने ओर डरने वाली नहीं है। जिला कांग्रेस उक्त घटना की घोर निंदा करते हुवे भाजपा के गुंडा तत्वों जो कृत्य में लिप्त थे उनके विरुद्ध न्याय न्यायिक कार्यवाही की मांग करती है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भुवानसिंह बामनिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश पचाया, सुरसिंह सोलंकी, युवा विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष तरुण मंडलोई, वरिष्ठ नेता खुर्शीद अली दिवान, मुकेश गुप्ता, पार्षद दिलीप रावत, सरपंच संजय चौहान, प्रदीप रावत, खुमला भाई, जनपद सदस्य लालू भाई, जुनेद कुरैशी, राजू बामनिया, धनसिंह चौहान, कमल बघेल, सवलसिंह पचाया, राकेश चौहान, प्रकाश बघेल आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।


विधायक सेना महेश पटेल ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा पत्र

  पार्षद पुत्र के खिलाफ राजनीतिक द्वेष के चलते गंभीर धाराओं में जानबूझकर प्रकरण दर्ज करने का लगाया आरोप

आलीराजपुर न्यूज।

विधायक सेना महेश पटेल ने अपने विधायक साथियों के साथ मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष  उमंग सिंगार को एक पत्र सौंपा। पत्र में आलीराजपुर थाना क्षेत्र में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 333/2025 (धारा 109, भारतीय न्याय संहिता) में निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच की माँग की गई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 13जुलाई 2025 की रात्रि को उनका पार्षद पुत्र पुष्पराज रावत, जो किसी मित्र को घर छोड़ने निकला था, वाहन असंतुलन के चलते इंदिरा गांधी प्रतिमा की दीवार से टकरा गया। इस दुर्घटना में पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। मौके पर उपस्थित अधिकारी द्वारा पुष्पराज को जाने के लिए कहा गया था, जिसे उसने पालन किया। 


विधायक महोदया ने पत्र में आरोप लगाया है कि इस पूरी घटना को राजनीतिक द्वेष के चलते जानबूझकर गंभीर धाराओं में परिवर्तित कर, असत्य तथ्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक मात्र दुर्घटना थी, जिसमें न तो कोई पूर्व विवाद था, न ही दुर्भावना। विधायक सेना महेश पटेल ने मांग की है कि न्यायहित में इस प्रकरण की निष्पक्ष व तथ्यानुकूल जांच करवाई जाए ताकि न्याय मिल सके और राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण  खिलवाड़ न हो।


विधायक सेना पटेल के प्रयासों से  जोबट विधानसभा में सामुदायिक, पंचायत व मांागलिक भवनों की मिली स्वीकृति

जोबट विधानसभा क्षेत्र की सेना महेश पटेल के अथक प्रयासों को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। क्षेत्र के सामाजिक व सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, आठ ग्रामों में सामुदायिक, पंचायत एवं मांगलिक भवनों के निर्माण को शासन से स्वीकृति प्राप्त हुई है।  प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक सेना पटेल ने 19 सितम्बर 2024 एवं 3 जनवरी 2025 को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को कुल 12 ग्रामों के लिए भवन निर्माण के प्रस्ताव भेजे गए थे। इन प्रस्तावों पर  पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री द्वारा 18 मार्च 2025 को त्वरित निर्णय लेते हुए 8 ग्रामों में निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी गई है।


 जिसमें हवेलीखेड़ा (कठ्ठीवाड़ा) सामुदायिक भवन (लागत रू 25 लाख), खेडाबड़ा पंचायत भवन (लागत रू 37.50 लाख), पलासदा मांगलिक भवन (लागत रू 25 लाख), उदयगढ़ मांगलिक भवन (लागत रू 25 लाख) , बाड़गांव मांगलिक भवन (लागत रू 25 लाख) , रिंगोल मांगलिक भवन (लागत रू 25 लाख), जामलीबड़ी पंचायत भवन (लागत रू 37.50 लाख) और ग्राम हरदासपुर में पंचायत भवन (लागत रू 37.50 लाख) की स्वीकृति शासन से मिली है। इस महत्त्वपूर्ण स्वीकृति पर विधायक सेना महेश पटेल ने मंत्री महोदय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकृति जोबट क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी सौगात है। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों एवं अन्य सामूहिक आयोजनों के लिए एक सुविधाजनक स्थल प्राप्त होगा। विधायक पटेल ने कहा कि मैं अपने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु लगातार प्रयासरत रहूंगी।


भाजपा के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत

 मंत्री नागरसिंह चौहान और सांसद अनीता चौहान को बनाया सक्रिय सदस्य

आलीराजपुर न्यूज़।

भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत अलीराजपुर जिले में भी हो गई है जिसमें ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण करने और 100 से अधिक सदस्य बनने वाले सदस्यों को सक्रिय सदस्य बनाए जाने की शुरुआत आज भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष (मकू) परवाल द्वारा की गई। 


