धुमधाम से मनी रंग पंचमी, रंगो की मस्ती में मदमस्त हुआ नगर

गुलाल व रंग लगाकर दी रंगपंचमी की शुभकामना, बच्चों व युवाओं पर जमकर चढ़ा रंग
दिनभर बजते रहे डीजे, मदहोशी के आलम में खूब थिरका युवा वर्ग
आशुतोष पंचोली। 
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
रंग पंचमी पर शनिवार को जिला मुख्यालय सहित आसपास अंचल में उल्लास, उत्साह व खुशी का वातावरण छाया रहा। युवाजन दिनभर डीजे पर फिल्मी धूनों, भजनों व होली के गीतों पर थिरकते हुए नजर आए। रंगपंचमी पर उल्लास और उमंग का रंग जमा रहा। रंग भरे माहौल में नगर के सहयोग कालोनी, प्रतापगंज मार्ग, झण्डा चैक, बहारपुरा, असाड़पुरा, एमजी रोड़, श्री रणछोरायजी मार्ग बस स्टैंड, अमला लाइन, टीचर कालोनी, सेमलपाटी में लोग होली खेलते नजर आए।  

रंग पंचमी के अवसर पर अनेक श्रद्धालु सुबह मंदिरों में पहुंचे, जहां मंदिर समिति की और से पहले ही फाग उत्सव की तैयारियां कर ली गई, मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान के साथ अबीर, गुलाल व फूलों के साथ होली खेलकर पर्व पर आध्यात्मिक आनंद लिया। होली के अवसर पर लक्ष्मी नृसिंह मंदिर, रणछोडरायजी, राजवाडा स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर, आचार्य मंदिर सहित अन्य मंदिरों में फाग उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरूष मौजुद थे। इस दौरान मंदिरों में भगवान की महाआरती उतारकर प्रसादी का वितरण भी किया गया। वहीं रणछोड़राय मंदिर में भगवान की मूर्ति का आकर्षक श्रृंगार किया गया।




पर्व का आनंद लूटने में कोई कसर नही छोड़ी
नगर में शनिवार को प्रातः से ही रंगपंचमी पर्व का रंग बच्चों व युवाओं पर विशेष कर चढ़ता हुआ दिखाई दे रहा था। युवाओं की टोलियां सुबह से पर्व की मस्ती में डूबी हुई दिखाई दी। युवाओं के अलावा बच्चों ने भी पर्व का आनंद लूटने में कोई कसर नही छोड़ी। युवतियां व महिलाएं भी अपने-अपने समूहों में नगर में अपनी सखी-सहेलियों को रंग लगाने के लिए झुंड के रूप में नगर के प्रमुख मार्गो पर घूमते हुए नजर आई। रंग पंचमी का पर्व राजनीती दलो में भी जमकर दिखा। आलीराजपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष महेश पटेल ने अपने समर्थक चितल पंवार के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में उत्साह से भाग लेकर नाचगाकर रंगपंचमी उत्सव का आनंद लिया। इस दौरान पूर्व नपा उपाध्यक्ष पिन्टु सेठ जयसवाल, यतेन्द्र सेठ भाटी, सेलू राठौर, आदि उपस्थित थे। 


सहयोग कालोनी मे उत्साह से मनाया रंगपंचमी पर्व
नगर की सहयोग कॉलोनी में रंगपंचमी उत्सव पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव में सभी कॉलोनी वासियों ने सपरिवार भाग लेकर एक दूसरे को रंग लगाकर रंग पंचमी पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया। कॉलोनी के बच्चों में अत्यधिक उत्साह देखा गया। रंग पंचमी उत्सव को सफल बनाने में बच्चों ने योगदान दिया और उत्सव का आयोजन भी बच्चों के द्वारा ही किया गया।

जागरूक नागरिक मंच ने भी रंगपंचमी उत्सव मनाया
नगर के जागरूक नागरिक मंच ने भी स्थानीय अमला लाईन में रंगपंचमी उत्सव धूमधाम से मनाया। इस दौरान मंच के अध्यक्ष विक्रम सेन, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष किशोर शाह, पूर्व पार्षद जवाहर कोठारी, आदि उपस्थित थे। जिन्होने एक दुसरे को गुलाल सहित अन्य रंग लगाकर रंगपंचमी उत्सव का भरपूर आनंद लिया।

