दीप पर्व की खुशियां बांटने से बड़ती है-आज की नारी ग्रुप
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
नगर की रचनात्मक व सामाजिक कार्यों में अग्रणी महिलाओं की संस्था आज की नारी ग्रुप की महिलाओं ने जिला मुख्यालय में स्थित गरीब बस्तियों में जाकर गरीब परिवारों की महिलाओं व बच्चों को जाकर दीपावली के उपहार आदि भेंट किए। इस पर महिलाओं व बच्चों की खुशी देखते ही बनी। आज की नारी ग्रुप की महिला सदस्य प्रतिभा पंचोली,संगीता अगाल, नेहा पाठक, किशोरी शाह, रुपल कोठारी, वंदना वाणी, सारिका पाटीदार, शालिनी काबरा आदि महिलाएं बहारपुरा कन्या हाई स्कूल के पीछे स्थित गरीब बस्ती में पहंुची और गरीब परिवारों की महिलाओं को दीपक, तेल, माचिस व बत्ती का सेट, बर्तन सामग्री, कपड़े, बच्चों के लिए बिस्किट चिप्स, मिठाई, परमल आदि भेंट किए।
ग्रुप की महिलाओं ने इस संबंध में यह बताया कि दीपावली का पर्व कई गरीब परिवार नहीं मना पाते हैं। नारी ग्रुप की महिलाओं ने अपने स्तर से राशि जुटाई और गरीब परिवार के बच्चों आदि सदस्यों को उपरोक्त सामग्री वितरित की। ग्रुप की सदस्य नेहा पाठक ने कहा कि दीप पर्व हमेशा हम अपनों के साथ मनाते है इस बार औरों के साथ पर्व की खुशियां उपहार स्वरुप बांट कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन मात्र किया है।