ऐतिहासिक फाग यात्रा में हर आम और खास हुआ शामिल
चारों और रंग गुलाल से सराबोर माहौल में पर्व की मस्ती में झूम उठी जनता
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
मो.नं. 7909750355
जिला मुख्यालय पर बुधवार रंगपंचमी का दिन बेहद यादगार रहा। रंगपंचमी के दिन चारों और बिखरे उल्लास व रंगों से भरे माहौल में हर कोई डूब गया। हिंदू समाज फाग यात्रा उत्सव समिति की ऐतिहासिक फाग यात्रा में हर आम और खास शामिल हुआ। हजारों नागरिकों की भीड़ में महिला, पुरुष, युवक युवतियां बच्चें उल्लास के साथ डीजे, ढोल मांदल की धुन पर थिरकते हुए संपूर्ण यात्रा मार्ग पर चले। फाग यात्रा आयोजन का यह चौथा साल था। पंचमुखी हनुमान मंदिर से आरंभ हुई यात्रा बस स्टेंड, एमजी रोड़, नीम चौक होते हुए बाहरपुरा में रामदेव मंदिर प्रांगण पर जाकर संपंन हुई।
फाग यात्रा में महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया।
करीब डेढ़ किमी लंबी दूरी की फाग यात्रा में पर्व की परंपरा निभाने के लिए नागरिकगण खुद को नहीं रोक सके। फाग यात्रा समिति की व्यवस्था बेहद जर्बदस्त व शानदार रही। फाग यात्रा में शामिल हजारों नागरिकों का पूरे मार्ग पर स्वागत इस ढंग से हुआ कि किसी की बारात में शामिल होकर जा रहे हो। कुल्फी, पानी की बोतले, छाज, शरबत व अंत में हजारों लोगों के नाश्ते की व्यवस्था बेहद सराहनीय रही।
बस स्टेंड पर कलेक्टर डा अरविंद अभय बेडेकर, एसपी राजेश व्यास एसडीएम तपीश पांडे एसडीओपी अश्विनीकुमार भी शामिल हुए। यहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष परवाल व फाग यात्रा समिति के सदस्यों ने इनका रंग गुलाल लगाकर स्वागत किया। दोनों अफसर कुछ देर यात्रा में शामिल रहे। फाग यात्रा में कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनिता चौहान, मप्र आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य व युवा नेता इंदरसिंह चौहान अपने अपने समर्थकों के साथ झूमते ठुमके लगाते हुए रंगपंचमी का आनंद लेते नजर आए।
कैबिनेट मंत्री चौहान फाग यात्रा में पुंगी बजाकर मजा लेते हुए।
फाग यात्रा में नगर के ब्राह्मण समाज, माहेश्वरी समाज, राठौड़ समाज, असाड़ा राजपूत समाज, जैन समाज, वाणी समाज, लोहार समाज, दशा वैष्णव पोरवाड़ समाज, हरसोला समाज, माली समाज, आदिवासी समाज, अंबेडकर नगर के रहवासी बड़ी संख्या में अन्य सभी हिंदू समाजजन उत्साह से रंग गुलाल उड़ाते हुए नाचते गाते व संगीत की धुनों पर थिरकते हुए फाग यात्रा में शामिल हुए और इसे बेहद यादगार बना दिया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश पटेल भी फाग यात्रा में ठुमके लगाते नजर आए।
फाग यात्रा उत्सव समिति के अध्यक्ष पिंटू गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष राकेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश आर वाघेला, मीडिया प्रभारी गिरिराज मोदी सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों ने फाग यात्रा को सफल बनाने पर आम जनता का आभार माना।
सांसद अनिता चौहान ने भी होली खेली।फाग यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में नगर की महिलाएं युवतियां भी शामिल हुई। महिलाओं व युवतियों के लिए फाग यात्रा में आगे आगे चलने की अलग से विशेष व्यवस्था की गई थी। पुलिस प्रशासन ने भी चाक चौबंद व्यवस्था की।
सभी समाजों की होली मनी
नगर में सामाजिक स्तर पर भी रंगपंचमी के दिन रंगों की होली खेली जाती है। नगर के लगभग सभी समाजों की होली के रंगारंग आयोजन अपने अपने स्तर पर समाज भवन, गार्डनों पर मनाई गई। रंगपंचमी पर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। प्रमुख चौराहों व मोहल्लों में पानी के फव्वारें लगाए गए व डीजे की धुनों पर सभी मोहल्लों में टोलियां झूमती नजर आई। देर शाम को सामाजिक स्तर की गोट के आयोजन भी हुए।
आलीराजपुर में निकली ऐतिहासिक फाग यात्रा में उमड़ी हजारों नागरिकों की भीड़।