आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो
जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आलीराजपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय वेस्ता पटेल की 15वीं पुण्यतिथि पर किसान सम्मेलन व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन जिला कांग्रेस और पटेल परिवार की और से किया गया। जिसमें पूरे जिले से हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी। कांग्रेस की रैली में हजारों की संख्या में पूरे जिले से कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण, किसान, आदिवासीजन आदि लोग उमड़े। रैली में उमड़ी भीड़ से आलीराजपुर की सड़कें पट गई। हजारों लोगों की भीड़ ने जिले की पूरी कांग्रेस को उत्साह से लबरेज कर दिया हैं। कांग्रेस की रैली में उमड़ी इस भीड़ ने गत 27 अगस्त को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा रैली की बराबरी कर कई संकेत दे दिए है।
नगर के टंकी मैदान से आरंभ हुई कांग्रेस की विशाल रैली में खुली जीप पर नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह राहुल भैया, क्षेत्रीय सांसद कांतिलाल भूरिया, जिला पंचायत झाबुआ की अध्यक्ष कलावती भूरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदारसिंह पटेल, कार्यवाहक अध्यक्ष महेश पटेल, नपा अध्यक्ष सेना पटेल, युवा नेता विक्रांत भूरिया विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पटेल, पूर्व विधायक सुलोचना रावत, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष उदयगढ़ कमरु अजनार खड़े होकर निकले व पूरे मार्ग पर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। बस स्टेंड पर विधायक चौहान के कार्यालय पर खड़े होकर कांग्रेस की रैली की उमड़ी भीड़ को देखने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने जोर से जय जय सियाराम बोलकर उनका अभिवादन किया।
उत्साही कांग्रेस जनों के लिए आने वाला समय वैसे अभी भी चुनौतीपूर्ण है। क्यों कि जिले की दोनों विधानसभा सीट पर यहां टिकट के अनेक दावेदार है। अब यह देखना गौरतलब होगा कि आज के कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन से जोश में आई कांग्रेस व उसके नेतागण कितनी एकजुटता से चुनाव में सक्षम व सुदृढ़ भाजपा का मुकाबला कर पाएंगे।
भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प
समाधि स्थल पर संपंन हुए किसान सम्मेलन में मंचासीन कांग्रेस नेताओं ने अपने अपने भाषण में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेते हुए सभी से आव्हान किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर भारी बहुमत से जीत दिलाए। टंकी मैदान से निकली रैली समाधी स्थल स्थित मैदान में जाकर सभा में परिर्विर्तत हो गई। सभा को कई नेताओं ने संबोधित किया।
भाजपा ने देश और प्रदेश को किया बर्बाद: सांसद कांतिलाल भूरिया
भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा जो भी वादे किए गए है वे खोखले ही साबित हुए है केंद्र में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि हम हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगेए महंगाई को कम करेंगे और विकास की गति को तेज करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों का समुचित विकास करेंगे लेकिन प्रदेश में 15 साल से राज कर रही शिवराज की सरकार एवं केंद्र में 4 साल से राज कर रही मोदी सरकार ने विकास पर ऐसी लगाम लगाई है की आज चारो और त्राही त्राही मची हुई है जहां एक और महंगाई चरम पर पहुंच रही है वहीं लोगों का रोजगार भी छिना जा रहा है भाजपा की दोनो सरकारो ने प्रदेश और देश को बर्बाद किया है। यह बात क्षेत्रीय सांसद कांतिलाल भूरिया ने मंगलवार को कांग्रेस द्वारा स्थानीय समाधि स्थल पर आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।
विधायकों पर लगाए आरोपः
उन्होंने आलीराजपुर विधायक नागरसिंह चौहान एवं जोबट विधायक माधोसिंह डावर पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों विधायक भ्रष्टाचार में लिप्त है और इनका एक ही काम है राम नाम जपना पराया माल अपना। सांसद भूरिया ने विधायक डावर पर नौकरी के नाम पर ३ करोड़ रूपए लेने का आरोप लगाया। इस दौरान सांसद भूरिया ने पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि आलीराजपुर विधायक नागरसिंह चौहान कांग्रेस में रहकर ही होशियार हुए है और पढ़ लिखकर वे भाजपा में चले गए और विधायक बन गए।
