प्रशिक्षु डीएसपी की विदाई

 उदयगढ़वासियों ने दिया कोरोना फाइटर सम्मान
उदयगढ़। 3 माह की प्रशिक्षण अवधि पर उदयगढ़ थाना प्रभारी के रूप में आए प्रशिक्षु डीएसपी आशीष पटेल  उदयगढ़ थाने से रिलीव हो गए। अब वह एक माह तक एसडीओपी कार्यालय अलीराजपुर मे प्रशिक्षु अधिकारी रहेंगे। विदाई समारोह मे थाना स्टाफ,  ग्राम शांति-सुरक्षा समिति, जागरूक नागरिक मंच ने युवा अधिकारी को साफा बांधकर कोरोना फाइटर सम्मान से नवाजा।  उन्हें शाल श्रीफल भेंट कर आगामी जिम्मेदारी के लिए  शुभकामनाएं दी।

 इस अवसर पर  भाजपा मंडल अध्यक्ष  राजू  मुवेल  ने कहा कि भगोरिया पर्व के ठीक पहले उदयगढ़ के थाना प्रभारी बने आशीष पटेल  का कार्यकाल  वैश्विक महामारी  के दौर मे गुजरा।  इस अवधि में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक सहित हर स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया। डॉक्टर शब्बीर हमीदी ने कहा कि  विभिन्न माध्यम द्वारा जनमानस से लगातार जुड़े रहकर प्रशिक्षु डीएसपी सर ने आवश्यक सूचना, समझाइश देकर कानून का सख्ती से पालन  करवाया।  नतीजतन मात्र 15 दिनों में उदयगढ़ कोरोना मुक्त हो गया ।  वरिष्ठ एसआई एमके रघुवंशी ने युवा अधिकारी के साथ अपने कार्य अनुभव साझा किए और कहा कि प्रशिक्षु अधिकारी का आगमन समयानुकूल रहा।

 इस अवसर पर  प्रशिक्षु डीएसपी आशीष पटेल ने कहा कि मुझे उदयगढ़ के जनमानस और स्टाफ का अच्छा सहयोग मिला। उन्होंने  जाते-जाते भी स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र देते हुए कहा कि  व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता,  मास्क का उपयोग,   शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास आदि पर निरंतर ध्यान रखना है इससे कोरोना  सहित अन्य संक्रामक बीमारियों से भी बचे रहेंगे।
 कार्यक्रम का संचालन एसआई राजशेखर वर्मा ने  तथा आभार व्यापारी संगठन के धन्नालाल राठौड ने  व्यक्त किया।
Share on WhatsApp