मानव सेवा में समर्पित रहा पूरा जीवन
उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट
मानव सेवा को माधव सेवा मानकर मन, वचन, कर्म से आजीवन मानव सेवा में समर्पित रहे श्री नाथू दास जी शर्मा *दास बाबू* का 87 वर्ष आयु में गुरुवार अल सुबह निधन हो गया। चिकित्सा पेशे से जुड़े दास बाबू ने सरकारी नौकरी छोड़कर उदयगढ़ झाबुआ और अन्य कस्बों में हेल्थ क्लीनिक संचालित कर मात्र ₹10 शुल्क में गरीब, बेसहारा लोगों का उपचार किया।इस ₹10 शुल्क को भी उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों में खर्च किया।
नारायण सेवा संस्थान उदयपुर से जुड़े रहकर उन्होंने अनेक दिव्यांग जनों को कृत्रिम हाथ, पैर लगवा कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने का काम किया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयगढ़ सहित अन्य कई जगहों पर उन्होंने वाटर कूलर लगवाए।सामाजिक कुरीतियों रूढ़िवाद के प्रति भी जागरूकता लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रियासत कालीन उदयगढ़ के श्री राम मंदिर के नव निर्माण में भी दास बाबू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बीते 10 वर्षों से आप झाबुआ में रह रहे थे।गेल मुक्तिधाम में दादा का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र अजय शर्मा ने दी। अंतिम यात्रा में झाबुआ, राणापुर, उदयगढ़ के नागरिकों सहित परिजनों ने शामिल होकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
अजय शर्मा गायत्री मेडिकल स्टोर उदयगढ़ के संचालक,हाथीपावा गुड मॉर्निंग ग्रुप के संस्थापक, रोटेरियन सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं से जुड़े होकर अपने पिता के नक्शे कदम पर मानव सेवा को माधव सेवा मानकर सेवा कार्यों से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र मोहित शर्मा चिकित्सा की पढ़ाई पूर्ण कर अपने दादाजी के मानवीय सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना चाहता है।
Share on WhatsApp
