आलीराजपुर जिले की राजनीतिक प्रशासनिक हलचल

कोरोना वायरस लाक डाउन करफ्यू को सफल बनाने में जुटा पुलिस प्रशासन,
लाक डाउन छूट का हुआ दुरुपयोग तो फिर लगाना पड़ा करफ्यू
आशुतोष पंचोली 
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
जिले में कोराना वायरस लाक डाउन जहां एक ओर चल रहा है वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन व पुलिस अमला पूरी ताकत से सारी व्यवस्थाओं को अंजाम देने में लगा हुआ है। जिले की सबसे बड़ी खबर तो आज यह रही कि जिला प्रशासन को 28 अप्रेल से आगमी 3 मई लाक डाउन अवधि के दौरान फिर से करफ्यू आदेश जारी करना पड़ा क्यों कि पिछले पांच दिनों से करफ्यू हट जाने से जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य कस्बों में बाजारों में भारी भीड़ आने लगी थी। दुकानदार, व्यापारी आदि कोई भी मानने को तैयार नहीं था। जिसका जिला मुख्यालय के मीडिया ग्रुप व अन्य कई प्लेटफार्म पर प्रशासन की तीखी आलोचना हुई नतीजतन जिला प्रशासन को करफ्यू फिर से लगाना पड़ा है। इन सब के बीच मंगलवार को अलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल ने अपने राजनीतिक तरकश से पहली बार कोई आक्रामक तीर भाजपा सरकार को निशाना साधते हुए छोड़ा है। प्रदेश भाजपा सरकार पर उन्हौंने सीधे सीधे जिले के आदिवासियों की अनदेखी के आरोप जड़ दिए है। अब भाजपा की ओर से जल्दी ही इसका जवाब दिया जाएगा ऐसी आशंका है। लाक डाउन को सफल बनाने में जिला प्रशासन गंभीर है तो वहीं जिला पंचायत सीईओ सुदेश मालवीया ने अपने ही विभाग के एक कर्मचारी जो कि कोरोना पाजिटिव क्षेत्र से आया उसे ड्यूटी पर सोंडवा जनपद पंचायत में भेज दिया। जिससे अन्य कर्मचारियों में असंतोष व कोरोना को लेकर कई तरह की आशंकाएं व्याप्त हो गई है। अलीराजपुर नपा अध्यक्ष सेना पटेल आज अचानक से नपा कार्यालय पहंुचे तो कई कर्मचारी नदारद मिले। वही लायंस क्लब ने भी जिला अस्पताल के लिए पोर्टबल वंेटिलेटर दान में दिया है। वहीं जोबट में बीती रात को पांच लोगों को पार्टी करते हुए पुलिस ने धारा 188 में कार्रवाई की है। हालांकि पुलिस डीएसआर में किसी प्रकार का इसका उल्लेख नहीं होने से इस मामले की पुष्टि नहीं हो सकी है कि वाकई में क्या हुआ है?

खरी खरीः 
अलीराजपुर न्यूज पोर्टल को सोशल मीडिया के विश्वसनीय प्लेटफार्म व जनपद पंचायत सोंडवा के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां पर प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभारी मोहसिन खान कुछ दिन पूर्व ही खरगोन से काम पर लौटे है। खरगोन में कोरोना पाजिटिव मरीज बड़ी संख्या में मिले है। ऐसे में मोहसिन खान का यहां आना और सीधे काम पर चले जाने से उनके ही कार्यालय के अन्य कर्मचारियों में आशंकाएं व भय व्याप्त हो गया। कोरोना संक्रामक बीमारी में सभी ने मोहसिन खान का स्वास्थ्य परीक्षण व क्वारेंटाईन में रखे जाने की मांग की है। इसके लिए जिला पंचायत सीईओ मालवीय को ध्यान देना चाहिए था कि उन्हें खरगोन से आते ही सीधे ड्यूटी पर क्यो भेज दिया गया। इस मामले में वे मीडियाकर्मियों के निशाने पर भी आ गए है। जब ये मामला सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आया तो अलीराजपुर स्थित मोहसिन खान के निवास पर मेडिकल टीम उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहंुच रही है। 

घोषणावीर मुख्यमंत्री आदिवासी मजदूरों को उनके घर तक नहीं पहुंचा सकते तो हमें दे अनुमति, हम पहुंचाएंगे- विधायक पटेल
प्रदेश के घोषणावीर मुख्यमंत्री आदिवासी मजदूरों को उनके घर तक नहीं पहुंचा सकते है तो हमें लिखित में दे अनुमति, हम सभी मजदूरों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाएंगे। वर्तमान में गरीब आदिवासियों का शोषण हो रहा है, उनका विकास करने एवं सुविधाएं देने में झूठ के बल पर जोर जर्बदस्ती से बनी भाजपा सरकार पूर्ण रुप से विफल साबित हो रही है। ये बात आलीराजपुर के युवा विधायक मुकेश पटेल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कही। 
उन्होने कहा कि  इस महामारी के चलते  जिले के गरीब आदिवासी मजदूरों  को  वापस आलीराजपुर लाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी। जिसे करीबन सौ घंटे से अधिक समय व्यतीत हो चुका है लेकिन केवल घोषणा मात्र ही साबित हो रही है।  जमीनी स्तर पर कोई भी कार्य नहीं हो रहा है। मुझे विभिन्न राज्यों से आलीराजपुर के गरीब आदिवासी मजदूर दूरभाष पर निरंतर अपनी दयनीय स्थिति के बारे में अवगत करवा रहे हैं। उनकी पीड़ा समझने और उन्हें दूर करने के लिए मध्यप्रदेश शासन पूर्ण रुप से विफल साबित हो रहा है।  अगर सरकार अपनी जिम्मेदारी से मुंह फेरना चाहती है तो हमें हमारे क्षेत्र के गरीब मजदूरों को वापस लाने की लिखित परमिशन दे। ताकि हम लोग उन्हें सुरक्षित अपने-अपने घर ला सकें। मेरा मध्यप्रदेश शासन पर खुला आरोप है कि शासन केवल गरीब आदिवासियों के शोषण करने में लगी है। उनका विकास करने एवं सुविधाऐं देने में पूर्ण रूप से विफल रही है।

