अलीराजपुर जिले में झमाझम बरसे मेघ, कट्ठीवाड़ा में 10 इंच तो अलीराजपुर में 6 इंच बरसात

जिले में बीते 24 घंटों में 4 इंच औसत बारिश, अब तक 17 इंच औसत बारिश

आशुतोष पंचोली

अलीराजपुर न्यूज़। ब्यूरो चीफ

जिले में सावन मास का पहला दिन रविवार रिमझिम फुहारों के साथ किसानों व आम जनों के लिए राहत भरी सुबह लेकर आया। रविवार सुबह तड़के करीब 3:00 बजे से मध्यम तेज बारिश होने का जो क्रम आरंभ हुआ वह दिन भर चलता रहा। इंद्र देवता ने ऐसी कृपा बरसाई कि  सुबह सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक सावन की रिमझिम फुहारें आदिवासी अंचल की इस धरा का जलाभिषेक करती रही। इंद्रदेव मेहरबान भी हुए तो इतने हुए की जिले के सभी छह विकास खंडों में बारिश दर्ज की गई। जिसमें कट्ठीवाड़ा में सर्वाधिक 260 मिमी (यानी 10.4 इंच) वही अलीराजपुर में 156.8 मिमी (यानी 6.2 इंच) बारिश दर्ज की गई। साथ ही जोबट में 36 मिमी उदयगढ़ में 35.4 मिमी भाबरा में 65 मिमी और सोंडवा में 86 मिमी बरसात दर्ज हुई। इस प्रकार बीते 24 घंटों में (सोमवार सुबह 8 बजे तक) जिले में कुल 106 5 मिली मीटर यानी औसत 4 इंच बारिश दर्ज की गई है! इस मानसून सीजन में जिले के सभी छह विकास खंडों में अब तक कुल 423 मी मी करीब 17 इंच औसत बारिश हो चुकी है जबकि गत वर्ष 26 जुलाई तक जिले में मात्र 10 इंच बारिश ही दर्ज की गई थी जिसे देखते हुए इस साल मानसून अच्छा कहा जा सकता है। क्योंकि गत वर्ष की तुलना में जिले में आज दिनांक तक 7 इंच अधिक बारिश हो चुकी है।!


नदियों में आया जल 

रविवार दिन भर की बारिश से जिले की प्रमुख नदियां अनखढ़, सुक्कड़, डोही व हथिनी के जलस्तर में बढ़ोतरी हो गई है और नदियां में जल बहने लग गया है। अच्छी बारिश से जिले के सबसे बड़े अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद परियोजना बांध (फाटा डेम) के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखी गई और फाटा डैम का जलस्तर 257 मीटर के करीब पहुंच चुका है। जबकि बांध की जल ग्रहण क्षमता 260 मीटर  है। इस प्रकार जिले में 2 दिनों की अच्छी बारिश से फाटा डेम भी 90 फीसद करीब भर चुका है।


जिले के कई प्रमुख तालाबों निस्तार तालाब व स्टॉप डेमो का जलस्तर भी इस बारिश के चलते बढ़ गया है। जिले के प्रमुख वेगड़ा तालाब और अलीराजपुर के बोरखड़ तालाब में भी जलस्तर बढ़ चुका है।


किसानों के चेहरे खिले

जिले में रविवार को हुई झमाझम बारिश से किसानों व आम जनता के चेहरे पर खुशी देखी गई। बोवनी के बाद किसान अच्छी बारिश की आस लगाए बैठे थे वे प्रतिदिन आसमान की ओर निहार रहे थे। रविवार को इंद्र देवता की कृपा बरसी और पूरा जिला बारिश से तरबतर हो गया। 


अ ली राजपुर की सुक्कड़़  नदी

तेज मध्यम बारिश के चलते जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के मार्गो की हालत भी खराब हो चुकी है। कट्ठीवाड़ा के प्रमुख झरना स्थल पर जाने वाले दोनों मार्गो की हालत दयनीय होने से भी पर्यटकों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जिले के छह विकास खंडों में बारिश की स्थिति



रविवार को कट्ठीवाड़ा अंचल में 10 इंच बारिश होने से झरना फुल स्पीड में बहने लग गया है। हालांकि रविवार को झरने में अचानक बारिश का तेज पानी बह कर आने से वहां नहाने का आनंद ले रहे कई लोगों को एकदम से अपनी जान बचा कर भाग कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचना पड़ा। वहां पर नहा रहे युवकों ने समय रहते झरने से दूरी बनाकर अपनी जान बचाई इसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जिले में इस बारिश का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था।  अलीराजपुर के मध्य बहने वाले नाले में भी तेज पानी अचानक से आ जाने के कारण नाले में कचरा निकालने गई नगरपलिका की ट्रैक्टर ट्राली भी बहुत देर तक फंसी रही जिसे बाद में जेसीबी की सहायता से नाले में पानी कम होने के बाद निकाला गया।

Share on WhatsApp