आलीराजपुर विधानसभा के लिए भाजपा ने फिर लगाया नागर सिंह चौहान पर दांव

आलीराजपुर सीट से लगातार पांचवी बार चुनाव लड़ने का दिया मौका

आशुतोष पंचोली 

आलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ 

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने गुरुवार को जारी विधानसभा चुनाव की सूची में आलीराजपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 191 के लिए आलीराजपुर से तीन बार विधायक रहे नागरसिंह चौहान पर ही फिर से दांव लगाया है।  सूची में उनका नाम घोषित होते ही सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह व्याप्त हो गया और नगर के चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और चौहान को बधाई दी। साथ ही चौहान नगर के प्रमुख मार्ग पर नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए भी निकले कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से लाद दिया। भाजपा ने नागर सिंह चौहान पर लगातार पांचवीं बार भरोसा करते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतार दिया है। 


वैसे चौहान 2018 का चुनाव 22000 मतों से हारे थे किंतु उसके बावजूद भी भाजपा ने उनकी योग्यता पर विश्वास करते होने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर भी जिम्मेदारी दी और पहली ही सूची में उन्हें अलीराजपुर से ही अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। चौहान की पत्नी अनीता चौहान अलीराजपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष भी है। चौहान 2018 का चुनाव हारने के बाद से लगातार विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय थे और संगठन का दायित्व भी बखूबी निभा रहे थे इसी का परिणाम है कि पार्टी ने उन्हें 2018 में चुनाव हारने के बाद फिर से अपनी काबिलियत सिद्ध करने का शानदार मौका दिया है।अब यह देखना गौरतलब होगा कि चुनाव से 3 माह पूर्व ही प्रत्याशी घोषित होने के बाद नागर सिंह चौहान चुनाव जीतने के लिए क्या आक्रामक रणनीति बनाते हैं।


भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौहान के प्रत्याशी घोषित होने पर पुष्पमाला से उनका स्वागत भी किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष परवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष किशोर शाह, भाजपा कार्यकर्ता मोंटू शाह,  मंडल अध्यक्ष रिंकेश तवर, गिरिराज मोदी आदि उपस्थित थे।


चुनाव जीते व सरकार बनी तो मंत्री पद तय

भाजपा प्रदेश संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रहते हुए नागरसिंह चौहान ने भाजपा संगठन के लिए और जोबट विधानसभा उपचुनाव में जिस ढंग से भाजपा प्रत्याशी को जीताने के लिए काम किया है तभी से वे इंदौर से लेकर भोपाल व दिल्ली तक के नेताओं की निगाह में आ चुके हैं जिसके चलते जिले के राजनीतिक पंडितों का मानना है कि यदि चौहान अलीराजपुर विधानसभा चुनाव जीते और भाजपा की सरकार फिर से बनी तो इस बार उनका मंत्री पद तय बताया जा रहा है क्योंकि भाजपा के पास आदिवासी चेहरों की कमी है और चौहान आदिवासी अंचल में भाजपा के कद्दावर व जनाधार वाले नेता के रूप में भी जाने जाते हैं।इसलिए इस बार यदि सब कुछ अनुकूल रहा तो आलीराजपुर जिले को मंत्री पद मिल सकता है ऐसा भाजपा के समर्थक और कार्यकर्ता कह रहे हैं।


Share on WhatsApp