चिकित्सकों ने कार्यशाला में दिया मार्गदर्शन
अलीराजपुर न्यूज़ ब्यूरो|
कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर को दृष्टिगत रखते हुए गुरुवार दिनांक 5 अगस्त 2021 को सेवा भारती व आरोग्य भारती द्वारा आलीराजपुर जिला स्तर पर जिला चिकित्सालय परिसर के मीटिंग हॉल में प्रोजेक्टर के माध्यम से डॉ सचिन पाटीदार, शिशुरोग विशेषज्ञ, डॉ. संतोष सोलंकी,क्षय रोग विशेषज्ञ, डॉ. प्रमेय रेवड़ियां, दन्त चिकित्सक व कोविड कालखण्ड में एक्टिव चिकित्सक, डॉ. प्रितिबाला बघेल, स्त्रीरोग, डॉ. वरुण सराफ, आयुष चिकित्सक के द्वारा खंड स्तर से प्रशिक्षण प्राप्त करने आये 52 सदस्यों की टीम को आरोग्य मित्र प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से विभाग के सह धर्म जागरण प्रमुख रेमसिंह डुडवे, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष वकिलसिंह ठकराल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रकाश ढोके, सिविल सर्जन डॉ. के.सी. गुप्ता और मातृ शक्ति से एकलव्य संस्था से श्रीमति अंजू सिसोदिया की उपस्थिति में माँ भारती का पूजा अर्चना कर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण का आयोजन जिले की 10 सदस्यीय कोविड रेस्पांस टीम द्वारा किया गया। जिसमें अग्रणी रहे प्रान्त के विद्या भारती से माखनसिंह अंजान, जिला प्रचार प्रमुख दिलीपसिंह पंवार व जिला सह धर्म जागरण संस्कृति प्रमुख संजय मांझी रहे।
पूर्व में उक्त टीम का राधा स्वामी ट्रस्ट कोविड सेन्टर इन्दौर में प्रान्त स्तर पर आयोजित कोविड रेस्पांस कार्यशाला में प्रशिक्षण हुआ। कार्यशाला में निम्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रथम सत्र में कोरोना सामान्य जानकारी, सामान्य एवं गंभीर लक्षण, तापमान एवं ऑक्सीजन स्तर देखना, मरीज को उल्टा पेट के बल लिटाने के फायदे, होम आइसोलेशन / टीकाकरण / भाप / मास्क ओर हाथ धोने की जानकारी दी गई। द्वितीय सत्र महिला स्वास्थ्य सम्बंधित जानकारी, अभिभावक व माताओं की भूमिका, घरेलू उपचार / औषधि ज्ञान / व्यायाम एव योगासन, आगामी योजना एवं प्रश्नकाल आदि सम्मिलित किया गया। जिलास्तर प्रशिक्षण में यही सब बातों को प्रोजेक्टर में स्लाइड के माध्यम से बताया गया।
उक्त जिलास्तरीय प्रशिक्षण में कोविड रेस्पॉस टीम व नगर के स्वयंसेवक सहित खण्ड व नगर के आरोग्य मित्र उपस्थित थे। कार्यशाला में संचालन सरस्वती शिशु मंदिर की दीदी श्रीमती दीप ज्योति बिल्लोरे ने की ओर प्रोजेक्टर संचालन देव पंवार द्वारा किया गया।
आगामी योजना में यही प्रशिक्षण कार्यशाला खण्ड व नगर स्तर पर खण्ड व नगर की कोविड रिस्पांस टीम द्वारा उपखण्डों / उपनगरों व मण्डलों / बस्तियों / ग्रामों तक दिया जाएगा। प्रत्येक 4 से 5 हजार जनसंख्या पर भी आरोग्य मित्र टोली रहे व सभी स्तर के प्रशिक्षण 20 अगस्त 2021 के पूर्व हो जाए ऐसी योजना है।
Share on WhatsApp



