जिले में भाजपा ने फहराया अपना परचम, जिला पंचायत सहित पांच जनपदों पर भी किया कब्जा

अनिता नागरसिंह चौहान दूसरी बार बनी जिला पंचायत अध्यक्ष, सुरेखा वकीलसिंह ठकराला बनी उपाध्यक्ष 

कांग्रेस ने उलटफेर करते हुए सोंडवा जनपद पर जमाया कब्जा 

आशुतोष पंचोली

आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ

चप्पा चप्पा भाजपा की तर्ज पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासी बहुल आलीराजपुर जिले की जिला पंचायत सहित छह में से पांच जनपद पंचायतों पर शानदार व ऐतिहासिक जीत दर्ज की। शुक्रवार को संपंन हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में अनिता नागरसिंह चौहान ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस की हजरी अजनार को 12 मतों से हराया। कांग्रेस प्रत्याशी हजरी अजनार को एक मात्र स्वयं का वोट ही मिला। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अनिता नागरसिंह चौहान  लगातार दूसरी बार  काबिज हुई है। इस जीत में उनके पति व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नागरसिंह चौहान का अहम योगदान रहा। जीत के बाद भाजपा की ओर से धूमधाम से विजयी जुलूस निकाला गया। इसके पूर्व  जिले की छह जनपद पंचायतों में से भी भाजपा ने पांच पर अपना कब्जा जमाया। जिसमें भाजपा ने जोबट व उदयगढ़ कांग्रेस से छीनी तो वहीं कांग्रेस ने इस बार सोंडवा जनपद पंचायत में बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा से यह जनपद पंचायत हथिया ली। कांग्रेस को सिर्फ इससे ही संतोष करना पड़ा! 


 जिला पंचायत सभाकक्ष में शुक्रवार को  कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, सीईओ जिला पंचायत   संस्कृति जैन की उपस्थिति में  निर्वाचन की प्रक्रिया सम्पादित हुई।  जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की ओर से अनीता चौहान एवं कांग्रेस की ओर से सुश्री हजरी अजनार ने नाम निर्देशन पत्र जमा कराए। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत  अनीता चौहान को 12 मत तथा सुश्री हजरी अजनार को 1 मत प्राप्त हुआ।  अनीता चौहान अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित की गईं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर  सुरेखा ठकराला निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान समस्त नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यगण उपस्थित थे। जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता चौहान एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष  सुरेखा ठकराला को निर्वाचित होेने का प्रमाण पत्र कलेक्टर  राघवेन्द्र सिंह ने प्रदान किया।



रस्साकशी के बाद हुआ नाम तय 

 उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत के कुल 13 वार्ड में से 6 भाजपा, 2 कांग्रेस, 2 जयस व तीन वार्ड पर भाजपा के बागी प्रत्याशी विजयी हुए थेे। जीतने के लिए 7 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता थी। पर्यवेक्षक इकबालसिंह बैस की मौजूदगी में कई दौर की बैठकों के बाद जमकर रस्साकशी चलती रही। अंततः प्रदेश संगठन के हस्तक्षेप व निर्देशों के बाद भाजपा के बागी प्रत्याशी मान गए और उन्हौंने भी चौहान का समर्थन कर दिया। इसके बाद अनिता चौहान की जीत का मार्ग प्रशस्त हो गया था और नाम निर्देशन जमा करने तक यह लग रहा था कि वे निर्विरोध जीत जाएंगी किंतु ऐन वक्त पर कांग्रेस की हजरी बाई ने अपना फार्म जमा कर दिया किंतु उन्हें सिर्फ स्वयं का ही वोट मिला। कांग्रेस के एक व जयस के दो सदस्यों ने भी भाजपा प्रत्याशी को अपना मत दिया। जिसके चलते अनिता चौहान 12 मतों से चुनाव जीत गई। 



विजयी जुलूस निकला

दोपहर 3 बजे बाद जिला पंचायत कार्यालय से विजयी प्रत्याशी अनिता चौहान व सुरेखा ठकराला का विजयी जुलूस निकला। जो जिला पंचायत कार्यालय से अस्पताल मार्ग, दाहोद नाका, रामदेव मंदिर चौराहा, झंडा चौक, पोस्ट आफिस चौराहा होता हुआ भाजपा कार्यालय पर जाकर समाप्त हो गया। जुलूस में चौहान व ठकराला खुली जीप में नागरिकों को अभिवादन स्वीकार करते हुए चल रही थी। साथ में जोबट विधायक सुलोचना रावत, कठ्ठीवाड़ा जनपद पंचायत अध्यक्ष शमी पचाया भी थी।



