आलीराजपुर जिले से 2 हजार से अधिक कार्यकर्ताओ ने महाकुंभ में की सहभागिता

प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष को पाकर जोश से झूम उठे लाखों कार्यकर्ता
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो
भारतीय जनता पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। पार्टी के कार्यकर्ता किसी भी विरोधी दल को दिन में तारे दिखाने की क्षमता रखते हैं। ये कार्यकर्ता मुसीबतों से घबराए बिना, दबावों के आगे झुके बिना और प्रलोभनों से डिगे बिना पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने के लिए विजय का संकल्प लें।  देश और दुनिया में सिर्फ  भारतीय जनता पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो पंडित दीनदयाल  के बताए रास्ते पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए राजनीति करती है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता महाकुंभ के दौरान मंगलवार को राजधानी के जंबूरी मैदान पर कहीं। 

इस कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से आए लगभग 10 लाख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदेश के 65 हजार बूथों से आए इन कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, फग्गनसिंह कुलस्ते, नंदकुमारसिंह चौहान, थावरचन्द गेहलोत व उमा भारती आदि ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को पार्टी का आधार बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव और वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों में पार्टी की जीत का परचम फहराने के लिए मार्गदर्शन दिया।  कार्यक्रम स्थल के आसपास कार्यकर्ताओं के स्थान, अल्पहार एवं भोजन की व्यवस्था की गई थी। 

पार्टी की महाविजय का शंखनाद किया
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हितेन्द्र शर्मा ने बताया की पार्टी के पितृपुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित इस महाकुंभ में आलीराजपुर एवं जोबट विधानसभा से आलीराजपुर एवं जोबट विधानसभा से 2 हजार से अधिक कार्यकर्ता आलीराजपुर विधायक नागरसिंह चौहान एवं जोबट विधायक माधोसिंह डावर के नेतृत्व में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। जहां पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने के लिए कार्यकर्ताओं से कड़े परिश्रम और उपलब्ध समय के पार्टी हित में सदुपयोग का आह्वान पार्टी के नेताओ के द्वारा किया गया। कार्यकर्ताओं ने अपने दोनों हाथ उठाकर आगामी चुनावों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प लिया और वंदे मातरम् के जयघोष से विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में पार्टी की महाविजय का शंखनाद किया।

 शर्मा ने बताया की इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में  प्रधानमंत्री ठीक 1 बजकर 5 मिनट पर मंच पर पहुंचे। उनके मंच पर पहुंचते ही पूरा पंडाल भाजपा जिंदाबाद और मोदी-मोदी के नारों से गंूज उठा। कार्यक्रम स्थल पर प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने अपनी मधुर आवाज से समा बांध दिया। उनके गीतों पर कार्यकर्ता झूमने लगे। इसके अलावा अन्नपूर्णा स्थल में 11 पंडालों में कार्यकर्ताओं के भोजन की व्यवस्था की गई थी। यातायात व्यवस्था को लेकर चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। अलग अलग पार्किंग की व्यवस्थाएं की गई थी।  महाकुंभ में शामिल होने के लिए दूरदराज के कार्यकर्ता बसों,ट्रेन के माध्यम से भोपाल पहुंचे थे। महाकुंभ से एक दिन पूर्व कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला प्रारंभ हो चुका था। जो धीरे धीरे बढता गया। 
Share on WhatsApp