उदयगढ़ में फिर दी कोरोना ने दस्तक

जनपद पंचायत के पीछे वाली बस्ती सील,
आला अधिकारियों ने किया दौरा: दिए निर्देश,
अवैध शराब परिवहन के दौरान पकड़ा गया बड़ौदा में,
स्वास्थ्य परीक्षण में पाया गया युवक कोरोना पॉजिटिव
उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट 
अलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में कोरोना ने वापस दस्तक दी है। ब्लॉक कॉलोनी के पीछे रहने वाला एक युवक गुजरात में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।गुजरात पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करने के दौरान इसे पकड़ा। चिकित्सकीय जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई जबकि इसी का एक साथी नेगेटिव पाया गया।रविवार रात युवक के कोरोना ग्रसित पाए जाने की खबर मिलते ही जिला प्रशासन सतर्क हो गया। सीबीएमओ डॉ अमित दलाल टीम के साथ रात को ही उक्त युवक के निवास क्षेत्र में पहुंचे और स्क्रीनिंग शुरू कर दी।
पूरा प्रशासन पहुंचा उदयगढ़
सोमवार अलसुबह एसडीएम अखिल राठौर, तहसीलदार कैलाश सस्तीया, नायब तहसीलदार वंदना किराडे, थाना प्रभारी एमके रघुवंशी राजस्व निरीक्षक बहादुर सिंह मकवाना आदि यहां पहुंचे और मौका मुआयना कर कंटेंटमेंट क्षेत्र निर्धारित किया।दोपहर मे कलेक्टर सुरभि गुप्ता एवं एसपी विपुल श्रीवास्तव यहां का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं को देखा तथा स्थानीय अमले को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निगरानी के लिए यहां कंटेंटमेंट एरिया के बाहर टेंट लगाकर ग्राम चौकीदार पटवारी  पुलिस टीम  की तैनाती की गई।
जिले में ही हो जाएगी जांच तत्काल आ जाएगी रिपोर्ट
कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक के मोहल्ले मे कुल 68 मकान है जो लगभग एक दूसरे से लगे हुए हैं। महिला, पुरुष एवं बच्चों सहित यहां 402 लोग निवास करते है।स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित युवक के माता-पिता, दो बहन, पत्नी और 3 बच्चों सहित बस्ती से 50 लोगों के सैंपल लिए हैं। डॉ अमित दलाल ने बताया कि 5 दिन के अंदर पूरे क्षेत्र का सर्वे कर लिया जाएगा। सर्दी, खांसी, बुखार से ग्रसित लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे।अलीराजपुर जिला चिकित्सालय में ही ट्रूनैट मशीन पर सारे सैंपल की जांच होगी। कलेक्टर ने निर्देश पर आयुष विभाग की टीम ने घर घर जाकर आर्सेनिक अल्बम 30,त्रिकटु काढ़ा वितरित किया।ग्रामीणों को बताया कि इससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी ।
60 पेटी अंग्रेजी शराब लेकर गया था गुजरात
पकड़ने वाले पुलिसकर्मी भी हुए क्वारंटाइन बड़ौदा क्राइम ब्रांच के अधिकारी भारत गमरा ने बताया कि युवक 24 जून को एक जीप वाहन में 60 पेटी अंग्रेजी शराब मध्य प्रदेश से भरकर गुजरात बड़ौदा में आया था। उन्हें पकड़े गए युवक  के स्वास्थ्य परीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।  बड़ौदा के  एसएसजी मेडिकल कॉलेज मे युवक का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया गया था। सर्दी एवं बुखार से ग्रसित होने पर उसका सेंपल लेकर परीक्षण किया गया। 29 जून को  युवक माधुसिंह  की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद क्राइम ब्रांच के अधिकारी सहित चार अन्य पुलिसकर्मियों को भी क्वारंटाइन कर दिया गया है। जबकि पकड़ा गए उसी के एक साथी युवक की रिपोर्ट नेगेटिव आई है |युवक के स्वस्थ होने पर उससे पूछताछ कर आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। 
ना डर और ना सुरक्षा के प्रति सतर्क
गौरतलब है कि झाबुआ-अलीराजपुर  के सरहदी उदयगढ़ में ही जिले का पहला कोरोना पॉजिटिव लॉकडाउन भाग 2 की शुरुआत में ही 15 अप्रैल को सामने आया था। ढाई माह के बाद यहां पुनः कोरोना ने दस्तक दी है लेकिन इस बार यहां लोगों में ना तो कोरोना का डर है और ना ही बचाव के तरीके को लेकर कोई सजग है। कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद भी बाजार में लोगों की दिनचर्या सामान्य बनी रही। सामाजिक दूरी का पालन मास्क का इस्तेमाल कम ही लोग कर रहे हैं।

Share on WhatsApp