इस दौरान आज मप्र शासन के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह  चौहान और क्षेत्रीय सांसद  अनिता  चौहान को भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष परवाल मकू, सदस्यता अभियान जिला सहप्रभारी संजय गुप्ता, नगर मंडल अध्यक्ष रिंकेश तवर, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गोविंदा गुप्ता, वरिष्ठ नेता दशरथ सिंह चंदेल आदि ने सक्रिय सदस्यता ग्रहण करवाई। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


भाजपा जिलाध्यक्ष मकू परवाल ने बताया कि वर्तमान में आलीराजपुर विधानसभा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने सदस्यता अभियान में सदस्य बनते हुए प्रदेश से प्राप्त लक्ष्य से भी बढ़ कर 105 प्रतिशत सदस्यता ग्रहण करवाई। वही जोबट विधानसभा में भी निरन्तर अभियान जारी होकर प्रगति पर है।

आलीराजपुर की बहू और जोबट की बेटी अनिता नागरसिंह चौहान ने रच डाला इतिहास,

 

पहली बार भाजपा 2 लाख से अधिक मतों से जीती चुनाव

आलीराजपुर जिले से भाजपा को मिली 73 हजार 242 मतों की बढ़त 

आलीराजपुर विधानसभास से 51 हजार580 तो जोबट से मिली 21 हजार 662  मतों की लीड

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ

रतलाम संसदीय क्षेत्र पर भारतीय जनता पार्टी की महिला सांसद प्रत्याषी अनिता नागरसिंह चौहान ने चुनाव में रिकार्ड मत प्राप्त कर जीत का नया इतिहास रच दिया है। क्यों कि अब तक के संपंन हुए 18 लोकसभा चुनाव में इतने बंपर मतों से कोई भी नहीं जीता है। निष्चित ही यह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, संगठन, के नेताओं और वन मंत्री नागरसिंह चौहान की मेहनत का नतीजा है। जिसके दम पर आज यह ऐतिहासिक जीत बीजेपी के खाते में पहली बार दर्ज हो रही है। आलीराजपुर की बहू और जोबट की बेटी अनिता नागरसिंह चौहान ने जीत का जो इतिहास रचा है वह अपने आप में बेहद महत्वपूर्ण हैं। जिले की बहू व बेटी दोनों होने का पूरा लाभ अनिता चौहान को मिला है। आलीराजपुर विधानसभा सीट से 51 हजार 580 तो जोबट से उन्हें मिली 21 हजार 662  मतों की लीड मिली इस प्रकार जिले की लीड 73 हजार 242 मतों की रही।


 इसके अलावा झाबुआ जिले व रतलाम जिले की तीन में से दो विधानसभा क्षेत्र से भी उन्हें अच्छी खासी बढ़त मिली। जिसके चलते उन्हौंने चुनाव में जीत का रिकार्ड कायम किया। संसदीय क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा की मतगणना के बाद अनिता चौहान ने 2 लाख ं7 हजार 232 मतों से विजयश्री हासिल की। उन्हें कुल 7 लाख 95 हतजार 863 तो कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 5 लाख 88 हजार 631 मत मिले। भाजपा को आलीराजपुर से 51580, जोबट से 21662, झाबुआ से 9066, थांदला से 12257, पेटलावद से 17498, रतलाम ग्रामीण से 46579 व रतलाम शहर से  59479 लीड मिली वहीं कांग्रेस को सिर्फ एकमात्र सैलाना विधानसभा क्षेत्र से 11675 ही लीड मिली। 



भाजपा कार्यालय पर उमड़ी भीड़

जैसे ही परिणामों में भाजपा को भारी बढ़त के समाचार मिले भाजपा समर्थकों व कार्यकर्ताओं की भीड़ भाजपा कार्यालय पर उमड़ना आरंभ हो गई। यहां पर प्रत्याषी अनिता चौहान, वन मंत्री नागरसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष परवाल मकू, भाजपा नेता किषोर शाह, मोंटू शाह, मंडल अध्यक्ष रिंकेश तंवर, जिला मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद संतोष थेपड़िया भाजपा नेता इंदरसिंह चौहान, कांतिलाल राठौड़, जयपालसिंह खरत सहित ग्रामीण अंचल से बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता पहंुचे व अनिता चौहान को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। नगर के प्रमुख चौराहें पर जमकर आतिशबाजी भी की गई। 


काफिले के रुप में पहंुचे झाबुआ

दोपहर डेढ़ बजे करीब सभी भाजपा नेता व प्रत्याशी अनिता चौहान अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ झाबुआ पहंुचे और शाम को 5 अजे करीब झाबुआ मतगणना स्थल पर उन्हें झाबुआ कलेक्टर ने निर्वाचित प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रजेंद्र चुन्नु शर्मा, झाबुआ भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, भाजपा नेता शैलेष दुबे, पूर्व विधायक कलसिंह भाबर विशाल रावत, आलीराजपुर भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकास माहेश्वरी  सहित बड़ी संख्या में भाजपा संगठन के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


