श्री लक्ष्मी नृसिंह मंदिर में रविवार को गुरु पूर्णिमा उत्सव उल्लास व श्रद्धा के साथ मनेगा

स्वामी श्री व्यंक्टेशाचार्यजी महाराज इस बार उत्सव में लेंगे भाग, भक्तों में उत्साह,
मंदिर में होंगे पर्व विशेष के कार्यक्रम
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
स्थानीय श्री लक्ष्मी नृसिंह मंदिर में रविवार 5 जुलाई को गुरु पूर्णिमा उत्सव उल्लास व श्रद्धा के साथ मनेगा। मंदिर के गादीपति स्वामी श्री व्यंक्टेशाचार्यजी महाराज इस बार उत्सव में विशेष तौर पर भाग लेंगे। जिसके चलते भक्तों में उत्साह व्याप्त हो गया है। मंदिर भक्त मंडल के प्रमुख राधेश्याम माहेश्वरी डी साब ने बताया कि मंदिर में प्रातः 8 से दोपहर 12 बजे तक गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया जाएगा स्वामीजी के चरण पूजन का कार्यक्रम भी होगा। स्वामीजी प्रातः 9 बजे से गुरु दीक्षा भी देंगे।


चांदोद के बजाए आलीराजपुर में पहली बार मनेगा उत्सव
मंदिर भक्त मंडल की ओर से बताया गया कि धर्म चक्रोदय श्रीश्री वत्स पीठाधीपति अनंत श्री विभूषित श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य श्री श्री 1008 स्वामी श्री वैंकटेशाचार्यजी महाराज के चरण पूजन एवं दर्शन का कार्यक्रम समायोजन करने का सौभाग्य हमारे नगर आलीराजपुर को प्राप्त हुआ है। धर्म नगरी आलीराजपुर के लिए यह बड़ी सौभाग्य की बात है। श्री वत्स पीठ, प्रमुख गुरु गादी चांदोद के इतिहास में यह पहला अवसर है कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव चांदोद में न होकर श्री लक्ष्मी नृसिंह मंदिर आलीराजपुर में होने जा रहा है। अतः इस दुर्लभ अवसर में पुण्य प्राप्त करने के लिए इस महोत्सव में सभी श्रद्धालु व भक्त जन सादर आमांत्रित है। इस उत्सव में यजमान व यजमान के पद एवं पूजन के निर्धारण करने हेतु न्यौछावर राशि भी निर्धारित की गई है। श्री लक्ष्मी नृसिंह मंदिर में स्थानीय गुरु भक्तों के अलावा गुजरात, राजस्थान व मप्र के अन्य स्थानों से भी गुरु भक्त भाग लेने के लिए आएंगे जिन्हें मंदिर में सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखते हुए क्रम से प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
 
Share on WhatsApp