दो बाइकों की भिड़ंत में पति पत्नि की दुखद मौत

आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो
जिले के सोंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत उमराली कस्बे के समीप ग्राम बड़ी वेगलगांव में जन्माष्टमी के दिन सोमवार शाम को 7 बजे करीब एक दर्दनाक हादसा हो गया। दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार पति पत्नि की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार अज्ञात व्यक्ति टक्कर के बाद मौके से भाग निकला। यह ईश्वरीय चमत्कार है कि बाइक पर दंपती के साथ बैठी हुई उनकी ढाई साल की बच्ची और मां की गोदी में बैठी हुई दूधमुंही छह माह की बच्ची दोनों नीचे गिरने के बाद भी सुरक्षित बच गई। हालांकि बड़ी बेटी को सिर में चोट आई है। किंतु उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फोटो : कांतिलाल राठौड़ 

सीएमएचओ डाॅ प्रकाश ढोके ने बताया कि जिला अस्पताल में शाम को 8 बजे करीब मृत अवस्था में दशरिया पिता रायसिंह उम्र 35 व उसकी पत्नि पारली उम्र 30 को लाया गया था। साथ में बड़ी बच्ची रंगीता ढाई साल और दूसरी छह माह की छोटी बच्ची अंकीता भी थी। जिसमें रंगीता को सिर में चोटे थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार जारी है। इस दर्दनाक हादसे में पति पत्नि दोनों की एक साथ मृत्यु हो जाने से दोनों बच्चियों के सिर पर से मां बाप का साया छीन गया है।  हालांकि जिला अस्पताल में पहुंचे परिजन व अन्य रिश्तेदारों का रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। छोटी बच्ची अंकीता को अन्य परिजन बोतल से दूध पिलाकर संभाल रहे हैं। सीएमएचओ डाॅ ढोके ने बताया कि दोनों मृतकों का मंगलवार 4 सितंबर की सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। सोंडवा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस दूसरे बाइक चालक की तलाश कर रही है। इस हादसे की खबर से ग्राम बड़ी वेगलगांव में मातम पसर गया।
फोटो : देव पंवार

Share on WhatsApp