नियमों का पालन करते हुए मनाया अयोध्या आधारशिला उत्सव
उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट
500 सालों में हमारी 2000 पीढ़ी गुजर चुकी है। हम उस सौभाग्यशाली पीढ़ी के साक्षी है जो हिंदू धर्म के आराध्य भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या में भव्य मंदिर को आकार लेता देख रहे हैं।उक्त विचार उदयगढ़ स्थित श्री राम मंदिर के पुजारी गोविंद जी शर्मा ने अयोध्या में श्री राम मंदिर की आधारशिला रखे जाने के शुभ अवसर पर स्थानीय मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में व्यक्त किए।
गोविंद जी शर्मा ने कहा कि श्री राम का वनवास 14 वर्ष में पूरा हो गया था परंतु 500 वर्ष पूर्व मुगलों ने मंदिरों का विध्वंस कर वहां अपनी सल्तनत स्थापित की।इन 500 वर्षों में लाखों हिंदुओं ने अपनी ने विरासत को पाने के लिए बलिदान दिया।आज अयोध्या में श्री राम मंदिर की जो आधारशिला रखी गई है वह 2000 पीढ़ियों के संघर्ष, उनके त्याग, बलिदान, तपस्या का प्रतिफल है ।
इस पुनीत ऐतिहासिक अवसर पर श्री राम मंदिर में आकर्षक श्रंगार किया गया। शिखर पर ध्वजा परिवर्तित की गई। क्रमबद्ध तरीके से ग्राम वासियों ने मंदिर में जाकर शीश नवाया, पूजा अर्चना की ।
श्री मारुती मित्र मंडल ने सुबह से यहां भजन, कीर्तन, स्तुति, चालीसा पाठ शुरू कर दिया। दोपहर 12:30 के बाद ढोल, नगाड़े, घंटी, शंखनाद के साथ श्री राम लला को मेवा मिष्ठान का भोग लगाकर आरती उतारी गई। वैश्विक महामारी के मद्देनजर सावधानी, सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया।नियमों का पालन करते हुए उत्साह पूर्वक भव्य तरीके से अयोध्या जन्मभूमि में आधारशिला स्थापित किए जाने का उत्सव मनाया गया।
शाम को प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित कर रंगोली बनाई गई।मिलने के अतिरिक्त सोशल मीडिया के माध्यम से भी पूरे दिन बधाई शुभकामनाओं का क्रम चलता रहा।
Share on WhatsApp