आरंभ से ही मिली बढ़त

रतलाम-झाबुआ निर्वाचन क्षेत्र की 2 विधानसभा के मतों की गणना अलीराजपुर के पीजी कॉलेज में हुई । इस दौरान जिले की अलीराजपुर विधानसभा क्रमांक 191 एवं जोबट विधानसभा क्रमांक 192 में शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना सम्पन्न हुई। आरंभ से ही भाजपा की जो बढ़त रही वह आखिरी राउंड तक बनी रही। अलीराजपुर एवं जोबट विधानसभा की मतगणना 18 चरणों में संपन्न हुई । जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अभय अरविंद बेडेकर एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा लगातार सीसीटीवी एवं वेब कास्टिंग द्वारा मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखी गई एवं निरीक्षण भी किया । 


इस प्रकार मिले प्रत्याषियों को मत

विधानसभा क्षेत्र 191 अलीराजपुर  में कुल मतों की संख्या 1 लाख 84 हजार 2 सौ 37 में से 1 लाख 9 हजार 7 सौ 8 मत अनिता नागरसिंह चौहान , 58 हजार 1 सौ 28 मत कांतिलाल भूरिया , 2 हजार 27 रामचन्द्र सोलंकी , 5 सौ 35 मत उदेसिह मचार, 5 सौ 33 मत इंजी. बालूसिह गामड़ , 5 सौ 83 मोहन सिंह निगवाल , 6 सौ 11 मत शीतल बारेला ,11 सौ 01 कसना राणा पारगी , 6 सौ 31 मत रामेश्वर सिंघार ,11 सौ 61 रंगला कलेश , 12 सौ 40 मत सुमित्रा मेडा , 19 सौ 15 मत सूरज भाभर , 6263 नोटा को प्राप्त हुए।


जोबट विधानसभा 

इसी प्रकार से विधानसभा क्षेत्र 192 जोबट के कुल मत  1 लाख 96 हजार 7 सौ 63 में से  98 हजार 2 सौ 41 मत अनिता नागरसिंह चौहान , 76 हजार 5 सौ 79 मत कांतिलाल भूरिया , 2 हजार 5 सौ 64 मत रामचन्द्र सोलंकी , 6 सौ 84 को  उदेसिह मचार, 12 सौ 24  मत को इंजी. बालूसिह गामड को , 9 सौ 25 मत मोहन सिंह निगवाल , 8 सौ 77 मत शीतल बारेला को , 12 सौ 54 मत श्री  कसना राणा पारगी को  , 8 सौ 81 मत रामेश्वर सिंघार को , 12 सौ 58 मत  श्री रंगला कलेश को , 16 सौ 26 मत सुमित्रा मेडा को , 23 सौ 98 मत सूरज भाभर को , 8252 नोटा को प्राप्त हुए।


दोनों विधानसभा का योग

 अलीराजपुर जिले की दोनांे विधानसभा क्षेत्र कुल मतों 3 लाख 81 हजार 1 सौ 99 में से  अनिता नागरसिंह चौहान को कुल मत 2 लाख 7 हजार 9 सौ 49 , कांतिलाल भूरिया को 1 लाख 34 हजार 7 सौ 7 मत , रामचन्द्र सोलंकी को 4 हजार 5 सौ 91 , उदेसिह मचार 12 सौ 19 मत , इंजी. बालूसिह गामड को 17 सौ 57  मत , मोहनसिंह निगवाल को  15 सौ 08 , शीतल बारेला को 14 सौ 88 मत , कसना राणा पारगी को 23 सौ 55 मत ,  रामेश्वर सिंघार को  15 सौ 12  मत, रंगला कलेश को 24 सौ 19 मत , सुमित्रा मेडा को  28 सौ 66  मत ,  सूरज भाभर को 4 हजार 3 सौ 13  मत , नोट को 14 हजार 5 सौ 15  कुल मत प्राप्त हुए । इसी प्रकार अलीराजपुर जिले से अनिता नागरसिंह चौहान ने 73 हजार 2 सौ 42 मतों की लीड अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर प्राप्त की ।


मतगणना के पश्चात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अभय अरविंद बेडेकर सफल निर्वाचन 2024 के क्रियान्वयन के लिए समस्त शासकीय एवं अशासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आभार व्यक्त किया । साथ ही जिले की जनता को शांतिपूर्ण तरीके से निर्वाचन 2024 में भाग लेने एवं सफल आयोजन की बधाई दी ।।



भाजपा संविधान बदलकर आदिवासी वंचितों का हक छीनना चाहती हैः राहुल गांधी

कांग्रेस की सरकार बनेगी तो कांग्रेस जातिगत जनगणना कराएगी, महालक्ष्मी योजना का हर वर्ग के गरीबों को मिलेगा लाभ

