जिले में कोरोना के केस मिलने पर भी ग्रामीण अंचल तक फैला डर,
मुख्य मार्गों पर भी बेरियर लगाकर, खाइयाँ खोदकर आवाजाही बंद कर रहे ग्रामीण
कट्ठीवाड़ा से प्रेम गुप्ता की रिपोर्ट
जिले के पहले कोरोना मरीज की पुष्टि 16 अप्रेल को हो जाने के बाद क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में इस वैश्विक महामारी का डर गहरा गया है। कोरोना संक्रमित की आजाद नगर की ट्रेवल हिस्ट्री होने से क्षेत्र में अनेक तरह की आशंकाओं, कुशंकाओं का बाजार भी गर्म है।
मुख्य मार्ग बंद किया
कट्ठीवाड़ा तहसील के आजाद नगर की सीमा से लगते क्षेत्रों और आजाद नगर को जोड़ने वाले मार्ग को भी वहां के ग्रामीण बंद कर कर रहे है। आजाद नगर से आने वाले मार्ग पर स्थित ग्राम सयडा के ग्रामीणों गोविंद, दिलीप, रायसिंह, नंदू चैहान ने बताया कि उन्होंने सभी ग्राम वासियों से चर्चा कर क्षेत्र में बाहर से आने वाले सभी संपर्क मार्गों को कंटीले झाड़ों, पेड़ों से बंद कर दिया गया है। कुछ जगहों पर खाई भी खोद दी गई है जिससे छोटे दुपहिए वाहन भी नही निकल सके। आजाद नगर से आने वाले मुख्य मार्ग को भी आपात कालीन सेवाओं को छोड़कर बंद कर दिया है।
आमखुट-बडी सर्दी-कट्ठीवाड़ा मार्ग भी बंद किया
ग्राम बड़ी सर्दी के ग्रामीणों ने भी अपने क्षेत्र को सम्पूर्ण लॉक डाउन कर दिया है। सरपंच सवाई सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य कुसुम संजय तोमर, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र चैहान, वसीम अली सैय्यद, पटेल रमेश तोमर, थान सिंह तोमर, मुकेश तोमर, अमित तोमर, प्रदीप तोमर, अनास बघेल ने बताया की लॉक डाउन में क्षेत्र जी सभी दुकाने सख्ती से बंद रहेगी। इस दौरान आमखुट, आजादनगर, आलीराजपुर से आने वाले सभी तरह के दोपहिया, चैपहिया वाहनों का आना जाना पूरी तरह बंद रहेगा। ग्रामीणों ने बताया कि लॉक डाउन घोषित होने के बाद भी समीपस्थ कस्बों से ग्रामीण बड़ी सर्दी क्षेत्र में घूमने, खरीदी करने बड़ी संख्या में आ रहे है, जिससे क्षेत्र में संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
ग्राम पंचायत वाव के ग्रामीणों ने भी अपने क्षेत्रों में लॉक डाउन पूरी तरह से बाहरी आमद प्रतिबंधित कर दी है। यहां के ग्राम वाव, जेतपुर, करहा के ग्रामीणों ने समीपस्थ गुजरात के ग्रामीणों के क्षेत्र में खुले रूप में आवागमन करने के खतरे के चलते अपनी पंचायत को पूरी तरह लॉक डाउन करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी क्षेत्र के युवा राजेश तोमर ने दी।



