लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष को बदला गया

किशोर शाह भाजपा जिला अध्यक्ष नियुक्त
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर।ब्यूरो चीफ 
आगामी   लोकसभा चुनाव में मिशन 2019 फतह करने की तैयारियों में जुटी हुई भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के 11 जिलों के जिलाध्यक्ष को अचानक से बदल दिया हैं। बुधवार देर रात को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने अचानक से घोषणा करते हुए 11 नए जिलाध्यक्षों को पार्टी संगठन की कमान सौंपी है। इस क्रम में आलीराजपुर भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर वरिष्ठ और राजनीति के अनुभवी नेता किशोर शाह को तीसरी बार  भाजपा जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी है। उन्हें राकेश अग्रवाल को हटाकर जिलाध्यक्ष बनाया गया है। शाह के कंधों पर आगामी लोकसभा चुनाव में जिले की दोनांे विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी को अच्छी खासी बढ़त बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी। हालांकि जिस ढंग से विधानसभा चुनाव में जिले की दोनों सीटों पर भाजपा की करारी पराजय हुई हैं उसे देखते हुए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष किशोर शाह को एक बड़ी चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी दी गई हैं। जिले में 15 सालों तक सत्ता में रहने पर संगठन पर हावी हुए जनप्रतिनिधियों को नियंत्रित करना व नीचले स्तर तक संगठन को फिर से मजबूती से खड़ा करना भी शाह के लिए अहम होगा। हालांकि शाह भाजपा के 15 साल के स्वर्णयुग सत्ताकाल में पहले भी दो बार जिलाध्यक्ष पद पर रह चुके है उन्हें संगठन का अच्छा खासा अनुभव है। अतः उनके लिए संगठन में काम करना और संगठन को फिर से मजबूत बनाने में उनका अनुभाव उनके काम आएगा किंतु सत्ता के बगैर यह सब काम करना भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा।
 हालांकि भाजपा से पहले किशोर शाह अविभिाजित झाबुआ जिले के भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके है। उस समय प्रदेश में कांग्रेस का एकतरफा राज था और कांग्रेस नेताओं की तूती बोला करती थी। किंतु 2003 से लेकर 2018 तक बीते 15 सालों में भाजपा के सत्ता में निरंतर रहने से सभी भाजपा नेताओं में सत्ता चलाने के गुर सीख लिए थे। हालांकि बदकिस्मती से 2018 में भाजपा चैथी बार सत्ता में वापसी में नहीं कर सकी इसके लिए कई अलग अलग फैक्टर व कारण है किंतु विपक्ष में रहकर और तत्कालिन कांग्रेसी सरकारों के समय भाजपा को मजबूत करने व  संगठन चलाने का अनुभव शाह के पास होने से उनके लिए यह कोई नया काम तो नहीं होगा। किंतु एक गंभीर चुनौती यह रहेगी कि सत्ता से बाहर होने व जिले की दोनों सीटों पर कांग्रेस के विधायक काबिज होने से उनके लिए लोकसभा चुनाव में भाजपा को दोनों विधानसभा से बढ़त दिलाने के लिए अच्छी खासी मेहनत करना होगी। इसके लिए उन्हें नाराज हुए कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों को साधना होगा तभी वे इस संकट की वैतरणी को पार कर अपना काम व नाम  पूरे प्रदेश में रोशन कर सकते है। 
वरिष्ठ नेताओं तक है शाह की पहंुच
भाजपा जिलाध्यक्ष शाह के लिए भाजपा संगठन में कई प्लस प्वाईंट है। जिनकी वजह से उन्हें फिर से भाजपा जिलाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा के प्रदेश में आधार स्तंभ कहे जाने वाले आदरणीय कुशाभाउ ठाकरे, प्यारेलालजी खंडेलवाल, व संघ के कई नेताओं का सानिध्य प्राप्त करते हुए भाजपा संगठन की रीति नीति को प्रचारित करते हुए कांग्रेस के प्रभाव वाले आलीराजपुर क्षेत्र में भाजपा संगठन व पार्टी की जमीन तैयार करने में अहम योगदान दिया। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षद्वय नितिन गडकरी व राजनाथसिंह से शाह के अच्छे संबंध रहे है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा, वर्तमान अध्यक्ष राकेशसिंह, सुरेश आर्य  सहित अन्य कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं व मंत्रियों से सीधे संपर्क में निरंतर रहे है। शाह की भाजपा में उपर तक पहंुच होने से जिले में संगठन का काम करने में उन्हें अच्छा सहयोग मिलेगा। जिले की दोनों विधानसभाओं और छह जनपद पंचायतों के कार्यकर्ताओं व नेताओं से शाह का परिचय होने से भाजपा संगठन को उम्मीद है कि शाह आलीराजपुर जिले में भाजपा की जमीन को नई उर्वरा शक्ति प्रदान करते हुए लोकसभा चुनाव में कोई कमाल कर सकते है। हालांकि यह तो भविष्य में गर्त में छुपा हुआ है कि किशोर शाह क्या कमाल कर सकेंगे?

नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष किशोर शाह इन दिनों आवश्यक कार्य से मुंबई में है उन्हें मुंबई में ही मोबाईल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेशसिंह ने आलीराजपुर जिलाध्यक्ष नियुक्त होने की सूचना दी। इस प्रतिनिधि को शाह ने फोन पर बताया कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है वे उसका बखूबी निर्वहन करेंगे और भाजपा के जीवन पर्यंत काम करते रहेंगे। शाह ने कहा कि लक्ष्य हमारा मोदी दोबारा के नारे के साथ जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधिगण पूरी ताकत से राष्ट्र के लिए समर्पित भाजपा संगठन के लिए काम करेंगे। पूरे विश्व में भारत को सम्मान दिलाने वाले देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुनः सत्ता के शिखर पर लाने के लिए सभी मिलजुलकर काम करेंगे। 
भाजपा का जिलाध्यक्ष बनने पर वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद कापड़िया, कृष्णकांत गुप्ता,किरण जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिता चैहान,पूर्व विधायक नागरसिंह चैहान, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, नपा उपाध्यक्ष  संतोष परवाल मकू सेठ, भाजपा नेता पिंटू सेठ जायसवाल,दशरथ चंदेल  मंडल अध्यक्ष निलेश जैन पप्पू, मोंटू शाह, पार्षद रीतेश डावर, जिला मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष थेपड़िया,पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता पूर्व नपाउपाध्यक्ष विक्रम सेन, सहित पूरे जिले के कार्यकर्ताओं, नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त किया है। शाह के जिलाध्यक्ष बनने पर भाजपा संगठन में उत्साह व खुशी की लहर व्याप्त हो गई। 

Share on WhatsApp