उल्लास के रंग में बिखरता हुआ नजर आया नगर
नगर में अनेक सामाजिक संगठनों द्वारा सूखी होली मनाने के आव्हान का मिला जूला असर देखा गया। बड़े लोग तो सूखी होली मनाते नजर आए किंतु युवाओं ने चित-परिचित अंदाज में ही होली खेली। इस दौरान पक्को रंगों का भी उपयोग किया गया। अनेक स्थानों पर पानी का उपयोग भी जमकर हुआ। लोगों का कहना था कि साल में एक बार तो मस्ती व उल्लास का पर्व आता है, यदि इस पर्व के लिए भी मर्यादा खड़ी कर दी जाए तो पर्व की मस्ती का कैसे आनंद लेंगे। बरहाल नगर में पर्व का उलास अपने उसी रंग में बिखरता हुआ नजर आया जिसके लिए रंगपंचमी मनाई जाती रही है। 

समाजों की होली में रही विशेष धूम
रंगपंचमी के दिन नगर में अनेक समाजों के द्वारा पर्व की परंपरा अनुसार विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर के दशा वैष्णव पोरवाड़ समाज ने पोस्ट ऑफिस चैराहे पर पर्व मनाया। नगर के राठौड़ समाज द्वारा श्री रणछोडरायजी मंदिर पर पर्व भगवान रणछोडरायजी के साथ रंग खेला गया। इसने अलावा माहेश्वरी समाज, असाड़ा राजपूत समाज, हरसोला वणिक समाज, जैन समाज, मालवी तंबोली समाज, स्वर्णकार समाज व अन्य समाज द्वारा भी रंगपंचमी का पर्व उल्लापूर्ण वातावरण में मनाया गया। ब्राम्ह्ण समाज मे रंगोत्सव की धूम रही। समाजों के अलावा छात्रावासों आदि में भी वहां के विद्यार्थियों व स्टॉफ द्वारा रंगोत्सव मनाया गया। 

पुलिस का रहा कड़ा प्रबंध
रंगपंचमी पर हुड़दंडियों पर नियंत्रण रखने के लिए नगर में पुलिस प्रशासन इस इस बारे में सख्त दिखाई दिया। एसपी विपुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में नगर के प्रमुख चौराहों सहित संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं आलीराजपुर थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी दिन भर नगर में ऐहतियातन जीप में भ्रमण करते रहे। दोपहर 3 बजे बाद पंचमी की मस्ती में डूबी टोलियों ने अपने-अपने घरों की और लौटना प्रारंभ कर दिया। शाम 5 बजे के लगभग पर्व का समापन हुआ।

बस स्टैंड पर रहा सन्नाटा
आलीराजपुर नगर व इसके आसपास के क्षेत्रों में रंगपंचमी पर होली पर्व मनाए जाने की वजह से बस स्टेंड पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। यहां की सभी दुकाने बंद नजर आई। यहां से चलने वाली लगभग सभी यात्री बसें बंद रही। पर्व के दौरान चाय की दुकान, पान की दुकानें व होटलें आदि भी बंद रही, इस कारण से लोग चाय-नाश्ते के लिए भटकते नजर आए। शाम 5 बजे पर्व समापन के बाद नगर के बाजार खुले।

हैलिपेड ग्रुप ने मनाया रंगपंचमी उत्सव
स्थानीय फतेह स्पोर्टस मैदान पर हैलिपेड ग्रुप ने रंगपंचमी का उत्सव ग्रुप के स्वरूप क्षीरसागर के नेतृत्व में उत्साह से मनाया। जिसमें समस्त सदस्यों ने बढ़चढ़कर भाग लिया। 

नपा उपाध्यक्ष मकु सेठ परवाल मित्रमण्डल ने एमजी रोड़ पर सपरिवार रंगपंचमी के अवसर पर फाग उत्सव धूमधाम से मनाया।

Share on WhatsApp