इसी के आगे आगे एक अन्य जीप में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नागरसिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष वकीलसिंह ठकराला,पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, जिला पंचायत सदस्य भदु भाई पचाया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य इंदरसिंह चौहान, किसान नेता भुवान दादा, वालपुर सरपंच जयपाल खरत, सोंडवा जनपद उपाध्यक्ष विक्रम भयड़िया, विशाल रावत, नपा अध्यक्ष रीतेश डावर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विक्की माहेश्वरी, भाजपा नेता किशोर शाह, भाजपा मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा, गिरिराज मोदी,  मंडल अध्यक्ष रिंकेश तंवर, पप्पू जैन, अंकित शाह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यकर्ता भी साथ में चले। विजयी प्रत्याशी चौहान व ठकराला का बाहरपुरा क्षेत्र में जगह जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। भाजपा कार्यालय पर चौहान व ठकराला ने सभी का आभार माना। 


जनपद पंचायत

सबसे बड़ा उलटफेर जिले की सबसे बड़ी जनपद पंचायत सोंडवा में हुआ जहां भाजपा का बहुमत होने के बावजूद भाजपा की अंदरुनी गुटबाजी के चलते कांग्रेस के अध्यक्ष प्रत्याशी रेवली उषान गरासिया 3 मतों से विजयी हुई। हालांकि उपाध्यक्ष के रुप में विक्रम भयड़िया भाजपा के विजयी हुए। इसी प्रकार जिले की जोबट जनपद पंचायत में भाजपा के मात्र 2 सदस्य होने के बावजूद अध्यक्ष पद पर शर्मी बघेल विजयी रही। उदयगढ़ में भाजपा की विद्या नलवाला  निर्विरोध चुनी गई। यहां कांग्रेस अपना प्रत्याशी ही खड़ा नहीं कर पाई। इसी प्रकार तीन जनपद पंचायतों में भाजपा ने विजयश्री वरण की। जिसमें आलीराजपुर में सुनिता इंदरसिंह चौहान, कठ्ठीवाड़ा में शमी भदु पचाया व आजादनगर में इंदरसिंह डावर अध्यक्ष पद पर विजयी हुए।


सोंडवा जनपद पंचायत



यहां पर कुल 24 वार्ड थे जिसमें 14 भाजपा ने व 10 कांग्रेस ने जीते थे। यहां पर बहुमत भाजपा का था किंतु ऐन वक्त पर भाजपा के किले में सेंध लग गई और कांग्रेस ने भारी उलटफेर करते हुए 3 मतों से अध्यक्ष पद जीत लिया। यहां पर कांग्रेस का 17 साल का वनवास समाप्त हुआ। कांग्रेस की रेवली उषान गरासिया ने अंतिम समय में रोमांचक ढंग से जीत दर्ज की। हालांकि कांग्रेस यहां पर अपना उपाध्यक्ष नहीं बना सकी। कांग्रेस का जनपद अध्यक्ष बनाने में विधायक मुकेश पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश पटेल, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष ओम सेठ राठौर, युवा कांग्रेस नेता पुष्पराज पटेल, राहुल दलसिंह, सोनू वर्मा सहित सोंडवा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं का विशेष योगदान रहा।

आलीराजपुर जनपद पंचायत



यहां पर भाजपा की सुनिता इंदरसिंह चौहान ने लगातार  तीसरी बार अध्यक्ष पद का चुनाव जीता। सुनिता इंदरसिंह चौहान की जीत पर विशाल जुलूस जनपद पंचायत से भाजपा कार्यालय तक निकाला गया जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कठ्ठीवाड़ा जनपद पंचायत



यहां पर भाजपा की शमी पचाया लगातार तीसरी बार जनपद अध्यक्ष पद पर विजयी रही। यहां पर पचाया परिवार को पिछले 20 सालों से जनपद पंचायत पर कब्जा बरकरार है। भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य भदु भाई पचाया ने कठ्टीवाड़ा में भाजपा के अपेक्षित सदस्य भी नहीं होने के बावजूद चुनाव जीत कर यहां अपना 20 सालों से कब्जा बरकरार रखा है।

जोबट जनपद पंचायत


जोबट में जनपद पंचायत के कुल 12 वार्ड है जिसमें 6 वार्ड कांग्रेस जयस के 4 व भाजपा ने सिर्फ 2 वार्ड जीते थे। कांग्रेस को सिर्फ एक वोट की आवश्यकता थी जिसे कांग्रेस नहीं जुटा पाई और यहां पर भाजपा ने मात्र 2 सदस्य होने पर भी अपना प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारा और कांग्रेस व जयस के प्रत्याशियों के भीतरघात से वह एक वोट से चुनाव जीत गई। सूत्र बताते है कि जयस का एक प्रत्याशी तो वोट डालने ही नहीं आया। इस प्रकार भाजपा ने पहली बार जोबट जनपद पंचायत में अपना परचम फहरा दिया। 

आजादनगर जनपद पंचायत



आजादनगर जनपद पंचायत पर भाजपा के इंदरसिंह चौहान विजयी हुए है। वे इसके पूर्व भी आजादनगर जनपद पंचायत के अध्यक्ष रह चुके है। दूसरी बार जनपद पंचायत अध्यक्ष बनने पर इंदरसिंह डावर ने सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार माना है।

Share on WhatsApp