अधिकारियों को दिए उचित दिशा निर्देश
उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट
झाबुआ जिले की सीमा से सटे उदयगढ़ मुख्यालय पर एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद कलेक्टर ने पूरे जिले में कर्फ्यू घोषित कर दिया है वहीं उदयगढ़ के 3 किलोमीटर एरिया मे़ विशेष सतर्कता बरतते हुए अन्य क्षेत्रों से लगने वाली सारी सीमाएं सील कर दी है। पड़ोसी झाबुआ जिले के समस्त छोटे बड़े पहुंच मार्ग भी बंद कर दिए गए हैं । बुधवार देर शाम झाबुआ एसपी विनीत जैन ने सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण किया । गुरुवार को डीआईजी (ग्रामीण) इंदौर रेंज सुशांत सक्सेना, अलीराजपुर कलेक्टर सुरभि गुप्ता, एसपी विपुल श्रीवास्तव, सीएमएचओ डॉक्टर प्रकाश ढोके, एसडीओपी दिलीप बिलवाल आदि अधिकारियों ने क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।
डीआईजी सुशांत सक्सेना ने डीएसपी एवं उदयगढ़ के थाना प्रभारी आशीष पटेल से पुलिस कर्मचारियों की आवास व्यवस्था, पारिवारिक समस्या, ड्यूटी चार्ट की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सुरक्षित तरीके से कर्तव्य निभाएं। अन्य प्रांत/बाहरी जिले कोई भी जाना अनजाना व्यक्ति चोरी छुपे आने ना पाए इसका विशेष ध्यान रखें।
कलेक्टर सुरभि गुप्ता ने उदयगढ़ के बंगाली डॉक्टर तथा लैब टेक्नीशियन के संपर्क में आए लोगों की जानकारी सीबीएमओ डॉक्टर अमित दलाल से ली। सीएमएचओ ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए इंतजार खान से सीधे संपर्क में रहे माता, भाई, भाभी, एक मित्र, कामवाली बाई, बंगाली डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन व दो अन्य सहित कुल 8 लोगों को अलीराजपुर मे आइसोलेट किया गया है जबकि इंतजार खान को बुधवार शाम को ही एक विशेष एंबुलेंस से इंदौर रेफर कर दिया गया है।
एसपी विपुल श्रीवास्तव ने सीमा बंदी की जानकारी के साथ ही कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी, कर्मचारी आवश्यक सतर्कता,सावधानी बरतें। मास्क लगाने सेनीटाइजर साथ में रखने ड्यूटी के बाद नहाने, कपड़े धोने और परिजनों से दूर रहने की उन्होंने सलाह दी।
*उदयगढ़ में 15 घरों को किया क्वॉरेंटाइन।*
उदयगढ़। उदयगढ़ कस्बे 922 परिवार निवासरत होकर यहां की कुल जनसंख्या 5994 है। डॉ अमित दलाल ने बताया कि गुरुवार शाम तक 4425 लोगों की स्क्रीनिंग कर ली गई है । निजी लैब टेक्नीशियन दूध का व्यवसाय भी करता है अतः उसके द्वारा संपर्क में आए 19 घरों के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है सैंपल लिए जाएंगे। इसी तरह बंगाली डॉक्टर के संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
जन शिक्षक इंतजार खान ने उज्जैन से लौटने के बाद अस्वस्थ अवस्था में जनपद मुख्यालय पर बनाई गई कोरोना हेल्पलाइन डेट पर काम किया। ड्यूटी रजिस्टर के अनुसार इंतजार खान ने वहां 3 दिन अपनी सेवाएं दी जबकि बीआरसी रामसिंह सोलंकी का कहना है कि इंतजार ने सिर्फ 31 तारीख को ही यहां अपनी सेवाएं दी। संपर्क में रहे 7 जन शिक्षको
इकबाल शेख, ज्ञानसिंह चौहान, आशीष राठौड़, मनीष भावसार, पंकज बामनिया, रामपाल सिंह कनौजिया को घर में ही कोरेंटिन किया है। बीआरसी राम सिंह सोलंकी राणापुर से यहां गमना गमन करते हैं उन्हें यहीं हॉस्टल में जबकि राणापुर स्थित उनके घर को भी क्वॉरेंटाइन किया गया है। बंगाली चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन, संक्रमित व्यक्ति घर सहित आसपास के दो घरो को भी क्वॉरेंटाइन किया गया है।