 जोबट में कांग्रेस की चुनावी सभा संपंन

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ

यह जो चुनाव हो रहा है यह संविधान बदलने का चुनाव है। भाजपा और आरएसएस देश का संविधान खत्म करना चाहते हैं। कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन  इस संविधान को बचाने की कोशिश कर रहा है। इस संविधान ने आदिवासियों पिछड़ों दलितों वंचितों को जल जंगल और जमीन का हक दिया है और भाजपा  संविधान बदलकर आपसे यह छिनना चाहती है। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने आलीराजपुर जिले के जोबट  में आयोजित कांग्रेस की विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। राहुल गांधी ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदीजी संविधान बदलकर आपसे हक छिनना चाहते हैं और कांग्रेस आपका यह हक बने रहने देना चाहती है। हम इसी बात की लड़ाई लड़ रहे हैं। चाहे वह पब्लिक सेक्टर हो शिक्षा हो स्वस्थ हो या आरक्षण का मामला हो भाजपा यह सब समाप्त करना चाहती है। 



भाजपा नेताओं ने यह स्पष्ट कह दिया है कि यदि वह जीतेंगे तो संविधान को बदल कर रख देंगे। भाजपा ने 400 सीट जीतने का नारा दिया है लेकिन मैं जानता हूं कि उन्हें डेढ़ सौ सीट भी मिलने वाली नहीं है। भाजपा के अलग-अलग नेता यह कहते हैं कि हम आरक्षण छीन लेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि आरक्षण छिनने की बात तो छोड़िए कांग्रेस पार्टी आरक्षण को 50ः से आगे बढ़कर ले जाने वाली है। भाजपा को जो कहना करना हो वह कर ले इन्होने 50ः आरक्षण की जो लिमिट बना रखी है उस लिमिट को भी हम हटा देंगे और गरीबों दलितों पिछड़ों वंचितों को इसका और लाभ देंगे।


प्रेस मीडिया पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह जो मीडिया वाले हैं यह आदिवासियों की बात कभी नहीं करते हैं। यह अडानी अंबानी हॉलीवुड को दिखा देंगे नाच गाना दिखा देंगे मगर आदिवासियों पर जो अत्याचार हो रहा है आदिवासियों की बच्चीयों से जो बलात्कार हो रहा है, आपकी जमीन छीनी जा रही है वह मीडिया में कभी इस बारे में नहीं कहा जाता है। इसका कारण है भाइयों बहनों मीडिया में और बड़ी-बड़ी कंपनियों में एक भी आदिवासी वर्ग का एंकर पत्रकार नहीं मिल सकता। 200 बड़ी कंपनियों के मालिकों की लिस्ट निकालिए एक का मालिक भी पिछड़ा और आदिवासी नहीं मिलेगा। और जो आपका है उसको भी यह लोग छिनने की कोशिश कर रहे हैं। आदिवासियों का मतलब है हिंदुस्तान की जमीन के पहले मलिक। जब मालिक पहले से आदिवासी है तो जमीन जंगल का पहला अधिकार आपको ही हमेशा मिलना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ने जमीन अधिग्रहण बिल लेकर आई, पेसा कानून दिया और जो भी हम करते हैं आपके लिए जैसे ही भाजपा की सरकार आती है यह वह कानून बदल देते हैं। हिंदुस्तान की सरकार को सिर्फ 90 लोग चलते हैं पूरा का पूरा बजट वह मांगते हैं 90 में से आप जानते हो आदिवासी वर्ग के कितने अफसर है सिर्फ एक अफसर है।


जातिगत जनगणना कराएंगे

राहुल गांधी ने आगे कहा कि हम पूरे देश में जातिगत जनगणना करवाने जा रहे हैं।  इससे यह पता चल जाएगा कि देश में आपकी आबादी कितनी है और देश की कंपनियों में आपकी भागीदारी कितनी है। कांग्रेस का यह क्रांतिकारी कार्य है और इसे हिंदुस्तान की राजनीति बदलने वाली है। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने देश के 22 लोगों का अरबो रुपए का कर्ज माफ किया है अरबपतियों का कर्ज माफ किया है हमने मन बना लिया है कि हम गरीब आदिवासी वंचित और दलितों पिछड़ों को सामान्य गरीबों को पैसा दे सकते हैं। कांग्रेस पार्टी की महालक्ष्मी योजना में देश के सारे के सारे गरीबों की लिस्ट बनेगी हर गरीब परिवार में से एक महिला चुनी जाएगी आदिवासी परिवार दलित  के परिवार किसानों के परिवार सामान्य गरीब के परिवार एक महिला का नाम चुना जाएगा और उस महिला के बैंक अकाउंट में हम ₹100000  तब तक डाला जाएगा जब तक कि वह परिवार बीपीएल की श्रेणी से बाहर नहीं आ जाता। जैसे ही कांग्रेस की सरकार आएगी हम किसानों का कर्ज माफ करने जा रहे हैं और किसानों को अधिकतम लागत मूल्य दिलवाएंगे।


