कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने सम्मानित कर संबोधित किया
अलीराजपुर न्यूज़ ब्यूरो।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूल के परीक्षा परिणाम में जिले के बच्चों ने बड़ी उपलब्धि प्राप्त की। प्रदेश में कक्षा 12वीं की छात्रा नुपूर बेडिया ने वाणिज्य संकाय में आठवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं हाई स्कूल के परीक्षा परिणाम में जिले में जुवेरिया कुरैशी पिता इसरार कुरैशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मयूर आचार्य ने द्वितीय स्थान एवं हर्षिल थेपडिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हायर सेकंडरी स्कूल के परीक्षा परिणामों में होम साइंस में शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल उमराली की छात्रा प्रियंका सस्तिया ने प्रथम एवं ममता चौहान ने शासकीय गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल अलीराजपुर की छात्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। साइंस ग्रुप में जिले में प्रथम रंजन आचार्य शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल चन्द्रशेखर आजाद नगर, पीयूष जायसवाल शासकीय बालक हायर सेंकडरी स्कूल चंद्रशेखर आजाद नगर ने द्वितीय स्थान एवं नियंतिका बघेल डान बास्को स्कूल अलीराजपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कामर्स संकाय में तन्वी जायसवाल डान बास्को एकेडमी की छात्रा ने प्रथम, गौरव राठौर सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकंडरी स्कूल अलीराजपुर ने द्वितीय एवं उदिष चौधरी डान बास्को अकादमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एग्रीकल्चर गु्रप में रवि अजनार शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल उदयगढ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फाइन आर्ट ग्रुप में मनीषा चौहान शासकीय बालिका हायर सेकंडरी स्कूल जोबट की बालिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूल में जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष अलीराजपुर में सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने कहा बच्चे आगे बढे और भविष्य के अनुसार अलग-अलग फिल्ड का चयन करें। उन्होंने सभी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए लगातार कडी मेहनत करते हुए आगे बढने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री जानकी यादव, डीईओ श्री अर्जुनसिंह सोलंकी सहित विद्यालयों के शिक्षकगण, बच्चों के अभिभावकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम को सहायक आयुक्त सुश्री यादव ने संबोधित करते हुए उक्त परिणाम के लिए किये गए प्रयासों के बारे में जानकारी देते दी। डीईओ श्री सोलंकी ने परीक्षा परिणामों हेतु की गई मेहनत और प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के षिक्षकों, अभिभावकों और बच्चों ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर बच्चों ने केक काटा। बच्चों को पुष्पमाला से सम्मानित करते हुए मिठाई खिलाकर प्रमाण पत्र एवं प्रोत्साहन राशि भेंट की गई।
कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने हाई स्कूल और हायर सैकंडरी में सम्मिलित हुए जिलेभर के समस्त बच्चों को कडी मेहनत करते हुए आगे बढने हेतु प्रोत्साहित किया
कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूल के परीक्षा परिणाम पर जिलेभर के बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए सफलता पर बधाईयां दी। उन्होंने जो बच्चें किन्ही कारणों से असफल हुए उन्हें भी प्रोत्साहित करते हुए ओर कड़ी मेहनत करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने हाई स्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा में सम्मिलित हुए जिलेभर के समस्त बच्चों को प्रेरणा देते हुए कहा यह परीक्षा आपको कडे परिश्रम के लिए प्रोत्साहित करती है। इसमें कुछ सफल तो कुछ असफल हुए होंगे। सफल हुए बच्चें नये प्रयास करें तथा जो बच्चें परीक्षा में असफल हुए है वे बड़ा लक्ष्य लेकर और कड़ी मेहनत करते हुए सफलता प्राप्त करने के प्रयास करें। कड़े परिश्रम से ही सफलता प्राप्त होती है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल कक्षा 10 और 12 वीं का परिणाम घोषित,
