आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर।ब्यूरो
मित्रों, आप लोगों ने अभीतक बड़े बड़े अफसरों, माननीय हायकोर्ट के विद्वान न्यायाधीशों, सेना के बड़े अधिकारियों, प्राचार्य, शिक्षकों आदि कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर होने वाले विदाई समारोह के बारे में अखबरों में पढ़ा होगा या किसी न्यूज चैनल पर टीवी में कभी देखा होगा। किंतु किसी चतुर्थ श्रेणी स्तर के भृत्य की सेवानिवृत्ति पर हुए शानदार आयोजन की खबर शायद ही कभी पढ़ी होगी। किंतु आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर 31 अगस्त 18 शुक्रवार की शाम को एक बेहद ही अभूतपूर्व व यादगार आयोजन हुआ जिसके साक्षी हजारों लोग बने। नगरपालिका आलीराजपुर में पदस्थ एक महिला भृत्य की कर्मचारी का विदाई समारोह लंबे समय तक इतिहास में याद किया जाएगा।
![]() |
सुसज्ज्ति बग्घी में अपने पोते पोती, नाती व नातीन के साथ बैठी श्रीमती वाघेला। |
ये आयोजन हुएः
नगरपालिका परिषद आलीराजपुर में 1985 से अनुकंपा नियुक्ति पर भृत्य के पद पर पदस्थ हुई श्रीमती लीलाबेन वाघेला की नौकरी का 31 अगस्त 18 शुक्रवार को अंतिम दिन था। उनकी सेवानिवृत्ति पर एक अभूतपूर्व आयोजन नगरवासियों को देखने को मिला। इस अवसर पर स्वयं श्रीमती वाघेला और नगरवासी इस आयोजन को देखकर कुछ पल के लिए भावविभोर भी हो गए। श्रीमती वाघेला को नगरपालिका के सभी कर्मचारी, नपा उपाध्यक्ष, पार्षदजन, नगर के गणमान्य नागरिक, मीडियाकर्मी, असाड़ा राजपूत समाजजन ससम्मान विशेष सुसज्जित बग्घी में बिठाकर, बैंड बाजों, ढोल ढमाकों के साथ नाचते गाते हुए उनके घर तक छोड़ने गए।बस स्टेंड पर जमकर रंगारंग आतिशबाजी भी की गई जिस मार्ग से श्रीमती वाघेला का चल समारोह निकला उस पर जगह जगह स्वागतद्वार लगे हुए थे। मार्ग में नागरिकों ने उन्हें पुष्पहार पहनाएं। कई लोग उनका स्वागत करने को आतुर दिखे।
नपाउपाध्यक्ष मकू सेठ ने किया सम्मानः
नगरपालिका प्रांगण में नपा की महिला कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाई। श्रीमती वाघेला को विदाई देने के लिए नपा उपाध्यक्ष संतोष परवाल (मकू सेठ) व पार्षद रीतेश डावर विशेष तौर पर पहुंचे और उन्हें पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही भाजयुमो के रिंकेश तंवर, असाड़ा राजपूत समाज जनों सहित आदि नागरिकों व समाजजनों ने उन्हें पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। बस स्टेंड प्रांगण में पूर्व पार्षद राकेश सेन, सेन समाज अध्यक्ष नवीन सेन ने उन्हें गुलाब के फूलों की माला भी पहनाई। पूर्व पार्षद राकेश सेन ने कहा कि लीलाबेन का कार्यकाल बेहद यादगार रहेगा क्यों कि उन्हौंने नपा में सभी से बहुत अच्छा व्यवहार रखा।
![]() |
पूर्व पार्षद राकेश सेन, नवीन सेन ने श्रीमती वाघेला को माला पहनाई। |
नगरपालिका की सितारा कर्मचारी थी लीलाबेन
मिली जानकारी के अनुसार श्रीमती लीलाबेन वाघेला के पति रमेशचंद्र वाघेला नगरपालिका में ही कर्मचारी थे किंतु उनका 1985 में आकस्मिक निधन हो गया। पश्चात नागरिकों व समाजजनों के प्रयासों से उन्हें नपा में अनुकंपा नियुक्ति मिली। वे ज्यादा पढ़ी लिखी नहीं थी इस वजह से उन्हें भृत्य के पद पर नियुक्त किया गया। अपने सामान्य व्यवहार, नपा में आने वाले सभी आगंतुकों के प्रति सरल व मृदु व्यवहार, भृत्य के पद की जिम्मेदारी, नपा में आने वाले सभी नागरिकों को पानी पिलाने की आदत ने उन्हें सबका चहेता बना दिया। इसलिए नगरपालिका में आने वाला हर नागरिक उन्हें एक बार में ही अच्छे से जान जाता था। इसी के चलते वे नपा में बेहद सक्रिय व लोकप्रिय होकर सितारा कर्मचारी बन गई। जिसके चलते उनका विदाई समारोह एक यादगार और अविस्मरणीय बना ।
जिंदगी में किया कठिन संघर्षः
![]() |
नपा की अपनी साथी महिला कर्मचारियों के साथ लीलाबेन। |
![]() |
चल समारोह मार्ग पर इस ढंग से बैनर व स्वागत द्वार लगाए गए |
पति के आकस्मिक निधन के बाद लीलाबेन का जिंदगी से असली संघर्ष शुरु हुआ। भरी जवानी में 25 साल की उम्र में अपने एक पुत्र व एक पुत्री को छोड़कर उनके पति के निधन ने उन्हें बहुत झकझोर दिया। इतने सालों का वैधव्य जीवन, नपा में सुबह 10.30 से शाम 5 बजे तक की नौकरी करते हुए अपने बच्चों को बढ़ा करते हुए शिक्षित करना, उनकी शादी करना जैसे बड़ी जिम्मेदारियां श्रीमती वाघेला ने अपने साहस,धैर्य और परिश्रम से बखूबी निभाई। जबकि परिवार में अन्य किसी का साथ भी उन्हें नहीं मिला। श्रीमती वाघेला ने अपने पुत्र राजेश उर्फ गुड्डु को इतना योग्य बनाया कि वह शिक्षक बना। राजेश एक अच्छे वक्ता भी है। अपनी उपलब्धि का श्रेय राजेश पूरी तरह से अपनी मां लीलाबेन को ही देते है। वर्तमान में राजेश संविदा सह अध्यापक संघ के जिलाध्यक्ष, प्रेरणा क्लब, सहयोग संस्था, कर्मचारी संघ के संयोजक आदि कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़े हैं। राजेश ने अपनी मां की सेवानिवृत्ति समारोह को यादगार बनाने के लिए बहुत कुछ किया। चल समारोह की समाप्ति के बाद उन्हौंने एक शानदार स्वरुचि भोज आयोजन भी रखा जिसमें विधायक नागरसिंह चौहान, नपा अध्यक्ष सेना महेश पटेल, भाजपा कांग्रेस के बड़े नेता, नपा के पार्षदजन, सभी मीडियाकर्मी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, असाड़ाराजपूत समाजजनों आदि ने उत्साह से भाग लिया।

![]() |
चल समारोह में शामिल हुए नागरिकगण। |
