विधायक कलावती भूरिया ने लगाया राजनीतिक संरक्षण का आरोप
कट्ठीवाड़ा से प्रेम गुप्ता की रिपोर्ट
अवैध रेत खनन माफिया द्वारा आमखुट क्षेत्र में सरेआम तीस से चालीस डंपर प्रतिदिन रेत का खनन किया जा रहा है और प्रशासन को सूचित करने के बाद भी खनन माफिया पर किसी तरह की कार्यवाही नही की जा रही है बल्कि उन्हें राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है ये आरोप क्षेत्रीय विधायक कलावती भूरिया ने लगाया।प्राप्त जानकारी के अनुसार आमखुट क्षेत्र की उरपुर नदी में पोकलेन, जेसीबी की मदद से पिछले एक माह से लगातार रेत का अवैध खनन चल रहा है जिसके कारण नदी की जल संग्रहण क्षमता प्रभावित हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बढे-बढ़े ओवरलोड डम्परों के चलने से हाल ही बनी हुई सड़कें भी क्षतिग्रस्त होती जा रही है।
राजनीतिक संरक्षण का आरोप
क्षेत्रीय विधायक कलावती भूरिया ने नईदुनिया को बताया कि अवैध खनन के सम्बंध में मैने प्रशासन को सूचित किया भी किन्तु राजनीतिक संरक्षण के कारण खनन माफिया पर कार्यवाही नही हो रही है।उन्होंने बताया कि खनन अधिकारी खनन माफिया पर कार्यवाही करने से परहेज कर रहे है।
प्रशासन का खोफ नही
शुक्रवार को आमखुट, चाँदपुर, बिजोरिया क्षेत्रों में खनन माफिया के खिलाफ की गई कार्यवाही के बाद भी आमखुट क्षेत्र में खनन कार्य जारी था। स्थानीय ग्रामीणों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि खनन माफिया पर प्रशासन का कोई खोफ नही है,आपसी सहमति से ही खनन कार्य चल रहा है।जब कार्यवाही की जा रही थी तो पोकलेन मशीन को पेड़ों में छुपा दिया गया।प्रशासनिक खानापूर्ति के बाद रेत खुदाई का कार्य फिर से प्रारंभ कर दिया गया।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्यवाही की
अवैध खनन माफिया पर अंकुश माइनिंग विभाग ही लगा सकता है, उच्चधिकारियों के निर्देश पर मैंने ग्राम चाँदपुर में रेत के स्टॉक को जब्त किया, साथ ही ग्राम बिजोरिया में जेसीबी और डंपर भी जब्त की गई है।आमखुट में भी एक डम्पर जब्त कर पुलिस चौकी पर रखा है जिसका प्रकरण खनन विभाग द्वारा बनाया गया है।तहसीलदार संतुष्टि पाल

