झाबुआ जिले के राणापुर से भरी गई थी शराब, मात्र सवा दो लाख की अवैध शराब का पकड़ने का मामला पूरे जिले में चर्चित
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह पुलिस ने महेंद्रा पीकअप वाहन क्रमांक एमपी11जी0274 से खंडवा बड़ौदा मार्ग पर ग्राम चांदपुर के ही बस स्टेंड से पकड़ी। पीकअप में 160 पेटी बियर होना बताई जा रही है जिसका बाजार का मूल्य 2 लाख 19 हजार रुपए बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों दशरथ नायक व सचिन चैधरी को भी मौके से गिरफ्तार किया है। दोनों पकड़े गए आरोपी राणापुर जिला झाबुआ के निवासी है। पुलिस ने आबकारी एक्ट 34-2 में प्रकरण दर्ज कर लिया है। चांदपुर थाना प्रभारी मोहनसिंह डावर ने अलीराजपुर न्यूज को बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बुधवार की सुबह 6.30 बजे करीब उक्त अवैध शराब से भरी पीकअप जब्त की गई हैं। मामले की जानकारी मिलने पर अलीराजपुर की नवागत एसडीओपी सोनकर मैडम भी बुधवार की दोपहर में साड़े 12 बजे करीब चांदपुर थाने पर पहंुची और मामले में थाना प्रभारी से जानकारी प्राप्त की। ऐसी जानकारी मिली है कि एक आरोपी राणापुर क्षेत्र के भाजपा नेता का करीब रिश्तेदार भी है। जिसे छोड़ने के लिए पुलिस पर राजनीतिक दबाव भी बनाया गया है। जिसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। पीकअप में 220 पेटी अवैध शराब थी किंतु पुलिस ने 160 पेटी शराब का मामला दर्ज किया है।
जनचर्चा में आया मामला, उठ रहे है सवाल?
हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई की पूरे जिले व पुलिस विभाग में खूब चर्चा हो रही है। सूत्र बता रहे है कि उक्त शराब झाबुआ जिले के राणापुर की शराब दुकान से भरी गई थी जो कि अलीराजपुर झाबुआ जिले की सीमा के समीप ग्राम ढोलयावढ़ जिला झाबुआ में ही अवैध शराब डालने जा रही थी। जिसे किसी अधिकारी ने अलीराजपुर जिले के शराब सिंडीकेट की सूचना पर जिले की सीमा पर जाकर पकड़ लिया।
जनचर्चा है कि मामले में रात भर कुछ तोड़ पानी के लिए भी बातचीत हुई बात नहीं बनी तो झाबुआ जिले की सीमा से पीकअप को जिले में लाकर चांदपुर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। हालांकि पुलिस द्वारा चांदपुर थाना प्रांगण में मामले की जानकारी लेने पहंुचे दो पत्रकारों को बताया गया कि अवैध शराब गुजरात ले जाई जा रही थी। अब बड़ा सवाल यह उठता है कि राणापुर से गुजरात राज्य की सीमा मात्र 12 किमी करीब ही है ऐसे में मात्र 160 पेटी अवैध शराब भरकर राणापुर के शराब व्यापारी इतनी लंबी रिस्क लेकर पूरा अलीराजपुर जिला क्रास जिसमें राणापुर से चांदपुर की दूरी करीब 78 किमी तय कर गुजरात की ओर शराब बेचने क्यों जाएंगे। इस प्रकार की दो नंबर की अवैध शराब जिसकी मात्र सवा 2 लाख रुपए की कीमत है यह शराब बेचने के लिए क्या इतनी बड़ी रिस्क शराब व्यापारी लेंगे?
सूत्रों ने बताया कि चांदपुर थाने में जिले के दो तीन वरिष्ठ अधिकारी भी इस मामले को लेकर सवाल जवाब करने भी पहंुचे है। सूत्रों ने यह भी बताया कि गत सप्ताह नानपुर थाना क्षेत्र में एक डंपर अवैध शराब का पकड़ा गया था जिसमें करीब एक हजार पेटी अवैध शराब थी जिसमें 400 पेटी का ही मामला दर्ज किया और बाकि की 600 पेटी अवैध शराब झाबुआ जिले के मोरमुंडिया अलीराजपुर जिले के जोबट के बीच के एक शराब व्यापारी के पास पहंुची है। ऐसी जानकारी शराब कारोबार से जुड़े व्यापारी ही दबे स्वर में कानाफूसी कर रहे है। एक अनुविभागीय स्तर के अधिकारी भी इन दिनों वरिष्ठ साहब की आंखों के तारे भी बने हुए है। जो कि इस प्रकार के कामों को करने में महारात रखते है। अंदर खाने की खबर है।

