टूटी-फूटी, गड्ढेदार सड़क, बेसब्र जनता...निर्माण के लिए अभी और करना होगा इंतजार....?

पांच वर्षों से चल रहे आश्वासनों व खोखले दावों से जनता में आक्रोश

कट्ठीवाड़ा से प्रेम गुप्ता की रिपोर्ट

आजाद नगर से कट्ठीवाड़ा, बड़ा खेड़ा मार्ग की जर्जर अवस्था से जनता इतनी त्रस्त हो गई है कि  क्षेत्र में आने वाले किसी भी अधिकारी, जनप्रतिनिधि  से पहले सवाल ही यही होता है कि यह सड़क कब बनेगी  ? सड़क निर्माण के लिए गत पांच वर्षों से किए जा रहे झूठे आश्वासनों और दावों से जनता में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है।

सड़क निर्माण कब होगा प्रारम्भ, पता नही ?

184 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जाने की घोषणा के बाद होड़ प्रारंभ हो गई श्रेय लेने की, किन्तु निर्माण कार्य अभी तक प्रारंभ नही होने से जनता को जवाब देना भारी हो गया है। करीब 100 किमी मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ होने की खबर भी आई, किन्तु खबर की पुष्टि नही हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार बोरी क्षेत्र में उक्त परियोजना का शुभारंभ भी हो चुका है वहीं कांग्रेस ने कट्ठीवाड़ा में सड़क निर्माण कार्य का बड़े स्तर पर भूमिपूजन ही कर डाला।

बैंक की स्वीकृति ही नही हुई अब तक..!

एमपीआरडीसी (मप्र सड़क विकास निगम ) के सूत्रों के अनुसार  184 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले लगभग 60 किमी लंबे मार्ग के लिए बैंक द्वारा अभी तक वित्तीय अनुमति ही नही मिली है। कुछ प्रक्रियाओं के बाकी रह जाने से सड़क निर्माण कम्पनी को आवश्यक अनुमति मिलने बाकी है। जैसे ही एडीबी (एशियन विकास बैंक) अनुमति देगा, निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।

निर्माण में लगेगा लम्बा वक्त

सड़क निर्माण कम्पनी कट् ठीवाड़ा-भाबरा-उदयगढ़ हाइवे प्राइवेट लिमिटेड  स्वीकृति के पश्चात उदयगढ़ क्षेत्र से निर्माण प्रारंभ करेगा जो लगभग 12 मीटर चौड़ा होगा। अनेक प्रक्रियाओं के चलते निर्माण में देरी संभव है जो कि कम से कम दो वर्ष आंकी जा रही है। इतने समय मे क्षेत्र की स्थित बहुत ही गंभीर होगी क्योंकि यहां पर पूर्व से ही स्वास्थ्य, शिक्षा की स्थिति गंभीर है। ग्रामीणों को सामाजिक स्तर की परेशानियों से बीबी जूझना पड़ रहा है।

कट्ठीवाड़ा-बड़ा खेड़ा मार्ग से हो निर्माण

इस बहुप्रतीक्षित खस्ताहाल मार्ग पर  कार्य जब भी प्रारंभ हो, क्षेत्र के ग्रामीणों की भावना है कि इधर का 7 किमी का टुकड़ा पहले बन जाए, जिससे लंबे समय से बदहाली झेल रहा यह इलाका कुछ राहत की सांस ले सके। इस तरफ के निर्माण में घाटों और जंगलों से सम्बन्धीत परेशानियां नही होने से यहां सड़क शीघ्रता से बनेगी। 

सेतु निगम के निर्माण पर भी फसा पेंच

सड़क निर्माण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ नही हुई और पुलियाऐं बनने लगी। लगभग 76 लाख की लागत से सेतु निगम द्वारा निर्मित होने वाली चार पुलियाओं से फिर तकनीक पेंच फसता दिखाई दे रहा है। मप्र सड़क निर्माण विभाग 12 मीटर चौड़ी सड़क बनाएगा जबकि पुलियाएं संकरी होगी, साथ ही इन पुलियाओं का बजट भी एमपीआरडीसी को कम करना होगा। जिससे सड़क निर्माण प्रक्रिया लंबित होने का डर भी बना हुआ है। 

Share on WhatsApp