नपाध्यक्ष श्रीमती पटेल ने नपा कार्यालय ओर फिल्टर प्लांट का आकस्मिक निरीक्षण किया’ 
कोरोना महामारी के चलते जारी लॉक डाउन के बीच स्थानीय नगरपालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल ने मंगलवार को नपा कार्यालय ओर फिल्टर प्लांट का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कार्यालय में कई लापरवाही देखने की मिली, साथ ही कुछ कर्मचारी अपनी टेबलों से नदारद पाए गए। इसको लेकर उन्होंने नपा सीएमओ को  कार्यालय में अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए है।अध्यक्ष श्रीमती पटेल मंगलवार ऑफिस टाईम जब नपा कार्यालय पहुंची तो उन्हें कई प्रकार की लापरवाही देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान उन्हें कुछ कर्मचारी अपनी टेबलों से नदारद दिखाई दिए। श्रीमती पटेल ने तत्काल नपा सीएमओ संतोष चैहान को बुलाकर अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी करने के निर्देश दिए।  उक्त मामले को लेकर नपाध्यक्ष श्रीमती पटेल ने कलेक्टर सुरभि गुप्ता को भी अवगत करा दिया है। श्रीमती पटेल ने कहा कि कुछ कर्मचारी लापरवाही बरत रहे है तो कुछ कर्मचारी अच्छा कार्य भी कर रहे है। इसके पूर्व श्रीमती पटेल ने नपा सीएमओ श्री चैहान और कांग्रेसी नेता ओमप्रकाश राठौर के साथ स्थानीय फिल्टर प्लांट का भी निरीक्षण किया। 


कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती सुरभि गुप्ता ने 3 मई तक कफ्र्यू के आदेश जारी किये 
 कलेक्टर सुरभि गुप्ता ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत अलीराजपुर जिले की सम्पूर्ण राजस्व सीमा में 3 मई 2020 तक कफ्र्यू के आदेश जारी किये है। पूर्व आदेश जिसमें भारत शासन के निर्देशों को दृष्टिगत रखते हुए कोरोना (कोविड-19) विश्व व्यापी महामारी में लॉकडाउन के चलते निर्धारित शर्तो के अन्तर्गत छूट प्रदान की गई थी परन्तु आमजन द्वारा सोशल डिस्टेन्सींग एवं निर्देषों का उल्लंघन करना पाये जाने तथा जिले की सीमाओं क्षेत्रों से लगे जिला धार के कुक्षी, गुजरात राज्य के जिला दाहोद, जिला छोटा उदयपुर व तहसील कंवाट में नोवेल कोरोना (कोविड-19) की संक्रमित मरीज की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में अलीराजपुर जिले की राजस्व सीमा अन्तर्गत समस्त क्षेत्र में इसकी रोकथाम के लिए यह आवश्यक हो गया है कि जिले की समस्त सीमाओं को सील किया जाए। उपरोक्त परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्रीमती गुप्ता ने नोवेल कोरोना संक्रमण से स्वास्थ्य एवं जीवन की सुरक्षा से उत्पन्न खतरे के परिप्रेक्ष्य में जन-सामान्य के स्वास्थ्य हित एवं लोक शांति बनाये रखने एवं सोशल डिस्टेसिंग के उद्देश्य से अलीराजपुर जिले की सम्पूर्ण राजस्व सीमा क्षेत्र में कफ्र्यू आदेश का सख्ती से पालन सुनिष्चित कराए जाने के आदेष दिए है। उक्त आदेष के तहत किसी भी व्यक्ति के अलीराजपुर जिले की राजस्व सीमाओं में स्थित सड़कों पर, सार्वजनिक स्थानों, सार्वजनिक मार्गो अथवा अन्य किसी भी स्थल पर एकत्रित होने, खडे होने, वाहन, यातायात का कोई भी साधन का उपयोग करने पर तत्काल प्रभाव से पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जिलेवासी अपने-अपने घरों में ही रहे, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित हो सके। 


लायंस क्लब अलीराजपुर ने जिला अस्पताल को पोर्टेबल वेन्टीलेटर प्रदान किया
 जिला अस्पताल अलीराजपुर के लिए कलेक्टर सुरभि गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव को लायंस क्लब अलीराजपुर द्वारा करीब एक लाख 35 हजार रूपये मूल्य का पोर्टेबल वेन्टीलेटर भेंट किया गया। इस अवसर पर लायंस क्लब अलीराजपुर अध्यक्ष श्री गोविन्दा गुप्ता, सचिव श्री सपन जैन, श्री अंकित परवाल, श्री शकील चन्देरी, श्री आषीष सोमानी, श्री लाल मोहम्मद आदि सदस्यगण उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि लायंस क्लब अलीराजपुर द्वारा बीते दिनों जिला अस्पताल को 50 पीपीई कीट भी प्रदान किये गए थे। जिला अस्पताल को लायंस क्लब अलीराजपुर द्वारा पोर्टेबल वेन्टीलेटर एवं पीपीई की प्रदान करने पर कलेक्टर श्रीमती गुप्ता ने लायंस क्लब का आभार व्यक्त किया। 

Share on WhatsApp