गत 3 दिनो से लगातार नागरसिंह चौहान ने चलाई थी मुहिम, नरोत्तम मिश्रा सहित वरिष्ठ नेताओं से की थी बात
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक नागरसिंह चौहान ने आलीराजपुर जिले के रहने वाले श्रमिकों को गुजरात, महाराष्ट्र एवं राजस्थान से अपने घरो तक लाने की व्यवस्था करने के लिए विगत 3 दिनों से मुहिम चला रखी थी जिसके तहत उनके द्वारा मंत्री, पूर्व मंत्री से लेकर संगठन के आला अधिकारियों तक चर्चा कर जिन जिन राज्यों में जिन स्थानों पर जिले के लोग मजदूरी करने गए गए है उन्हें शासन के खर्च पर उनके घरो तक छोडऩे के लिए मांग की थी। जिसका नतीजा गत रात्रि को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा दिए गए आदेश के रूप में प्राप्त हुआ।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हितेन्द्र शर्मा ने बताया कि मप्र सरकार द्वारा लिए गए इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नागरसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष वकीलसिंह ठकराला, जिपं अध्यक्ष अनीता चौहान, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, भदू भाई पचाया, किशोर शाह, दीपक चौहान सहित अनेक नेताओं ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का आभार जताया है। पूर्व विधायक चौहान ने बताया कि उनकी केबीनेट मंत्री नरोत्तम मिश्रा से शनिवार को बातचीत हुई है जिसमें उन्होंने बताया है कि आगामी 3-4 दिनो में बसो की व्यवस्था कर के ग्रामीणों की सूची प्राप्त कर उन्हें अन्य प्रांतो से अपने मूल स्थानों के लिए लाया जाएगा। चौहान ने भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों व नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि उनके द्वारा किए जा रहे प्रयास तभी सार्थक हुए जब वरिष्ठ नेताओं ने उनकी बात को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान तक पहुंचाया जिसके बाद जिले के लोगों को लाने का निर्णय हो पाया।