10 वीं का ८२.४४ तो 12 वीं का ९३.२४ प्रतिशत रहा
माध्यमिक शिक्षा मंडल कक्षा 10 और 12 वी का परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित हुआ। इस परिणाम में जिले के छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। 12 वी का घोषित परिणाम मे जिला का परिणाम ९३.२४ प्रतिशत रहा जबकी 10 कक्षा का परिणाम ८२.४४ प्रतिशत रहा। छात्रा नूपुर अनिल बेडिय़ा ने 12वीं कक्षा में 95 प्रतिशत अंक लाकर पूरे मध्यप्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है वहीं लवकुश शिशु विहार हायर सेकंडरी स्कूल इंदौर में पढ़ाई कर रहे बुरहानुददीन पिता मंसूर मर्चेंट आलीराजपुर ने कक्षा 12 वी में ९५.८ प्रतिशत अंक प्राप्त कर लव कुश शिशु विहार हायर सेंकडरी स्कूल इंदौर में टाप किया है। बुराहानुददीन ने कुल ५०० मेंसे ४७९ अंक प्राप्त किए है।
यह है दसवी का परिणाम
हाई स्कूल कक्षा दसवी के परीक्षा परिणाम के अंतर्गत जिले में ६८८४ विद्यार्थियों में से ५४५६ विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए है। इनमें 1७2 बालक और ९३ बालिका अनुपस्थित रहे। इस तरह परीक्षा मे कुल ६६१९ विद्यार्थी सम्मिलित हुए। परिणाम में १२७१बालक और १५११ बालिका प्रथम स्थान पर आए है। जबकी द्वितीय स्थान पर १६५७ बालक व १००३ बालिका रही है। तृतीय स्थान पर 13 बालक व 1 बालिका आई है। इस तरह बालको का कुल प्रतिशत ७९.५९ रहा है तो बालिकाओं का ८६.०४ प्रतिशत रहा है। वहीं कुल ५२६ विद्यार्थियों को पुरक आई है। जबकी ६३६ विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए है। इस प्रकार दसवी का कुल परीक्षा परिणाम ८२.४४ प्रतिशत रहा है।
यह है 12 वी का परिणाम
हायर सेकंडरी स्कूल कक्षा 12 वी का परिणाम के अंतर्गत जिले में ४०६२ विद्यार्थी ३७२७ विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए है। इनमें ४१ बालक व 24 बालिका परीक्षा से अनुपस्थित रहे। इस तरह परीक्षा में कुल ३९९७ विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। परिणाम में १०४४ बालक और १३०० बालिका प्रथम स्थान पर आए है। जबकी ८५९ बालक और ५२३ बालिका द्वितीय स्थान पर रहे है। वहीं 1 बालक तृतीय स्थान पर रहा है। इस तरह बालको का कुल प्रतिशत ९२.१५ तो बालिकाओं का ९४.४० प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा है। इनमें ११९ बालको एवं 64 बालिकाओं को पूरक आई है वहीं 43 बालक तो 24 बालिका अनुत्तीर्ण हुई है। इस प्रकार 12 वी का परीक्षा परिणाम ९३.२४ प्रतिशत रहा है।
बोर्ड परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को विधायक पटेल ने दी बधाई
माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी हाई स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल के परीक्षा परिणाम में सफलता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को विधायक मुकेश पटेल ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
विधायक पटेल ने कहा कि जिले के विद्यार्थियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सफलता अर्जित करते हुए जिले का नाम प्रदेश में रोशन किया है। विद्यार्थी अपने अगले लक्ष्य के लिए आगे बढे तथा अगली कक्षाओं में भी इसी तरह से सफलता हासिल करे। अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए उन्होने कहा कि वे और अधिक मेहनत करे और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए तत्परता से जुट जाए।
सभी विद्यालयों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत
विधायक पटेल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक स्कूल में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत हु। सभी स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक, विषय विशेषज्ञ, फर्नीचर, बिजली, पानी, लैब सहित अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाओं को लेकर शासन से मांग करूंगा ताकि विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाओं के अभावों का सामना नहीं करना पडे।
Share on WhatsApp