राहुल गांधी ने अन्य कई सारी कांग्रेस सरकार के  चुनावी घोषणा पत्र की गारंटियों की जानकारी दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी भूरियाजी के खिलाफ जो चुनाव लड़ रहे है उनके रिश्तेदारों ने एक आदिवासी बिटिया का बलात्कार किया। आप इनको सोच समझ सकते है।  भाजपा के एक नेता ने एक आदिवासी पर पेशाब किया और उसका वीडियो बनाया और पूरे देश में वायरल किया। राहुल गांधी ने अंत में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।



जोबट विधायक ने तीर कमान किया भेंट

अलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा में राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया..!! जहाँ जोबट विधायक  सेना महेश पटेल एवं पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष महेश पटेल एवं पूर्व विधायक मुकेश पटेल ने चित्र एवं तीर कमान भेंट कर 51 किलो की पुष्पमाला पहना कर राहुल गांधी  का स्वागत किया तथा रतलाम झाबुआ अलीराजपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया को भारी बहुमत से विजय बनाने की अपील की.। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष  उमंग सिंगार व कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने भी संबोधित किया। संचालन झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया ने ने किया। जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश पटेल ने आभार माना।


जिले के समस्त मंडलो और बूथो पर मनेगा ६ अपै्रल को भाजपा का स्थापना दिवस,


स्थापना दिवस को लेकर सोंडवा मंडल की बैठक संपन्न
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
 भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय नेतृत्व द्वारा यह तय किया गया है कि शक्ति केंद्रो और बूथ केंद्रो को मजबूत करते हुए हर बूथ से 10 प्रतिशत वोट बढ़ाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान कराने एवं प्रत्येक बूथ से 370 अधिक मत प्राप्त करने के लिए गांव गांव एवं फलिये फलिये में भाजपा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन हितेषी और जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाभार्थी परिवारो से संपर्क करने की रणनीति बनाई है ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में झाबुआ रतलाम लोक सभा सीट से एतिहासिक मतो से भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान विजय होकर दिल्ली में संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करें। भाजपा जिलाध्यक्ष मकू परवाल ने बताया कि मंडल स्तर पर 6 अपै्रल को होने वाले भाजपा स्थापना दिवस के संबंध में जिम्मेदारियां तय कर दी गई है और स्थापना दिवस के कार्यक्रम को लेकर मंडल स्तर पर बैठक का आयोजन भी कर लिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष परवाल ने बताया कि केंद्र की मंशा अनुसार 6 अपै्रल को शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर भाजपा के लाभार्थी महा जन संपर्क अभियान के साथ ही योजनाओं की जानकारी के संबंध में पत्रक एवं गोष्ठीयों का आयोजन किया जाएगा।
       संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी हितेन्द्र शर्मा।


सोंडवा क्षेत्र से बड़ी लीड से जितेगी भाजपा
भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर सोंडवा मंडल की बैठक का आयोजन बुधवार को सोंडवा में किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा संयोजक एवं मंडल अध्यक्ष जयपालसिंह खरत ने कहा कि क्षेत्र को लोकप्रिय प्रत्याशी मिला है हम सबकी यह जिम्मेदारी है कि क्षेत्र से बड़ी लीड के साथ भाजपा प्रत्याशी विजय हो। बैठक को संबोधित करते हुए लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा प्रभारी हितेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह बड़ा चुनाव है जो लोग भाजपा को मतदान नहीं करते है उन्हें भी अपने साथ लाने का प्रयास हम सब को मिलकर करना चाहिए ताकि एक बड़े अंतर के साथ सोंडवा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान को विजय हासिल हो। लोकसभा द्वष्टि से आलीराजपुर विधानसभा के विस्तारक कल्याणसिंह डामोर ने कहा कि 6 अपै्रल को हर बूथ पर स्थापना दिवस के साथ विजय संकल्प अभियान चलाना है ताकि हर बूथ से भाजपा प्रत्याशी को जीत मिल सके। डामोर ने कहा कि पार्टी संगठन द्वारा जिसे जो दायित्व दिया गया है उसे वह समय पर पूरा करें ताकि लोकसभा चुनाव में पार्टी की रीति और नीति गांव गांव तक पहुंच सके। इस दौरान मंडल के जिम्मेदार कार्यकर्ता मौजूद थे।  

मुख्यमंत्री मोहन यादव का अलीराजपुर दौरा कल

कार्यकर्ता सम्मेलन में होंगे शामिल, भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर की बैठक

आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रथम आलीराजपुर आगमन शनिवार को होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 4 बजे आलीराजपुर पहुंचेंगे और कार्यकर्ता सम्मेलन मैं भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से भाजपा प्रत्याशी अनीता नागर सिंह चौहान की जीत हो इसके लिए कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में जुट जाने के लिए जीत का मंत्र देंगे। 


कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मकू परवाल को जैसे ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आलीराजपुर आने की जानकारी प्राप्त हुई भाजपा के लोकसभा संयोजक किशोर शाह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोंटू शाह, नगर मंडल अध्यक्ष रिंकेश तवर, पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष थेपडिया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रितेश डावर, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलीप चौहान सहित प्रमुख कार्यकर्ताओं की तत्काल बैठक भाजपा कार्यालय पर बुलाई गई और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई । 

ताकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नगर आगमन ऐतिहासिक हो सके। कार्यक्रम स्थानीय श्रीनाथ गार्डन में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रतलाम से राणापुर होते हुए आलीराजपुर वाहन द्वारा आएंगे। आलीराजपुर में कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बड़वानी की ओर रवाना होंगे। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा ने दी।

आलीराजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष व वन मंत्री की पत्नि अनिता नागरसिंह चौहान को मिला रतलाम लोकसभा से भाजपा का टिकट

 जिले में जश्न का माहौल, पहली बार आलीराजपुर क्षेत्र से मिला लोकसभा का टिकट

आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
जिला पंचायत आलीराजपुर की साल 2015 से निरंतर अध्यक्ष पद पर आसीन व वन मंत्री नागरसिंह  चौहान   की धर्मपत्नि अनिता  चौहान    को भाजपा ने अपनी लोकसभा चुनाव की जारी पहली सूची में रतलाम संसदीय क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। सूची में अनिता  चौहान    का नाम आते ही आलीराजपुर जिले की भाजपा की राजनीति में चारों और उत्साह व खुशी का माहौल बन गया ही। क्षेत्र के राजनीतिक जानकारों का कहना है अनिता नागरसिंह चौहान जैसी पढ़ी लिखी पूर्णतया सुशिक्षित आदिवासी महिला को टिकट देकर भाजपा ने एक तीर से कई निशाने साध लिए है। भाजपा कार्यालय पर जश्न का माहौल बन गया है अनेक स्थानों पर भाजपा समर्थकों ने आतिशबाजी भी की है। अनिता नागरसिंह  चौहान    को टिकट मिलना  जिले की राजनीति में बेहद अप्रत्याशित और चौकाने वाला निर्णय है। अनिता  चौहान  को टिकट मिलेगा यह किसी ने सोचा भी नहीं था क्यों कि दावेदारों में उनका नाम कहीं से कहीं तक उपरी तौर पर सर्वे व चर्चाओं में कहीं पर भी नहीं था। लेकिन भाजपा केंद्रीय नेतृत्व हमेशा चौकानें वाले फैसले लेने के लिए जाना जाता रहा है। इसी का परिणाम है कि भाजपा ने रतलाम लोकसभा सीट जो कि आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित है उस पर आदिवासी महिला को टिकट देकर कांग्रेस पर आरंभिक बढ़त बना ली है।


जीवन परिचय
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा ने अनिता  चौहान    के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अनिता  चौहान    40 साल की महिला है उनका जन्म 5 सितंबर 1984 को जोबट में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा जोबट से हुई। स्नातक में बीए की डिग्री आलीराजपुर के शासकीय महाविद्यालय से प्राप्त की। एलएलबी की डिग्री झाबुआ के विधि महाविद्यालय से ली। उसके पश्चात उनकी पढ़ने की ललक के चलते  उन्हौंने इंदौर इंस्टीट्युट  आफ ला से एलएलएम किया। वर्तमान में वे सेज यूनिवर्सिटि इंदौर से पीएचडी कर रही है। 

उनके राजनीतिक सफर में वे भाजपा नगर मंडल की सदस्य 2004 से है। पश्चात भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष पद पर रही। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पद पर 2009 में नियुक्त हुई। इसके बाद से साल 2019 से अभी तक भाजपा जिला उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत है। साल 2015 में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुई उसके बाद दुबारा फिर 2022 में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुई व अभी तक इस पद पर कार्यरत है। समाज सेवा व अध्ययन कार्य इनकी विशेष रुचि है। इनके पति नागरसिंह  चौहान    साल 2003 से 2018 लगातार तीन बार आलीराजपुर विधानसभा के विधायक रहे है। 2023 का चुनाव पुनः जीतकर नागरसिंह  चौहान  वर्तमान में प्रदेश भाजपा सरकार में केबिनेट मंत्री है। उनके पास वन, पर्यावरण व अनुसूचित जाति कल्याण विभाग है। इनके एक पुत्री व एक पुत्र है।
लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की ओर से टिकट मिलना इनके राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। चुनाव जीतकर दिल्ली पहंुचेंगी तो आलीराजपुर क्षेत्र वासियों के लिए भोपाल के बादाअब दिल्ली तक सीधी पहंुच होगी। निसंदेह यह आदिवासी बाहुल्य आलीराजपुर जिले के लिए यह बेहद गौरव व उपलब्धि पूर्ण बात होगी।


वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पटेल व जोबट विधायक ने करंट व अग्नि पीड़ितों को सहायता राशि प्रदान की

