तीन दिन में जिले के उदयगढ़ में 5 अलीराजपुर - सोंडवा में पौने पांच व जोबट में 4 इंच बारिश
जिले में अब तक 36 इंच औसत बारिश
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
आदिवासी अंचल अलीराजपुर जिले में लगातार तीन दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है। इस वजह से जिले के सभी नदी नाले उफान पर आ गए हैं। जिले का सबसे बड़ा अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद बांध (फाटा डेम) में जलस्तर 259. 20 मीटर पर आ चुका है। जबकि बांध की कुल जल ग्रहण क्षमता 260 मीटर है। बांध के जल ग्रहण क्षमता लगभग पूरी हो चुकी है।
लगातार बारिश होने से फाटा डैम के गेट खोलने की सार्वजनिक मुनादी अनुविभागीय अधिकारी द्वारा करवाई जा चुकी है एवं नागरिकों से अपील की गई है कि हथनी नदी के आसपास आना जाना कतई नहीं करें। हालांकि निरंतर बारिश से किसानों के बीच कहीं खुशी कहीं गम की स्थिति है। वैसे भी जिले में उड़द की फसल पीला मोजक प्रकोप से लगभग 70 फिसदी तक खराब हो चुकी है। इससे किसान पहले ही निराश है और अब अधिक मास में 3 दिनों से लगातार बारिश की झड़ी होने से सामान्य जनजीवन भी पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो चुका है।
24घंटे में औसत 29.6 मिमी बारिश
भू अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अलीराजपुर जिले के सभी छह विकास खंडों में 23 सितंबर की सुबह 8:00 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश दर्ज की गई।जिसमें अलीराजपुर में 46.4 मिमी, जोबट में 51 मिमी, उदयगढ़ में 276 मिमी, भाबरा में 22 मिमी कट्ठीवाड़ा में 14 मिमी व सोंडवा में 17 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिले में बुधवार 23 सितंबर कि सुबह 8:00 बजे तक औसत 900 मिली मीटर याने 36 इंच बारिश हो चुकी है। जिले में औसत बारिश का आंकड़ा 35 इंच का है इस प्रकार जिले में वर्ष 2020 में औसत से 1 इंच अधिक बारिश हो चुकी है। हालांकि यह आंकड़ा गत वर्ष की तुलना में बहुत कम है क्योंकि वर्ष 2019 में 23 सितंबर तक कुल 1464 मिमी बारिश याने 58 इंच बारिश हो चुकी थी जो कि इस साल से 22.56 इंच अधिक थी।
Share on WhatsApp


