जिलाध्यक्ष महेश पटेल ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर किया रोष जाहिर,
रैली की अनुमति नहीं देने पर भी जमकर भड़के
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में करीब 2 माह से चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला मुख्यालय अलीराजपुर में शुक्रवार 15 जनवरी को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में विशाल किसान ट्रैक्टर रैली निकाली गई। रैली में करीब 400 से अधिक ट्रैक्टर व बड़ी संख्या में किसान सहित कांग्रेसी नेतागण, अलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल,जोबट विधायक कलावती भूरिया, झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर बामनिया, जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर व पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम माहेश्वरी डी साहब,बापू पटेल, दीलू भाई पटेल, पुष्पराज पटेल भयू के साथ सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उत्साह से भाग लिया।
टंकी मैदान से कलेक्ट्रेट तक निकली रैली
किसान आंदोलन के समर्थन में स्थानीय टंकी मैदान पर शुक्रवार 11:00 बजे से संपूर्ण जिले से बड़ी संख्या में किसान अपने अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचना आरंभ हुए। यह सिलसिला दोपहर 1:30 बजे तक चलता रहा, इस दौरान सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर ट्राली टंकी मैदान पर एकत्रित हो गए। जिससे टंकी मैदान पूरा ट्रैक्टर ट्राली से ही खचाखच भर गया। तत्पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में टंकी मैदान से रैली आरंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए कलेक्ट्रेट तक पहुंची। रैली इतनी लंबी थी कि रैली का एक छोर राजवाड़े पर तो दूसरा छोर कलेक्टर ऑफिस तक था। हालांकि रैली में किसान व कार्यकर्ता कम और ट्रैक्टर ट्राली बड़ी संख्या में थी। रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय पर पहुंचकर समाप्त हो गई। संपूर्ण ट्रैक्टर ट्राली से पूरा कलेक्टर परिसर चारों ओर से भर गया था।
स्थानीय प्रशासन पर जमकर किया आक्रोश जाहिर
रैली को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल ने अपने जोशीले भाषण में स्थानीय प्रशासन के अफसरों पर जमकर भड़ास निकाली।पटेल ने कहा कि कलेक्टर एसडीएम व अन्य अफसर भाजपा नेताओं के दबाव में काम कर रहे हैं और कांग्रेश के चुने हुए जनप्रतिनिधियों के द्वारा देने वाले आवेदनों पर किसी प्रकार की एक्शन नहीं लेते और उन पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं।
बंगाली डॉक्टर से मिलते हैं लिफाफे, आबकारी अधिकारी रहते हैं गायब
पटेल ने अपने भाषण में जिला प्रशासन पर सीधे-सीधे आरोप लगाते हुए यहां तक कह डाला कि पूरे जिले में बंगाली डॉक्टरों का बोलबाला है जिस पर प्रशासन का कोई नियंत्रण नहीं है, क्योंकि सभी बंगाली डॉक्टरों से प्रशासन व सीएमएचओ को प्रति माह लिफाफे मिलते हैं। इसके अलावा जिले में अवैध शराब का धंधा भी जोरों पर है जिस पर प्रशासन कोई अंकुश नहीं लगा पा रहा है। जिले में स्थिति ऐसी हो गई है कि अधिकारी सब मनमानी कर रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी जिले से गायब रहते हैं और कलेक्टर मैडम उन पर कोई एक्शन नहीं लेती है। यदि प्रशासन का रुख ऐसा ही रहा तो कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ भी आंदोलन करेगी। जिला अध्यक्ष महेश पटेल ने कलेक्टर सुरभी गुप्ता व एसडीएम लक्ष्मी गामड़ का नाम लेकर सीधे तौर पर कहा कि आप अपना रवैया सुधारे लोकतंत्र में विपक्ष की व चुने हुए जनप्रतिनिधियों को नकारना बहुत गलत है।अफसर लोग अपना आचरण सुधार ले अन्यथा आंदोलन करने में कोई कसर नहीं की जाएगी।
विधायक ने कलेक्टर पर लगाया आरोप
विधायक मुकेश पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब से कांग्रेस की सरकार गई तब से कलेक्टर व प्रशासन के अधिकारियों ने अपना रवैया बदल लिया है। जबकि कांग्रेस शासन के समय हमारे द्वारा प्रशासन के सभी अधिकारियों का सम्मान पूर्वक व्यवहार किया जाता था विधायक पटेल ने आरोप लगाया कि मेरे द्वारा फोन लगाने पर भी कलेक्टर मैडम मीटिंग में व्यस्त होने का बहाना बनाकर झूठ बोल रही हैं उनको इस प्रकार का आचरण करना शोभा नहीं देता। हम जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। विधायक पटेल ने भी प्रशासन को अपना व्यवहार बदलने की नसीहत दी और कहा कि यदि भेदभाव पूर्ण वाली प्रणाली नहीं बदली तो आंदोलन करेंगे।
रैली को जोबट विधायक कलावती भूरिया व झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया ने भी संबोधित किया। संचालन कार्यवाहक जिला अध्यक्ष ओम सेठ ने किया।
कलेक्टर गेट पर हुआ हंगामा
भाषण समाप्ति के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल अपने उत्साही समर्थकों व कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट के अंदर प्रवेश करने वाले मुख्य द्वार के पास पहुंचे और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पटेल ने सख्त लहजे में कहा कि हमारे द्वारा 4 दिन पहले ही रैली की अनुमति के लिए आवेदन दे दिया गया था किंतु प्रशासन ने जानबूझकर हमें अनुमति क्यों नहीं दी? इसका खुलासा प्रशासन को करना चाहिए,पटेल ने यह सवाल किया कि इसके पूर्व नगर में कई दिनों से रैली धरना व कार्यक्रम हुए आज तक प्रशासन ने कितने को अनुमति दी व किसे गिरफ्तार किया, उन पर क्या कार्यवाही की इसका जवाब प्रशासन हमको दे। पटेल के सुर में सुर मिलाते हुए झाबुआ विधायक भूरिया ने भी यह बात कही की लोकतंत्र में विपक्ष का भी सम्मान प्रशासन को करना चाहिए और एक तरफा कार्यवाही नहीं करना चाहिए। महेश पटेल व विधायक भूरिया के सवालों पर कलेक्टर एसडीएम खामोश खड़े रहे उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। अंत में जिलाध्यक्ष पटेल ने किसान आंदोलन के समर्थन में कलेक्टर सुरभि गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। इसके पश्चात रैली का समापन हुआ। रैली में पूरे जिले के कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया जिसमें खुर्शीद अली दीवान रमेश मेहता, जोबट से रेमंड निगम, उदयगढ़ से कमरू भाई अजनार, राजेंद्र टवली, सुरेश सारडा, सोनू वर्मा, इरफान मंसूरी, मंसूर मर्चेंट सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।





