आलीराजपुर की प्रशासनिक खबरें

डीपीसी के आदेश से हास्टल अधिक्षकों में मची हलचल
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
जिले में कोरोना ने तीसरी बार फिर से दस्तक दे दी है। ग्राम सेजगांव में दो ग्रामीणों के कोराना पाजिटिव मिलने से पुलिस, प्रशासन व मेडिकल विभाग की दिक्कतें फिर से बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर जिले में कोविड-19 कोरोना वायरस से निपटने के लिए आए हुए फंड की भी पूरे प्रशासनिक महकमें में और जनप्रतिनिधियों में भी चर्चा जोरों पर है। कोरोना के दौर में जिले में अन्य प्रशासनिक गतिविधियां लगभग ठप सी हो गई है। वही कुछ विभागों में गतिविधियां चल रही है तो उन विभागों के वरिष्ठ अफसर आदि अपनी मनमर्जी पर उतारु हो गए है। अलीराजपुर न्यूज पोर्टल जिले की ऐसी ही प्रशासनिक गतिविधियों से अपने जागरुक व शानदार पाठकों को अवगत करा रहे है।


डीपीसी के आदेश से केजीबी व अन्य हास्टल अधीक्षकों में मची हलचल
जिला शिक्षा केंद्र कार्यालय में एक सप्ताह के दौरान कुछ नए घटनाक्रम हो गए है। डीपीसी महोदय ने राज्य शासन के निर्देशों का हवाला देकर केजीबी व डीपीसी के अधीन हास्टल अधिक्षकों की नए ढंग से भर्ती करने का पत्र जारी कर दिया है। जिससे कई हास्टल अधिक्षकों व अधिक्षिकाओं में हलचल मच गई है। कई अधिक्षक जनप्रतिनिधियों के रिश्तेदार भी है। अब यह देखना गौरतलब होगा कि डीपीसी महोदय ने उक्त आदेश निकालने के पूर्व क्या कलेक्टर मैडम व जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिया है कि नहीं। क्यों कि यहां की स्थिती ऐसी हो चुकी है कि जिले के दोनों विधायक कांग्रेस से है और प्रदेश में सरकार बीजेपी की बन चुकी है।
   DPC Order

दो कर्मचारियों को बीआरसी में कर दिया अटैच्ड
हालांकि डीपीसी महोदय ने एक ओर आदेश जारी करते हुए डीपीसी कार्यालय में कई समय से कार्य कर रहे दो कर्मचारियों संजय दाते व संदीप डावर को  बीआरसी कार्यालय में अचानक से अटैच्ड कर दिया है। इन्हें क्यों अटैच्ड कर दिया गया यह मामला जनचर्चा में है। डीपीसी महोदय के मूड को  देखकर लग रहा है कि डीपीसी महोदय इस शिक्षा सत्र के पहले 20-20 स्टाईल में बैटिंग करने के मूड में है। अब समझदार को ईशारा ही काफी है।

सबडीवीजन में कब पहुंचेंगे एसडीएम
अलीराजपुर के साथ कठ्ठीवाड़ा के एसडीएम का चार्ज संभाल रहे एसडीएम विजय मंडलोई को लेकर भी कठ्ठीवाड़ा अंचल के सत्ता पक्ष व विपक्ष दोनों दलों के जनप्रतिनिधियों व नेताओं में यह चर्चा चल रही है कि एसडीएम मंडलोई साहब कभी कठ्ठीवाड़ा अंचल का दौरा भी करेंगे की नहीं। सूत्र बता रहे है कि मंडलोई साहब ने अभी तक दौरा नहीं किया है हो सकता है कि एक दो दिन में उनका दौरा कार्यक्रम बन जाए? इस मामले की जानकारी जोबट विधायक सुश्री कलावती भूरिया को भी स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने दे दी है। हालांकि एसडीएम मंडलोई पर अलीराजपुर जैसे बड़े सबडीवीजन का दबाव पहले से ही है अब यह देखना गौरतलब होगा कि वे क्या करते हैं।


जिले में सांख्यिकी अधिकारी का प्रभार सालों से देखकर रहे संतोष लोहारिया को गत दिनों कलेक्टर मैडम ने निलंबित कर दिया। उनका निलंबन आदेश गत 5 मई को जारी हुआ और उन्हें कलेक्टोरेट कार्यालय में ही अटैच्ड किया गया है। लोहारिया जी ने लंबी पारी भाजपा सरकार के समय व कांग्रेस सरकार के करीब डेढ़ साल के कार्यकाल में खेली है। काफी अनुभव हो चुका है। टेस्ट मैच, वन डे व 20-20 मैच सभी तरह के उनके पास अनुभव है। सांसद निधि से लेकर विधायक निधि के फंड का काम उनके ही पास रहा है कहां कैसे फंड को एडजस्ट करना है इसका उनका काफी अनुभव रहा है। भाबरा क्षेत्र के एक सप्लायर के साथ कांग्रेस सरकार के दिनों में वे काफी सक्रिय भी दिखे है। किंतु उनके निलंबन का समाचार पीआरओ कार्यालय से उनके निलंबन होने के करीब 21 दिनों बाद भी जारी नहीं हुआ । है ना मित्रों आश्चर्य वाली बात कि उनकी सेटिंग कितनी तगड़ी है। आखिर निलंबन का समाचार क्यों जारी नहीं हुआ यह भी एक यक्ष प्रश्न है। इस मामले में जब इस प्रतिनिधि ने जनसंपर्क अधिकारी मनीष गुप्ता से आज सवाल किया तो उनका कहना था कि मेरे पास आदेश की कापी ही नहीं आई है। अब कलेक्टर कार्यालय की पहली मंजील से दूसरी मंजील पर स्थित पीआरओ कार्यालय तक निलंबन आदेश की कापी जाने में 21 दिन बीत जाने के बाद भी इतना समय लगता है यह भी सोचने वाली बात है? खैर यह अलीराजपुर कलेक्टर कार्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था है जो सब को समझ में आ रही है।

