देश की आजादी के बाद डूब क्षेत्र के झंडाना पटेल फलिए में पहंुची बिजली

विधायक मुकेश पटेल ने किया डीपी का लोकार्पण, 70 घरों को मिलेगी अंधेरे से मुक्ति
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो चीफ 
जिले के सोंडवा विकासखंड के दूरस्थ पहाड़ी अंचल के ग्राम झंडाना के कुछ फलियों में देश की आजादी को बाद पहली बार बिजली पहंुची हैं। झंडाना ग्राम नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध के डूब क्षेत्र में भी आता है। सालों से यह क्षेत्र विकास की बाट जोह रहा है। गत शनिवार 31 अगस्त को क्षेत्रीय विधायक आलीराजपुर से झंडाना ग्राम तक जीप से पहंुचे। जहां से मोटरबोट में बैठकर नर्मदा नदी के तट पर स्थित इसी ग्राम के पटेल फलिए में पहुंचे जहां पर करीब 70 घरों के लिए बिजली पहंुचाने के लिए लगाई गई डीपी का लोकार्पण विधि विधान से पूजा करते हुए किया। ग्राम के पटेल फलिए में मोटरबोट से पहंुचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तौर पर आदिवासी लोक नृत्य प्रस्तुत कर विधायक पटेल का स्वागत किया। यहां पर ग्रामीणों की ग्राम की कई समस्याओ के निराकरण की मांग विधायक से की।
सड़क निर्माण का प्रस्ताव करवाएंगे तैयार
ग्राम झंडाना के ग्रामीणों ने विधायक पटेल को मुख्य तौर पर बताया कि ग्राम झंडाना के इस फलिए में पहुंचने के लिए सिर्फ मोटरबोट व डोंगीयों का ही सहारा है। ग्राम के एक छोर से दूसरे छोर आने जाने के लिए पहाड़ी रास्ता बहुत लंबा व खतरनाक है। सरदार सरोवर बांध का बैक वाटर ग्राम के बहुत अंदर तक आ जाने से ऐसी स्थिती बन गई है कि पुराना संकरा रास्ता डूब गया हैं। जिसके चलते ग्रामीणों को इस फलिए तक पहंुचने के लिए नए सड़क निर्माण की अत्यधिक आवश्यकता हैं। इस पर विधायक पटेल ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अफसरों से चर्चा कर उन्हें यहां भेजेंगे जो कि पहले सर्वे करेंगे उसके बाद सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करवाया जाएगा। सड़क बनने का लाभ ग्रामीणों को मिलेगा।
तीन ग्रामों में बन गए है कई टापू
विधायक पटेल को ग्रामीणों ने बताया कि सरदार सरोवर बांध का बैक वाटर इस साल बांध को 134 मीटर से अधिक उंचाई तक भरने के कारण किनारे के तीन ग्राम झंडाना, सुगट व चमेली के कई फलिए टापू बन गए है। क्यों कि इन ग्रामों में ही डेम का बैक वाटर अंदर तक घुस गया हैं। बांध को और अधिक उंचाई तक भरने के कारण इन ग्रामों के और कई फलिए भी डूबेंगे। जहां पर ग्रामीणों का आना जाना और प्रभावित होगा।  इस पर विधायक पटेल ने ग्रामीणों को कहा कि जो लोग अभी यहां पर रह रहे है उनके लिए सरकार और प्रशासन पूरी तरह संे सजग है और उनकी समस्याओं का ध्यान रखेगा। 
तीन ग्रामों में 247 परिवार निवासरत
ग्राम में भ्रमण के दौरान ग्राम के सामाजिक कार्यकर्ता हिंगा सोलिया, किशोर सोलिया आदि ने विधायक पटेल को जानकारी दी कि चमेली, सुगट व झंडाना में अभी भी कुल 247 परिवार रह रहे है जो कि डूब के मुआवजे से वंचित हैं। इन परिवारों की जमीन घर आदि डूब में नहीं आने से ये अभी भी यहां रह रहे है। यहां पर ग्रामीणों को मूल भूत सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक पटेल ने कहा कि आप लोग आगामी पंचायत चुनाव में युवा व अनुभवी व्यक्ति को सरपंच बना कर भिजवाओ आप हम सब मिलकर इस क्षेत्र का विकास करने के लिए कृत संकल्पित हैं। ग्राम झंडाना में हुए डीपी लोकार्पण समारोह में जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष ओम सेठ राठौड़, विक्रम भाटिया, श्याम राठौड़ सैंडी, जीतू देवड़ा, झेतरसिंह, उत्तम कोठारी,, धर्मेंद्र चैहान, ग्राम के पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्राम झंडाना, सुगट के ग्रामीणजन उपस्थित थे। 
 ग्राम झंडाना से विधायक पटेल ग्राम उमरठ, अठ्ठा व मथवाढ़ के लिए रवाना हो गए। ग्राम उमरठ में सरपंच मोहन भाई ने विधायक पटेल का स्वागत किया और ग्राम पंचायत भवन पर ग्रामीणों से भेंट की और ग्राम से संबंधित समस्याओं के निराकरण के बारे में चर्चा की। ग्राम अठ्ठा में सोंडवा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष हरदास भाई के निवास पर ग्रामीणों से चर्चा के दौरान विधायक पटेल को ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी कर्मचारी श्रीमती भिंडे द्वारा अनाज सामग्री देने के नाम पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर महिला व बाल विकास विभाग के सहायक परियोजना अधिकारी विजयसिंह सोलंकी को फोन लगाकर उक्त महिला कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

Share on WhatsApp