नाली में गिरने से गाय की मौत, गौरक्षो ने जताया आक्रोश


क्लब रोड से हाटगली तक जाने वाला रास्ता हुआ अतिक्रमण का शिकार,
रसुकदारो ने गली में अतिक्रमण कर जमाया कब्जा
गिरीराज मोदी 
आलीराजपुर न्यूज। सिटी रिपोर्टर
 नगर के मध्य राजवाड़ा परिसर के समीप बजरंग कालोनी स्थित नाले में मंगलवार को एक गाय नाली में गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। कालोनीवासी की सूचना पर नगर पालिका कर्मचारी व गौरक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और गाय को बाहर निकाला गया। गाय की इस तरह दूर्दशा देख वहां मौजूद गौरक्षा समिति के सदस्यों ने आक्रोश जताते हुए नपा से मांग की की नगर में जो अवारा पशु घुम रहे है उन्हें कांजी हाउस मे बंद करने के साथ ही जिन पशु मालिकों के पशु है उन पर कार्रवाई करना चाहिए। गौरक्षों ने बताया कि यदि नपा के द्वारा आगामी दिनो में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन करने पर हमे मजबुर होना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि फतेह क्लब रोड़ से हाटगली तक जाने वाला रास्ता अतिक्रमण का शिकार हो गया है यहां पर कई रसुकदारो ने अपने मकानो को नियमों के विरूद्ध आपस में जोड़ लिया है।  


दूध निकालकर छोड़ देते है आवारा 
ज्ञात हो कि नगर में बड़ी संख्या में गाय घुम रही है इन गायो के मालिकों के द्वारा दूध निकालकर उनको बाजार में छोड़ दिया जाता है। गाय मालिकों के द्वारा इन गायो का ध्यान नहीं रखने के चलते ये गाये बाजार मे इधर उधर घुमती रहती है, कई बार वाहनो की चपेट में आने से इनकी मौत भी हो चुकी है साथ ही नगर मे पसरे कचरे मे पड़ी पालिथीन खाने से भी कई गायो की मौत हो चुकी है। लेकिन जिम्मेदार प्रशासन इस और ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके चलते गौरक्षकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। 

नगर मे होना चाहिए गौशाला 
गौरक्षा समिति के रमेश सोमानी, कैलाश नामदेव ने बताया कि नगर में गौशाला ना होने के चलते करीब 22 किमी दूर नानपुर गौशाला में असहाय गायो को भेजना पड़ता है। लेकिन वर्तमान में नानपुर गौशाला में भी पर्याप्त मात्रा में गाये होने से वहां पर जगह नहीं है। नगर पालिका को नगर मे गौशाला का निर्माण करना चाहिए ताकि अवारा गायो को वहां रखा जा सके व उनकी देखभाल की जा सके। 

गली में कर रखा है अतिक्रमण 
ज्ञात हो कि राजवाड़ा मार्ग एवं हाटगली मार्ग को जोडऩे के लिए एक गली बनी हुई है। लेकिन रहवासियों के द्वारा उस गली पर अतिक्रमण कर बड़े बड़े ओटले बना दिए गए है। जिससे वहां से आना जाना तो बंद हो ही चुका है साथ ही पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस गली से गाय एवं अन्य पशु निकलते रहते है लेकिन ओटले असमान रूप से बने होने के कारण कई बार गाये नाली में गिर चुकी है। मंगलवार को भी एक गाय नाली में गिर गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रहवासियों ने बताया कि इस गली मे पसरे अतिक्रमण को हटाने एवं सुचारू रूप से आवागमन के लिए नपा को कई बार आवेदन दिए जा चुके है लेकिन नपा द्वारा इस और ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नपा को इस गली में पसरे अतिक्रमण को हटाना चाहिए ताकि नगर के लोग इस मार्ग से आना जाना कर सके। 

फोन उठाना उचित नहीं समझा
घटना के संबंध में जब नपा सीएमओ संतोष चौहान से संपर्क किया गया तो उन्होंने अपना फोन उठाना उचित नहीं समझा। जिससे ऐसा लगता है कि नपा नगर की गली मोहल्लो में पसरे अतिक्रमण को हटाना नहीं चाहती।

रसुकदार लोगों ने कर रखा है कब्जा 
इस गली के आगे पीछे कुछ रसुकदार लोगों के मकान है जिन्होंने इस गली के उपर कब्जा कर रखा हैए गली का आवागमन पुरी तरह बंद हो चुका हैए आने वाले समय में यह गली में लोगों के मकान बन जाएंगे। कई बार मैरे पास शिकायत आई है, नपा में भी इस बात की सूचना की गई है लेकिन रसुकदार लोगो का दबदबा होने से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। नगरहित में नगर पालिका को इस मार्ग को चालु करना चाहिए में स्वयं कोशिश करूंगा। 
    -संतोष थेपडिय़ा, पार्षद वार्ड क्रमांक 3

Share on WhatsApp