नवंबर तक घर घर पहुंचने वाले राशन में प्रशासन का सहयोग करे भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा जिला कार्यालय पर ग्रामीण व आंबुआ मंडल की संयुक्त बैठक संपन्न
अलीराजपुर न्यूज
कोरोना जैसी महामारी से विश्व ने गुठने टेक दिए लेकिन देश की मोदी सरकार ने मजबुती से कोरोना महामारी का मुकाबला कर देशहित में कठोर निर्णय लेकर देश को सुरक्षित रखने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश की जनता को विश्वास है वे जो भी निर्णय लेते है जनता उनका पूरा समर्थन करती है। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने संकट के समय गुजरात व अन्य राज्य के २६ लाख प्रवासी मजदूरो को लाने की व्यवस्था की। वहीं गुजरात से प्रवासी मजदूरो को लाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने 20 हजार करोड़ रूपए का बजट बनाया जिसमें से 1 हजार करोड़ रूपए मप्र की सरकार को मिला, वहीं सरकार द्वारा मजदूरो को काम भी उपलब्ध करवाया गया। लेकिन कांग्रेस की कमलनाथ सरकार में सोसायटी का सारा अनाज बाजार में बेच दिया गया, कांग्रेस के नेताओं ने अपना नाम कमाने के लिए गरीबो का अनाज घर से बांटा।
कांग्रेस की कमलनाथ सरकार में पैसे लेकर अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया।लेकिन भाजपा की सरकार जनहित से जुड़ी हुई सरकार है इसीलिए जनहित की योजनाए संचालित कर रही है।यह बात भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नागरसिंह चौहान ने सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय पर आयोजित आलीराजपुर ग्रामीण मंडल व आंबुआ मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं। उक्त बैठक मोदी सरकार का दूसरे कार्यकाल के 1 वर्ष पूर्ण होने व शिवराजसिंह सरकार के कार्यकाल का १०० दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गई थी। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष वकीलसिंह ठकराला, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनसिंह भाई,आंबुआ मंडल अध्यक्ष जुवानसिंह,नगर मंडल अध्यक्ष रिंकेश तंवर, पूर्व मंडी अध्यक्ष आजमसिंह अवास्या, पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मेहताबसिंह कनेश भी मंचासीन थे।
गरीब लोगों को लाभ पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नागरसिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार चाहे केंद्र की हो या प्रदेश की दोनो मिलकर प्रदेश के बेहतर विकास के लिए एवं गरीब किसान, मजदूर एवं आमजन के हित में कल्याणकारी योजना चला रही है।जिसका लाभ गरीबो तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है इसलिए हम गांव गांव जाए और प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के पत्रक को घर घर तक पहुंचाते हुए उनकी समस्याओं को सुन निराकरण करवाने का कार्य करे। चौहान ने कहा कि शासन द्वारा नवंबर माह तक 1-1 व्यक्ति को राशन दिया जाना है जिसमें भाजपा का हर कार्यकर्ता राशन घर-घर तक पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग करे।
भाजपा विकास करने वाली पार्टी
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष वकीलसिंह ठकरालान ने कहा कि भाजपा विकास करने वाली पार्टी है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है साथ ही गरीबों के लिए भी अनेको योजना बनाकर उन्हें लाभांवित किया जा रहा है। ठकराला ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सिर्फ झूठे वादे कर सरकार में आई, लेकिन सरकार बनने के बाद जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए, जनता काफी परेशान रही लेकिन प्रदेश में फिर से आमजन की चिंता करने वाली भाजपा की सरकार है इसलिए अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जनहित में बिजली के बिल आधा करने सहित अनेक योजना चला रहे है जनता को इसका लाभ दिलवाना हमारा दायित्व है।