 दोनों नेताओं ने परिजनों से भेंट कर दी सांत्वना

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
विगत दिनों जोबट विधानसभा क्षेत्र के आजाद नगर अंतर्गत काजू पिता मोहन ग्राम डुंगलावनी हाटीला फलिया की गुजरात में करंट लगने से की मौत हो गई थी । वही छोटा खुटाजा पुजारा फलिया निवासी भरमा मेहडा की भी मौत हो गईं थी । जिला कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष महेश पटेल ने शनिवार को ग्राम पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधाया ओर विधायक स्वेच्छा निधि से 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की। वही घायल परिवार को 5 हजार नगद राशि उपचार के लिए प्रदान की । साथ ही उन्होंने विधायक स्वेच्छा निधि से इलाज एवं बच्चो के पालन पोषण के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की ।

 इस दौरान  पटेल ने पीड़ित परिजनों को उचित इलाज के हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया । उन्होंने बच्चों की शिक्षा को लेकर चर्चा करते हुवे कहा कि बच्चों को शिक्षा ओर इलाज में कोई कमी आने नहीं दी जाएगी ।  पटेल ने जिला प्रशासन से मांग की पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। जिससे की पीड़ित बच्चो का जीवन यापन हो सके। क्योंकि बच्चों के पिता की मौत हो चुकी है। मृतक की पत्नी सुखी पति स्वर्गीय काजू अस्पताल में सीरियस चल रही है। घर में कोई कमाने वाला नही है व मृतक के 7 बच्चे है। उनके रहने के लिए तत्काल प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया जाए । इस अवसर पर कांग्रेसी नेता लईक भाई, सानी मकरानी, सोनू वर्मा सहित बड़ी संख्या मे ग्रामीणजन उपस्थित थे ।



विधायक सेना पटेल ने अग्नि पीड़ित परिवार को घरेलु सामग्री ओर सहायता राशि प्रदान की’
 जिले के उदयगढ़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत धामंदा के स्कूल फलिए निवासी गणपत पिता सेवा ;भूरा का मकान अचानक बीती रात्रि को जलकर खाक हो गया । जिसमें रखे अनाज, खाद्य सामग्री, बर्तन, सेंटिंग का सामान ओर दरवाज़े चौखट जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए । घटना की सूचना मिलते ही जोबट विधायक सेना महेश पटेल शुक्रवार को ग्राम धामंदा पहुंची ओर मौका मुआयना किया । इस दौरान जोबट विधायक सेना पटेल ने पीड़ित परिवार को दिलासा देते हुवे उन्हें घेरेलु सामान, खाद्य सामग्री वितरित की। साथ ही उन्होंने अपनी स्वेच्छा निधि से 25 हजार रूपये की सहायता प्रदान की। वही लगभग 25 हजार की घेरेलु ओर अनाज सामग्री भी दी। इस दौरान विधायक  पटेल ने कहा की पीड़ित परिवार को हमारी ओर से यह राहत सामग्री ओर स्वेच्छा निधि से 25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी गईं है। इस संबंध मे कलेक्टर साहब से चर्चा कर उक्त पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता ओर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। ताकि पीड़ित परिवार का जीवन यापन अच्छे से हो सके ।

’स्कूलों का किया निरिक्षण’
इस दौरान विधायक पटेल ने ग्राम के स्कुल फलिए मे संचालित प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला का भी निरिक्षण किया। प्राथमिक शाला मे उपस्थित बच्चो को मीनु अनुसार भोजन नही देने व शाला मे दर्ज संख्या के हिसाब से उपस्थित कम होने पर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने शाला प्रबंधन शिक्षको बालक.बालिकाए की उपस्थित बढाने व बच्चो को मीनु अनुसार प्रतिदिन मध्यान भोजन दिया जावे के निर्देश दिए । इसी के साथ पीड़ित गणपत आदिवासी परिवार के लिए पीएम आवास की स्वीकृती के लिए जनपद उदयगढ को निर्देश दिए। विधायक पटेल ने उदयगढ मुख्यालय आकर कांग्रेस कार्यकर्ताओ से रुबरु हुवे ओर आवश्यक चर्चा की । इस अवसर पर ग्राम धामंदा पुर्व सरपंच नाथु भाई, ग्राम पंचायत जाम्बुखेडा सरपंच कुवरसिह, ग्राम पंचायत उती पुर्व सरपंच जुवानसिहए कुवरसिहए ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञानसिह मुजाल्दाए संगठन मंत्री नागरसिह वसुनियाए मगनसिहए राजा तोमरए शब्बीर भाई बोहरा, सोनु वर्मा सहित बड़ी संख्या मे ग्रामीणजन उपस्थित थे।

