आलीराजपुर नगर में 60 नागरिक क्वारेंटाईन, जिसमें 10 विदेश यात्रा से लौटे हुए
21 दिनों तक के लाक डाउन के दौरान कई लोग व संस्थाएं आगे आई
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
जिले में कोरोना वाइरस को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का अमला बेहद सतर्कता और तत्परता से काम कर रहा है। सीएमएचओ डाॅ प्रकाश ढोके के अनुसार जिले में अब तक सूचना मिलने पर बुधवार शाम तक 1300 नागरिकों को क्वारेंटाईन किया जा चुका है। जिसमें 60 नागरिक सिर्फ जिला मुख्यालय आलीराजपुर के हैं। इनमें से 10 नागरिक ऐसे है जो विदेश यात्रा से लौटे है। इन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दूसरी ओर पीएम मोदीजी के द्वारा पूरे देश में 21 दिन के लाक डाउन की घोषणा के पहले दिन पूरे जिला लाक डाउन रहा। पुलिस व प्रशासन ने पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती व नागरिकों को अपने घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। दवाई, सब्जी व किराना दुकानों को कुछ विशेष समय अवधि के लिए छूट दी गई हैं। जिले में 1300 लोगों को क्वारेंटाईन में रखने का आंकड़ा कई आशंकाओं को जन्म दे रहा है इस स्थिती में सभी जिले वासियांे से अलीराजपुर न्यूज यह अपील करता है कि वे अपने घरों से बिलकुल बाहर नहीं निकले पता नहीं कौन नागरिक संक्रमित है कौन नहीं है। डाॅ ढोके के अनुसार जिन नागरिकों को क्वारेंटाईन किया गया है ये सभी लोग देश के दूसरे प्रांतों से व विदेश से लौटे है अतः इनका क्वारेंटाईन एहतियातन किया जा रहा है।
कलेक्टर मैडम ने नहीं पहना मास्क
बुधवार देर शाम को कलेक्टर सुरभि गुप्ता और एसपी विपुल श्रीवास्तव ने बस स्टेंड पर आकर जिला मुख्यालय के हालात का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश अपने अपने मातहत अफसरों को दिए। हालांकि इस दौरान एसपी श्रीवास्तव तो मास्क पहने हुए दिखे किंतु कलेक्टर मैडम ने मास्क नहीं पहन रखा था। जिले की मुखिया होने के नाते अलीराजपुर न्यूज कलेक्टर मैडम से यह अपेक्षा करता है कि काम के दबाव के दौरान आप अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखे। यदि आप मास्क पहनेंगी तो जनता भी उसका अनुकरण करेगी।
संस्थाएं आगे आकर कर रही सहयोग
इस राष्ट्रव्यापी लाक डाउन के दौरान नगर की संस्थाएं आगे आई और गरीबों व आम नागरिकों को सहयोग करते हुए उन्हें लंच पैकेट व मास्क मुफ्त में बांट रही है। इसी क्रम में जागरुक नागरिक मंच व बिंदास गु्रप की ओर से गरीबांे व बेसहारा परिवारों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। यह काम बुधवार को भी किया गया। पुलिस प्रशासन के अफसरों को भी पैकेट दिए गए। वही अन्य संस्थाओं के द्वारा आम नागरिकों को मास्क वितरण का काम भी किया गया है। किराना व्यापारियों ने संकट की इस घड़ी में सोशल मीडिया पर सभी नागरिकों से अपील करते हुए बताया कि आम जन किराना सामग्री को लेकर घबराएं नहीं। सभी किराना व्यापारियों के पास पर्याप्त स्टाक है और होम डिलेवरी की सुविधा भी पूरे नगर में उपलब्ध करवाई जा रही है। असाड़ा राजपूत समाज की ओर से भी समाज भवन में सूखा अनाज गरीबों के लिए पैक कर उनका वितरण करने का कार्य किया जा रहा है।
जिले में पसरा सन्नाटा
पूरे जिले में लाक डाउन से चारों और विरानियत और सन्नाटा पसरा है। नागरिकगण अपने घरों में दुबके पड़े है। सब ईश्वर से प्रार्थन कर रहे है कि यह संकट की घड़ी शीघ्र ही टल जाए। हालांकि जिले में कोराना वाइरस को लेकर किसी प्रकार का पैनिक व उत्तेजना नहीं है। आम नागरिक अब कोरोना वाईरस की भयावहता को समझ गए है और सोशल डिस्टेंस बनाने में लगे है।


