इंतजार के परिजनों व संपर्क वालों को किया गया जिला अस्पताल में आईसोलेटेड,
संपर्क में आने वाले 41 लोगों के सैंपल तुरंत लेकर जांच के लिए भेजे गए
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
जिले के पहले कोविड-19 कोराना वायरस पाॅजिटिव मिले उदयगढ़ के जनशिक्षक मोहम्मद इंतजार खान को जिला प्रशासन के निर्देश पर उच्च चिकित्सा व उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल बुधवार 15 अप्रेल की रात को ही विशेष टीम ने एंबूलेंस से रैफर कर दिया हैं। चिकित्सकों के अनुसार कोराना पीड़ित की स्थिती अभी ठीक है। वह सामान्य तौर पर चल फिर रहा है। वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन व मेडिकल टीम ने इंतजार खान की जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आते ही इस मामले की तत्परता से जांच आरंभ कर दी कि ये 9 अप्रेल को जिला अस्पताल में भर्ती होने से पहले कितने लोगों के संपर्क में आया साथ ही उसके परिवार, मित्र व एक बंगाली चिकित्सक सहित आठ लोगों को भी मेडिकल टीम ने लाकर जिला अस्पताल में बनाए गए विशेष आईसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। इस मामले में मेडिकल टीम ने कोताही नहीं बरती और देर शाम को ही आनन फानन में इंतजार खान के संपर्क में आने वाले अभी तक 41 लोगों के सैंपल लेकर उसकी जांच के लिए इंदौर भेजा गया है।
जिला अस्पताल में किया क्वारेंटाईन
सीएमएचओ डा प्रकाश ढोके ने अलीराजपुर न्यूज को बताया कि इंतजार खान की कोराना पाॅजिटिव रिपोर्ट निकलने के तुरंत बाद ही जिला प्रशासन के निर्देश पर मेडिकल टीम एक्टिव हो गई थी और बुधवार की शाम को ही इंतजार की मां, भाई, भाभी व एक दोस्त जो उसे दाहोद लेकर गया था व एक बंगाली डाक्टर जिसने उसका ब्लड प्रेशर जांच कर प्राथमिक उपचार किया था व अन्य तीन इस प्रकार कुल 8 लोगों को जिला अस्पताल में बनाए विशेष तौर पर बनाए गए आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कर सभी को क्वारेंटाईन में रख दिया गया है। जिन पर कड़ी निगरानी भी रखी जा रही है।
पूर्व के 99 सैंपल में से 30 की रिपोर्ट आना बाकि, 41 सैंपल और भेजे गए
सीएमएचओ डाॅ प्रकाश ढोके ने बताया कि पूर्व में भेजे गए 99 लोगों के सैंपल में से अभी 30 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट आना बाकि है 69 लोगों की जांच रिपोर्ट में 68 की रिपोर्ट निगेटिव निकली है वहीं इसमें से सिर्फ एक इंतजार खान की ही जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। हालांकि बुधवार की रात को इंतजार खान के संपर्क आने वाले 41लोगों के सैंपल और कलेक्टर कर भेजे गए है इसके सहित जिले से अभी तक 131 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके है।
पूरे अस्पताल स्टाफ के भेजेंगे सैंपल
चूंकि जिला अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में गत 9 अप्रेल से भर्ती इंतजार खान की रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद से ही जिला अस्पताल के स्टाफ में भी अंदर ही अंदर हड़कंप मचा हुआ है। सीएमएचओ डाॅ ढोके ने बताया कि दो दिनों में जिला अस्पताल के पूरे स्टाॅफ चिकित्सक, नर्से, लैब टैक्निीशीयन आदि के सैंपल भी लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।
अलीराजपुर न्यूज पोर्टल से जुड़े रहिए और जिले में कोरोना संक्रमण की जानकारी से खुद को अपडेट रखिए, पर अपने घरों में ही रहे सुरक्षित रहे।
कफ्र्यू को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन को मदद किजीए ये आप और हम सभी की जिंदगी बचाने व उसे सुरक्षित रखने के लिए ही काम कर रहे है।