आलीराजपुर में नागरसिंह चौहान चुनाव जीतने वाले बने बाजीगर

 जोबट में कांग्रेस की सेना महेश पटेल ने जीत के सारे रिकार्ड तोड़े,

आलीराजपुर जिले में भाजपा व कांग्रेस दोनों ने एक एक सीट जीती,

आलीराजपुर 3723 मत से भाजपा ने तो जोबट 38757 मतों से कांग्रेस ने जीती 

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्युज। ब्यूरो चीफ

विधानसभा सभा चुनाव 2023 के परिणाम जिले में बेहद चौंकाने वाले रहे। आलीराजपुर विधानसभा का चुनाव भाजपा के नागरसिंह चौहान ने करीबी मुकाबले में 3723 मतों से जीता वहीं जोबट विधानसभा का चुनाव कांग्रेस की सेना महेश पटेल 38 हजार 757 रिकार्ड तोड़ मतों से जीत कर नया इतिहास रच दिया। सेना पटेल जीतने मतों से जीती उतने मतों से जिले में आज तक कोई भी चुनाव नहीं जीता है।  आलीराजपुर विधानसभा का चुनावी मुकाबला आरंभ से ही पहले राउंड से ही कश्मकश भरा रहा। आरंभ से ही भाजपा ने बढ़त प्राप्त की जो कि बीच में कुछ राउंड में कम हुई किंतु अंत तक नागरसिंह चौहान की बढ़त कायम रही और उनका कांग्रेस के मुकेश पटेल से बेहद नजदीकी मुकाबला रहा। मुकेश पटेल ने भी उन्हें अच्छी मजबूती से टक्कर दी। 


उधर जोबट में सेना पटेल की आंधी में भाजपा प्रत्याशी विशाल रावत सहित भाजपा के बागी प्रत्याशी माधोसिंह डाबर, कांग्रेस के बागी सुरपाल अजनार व जयस समर्थिक रिंकूबाला सभी उखड़ गए और धराशायी हो गए। सेना पटेल ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज कर जिले में कांग्रेस की लाज रखी। सेना पटेल ने पहले राउंड से ही जो बढ़त बनाई वह अंत तक कायम रही। उल्लेखनीय है कि 2018 में नागरसिंह चौहान कांग्रेस के मुकेश पटेल से 22 हजार मतों से चुनाव हार गए थे। इस चुनाव में दोनों फिर आमने सामने थे किंतु नागरसिंह चौहान ने यह चुनाव जीत कर बाजीगर बनकर निकले है। 


निर्वाचन प्रमाण पत्र के बाद निकाला जुलूस

अपरान्ह तीन बजे पश्चात विजयी प्रत्याशी नागरसिंह चौहान को रिर्टनिंग आफिसर तपिश पांडे ने निर्वाचन प्रमाण पत्र दिया। वहीं जोबट  की विजयी प्रत्याशी सेना महेश पटेल को रिर्टनिंग आफिसर विरेंद्रसिंह ने प्रमाण पत्र दिया। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद  भाजपा प्रत्याशी नागरसिंह चौहान का कालेज प्रांगण से विशाल विजयी जुलूस ढोल ढमाकों व डीजे के साथ नगर के प्रमुख मार्गो पर निकाला गया। नगर में जगह जगह चौहान का पुष्पमाला पहना कर आम जनों ने स्वागत किया। जुलूस में भाजपा के झंडे लहराते हुए भाजपा समर्थक कार्यकर्ता आदि नाचते हुए व आतिशबाजी करते हुए चल रहे थे।


 भाजपा कार्यालय पर जाकर जुलूस का समापन हो गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मकू परवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष किशोर शाह, मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा, जयपाल खरत, भदु भाई पचाया, कार्यालय मंत्री राजू मोदी, मोंटू शाह, पप्पू जैन, दिलीप चौहान जिला पंचायत अध्यक्ष अनिता चौहान, युवा नेता इंदरसिंह चौहान, मांगीलाल रावत रीतू डावर, गोविंदा गुप्ता सहित हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। 


दूसरी और कांग्रेस की विजयी प्रत्याशी सेना पटेल निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद सीधे जोबट पहंुची जहां पर उनका विशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश पटेल, पार्षद पुष्पराज पटेल, राजेंद्र राठौर, अनूप सोमानी, सोनू वर्मा सहित जोबट क्षेत्र के अनेक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। जोबट में जमकर आतिशबाजी की गई। यहां जगह जगह सेना पटेल का पुष्पमाला पहना कर स्वागत किया गया। 


आलीराजपुर विधानसभा की स्थिती

भाजपा प्रत्याशी 3723 मतों से विजयी

नागरसिंह चौहान भाजपा 83764

मुकेश पटेल  कांग्रेस    80041 

सुरेंद्र ठकराला निर्दलीय 11288

अंतरसिंह पटेल बसपा 3705

नवलसिंह मंडलोई निर्दलीय 2706

हिरला चौहान निर्दलीय 2275

डाक मत पत्र कुल 1905

अस्वीकृत मत      322

नोटा               3814 



जोबट विधानसभा की स्थिती 

कांग्रेस प्रत्याशी सेना पटेल 38757 से विजयी 

सेना महेश पटेल कांग्रेस 80784

विशाल रावत भाजपा 42027

माधोसिंह डाबर निर्दलीय 21312

सुरपाल अजनार निर्दलीय 9614

मोहन निंगवाल निर्दलीय 3216

रिंकूबाला डाबर निर्दलीय 2527

दिलीप भूरिया 1737

डाक मत पत्र 1642

अस्वीकृत मत 339

नोटा 4643