महिला अफसर तबादले के मूड में हैं
कठ्ठीवाड़ा अंचल की नायब तहसीलदार संतुष्टि पाल मैडम को भी जिले में करीब चार साल होने को आए है। वे जिले में अच्छा अनुभव प्राप्त कर चुकी है और अब वे जिले से बाहर जाना चाह रही है। उनके वरिष्ठ अफसर उन्हें कई तरह के निर्देश दबाव वाली स्टाईल में दे रहे है। जिससे वे मन ही मन बेहद दुखी है। एक ईमानदार महिला अफसर के साथ प्रशासनिक अफसरों का रवैया उन्हें आहत कर रहा है। हालांकि उनकी कलेक्टर मैडम से अच्छी पटरी बैठती है हो सकता है कि वे मैडम को भी अपना दिल ए दर्द बयां कर दे।

दुकानें सुबह 7 से शाम 5 बजे तक खोले जाने संबंधित आदेश जारी
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती सुरभि गुप्ता ने कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम हेतु लॉक डाउन अवधि 31 मई 2020 के तहत दुकान खुलने संबंधित समय सारणी में आंशिक संशोधन संबंधित आदेश जारी किया है। उक्त आदेश के तहत सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक दुकानें खोले जाने संबंधित आदेश जारी किया गया है। यह आदेश 31 मई 2020 तक प्रभावषील रहेगा तथा पूर्ववत आदेश की शर्तें और दिशा निर्देश यथावत रहेंगे।


दीदी वैन का शुभारंभ
म.प्र.डे.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अलीराजपुर के प्रणामी ग्राम संगठन ग्राम बोरकुन्डीया के समूहों से जुडी महिलाओं द्वारा आमजन को ताजी सब्जीयां विक्रय करने हेतु समूह की महिलाओं द्वारा संचालित होने वाली दीदी वैन का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एसके मालवीय ने हरी झण्डी दिखाते हुए किया। इस अवसर पर श्री मालवीय ने समूह की महिलाओं को उक्त गतिविधि को प्रभावी ढंग से संचालित करने संबंधित सुझाव भी दिए। इस अवसर पर आजीविका मिशन जिला प्रबंधक सुश्री शीला शुक्ला, सीईओ जनपद पंचायत चन्द्रशेखर आजाद नगर श्री मनोज निगम, आजीविका मिशन की विकासखण्ड स्तरीय टीम एवं दीदी वेन का संचालन करने वाली समूहों की महिलाएं श्रीमती हस्मीता बारिया, श्रीमती हंसा कुंवरसिंह, श्रीमती रमीला शंभूसिंह उपस्थिति थी। इस अवसर पर विकासखण्ड प्रबंधक श्री भूरसिंह धाकड, टीम के सदस्य श्रीमती अनीता पाटीदार, श्रीमती नीता तोमर, श्री कमल चौहान आदि उपस्थित थे।  
ग्राम सेजगांव का कोटवार फलिया के कंटेनमेंट क्षेत्र संबंधित आदेश जारी
जिले के ग्राम सेजगांव के दो व्यक्ति कोरोना पाजीटीव पाए जाने पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती सुरभि गुप्ता ने पब्ल्कि हैल्थ एक्ट 1949 की धारा 71 के तहत कोरोना वायरस से बचाव हेतु कंटेनमेंट क्षेत्र संबंधित आदेश जारी किया है। उक्त आदेष के तहत ग्राम सेजगांव के कोटवार फलिया को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया है। उक्त क्षेत्र के एक किमी की परिधि में अतिरिक्त क्षेत्र को बफर झोन घोषित किया है। कंटेनमेंट एरिया मे पूर्णतः आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उक्त क्षेत्र के निवासियों को होम क्वारेन्टींन में रहना होगा। उक्त कंटेनमेंट क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा घर-घर जाकर रहवासियों की स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। उक्त आदेष के तहत कंटेनमेंट क्षेत्र संबंधित दिशा निर्देश स्वास्थ्य विभाग अमले को दिये गए है।
Share on WhatsApp