पंचमुखी हनुमान मंदिर से राम दास हनुमान मंदिर तक निकलेगी भव्य शोभायात्रा,
बैठक में शोभायात्रा के दिन दोपहर 2 बजे बाद दुकाने बन्द रखने का लिया निर्णय
आलीराजपुर न्यूज़ ब्यूरो।।
भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के अवसर पर राम नवमी उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन 10 अप्रैल को किया जा रहा है। इसकी भव्यता एवं इसमे समस्त हिन्दू समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार रात्रि को एमजी रोड स्थित वल्लभ भवन पर सर्व हिन्दू समाज की एक बड़ी बैठक आयोजित हुई। इसमे समस्त समाज से समाज अध्यक्षो एवं प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारी उपस्थित हुए। इस अवसर पर शोभा यात्रा प्रभारी एवं समिति के पूर्व अध्यक्ष गिरिराज मोदी ने शोभा यात्रा की तैयारी एवं यात्रा मार्गों को लेकर उपस्थित समाज जनों को अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने बताया कि बस स्टैंड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से शाम को 4 बजे शोभा यात्रा प्रारंभ होगी जो नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए रामदास हनुमान मंदिर पर संपन्न होगी। जहां पर भगवान की आरती उतारकर प्रसादी का वितरण किया जाएगा। बैठक में उपस्थित समाजजनों से शोभायात्रा की भव्यता प्रदान करने हेतु आवश्यक सुझाव मांगे गए। जिस पर उपस्थित समाजजनों ने अपने अपने सुझाव दिए। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 10 अप्रैल को शोभायात्रा के अवसर पर दोपहर 2 बजे के बाद हिंदू समाज की दुकाने बंद रहेगी एवं सभी महिला एवं पुरुष शोभायात्रा में शामिल होंगे। समिति के अध्यक्ष रितेश राठौड़ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए शोभायात्रा में समस्त हिंदू समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने का सभी से आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने शोभायात्रा हेतु अब तक कि गई तैयारी से भी अवगत करवाया।
*यह होंगे मुख्य आकर्षक के केन्द्र*
बैठक में समिति के अध्यक्ष रितेश राठौर ने उपस्थित समाज जनों को बताया कि शोभायात्रा में नासिक के ढोल, महिलाओं के लिए बैंड, युवा वर्ग के लिए डीजे रहेगा। वही शोभायात्रा मार्ग पर कुल 6 पाइंट तय किये गए है जहां पर महापुरुषों के कटआउट लगाए जायेगे जो कि शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा यात्रा मार्ग का भगवामय किया जाएगा। जिसके तहत भगवा ध्वज,फ्लेक्स,केसरीया पताका व अन्य से मार्ग की सजावट की जाएगी।
बैठक में यह तय किया गया कि शोभायात्रा में समस्त हिन्दू समाज की सहभागिता हो इसके लिए अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाएगा। बैठक में राठौड़ समाज, असाडा राजपूत समाज... जैन समाज, ब्राह्मण समाज, महेश्वरी समाज, हरसोला समाज, वाणी समाज,माली समाज,दशा वैष्णव पोरवाड़ समाज,आदिवासी समाज,प्रजापति समाज, सहित अन्य समाज से जुड़े प्रतिनिधिगण मौजूद थे।
Share on WhatsApp


