अपनी ही सरकार के अफसरों पर जियोस की बैठक में नाराज हुए बीजेपी के दोनों विधायक

प्रभारी मंत्री के सामने कई योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायत
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो
जिला योजना समिति की बैठक पर आगामी विधानसभा चुनाव का असर साफ दिखाई दिया। शनिवार को कलेक्टोरेट सभा कक्ष में संपंन जियोस की बैठक में जिले के दोनों भाजपा विधायक सर्वश्री नागरसिंह चौहान व श्री माधोसिंह डावर ने अपनी ही सरकार के प्रभारी मंत्री श्री बालकृष्ण पाटीदार के सामने अफसरों की कार्यप्रणाली व जिले में कई शासकीय योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायतों का अंबार लगा दिया। विधायक द्वय ने कहा कि जिले में कई योजनाओं की हालत खराब है।जिले की कई सड़कें बदहाल है, छात्रावास व आश्रमों की स्थिती खराब है, स्वास्थ्य सेवाए खराब हैं, पात्र लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। शिक्षा सत्र के तीन माह बाद भी स्कूलों में गणवेश वितरण नहीं हुआ है। इस प्रकार के अन्य कई मामलों के शिकायती स्वर बैठक में दोनों विधायकों के सुनाई दिए। जिस पर अब क्या एक्शन प्रभारी मंत्री श्री पाटीदार व कलेक्टर श्री गणेशशंकर मिश्रा भविष्य में लेंगे यह देखना गौरतलब होगा। हालांकि विधायकों की शिकायतें सुनने के बाद प्रभारी मंत्री श्री पाटीदार बैठक में असहज दिखे और कलेक्टर श्री मिश्रा व अन्य अधिकारियों को दिशा निर्देश देने की औपचारिकता करते रहे। 
विधायकों ने जनता की नाराजगी को भांपा:
बैठक में जिले के दोनों विधायकों के द्वारा इस तरह से अफसरों की शिकायतें करते हुए नाराजगी जताना यह स्पष्ट करता है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बदहाल सड़कों, खराब स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य कई योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से जनता में सरकार के प्रति उपज रही नाराजगी को जिले के दोनों विधायक भांप चुके है। आदिवासी बहुल इस जिले में अफसरों की मनमानी, योजनाओं के क्रियान्वयन में की जाने वाली अनियमितताओं, लापरवाही व भ्रष्टाचार से आम नागरिकों, हितग्राहियों व स्कूली बच्चों में सरकार के प्रति नकारात्मक रुख व असंतोष पनपता हुआ दिखाई दे रहा है। जिसका खामियाजा जनप्रतिनिधियों को कहीं उठाना नहीं पड़ जाए जिसके चलते अब वे अलर्ट हो चुके है। किंतु सिर्फ अलर्ट होने से ही काम नहीं चलेगा। अब वास्तविक धरातल पर जनता को हो रही परेशानियों व तकलिफों को इन्हें दूर करना होगा अन्यथा सरकारी अफसरों की इस मनमानी व लेटलाली का विपरीत असर जनप्रतिनिधियों की छवि पर भी पड़ेगा और उन्हें चुनाव में जनता की नाराजगी झेलना पड़ सकती है।
जियोस की बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री बालकृष्ण पाटीदार।
खराब सड़कों पर लोगों को क्या जवाब दे?
जियोस की बैठक में खराब स्वास्थ्य सेवाओं, बदहाल सड़कों का मुद्दा दोनों विधायकों ने प्रमुखता से उठाया। विधायक श्री नागरसिंह चौहान ने आलीराजपुर मथवाढ़, उमराली सोंडवा आदि मार्गों की खराब हालत पर नाराजगी जताई तो वहीं विधायक श्री माधोसिंह डावर ने आंबुआ-भाबरा-सेजावाड़ा मार्ग की खराब हालत पर लोनिवि अफसरों को आड़े हाथों लिया। विधायक श्री डावर को तो यहां तक कहना पड़ गया कि लोग हमसे खराब सड़कों पर सवाल करते है तो हम क्या जवाब दे? यह मार्ग इतना खराब हो गया है कि इससे आने जाने में बहुत टाईम लग जाता है।
पीएम आवास योजना में गड़बड़ी:
विधायक श्री चौहान ने पीएम आवास योजना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि उमराली के तीन पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ नहीं मिला।  आली ग्राम पंचायत रोजगार सहायक ने लाखों रुपए की वित्तीय अनियमितता कर डाली। यह शिकायत भी विधायक चौहान को करना पड़ी। विधायक श्री डावर ने भी पीएम आवास योजना में आमखूंट ग्राम में 50 से अधिक मामलों में गड़बड़ी की शिकायत की। विधायक श्री चौहान ने जिले के कई स्वास्थ्य केंद्रों की खस्ता हालत पर कहा कि इन भवनों की हालत खराब है जिम्मेदार लोग यहां जाते नहीं है। साफ सफाई नहीं होती और इनके ताले भी नहीं खुलते है। 
तीन माह हो गए नहीं मिली गणवेश
दोनों विधायकों सहित भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल ने स्कूलों में अभी तक गणवेष नहीं मिलने का मामला भी उठाते हुए कह दिया कि नया शिक्षण सत्र आरंभ हुए तीन माह बीतने को है किंतु स्कूलों में अभी तक गणवेश का वितरण नहीं होना अफसरों की लापरवाही व कार्यप्रणाली को दिखा रहा है। गणवेश समय पर नहीं मिलने पर विधायकों के कड़े तेवर देखकर जिम्मेदार अफसर बगलें झांकने लगे। इसके अलावा शौचालय निर्माण, छात्रावासों की खराब गुणवत्ता, संबल योजना, समृद्धि योजना आदि के मामलों पर भी शिकायती स्वर में चर्चा हुई। जिन पर अफसरों ने जैसे तैसे सफाई देकर औपचारिकता पूरी की।
कलेक्टर श्री मिश्रा को देना पड़ा आश्वासन:
जियोस बैठक में दोनों विधायकों के तेवर देखकर कलेक्टर श्री गणेशशंकर   मिश्रा को कमान संभालना पड़ी और उन्हें शिकायतों वाले मामले में कार्रवाई का आश्वासन देना पड़ा। बैठक में जिले में विभिन्न स्थानों पर निर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन उपयोग नहीं होेने की बात विधायकद्वय द्वारा रखने जाने पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने 15 दिनों के भीतर मय फोटो ग्राफ जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश सीएमएचओ डा. प्रकाश ढोके को दिए।बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्वत, जियोस सदस्यगण, जिला पंचायत सीईओ श्री एमएल त्यागी सहित समस्त अधिकारीगण उपस्थित थे। 

Share on WhatsApp