पश्चिम रेलवे सेफ्टी कमीश्नर ने किया छोटा उदयपुर आलीराजपुर रेलवे ट्रेक का फाइनल टेस्टींग


रेलवे स्टेशन पर पहुंची ट्रायल ट्रेन,देर शाम पहुंचे सीआरएस सुशीलचंद्रा
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो चीफ
 पश्चिम रेलवे के सेफ्टी चीफ कमीश्नर छोटा उदयपुर से आलीराजपुर के रेलवे ट्रेक का फाइनल गति परीक्षण करने  शनिवार को शाम करीब ६ बजे पहुंचे। इसके पहले बुधवार को पहली बार 8 कोच की ट्रेन छोटा उदयपुर से आलीराजपुर के प्लेट फार्म तक पहुंची थी। जिसे देखने बड़ी संख्या में नगरवासी उमड़े। शनिवार को सीआरएस सुशीलचंद्रा व अन्य अफसरो के द्वारा फाइनल टेस्टिंग की गई। जानकारी के अनुसार ट्रेन तो दोपहर को 2 बजे करीब ही पहुंच चुकी थी। लेकिन रेलवे के अफसर विशेष जांच बोगी में बैठकर शाम को ६ बजे पहुंचे। 
मोटी सढली से आलीराजपुर तक का हुआ ट्रायल 
सीआरएस सुशीलचंद्रा व रेलवे के अन्य इंजीनियर अपनी टीम के साथ विशेष परीक्षण बोगी में बैठकर परीक्षण करते हुए शाम 6.15 बजे आलीराजपुर के प्लेटफार्म पर पहुंचे। जहां पर छोटा उदयपुर-धार रेल लाओ संघर्ष समिति के ओमसेठ राठौर, नरेन्द्र मेहता, विक्रांत राठौर, झेतरा भाई व अनेक नागरिको ने सुशीलचंद्रा व रेलवे के अफसरो का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। सीआरएस चंद्रा को क्षेत्र की परंपरा अनुसार साफा भी पहनाया गया। इस दौरान सैंकड़ो की संख्या में आलीराजपुर से आम नागरिकगण मौके पर पहुंचे थे। पुलिस प्रशासन की भी और से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इस अवसर पर सीआरएस चंद्रा व अन्य अफसरो के द्वारा रेलवे लाइन के समीप बने नव निर्मित रेलवे प्लेटफार्म व कक्षो का निरीक्षण भी किया गया। 
सीआरएस का स्वागत करते हुए रेल लाओ संघर्ष समिति के सदस्यगण।
अब ट्रेन शुरु होने का इंतजार
शनिवार को रेलवे सीआरएस सुशीलचंद्रा के द्वारा छोटाउदयपुर धार रेलवे लाईन के अंतर्गत बन रहे रेलवे ट्रेक में छोटाउदयपुर से आलीराजपुर के 45 किमी लंबे ट्रेक के मोटी सढली- आलीराजपुर 2 किमी लंबे ट्रेक का फाईनल निरीक्षण कर लिया गया हैं। अब सीआरएस की रेलवे मंत्रालय को ट्रेक की फाईनल ओके रिपोर्ट देंगे उसके बाद ही आलीराजपुर से छोटाउदयपुर होकर बड़ौदा तक ट्रेन चलने का मार्ग प्रशस्त होगा। नागरिकों को अब आलीराजपुर से ट्रेन आरंभ होने का इंतजार रहेगा। हालांकि लोकसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लगी हुई है अतः इस स्थिती में ट्रेन का शुभारंभ कौन, कब और कैसे करेगा इस बारे में स्थिती स्पष्ट नहीं है। फिलहाल तो रेलवे सीआरएस की रिपोर्ट के बाद ही रेलवे ट्रेन आरंभ करने की कार्रवाई करेगा। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण है कि प्लेट फार्म व स्टेशन पर भी अभी बहुत सारे काम बाकि है। रेलवे स्टाफ की तैनाती आदि काम होना शेष है अतः यह सब होने के बाद ही ट्रेन आरंभ होगी। 
प्लेटफार्म का निरीक्षण करते हुए सीआरएस चंद्रा व अन्य। 


पूर्व कलेक्टर वर्मा को भी किया याद
उल्लेखनीय है कि जिले में वर्ष 2015 से 2017 तक पदस्थ रहे कलेक्टर शेखर वर्मा के कार्यकाल के दौरान छोटा उदयपुर धार रेलवे लाइन के लिए जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई बड़ी तत्परता पूर्वक उनके निर्देशन मे की गई। जिसका लाभ यह हुआ कि रेलवे ने जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई पुरी करते हुए जमीन का मुआवजा शीघ्र ही वितरित कर जमीन अधिग्रहित कर ट्रेक निर्माण का कार्य तेज गति से किया। परिणाम स्वरूप आलीराजपुर तक रेलवे ट्रेक बनने में ज्यादा समय नहीं लगा। शनिवार को रेलवे के अफसरो व प्रशासन के अधिकारियों के बीच आलीराजपुर से आगे धार तक जोबट तहसील के अंतर्गत रेलवे ट्रेक के लिए जाने वाले जमीन अधिग्रहित की कार्रवाई की चर्चा भी की गई। 


रेलवे टस्टिंग को देखने उमड़े नगरवासी
उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व 9 अगस्त 2018 को पहली बार ट्रेक पर रेलवे ने छोटा उदयपुर से आलीराजपुर के रेलवे ट्रेक  पर डीजल इंजन का ट्रायल लिया था। आजादी के बाद पहली बार आलीराजपुर क्षेत्र में रेलवे इंजन के पहुंचने पर हजारो की संख्या में आलीराजपुर वासियों व क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों ने डीजल इंजन लेकर पहुंचे रेलवे अफसरो व इंजन चालक का ऐतिहासिक स्वागत किया था। बुधवार २७ मार्च को पहली बार 8 कोचे की ट्रेन छोटा उदयपुर से आलीराजपुर के प्लेट फार्म तक पहुंची। जिसे देखने बड़ी संख्या में नगरवासी उमड़े थे। ऐसा ही द्रश्य शनिवार को भी देखने को मिला। ट्रेन के साथ पश्चिम रेलवे बड़ोदा के उप मुख्य अभियंता निर्माण- प्रथम शिवचरण बैरवा, कार्यपालन यंत्री एमके पटेल, उपयंत्री सत्येंद्रसिंह व अन्य रेलवे अफसर आदि भी थे। 

                        इस तरह प्लेटफार्म पर पहुंची ट्रेन। 


Share on WhatsApp