नगर में बिना किसी की भेदभाव के सभी वार्डों में क्रम से होगा विकास कार्य-नपाध्यक्ष सेना पटेल
अलीराजपुर न्यूज़ डेस्क
जिला मुख्यालय की नगर पालिका परिषद के द्वारा नगर के सभी प्रमुख वार्डो में क्रम से विकास कार्य किया जाएगा। नपा प्राथमिकता से उन वार्डो में डामरीकरण व विकास कार्य कर रही है जहां पर पुराने बनाए गए सीसी रोड पर डामरीकरण की अत्यधिक आवश्यकता थी। नगर पालिका परिषद पूरे नगर में बिना किसी दलगत राजनीति व भेदभाव के विकास कार्यों को प्राथमिकता से करने के लिए प्रतिबद्ध है। उक्त बात नगर पालिका परिषद अलीराजपुर की अध्यक्ष सेना महेश पटेल ने शुक्रवार रात को बस स्टैंड से तिलक मार्ग व रणछोड़राय मंदिर कार्नर तक के डामरीकरण कार्य का भूमि पूजन करने के अवसर पर गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कही।
नपा अध्यक्ष सेना पटेल ने कहा कि नगर पालिका द्वारा नगर में जिस प्रकार से विकास कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किया जा रहा है नगर पालिका के द्वारा अभी तक एमजी रोड से हाट गली होकर सिनेमा चौराहा, वीटी रोड पुरानी कलाली से लेकर नीम चौक एवं अन्य कुछ वार्डों में डामरीकरण कार्य करवाया गया है यह इस बात का सूचक है कि नगर पालिका सभी नागरिकों को आम मूलभूत सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध है। डामरीकरण कार्य के भूमि पूजन शुभारंभ कार्य में नपा अध्यक्ष सेना पटेल ने डामरीकरण मशीन की विधिवत पूजा अर्चना कर नारियल प्रसादी चढ़ाई। नपा उपाध्यक्ष संतोष परवाल मकू सेठ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संतोषी लाल जैन, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष ओम सेठ राठौर, राजेंद्र टवली,बस ऑपरेटर राजेश राठौड़ नपा सीएमओ संतोष चौहान, नपा कर्मचारी सुनील कपड़िया नितेश राठौर,सामाजिक कार्यकर्ता दीपक दीक्षित, पूर्व पार्षद राजेंद्र राठौर सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक व गणमान्य जन मौजूद थे।