विकास कांग्रेस की देन हैः
सांसद भूरिया ने कहा कि आलीराजपुर जिले का विकास कांग्रेस की देन है। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के शासनकाल के दौरान योजना बनाते हुए आदिवासी क्षेत्र में स्कुल, छात्रावास, आश्रम, महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का निर्माण हमारे द्वारा करवाया गया। भाजपा सिर्फ झुठे आश्वासन देती है और झूठ बोलकर वोट लेती है। सांसद भूरिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि शिवराजसिंह चौहान जो अपने आप को मामा कहता है वो फर्जी मामा है और मेरे हिसाब से सकुनी मामा है।
भाजपा को हराकर बनाएंगे सरकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि इस क्षेत्र से बदलाव की शुरूआत होगी और हम आलीराजपुर जिले की दोनों सीट जीतकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। पटेल ने कहा कि 15 वर्ष के भाजपा के कुशासन में जनता परेशान है और मुख्यमंत्री जो जन आशीर्वाद यात्रा लेकर निकले थे वह सरकारी तंत्र के द्वारा एकत्रित की गई भीड़ थी। पटेल ने भाजपा पर पंचायती राज खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायती राज खत्म होने से ग्रामीण क्षेत्र का विकास रूक गया है और सरपंचों की हालत खराब हो गई है। इस दौरान पटेल ने विकास कार्यो की बात करते हुए कहा कि रेल हमारे द्वारा दी गई है। प्रधानमंत्री सड़के हमने बनाई है, कालेज हमने खोले है भाजपा ने किया क्या है?
15 सालों से हार रहे चुनाव पर चिंतन जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदारसिंह पटेल ने कहा कि हम सबको एकजूट होकर चुनाव कीलड़ाई लड़ना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मजबूत गढ़ को पिछले 15 वर्षो से पराजय का सामना करना पड़ रहा है इसके क्या कारण है यह हम सबको चिंतन करने की जरूरत है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सेना पटेल ने कहा कि अब समय कांग्रेस का है किसान से लेकर आमजन भाजपा से परेशान है।
सरपंचो के अधिकार भाजपा सरकार ने छीन लिएः
झाबुआ से आए युवा नेता विक्रांत भूरिया ने तीखे तेवरो में अपनी बात करते हुए कहा कि सरपंचो के अधिकार भाजपा सरकार द्वारा छीन लिए गए है और सरपंच आज भिखारी की स्थिति में आ गया है। भूरिया ने कहा कि सोसायटियो में शक्कर नहीं मिल रही, किसानों को मुआवजा नहीं मिल रहा। जोबट की पूर्व विधायक सुलोचना रावत ने सरकारी तंत्र पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपा के नेताओ के इसमे शामिल होने की बात कहीं।
झाबुआ जिला पंचायत अध्यक्ष कलावती भूरिया ने अपने भाषण में जमकर भाजपा सरकार उसके नेताओं और जिले के दोनों विधायकों के खिलाफ भड़ास निकालते हुए कहा कि हर सप्लाय और ठेकेदारी के काम में सभी भाजपा नेता लगे हुए है। जनता इन्हें समझ चुकी है आप सभी नेतागण पूरी ताकत से जुट जाओं और कांग्रेस को विजयी बनाकर उसकी सरकार बनवाओ।जिपं अध्यक्ष कलावती भूरिया ने कहा कि फसल बीमा के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है और किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल पा रहा है।
पूर्व विधायक को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम प्रारंभ होने के पूर्व आलीराजपुर के पूर्व विधायक स्व. वेस्ता पटेल की पुण्यतिथि पर सभी कांग्रेसी नेताओं द्वारा उन्हें याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए संकल्प लिया कि विगत 15 सालो से हमारे द्वारा केवल संकल्प ही लिया जा रहा है लेकिन इस बार हम प्रण लेते है की आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को पराजित कर स्व. वेस्ता पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि देंगे।
इस दौरान मंच पर कांग्रेस नेता कमरू अजनार, सुमेरसिंह अजनार, प्रकाश वकील,पूर्व सांसद प्रतिनिधि सुनील थेपडिय़ा, राहुल परिहार, राजेन्द्र पटेल, कालुसिंह गुनेरी, शहर काजी अफजल मियां, शमशेरसिंह पटेल मंसुर मंर्चेट मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन ओमसेठ राठौर ने किया। सभा में आए हुए सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। हजारों लोगों ने एक साथ बैठकर दाल, चावल, नुक्ती का भोजन भी ग्रहण किया।
ReplyForward
|