कोरोना पीडित और गंभीर मरीजों की सेवा के लिए हर समय रहेगी उपलब्ध,
आलीराजपुर न्यूज ब्यूरो।
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर विधायक मुकेश पटेल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के निर्देश पर वर्तमान में कोरोना महामारी के प्रकोप को देखते हुए कोरोना पीडित और गंभीर मरीजों को सर्वसुविधायुक्त एंबुलेंस की सहायता से त्वरित उपचार के लिए जिले सहित गुजरात या प्रदेश के अन्य बडे शहरो तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोंडवा तसहील को शीघ्र ही विधायक निधि से 13 लाख 75 हजार रूपए की एंबुलेंस प्रदान की जाएगी। जिससे सोंडवा क्षेत्र की आम जनता को संकट की इस घडी में आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध हो सके।
विधायक पटेल ने कहा कि वर्तमान में कोरोना महामारी का प्रकोप जिले में है। मरीजों को ऑक्सीजन सहित जीवनरक्षक दवाओं की बेहद आवश्यकता है। कई बार आपातकालीन परिस्थितयों में ऑक्सीजन सहित सर्वसुविधायुक्त एंबुलेंस गंभीर पीडित मरीजों को नहीं मिल पाती है। ऐसे में गंभीर मरीजों के जीवन पर संकट खडा हो जाता है। मेरे द्वारा उक्त एंबुलेस गंभीर मरीजों के जीवन को संकट की स्थिति से उबारने के लिए समर्पित की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व विधायक पटेल ने 20 लाख रूपए की लागत वाली बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस पूर्व में लोकार्पित कर मरीजों की सेवा के लिए प्रदान की है। विधायक पटेल के इस सेवा कार्य के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओ सहित आम जनता ने उनका आभार व्यक्त किया।

