उदयगढ़ में देवड़ा परिवार के पांच सदस्य निकले कोरोना पाजिटिव,
उदयगढ़ को कंटेनमेंट एरिया किया गया घोेषित, पांचों मरीजों को जिला अस्पताल लाया गया
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
जिले में अनलाक-2 के दौरान उदयगढ़ कस्बे में एक ही परिवार के पांच सदस्य एक साथ कोरोना पाजिटिव निकले है। जिसके चलते जिले में एक बार फिर से हड़कंप मचने जैसी स्थिती है। पांचों कोरोना पाजिटिव मरीजों को जिला अस्पताल आलीराजपुर लाया जा रहा है। जहां उन्हें विशेष तौर पर बनाए गए आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है। सीएमएचओ डाॅ प्रकाश ढोके, मेडिकल टीम व प्रशासन की टीम सभी मरीजों को लेकर शाम सवा पांच बजे करीब उदयगढ़ से आलीराजपुर के लिए रवाना हो चुकी है।
देवड़ा परिवार के है पांचों सदस्य
सीएमएचओ डाॅ प्रकाश ढोके ने अलीराजपुर न्यूज को बताया कि उदयगढ़ में बस स्टेंड क्षेत्र में रहने वाले देवड़ा परिवार के सदस्य कुछ दिनों पूर्व गुजरात गए थे जहां से वे लौटकर आए तो सूचना मिलने पर उनके सैंपल लिए गए थे जिसकी जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उसके बाद से पूरी प्रशासनिक व मेडिकल टीम उदयगढ़ पहंुची और पांचों मरीजों को जिला अस्पताल लाने की तैयारी की गई है।
उदयगढ़ बना कोरोना हब
जिले में अब तक कोरोना पाजिटिव के जितने भी केस निकले है वे सभी यही के निकले है सिर्फ एक केस आजादनगर भाबरा का निकला था जिसका संबंध भी उदयगढ़ से ही था। इस प्रकार जिले का उदयगढ़ क्षेत्र कोरोना हब बना है। कुछ दिनों पूर्व उदयगढ़ के एक चालक का बड़ौदा में कोरोना टेस्ट किया था जो कि पाजिटिव निकला था। वह मरीज बड़ौदा में ही उपचाररत है। इसके पूर्व उदयगढ़ के दोनों मरीज पूर्व में ही ठीक हो चुके है। जिले में उदयगढ़ के अब तक 7 मरीज, भाबरा का एक और एक शहडोल का मजदूर पाजिटिव निकला है। जिसमें एक ही परिवार के पांच सदस्य पहली बार कोरोना पाजिटिव निकले है। इससे जिले में फिर से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
अंत्येष्टि मे शामिल परिवार को किया था क्वारंटाइन
गोधरा गुजरात में एक वृद्ध की संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हो गई थी । उदयगढ़ निवासी यशवंत देवड़ा परिवार सहित अपने उस परिजन की अंत्येष्टि में शामिल होकर घर लौटे। स्वास्थ विभाग को सूचना मिलने पर उन्होंने पूरे परिवार का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जांच नमूने लिए और उन्हें क्वारंटाइन करते हुए घर पर हीं रहने की सलाह दी गई थी । सीबीएमओ डॉ अमित दलाल ने बताया कि सूत्रों से जानकारी मिलने पर स्वास्थ विभाग की टीम ने यशवंत देवड़ा के घर जाकर सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। एक महिला का स्वास्थ्य कुछ ठीक नहीं होने पर उन्हें उचित उपचार दिया गया। परिवार को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन करते हुए सलाह दी कि वह अन्य लोगों के संपर्क में नहीं आए।


