विनय रंगशाही फिर वहीं दिल लाया हूं की तर्ज पर पुनः बने जिला आबकारी अधिकारी,
रंगशाहीजी पहले हुए थे भोपाल अटैच, फिर भदौरिया बने डीईओ इनके निलंबित होने पर आरके बघेल बने
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
रिजवान खान सिटी रिपोर्टर
प्रदेश का आदिवासी बाहुल्य आलीराजपुर जिले में अफसरशाही को लेकर जो प्रयोग आए दिन होते रहते है उसको लेकर यह जिला सुर्खियों में आ जाता है। इस साल जनवरी 2020 की 16 तारिख को उस समय की कांग्रेस सरकार के द्वारा तत्कालिन जिला आबकारी अधिकारी विनय रंगशाही को भोपाल अटैच कर दिया गया था। उनके स्थान पर धमेंद्र भदौरिया को प्रभारी डीईओ बनाया गया। भदौरिया ने आते ही तूफानी बल्लेबाजी की और अवैध शराब फैक्ट्रियों को पकड़ने का बड़ा कारनामा कर दिखाया। किंतु टारगेट पूर्ति में कुछ लापरवाही के आरोप के चलते उनको निलंबित कर दिया गया। सूत्र बताते है उनको निलंबित किया नहीं बल्कि उनके खास मित्रों ने करवाया है। अब ये तो भदौरियाजी ही जाने कि उनके खास मित्र कौन है? वैसे भदौरियाजी ने जिले में अवैध शराब धरपकड़ अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबारियों व फैक्ट्रियों वालों की नाक में दम कर रखा था।
उनके बाद आरके बघेल को 21 मार्च को जिले में डीईओ का प्रभार दिया गया बघेल साब भी जिले में 16 दिन ही इस पद पर रहे और 6 अप्रेल को फिर से विनय रंगशाहीजी के इस पद पर पुर्ननियुक्ति के आदेश हो गए। हालांकि इस दौरान प्रदेश में सत्ता में काबिज कांग्रेस सरकार गिर गई और भाजपा सरकार की धमाकेदार वापसी हो गई। रंगशाहीजी ने अपने पुराने तरकश से तीर चलाए और प्रदेश में बिना आबकारी विभाग के मंत्री के बाद भी अपना आलीराजपुर में नियुक्ति का आदेश निकलवा लिया। अब यह देखना गौरतलब होगा कि रंगशाहीजी अपनी दूसरी पारी में पुराने रंग ढंग पर ही चलते है या फिर इस बार वे उदार होकर काम करेंगे। पत्रकारों के मोबाईल रीसीव नहीं करने के लिए भी रंगशाही जाने जाते है।
इस प्रकार से हुए है अलग अलग आदेश
आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर जिला आबकारी अधिकारी के पद पर राज्य शासन की ओर से फिर से विनय रंगशाही को फिर से नियुक्त कर दिया गया है। कार्यालय आबकारी आयुक्त मध्य प्रदेश मोतीमहल, ग्वालियर द्वारा दिनांक 16.01.2020 को अपने आदेश में विनय रंगशाही को वर्ष 2020-21 के शराब ठेकों के निष्पादन की तैयारी के लिये भोपाल स्थित कार्यालय अपर आबकारी आयुक्त, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता में तत्काल प्रभाव से संलग्न किया गया था। जिसके पश्चात कार्यालय आबकारी आयुक्त मध्य प्रदेश मोतीमहल, ग्वालियर द्वारा दिनांक 06.04.2020 को जारी आदेश में बताया गया कि कार्यालयीन आदेश क्रमांक पृष्ठांकन क्रमांक-7-ठेका/2020-21 कैम्प भोपाल दिनांक 16.01.2020 के आबकारी ठेकों के निष्पादन की तैयारी के लिये विनय रंगशाही जिला आबकारी अधिकारी आलीराजपुर को राज्य स्तरीय उड़नदस्ता मध्यप्रदेश भोपाल में संलग्न किया गया था। आबकारी ठेकों के निष्पादन संबंधी कार्य पूर्ण होने के पश्चात विनय रंगशाही को कार्यालय अपर आबकारी आयुक्त, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता भोपाल में संलग्नीकरण को समाप्त कर जिला आबकारी अधिकारी आलीराजपुर के पद पर उपस्थित होने हेतू आदेशित किया गया है।
ज्ञात हो कि इस दौरान उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता संभाग इन्दौर द्वारा अपने कार्यालयीन पत्र क्रमांकध्आब.ध्सहा.अधीध्2020ध्187 इन्दौर दिनांक 16.01.2020 में आदेश पारित कर आबकारी आयुक्त मध्यप्रदेश ग्वालियर के आदेश पृष्ठांकन क्रमांक-7-ठेकाध्2020-21 कैम्प भोपाल दिनांक 16.01.2020 से विनय रंगशाही जिला आबकारी अधिकारी आलीराजपुर को वर्ष 2020-21 के शराब ठेकों के निष्पादन की तैयारी के लिये भोपाल स्थित कार्यालय अपर आबकारी आयुक्त, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता में संलग्न किया गया था। इस दौरान उनके स्थान पर धर्मेन्द्रसिंह भदौरिया, सहायक जिला आबकारी अधिकारी संभागीय उड़नदस्ता संभाग इन्दौर को अपने वर्तमान के प्रभार के साथ साथ जिला आबकारी अधिकारी आलीराजपुर के पद पर नियुक्त किया गया था। किन्तु वर्ष 2020-21 के अंतर्गत देशीध्विदेशी मदिरा दुकानों के निष्पादन में की गई समीक्षा में आलीराजपुर जिले में स्थिति असंतोषजनक एवं निष्पादन संबंधी कार्यवाही निराशाजनक पाये जाने पर वाणिज्य कर विभाग मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल द्वारा दिनांक 20.03.2020 को जारी आदेश में धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया को आलीराजपुर जिले में निष्पादन प्रक्रिया में लापरवाही बरतने एवं असंतोषजनक कार्यवाही नहीं किये जाने के फलस्वरूप मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के अंतर्गत श्री भदौरिया को सहायक जिला आबकारी अधिकारी, संभागीय उड़नदस्ता, इन्दौर एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी जिला आलीराजपुर को निलंबित किया जा चुका है।
जिसके पश्चात आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर जिला आबकारी अधिकारी के पद पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुख्यालय ग्वालियर आर.के. बघेल को कार्यालयीन आदेश कैम्प भोपाल दिनांक 21.03.2020 के द्वारा जिला आबकारी अधिकारी आलीराजपुर का प्रभार दिया गया था। जिसके बाद आबकारी ठेकों के निष्पादन संबंधी कार्य पूर्ण होने के पश्चात विनय रंगशाही को कार्यालय अपर आबकारी आयुक्त, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता भोपाल में संलग्नीकरण को समाप्त करने के बाद विनय रंगशाही को जिला आबकारी अधिकारी के पद नियुक्त किया गया। जिसके बाद आर.के. बघेल को जिला आबकारी अधिकारी आलीराजपुर के प्रभार से मुक्त होकर सहायक जिला आबकारी अधिकारी, मुख्यालय, ग्वालियर के पद पर उपस्थित होने हेतू आदेशित किया गया है।



