समझाइश खूब हुई
उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट
वैश्विक महामारी कोरोना के प्रचार-प्रसार और समझाइश के अमूमन सारे तौर-तरीके अपनाने के बाद अब प्रशासन ने तरीका बदल दिया है।पुलिस विभाग ने 2 दिन में 38 लोगों के चालान काट 6100/- रुपए का राजस्व वसूल किया है। चालान बिना मास्क के दुकानदारी करने और असुरक्षित और तरीके से वाहन चलाने पर काटे गए हैं। चालान के साथ ही बिना मास्क वालों को मास्क वितरित किए गए।
थाना प्रभारी पीएस डामोर एवं एमके रघुवंशी के निर्देशन में टीम बना कर यह कार्रवाई की गई। पूर्व में ग्राम रक्षा समिति, सुरक्षा समिति, व्यापारी संगठन आदि की बैठक में समझाइश देने के साथ ही थाना प्रभारी ने दल बल के साथ व्यक्तिगत तौर पर दुकानों पर जाकर आग्रह किया था कि दुकानदार स्वयं भी मास्क पहने और आने वाले ग्राहक को भी मास्क पहनने का कहें। इसी तरह बाइक चालकों से भी कहा था कि वह मास्क, हेलमेट, सामाजिक दूरी का पालन करें ।बाजार में गति नियंत्रित रखें।सामान्य तौर पर दी जा रही हिदायत जब बेअसर रही तो एसडीएम अखिल राठौर तहसीलदार वंदना किराडे से चर्चा उपरांत चालानी कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह अनारे ने बताया कि बाजार का सतत निरीक्षण कर नियमों को नहीं मानने वाले पर नजर रखी जा रही है।चालानी कार्रवाई के बाद भी यदि कोई नियम का उल्लंघन करता है तब अन्य धाराओं में कार्यवाही की जा सकती है।
अभियान के दौरान कई लोगों ने पुलिस को देख कर मास्क पहना तो कई ने बाइक पलटा कर रवानगी ली। पुलिस कार्रवाई का असर दुकानों के समय पर भी देखने में आया। शनिवार को समय पर ही बाजार बंद हो गया।
Share on WhatsApp

