मध्यप्रदेश के चेरापूंजी बने कटठीवाड़ा में अब तक हुई 90 इंच बारिश

आलीराजपुर में पहली बार 62 इंच बारिश,
नवरात्रि के रंग को बारिश ने किया फीका
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो चीफ
पश्चिमी मध्यप्रदेश में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है जिसके चलते इंदौर  संभाग के आलीराजपुर झाबुआ जिले में बारिश का क्रम अभी भी अनवरत जारी है। इस बार रिकार्ड तोड़ बारिश ने पूरे जिले को सराबोर कर रखा है। जिले के कटठीवाड़ा विकासखंड में बारिश का आकड़ा 90 इंच पर जा पहुंचा है वहीं दूसरी और आलीराजपुर के ज्ञात इतिहास में पहली बार 62 इंच रिकार्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। जिले में मानसून सत्र के दौरान शुरू हुई झमाझम बारिश का क्रम अक्टूंबर माह में भी जारी है।  जिले में इस साल खरीफ की फसल की स्थिति खराब होने की आशंका बन गई है। किसानों मे खरीफ की फसल को लेकर चिंता बनी हुई है वहीं दूसरी और रबी फसल के लिए उत्साह भी बना हुआ है क्योंकि जिले के नदी तालाब स्टापडेम निस्तार तालाब कुए आदि लबालब हो चुके है। 

कटठीवाड़ा में सबसे अधिक तो उदयगढ़ में सबसे कम बारिश
कार्यालय भू अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार जिले के 6 विकासखंड में बीते 24 घंटो के दौरान 13.9 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। जिले में मंगलवार 1 अक्टूंबर की सुबह 8 बजे तक 1531.8 मिमी यानी 61.27 इंच औसत बारिश जिले में हो चुकी है। जबकि गत वर्ष २०१८ आज दिनांक तक मात्र 777 मिमी यानी 31 इंच औसत बारिश हुई थी। मध्यप्रदेश के चेरापूंजी बने कटठीवाड़ा में अब तक 2259 मिमी यानी 90 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। वहीं जिले में इस बार सबसे कम उदयगढ़ विकासखंड में 1242.7 मिमी यानी करीब 50 इंच बारिश हुई है।  इसी क्रम में आलीराजपुर में १५४१.६ मिमी यानी ६२ इंच जोबट में 1258.4 मिमी ५०.३२ इंच आजादनगर में १४३६.४ मिमी यानी ५७.४५ इंच सोंडवा में १४५३ मिमी यानी ५८.१२ इंच बारिश दर्ज की गई है। 

बारिश ने तोड़े रिकार्ड 
जिले मे इस बार मानसून सत्र के दौरान पहल बार इतनी झमाझम व निरंतर बारिश देखने को मिली है। आलीराजपुर नगर में बीते 10 दिनो में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा हो कि बारिश नहीं हुई हो। दोपहर बाद व शाम को 15 से 20 मिनट से लेकर आधे घंटे तक नित्य बारिश होने का क्रम बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन अब उब चुका है और ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है कि अब बारिश होना बंद हो जाए तो चेन की सांस ले। इस मानसूत्र की खास बात यह रही की जिले के सभी तालाब स्टॉपडेम ओव्हरफ्लो हो रहे है। वहीं नदी नाले निरंतर पूर्ण वेग के साथ बह रहे है। 6 विकासखंडो में आलीराजपुर विकासखंड में इस बार रिकार्ड तोड़ ६२ इंच बारिश होने से नया कीर्तिमान बनाया है। वहीं सोंडवा विकासखंड में भी सालो बाद 50 इंच से अधिक बारिश हुई है। हालांकि मानूसन सत्र की बारिश ने खरीब फसलो को भी बहुत नुकसान पहुंंचाया है यह भी जिले में एक रिकार्ड बना है कि लगभग 40 प्रतिशत खरीफ की फसल बारिश से बहुत ज्यादा प्रभावित हो चुकी है। 

गरबा पांडाल की व्यवस्थाएं हो रही प्रभावित
बारिश का दौर लगातार जारी है। नवरात्रि के पहले दिन भी बारिश होने से गरबा खेलने वाले गरबा प्रेमियों का रंग फीका दिखाई दिया। वहीं नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को भी बारिश होने से गरबा पांडाल की रौनक कम रही। गरबा प्रेमियों ने भी माता रानी से प्रार्थना की है कि अब बारिश बंद हो ताकि गरबो का आनंद उठाया जा सके। लगातार हो रही बारिश से आयोजको की व्यवस्थाए प्रभावित हो रही है पांडाल की व्यवस्थाओं को बार.बार ठीक करना पड़ रही है।  

Share on WhatsApp