सोशल डिस्टेंस रखते हुए जरूरतमंदों को दी सामग्री
आशुतोष पंचोली
अलीराजपुर न्यूज़ ।ब्यूरो चीफ
जिला मुख्यालय पर चल रहे लाक डाउन के दौरान गरीब व निर्धन परिवारों को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल और नपाध्यक्ष सेना पटेल ने करीब 20 क्विंटल भोजन सामग्री का वितरण 500 पैकेट में पैक करके किया।
इस प्रकार पटेल परिवार ने इस विषम परिस्थिति में दैनिक कमाई करने वाले परिवारों की सुध ली और प्रत्येक जरूरतमंद को भोजन सामग्री उपलब्ध करवाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पटेल परिवार ने पीड़ित मानवता के प्रति अपना कर्तव्य निभाते हुए यह सराहनीय कार्य किया। नगर में एक और जहां पर बिंदास ग्रुप द्वारा भोजन के पैकेट बनाकर जरूरतमंद को वितरित किए जा रहे हैं,इस कार्य में जागरूक नागरिक मंच भी सहयोग कर रहा है। वहीं दूसरी ओर पटेल परिवार ने इस प्रकार का स्तुत्य कार्य करते हुए जरूरतमंदों की सेवा में अपनी ओर से योगदान दे रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल ने अलीराजपुर न्यूज़ को बताया कि प्रत्येक पैकेट में 5 किलो आटा, 3 किलो चावल, डेढ़ किलो दाल, 1 किलो आलू की सामग्री न्यूनतम रखी गई है। जो जरूरतमंद जिनके परिवार की संख्या ज्यादा है उन्हें उस अनुसार सामग्री में बढ़ोतरी करके दी जा रही है। फिलहाल 1 सप्ताह तक चल जावे इतनी सामग्री जरूरतमंदों को आज से देना प्रारंभ किया गया है।
नपाध्यक्ष सेना पटेल ने बताया कि यह सामग्री बोरखड़, तलाव फलिया सहित वार्ड क्रमांक 1 के और नगर के ऐसे जरूरतमंद व गरीबों में दी जा रही है जो रोज कमाकर भोजन सामग्री खरीद कर अपनी आजीविका चलाते थे। जिसमें नगर में ठेला गाड़ी पर फेरी लगाने वाले, पानी पतासे वाले बिहारी लोग, नगर के हिंदू मुस्लिम सभी धर्म के अत्यंत निर्धन परिवारों को यह सामग्री दी गई है। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
नपाध्यक्ष सेना पटेल ने बताया कि जिला मुख्यालय पर चल रहे लाक डाउन के दौरान ऐसे गरीब वह निर्धन परिवारों को हमारी ओर से हर संभव मदद की जाएगी इस घड़ी में हम उनके साथ हैं।

