*922 परिवार के 5944 लोगों की स्क्रीनिंग*
*पांचवे दिन उदयगढ़ अनलॉक*
उदयगढ़।
4 दिन के स्वैच्छिक लॉक डाउन के बाद उदयगढ़ मंगलवार को अनलॉक हुआ शुक्रवार को उदयगढ़ मे फूटे कोरोना बम के बाद अब लगातार राहत भरी खबर आ रही है। यहां एक साथ एक ही परिवार में पांच कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे जिसके बाद क्रमशः 73 व 50 लोगों के सैंपल लिए गए ।रविवार को 73 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। 50 लोगो की रिपोर्ट सोमवार को आना थी जो देर शाम तक नहीं आई ।
खंडाला मार्ग पर सोमवार को 62और लोगों के सैंपल एकत्रित कर जांच हेतु जिला चिकित्सालय भिजवाए गए हैं। इस तरह से कुल 185 नमूनों में 73 की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है । शुक्रवार को हाट बाजार होने से उदयगढ़ बंद ही रहता है जबकि शनि, रवि और सोम को स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक सलाह पर बतौर एहतियात कोरोना की चेन तोड़ने के मकसद से उदयगढ़ स्वैच्छिक लॉकडाउन रहा ।
सोमवार शाम को थाना प्रभारी एमके रघुवंशी ने उदयगढवासियों को आवश्यक सुझाव, दिशा निर्देश देते हुए कहा कि हाथ पर हाथ रखकर बैठने से काम नहीं चलेगा । कोरोना से बचाव के लिए शासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुझाए गए बिंदुओं पर अमल करें। सुरक्षित तरीके से सतर्क होकर काम धंधे में जुटे। उन्होंने कहा कि दुकानदार स्वयं भी मास्क पहने और आने वाले ग्राहक को मुंह ढक कर आने के लिए कहे। बिना मास्क पहने दुकानदारी करते पाए जाने पर दुकानदार और ग्राहक पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने नाप दिया 5 दिनों में पूरा गांव*
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं जोबट एडीएम के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ले मात्र 5 दिनों में पूरा गांव नाप दिया है।
उदयगढ़ मे 922 परिवार निवासरत होकर यहां की जनसंख्या 5944 है । सीबीएमओ डॉ अमित दलाल ने बताया कि पांच दिन में पूरे गांव को कवर करने के हिसाब से स्वास्थ्य विभाग की 10 टीम बनाई गई । 3 जुलाई से टीम ने मोहल्ले/फलिये मे घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया। एक दिन मे 10 फलिए का सर्वेक्षण किया गया। 5 दिन के सर्वे में 44 लोग सर्दी खांसी से पीड़ित पाए गए हैं। इन्हें उचित उपचार एवं सलाह दी गई। टीम की खासियत यह रही कि इसमें कोविड- 19 के तहत नियुक्त कर्मचारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को शामिल करने के साथ ही सुपरविजन के लिए डॉ शिखा शर्मा और डॉ निर्मला निगवाल को संलग्न रखा गया। आयुष विभाग की पूरी टीम ने भी घर घर जाकर आयुर्वेदिक काढे का वितरण किया।
*बीमार होकर उपचार करवाने से बेहतर है सावधानी रखें*
एसडीएम अखिल राठौर एवं नायब तहसीलदार वंदना किराडे ने भी ग्रामवासियों को सलाह दी है कि बीमार होकर उपचार करवाने से बेहतर है कि वह सावधानी बरतें । इम्यूनिटी पावर बढ़ाने के लिए आयुर्वेदिक काढे को पिए। सामाजिक दूरी अपनाएं व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्वच्छता का ध्यान रखें। भीड़ से बचे । गैर जरूरी काम से बाहर आना जाना नहीं करें। अस्वस्थ होने पर सरकारी अस्पताल एवं चिकित्सकों से संपर्क करें।
Share on WhatsApp

